अमिता शीरीं का यह समीक्षात्मक लेख मिथकों, धार्मिक आख्यानों और उनके भीतर निर्मित सामाजिक-सांस्कृतिक चेतना की एक महत्त्वपूर्ण वैचारिक पड़ताल करता है। लेखिका मिथकों को महज अतीत की काल्पनिक गाथाओं के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक वर्चस्व, सांस्कृतिक प्रभुत्व और विचारधारात्मक निर्माण के औजारों के रूप में देखती हैं। विशेष रूप से स्त्री-सौंदर्य के ब्राह्मणवादी मानकों, मूलनिवासी अस्मिता के अवमूल्यन और मिथकीय चरित्रों के राजनीतिक इस्तेमाल के संदर्भ में उनकी दृष्टि इतिहासबोध और प्रगतिशील विवेक से संपन्न है। राम के मिथक के समकालीन राजनीतिक हथियारीकरण तक पहुँचता उनका विश्लेषण पाठक को मिथकों की प्रचलित व्याख्याओं पर पुनर्विचार करने के लिए प्रेरित करता है। यह लेख केवल मिथकों की आलोचना नहीं करता, बल्कि इतिहास, संस्कृति और जनमानस में जड़ जमा चुकी रूढ़ियों को आलोचनात्मक विवेक से देखने की जरूरत भी रेखांकित करता है।
इलाहाबाद से जुड़ी एक पौराणिक कथा है. राजर्षि ययाति की पुत्री थी माधवी. विद्यार्जन के बाद ऋषि गालव ने महर्षि विश्वामित्र से गुरु दक्षिणा लेने का आग्रह किया. गुरु पहले टालते रहे, जब शिष्य नहीं माना तो कुपित होकर उन्होंने आठ सौ श्यामकर्ण घोड़े की गुरुदाक्षिणा की मांग की. अब गालव कहां से लाते इतने घोड़े.
मित्र गरुड़ उन्हें महर्षि ययाति के पास ले आये. गालव की समस्या सुनकर ययाति ने उनसे कहा कि मेरे पास घोड़े तो नहीं है पर एक अत्यंत रूपवती कन्या माधवी है. आप उसे ले जाइए और जिन नरेशों के पास श्याम कर्ण घोड़े हैं, उन्हें एक-एक पुत्र की प्राप्ति तक सौंप दें. उनसे घोड़े ले लें फिर मेरी कन्या मुझे वापस कर दें.
गालव ययाति की पुत्री रूप सुंदरी माधवी को लेकर चल दिए और एक-एक करके 3 नरेशों को सौंप कर उनसे माधवी से पुत्र पैदा करवाए. जैसे ही एक राजा के पुत्र रत्न की प्राप्ति हो जाती, गालव ऋषि माधवी को लेने पहुँच जाते. सद्यः प्रसूता माँ बिलखती रह जाती. लेकिन गालव माधवी को लेकर अगले राजा के यहां चले जाते. इस तरह तीन राजा से उन्हें 600 श्यामकर्ण घोड़े मिल गए. अभी 200 बाकी थे. वह माधवी को लेकर विश्वामित्र के पास आये. पौराणिक कथाओं के अनुसार विश्वामित्र स्वयं उस गाधि के पुत्र थे जिन्होंने अपनी पुत्री का सौदा 1000 श्यामकर्ण घोड़ों के बदले किया था. खैर, विश्वामित्र का दिल माधवी पर आ गया. उन्होंने गालव ऋषि से कहा अगर तुम माधवी को पहले ही मेरे पास लेकर आते तो मैं तुमसे एक भी घोड़ा नहीं लेता. माधवी को पाकर उन्होंने दो सौ घोड़े माफ़ कर दिया और गालव ऋषि को गुरु दक्षिणा से उऋण कर दिया. फिर उन्होंने उसे भोग और उससे एक पुत्र प्राप्त किया.
इस तरह खंड-खंड टुकड़ों में कटती माधवी विश्वामित्र को पुत्र देकर माधवी फिर अपने पिता ययाति के यहां लौट आई. अब पिता ने उसे स्वयंवर करने का आग्रह किया. माधवी ने इनकार कर दिया और तपस्या हेतु वन में चली गई. उसके दिल पर क्या बीत रही होगी इसकी चिंता किसी को नहीं.
भारतीय पौराणिक आख्यानों में इस तरह के स्त्री पात्रों की बहुतायत है. ऐसी ही 17 कहानियों को कलमबद्ध किया है महान गीतकार उमाकांत मालवीय ने. किताब का नाम है ‘टुकड़ा-टुकड़ा औरत’. 1999 में अनुभूति प्रकाशन, इलाहाबाद से छपी इसी किताब की पहली कहानी है माधवी की उपरोक्त कथा. – ‘घोड़ों के दाम: अस्मत नीलाम’. औरत की ‘अस्मत’ उसकी योनि में ही होती है. इस तरह की धारणा हमारे समाज में बहुत गहराई में धंसी हुई है. इस कहानी के शीर्षक में भी है.
लेकिन इस लेख का आशय इस किताब में दी पौराणिक कथाओं में दर्ज स्त्री के प्रति समाज के सुलूक की पड़ताल करना है जिसकी निरंतरता किसी न किसी रूप में आज तक जारी है.
एआई की सूचना के हिसाब से ययाति और उनकी पुत्री माधवी की यह कथा महाभारत के उद्योग पर्व में आती है, लेकिन घटनाक्रम के हिसाब से यह वैदिक काल (ऋग्वैदिक काल) की मानी जा सकती है.
चूंकि यह एक पौराणिक कथा अथवा मिथक है, इसलिए इसका कोई एक सटीक ऐतिहासिक वर्ष तय करना कठिन है. मिथक प्रायः लिखे जाने के पूर्व मौखिक स्रोतों से सदियों गुजरते हुए आगे बढ़ते हैं. लेकिन अगर इस कथा की चीरफाड़ की जाये तो निश्चित रूप से यह कहानी तब की है जब इस देश में आर्य कबीलों के साथ पितृसत्ता का प्रवेश हो चुका है. ऋग्वेद आर्यों की ही रचना है. इसमें कोई शक नहीं है.
निश्चित रूप से पितृसत्ता का मतलब है, औरतों की ज़िन्दगी पर सम्पूर्ण नियंत्रण. यह माधवी के केस में भी हुआ. पिता ने अपनी बेटी की इच्छा बिना जाने गालव को सौंप दिया. एक-दो नहीं तीन तीन राजाओं की अंकशायिनी बनी और ‘आँचल में दूध और आँखों में पानी’ लेकर वापस आ गई. आज भी पितृसत्ता औरतों के जीवन और निर्णयों पर नियंत्रण करने की पूरी कोशिश करती है. उस दौर में भी पिता ययाति ने माधवी के जीवन का इतना निर्मम फैसला किया और आज भी बहुत सी लड़कियों के जीवन के फैसलों का निर्धारण पिता, पति, भाई और पुत्र करते हैं.
इसी किताब की भूमिका में कवि नरेश सक्सेना लिखते हैं – ‘देश की काल में छलांग मिथक है.’ हमारे देश में पौराणिक आख्यानों में ऐसे सनातनी मिथक भरे पड़े हैं. जहां औरतों के साथ अन्याय की अकथ दास्तान है, जो तमाम दिक् काल को चीरते हुए आज भी जारी हैं.
बाद में उनकी धार्मिक व्याख्या करने की कोशिश करके उसका औचित्य सिद्ध करने की कोशिश की जाती है. लेकिन सच यह है कि इन मिथकीय कहानियों के कुछ समाजिक यथार्थ भी हैं. एक मिथकीय कहानी के अनुसार सृष्टि के रचयिता ब्रह्मा ने अपनी ही पुत्री सरस्वती से विवाह किया था. बाद में इसकी धार्मिक व्याख्या यह की गई कि चूंकि सरस्वती बुद्धि की देवी है, इस लिए ब्रह्मा के सृजन को बुद्धि के साथ की ज़रूरत थी. सच यह है औरतों के प्रति यह लम्पटई देवताओं में सबसे ज़्यादा व्याप्त थी, दरअसल उस समय के सवर्ण समाज की हक़ीक़त थी. औरतों के प्रति दृष्टिकोण था.
महाभारत कालीन कथाओं में जैसा कि उमाकांत मालवीय लिखते हैं – ‘माधवी हो या सत्यवती, पांचाली हो या कुंती या माद्री सभी की व्यथा एक सी है.’ वह आगे कहते हैं – ‘केवल अंकशायिनी होना तो सुहागन होना नहीं है. केवल बेटे प्रसव करना ही मातृत्व नहीं है. हमारी डींग और शेखी पर माधवी एक जलता हुआ फफोला बन कर रह जाती है.’
इसी किताब में अगली कहानी है ‘अग्नि संभवा’ अग्नि से उत्पन्न द्रौपदी भारतीय मिथक की एक ऐसी दास्तान है जो हर किसी से छली गई. माँ भक्त पुत्रों ने माँ की आज्ञा का पालन किया और उसे एक भिक्षा की वस्तु की तरह परस्पर बाँट लिया. पति युधिष्ठिर उसे जुए में हार गया, दुशासन ने भरी सभा में उसे निर्वस्त्र करने का प्रयास किया. धनुर्थर वीर अर्जुन भी मूक देखते रहे. पांडवों की वीरता के किस्सों से भारतीय पौराणिक आख्यान भरे पड़े हैं किन्तु सच्चाई यह है कि वह सब मिलकर भी एक औरत की ‘रक्षा’ नहीं कर सके. बल्कि उसे जुए में दांव पर लगा दिया.
द्रौपदी ने अपना बदला स्वयं लेने का प्राण किया कि जब तक दुशासन के रक्त से अपने केश नहीं धोएगी तब तक उसे बांधेगी नहीं. और जब कोई रिश्तेदार काम नहीं आये तो द्रौपदी के सखा कृष्ण ने उनकी मदद की और नग्न होने से बचाया. उमाकांत मालवीय लिखते हैं
‘द्रौपदी और कृष्ण नारी और पुरुष के परस्पर संबंधों में रस का एक नया धरातल स्थापित करते हैं…यह रिश्ता सखा और सखी का है जिसमें ये सारे रिश्ते समाहित हैं और इन सबसे परे भी है.’
इन सबके पहले स्वयं द्रौपदी ने कर्ण को इस बात पर अस्वीकार कर दिया था कि वह सूत पुत्र है.
अग्निसंभवा यानि द्रौपदी की यह कहानी भी महाभारत की कहानी ही है जो समाज के वर्गों में बंट चुकने की कहानी कहता है. हम सभी जानते हैं, वर्गों के उद्भव के साथ ही पितृसत्ता अस्तित्व में आई और औरतों की गुलामी शुरू हुई. एक तरफ़ द्रौपदी औरतों के प्रतिरोध का अनन्य उदाहरण है कि आज भी हिंदू समाज अपनी बेटियों का नाम सीता रखना चाहते हैं, लेकिन द्रौपदी नाम रखना उन्हें नहीं सुहाता. दूसरी तरफ़ द्रौपदी द्वारा कर्ण का अस्वीकरण यह बताता है कि उस वक्त तक वर्णव्यवस्था कायम हो चुकी थी जिसकी परिणति जाति में होती है जो आज भी हिन्दू मानस और समाज को कलुषित किये हुए है.
भारतीय हिन्दू समाज की मिथक गाथाएं भी बहुत मनोरंजक और औरतों के प्रति पितृसत्तात्मक दुराचार से ग्रस्त हैं. हिन्दुओं के एक प्राचीन देवता थे इंद्र. इंद्र कहीं स्वर्ग में विराजमान रहते हैं. उनके चारों तरफ अप्सराएं नृत्य करती रहती हैं. इंद्र का जिसके साथ मन करता है उसके साथ रमण करते हैं. लेकिन धरती पर ऋषि मुनि तपस्या करते रहते हैं, उनके तप के ताप से इंद्र का सिंहासन बहुत जल्दी डोलने लगता है. वे तुरंत एक अनिन्द्य सुंदरी अप्सरा को धरती पर भेजते हैं और ऋषियों की तपस्या भंग कराते हैं. उर्वशी – पुरुरवा की कहानी भी यही कथा है. ऐसी कहानियों से भारतीय पौराणिक आख्यान भरे हुए हैं जिनका रसास्वादन आज भी लोग लेते हैं.
ऐसे ही एक ऋषि थे महर्षि कुंडू. उनके तप से इन्द्रासन डोलने लगा. उन्होंने प्रम्लोचा नामक अप्सरा को उनका तप भ्रष्ट करने को भेजा. वह कामयाब भी हो जाती है. लगभग 900 वर्ष एक दूसरे के साथ का अस्वाद लेने के बाद इंद्र के बुलावे पर वह वापस स्वर्ग जाती है. बिचारी प्रम्लोचा इस जुदाई से बेइंतहां नर्वस हो गई. ऋषि का गर्भ पसीने के रूप में बहने लगा. वह वृक्ष के पत्तों से पसीना पोछती वापस चली गई. वृक्ष और सोम ने उस गर्भ को सहेजा और एक रूपवती कन्या का जन्म हुआ जिसका नाम था – मारिषा. कालांतर में वह दस प्रचेताओं (ब्रम्हा के दस मानस पुत्रों) की पत्नी बनी. मतलब दस टुकड़े में बंटी मारिषा. ‘टुकड़ा-टुकड़ा औरत’.
ऐसी सत्रह मिथकीय कहानियां हैं उमाकांत मालवीय की इस किताब में. हर कहानी का अलग समाजशास्त्रीय विश्लेषण किया जा सकता है. लेकिन यहाँ पर सिर्फ़ चर्चा करके ही छोड़ रही हूँ.
ऐसी एक कहानी और उठाते हैं ‘नागकन्या का प्रणय’. द्रौपदी पांच पांडवों में बंट गई थी. पांडवों में समझौता था कि जब द्रौपदी एक भाई के विलास भवन में होगी तो दूसरा वहां नहीं जाएगा. अगर किसी कारणवश किसी से ‘गलती’ हो गई तो उसे प्रायश्चित करना होगा. वह 12 वर्ष तक ब्रह्मचर्य का पालन करेगा.
एक बार द्रौपदी युधिष्ठिर के साथ थी. अर्जुन को आपातकाल में हथियार उठाने के लिए उनके कक्ष में जाना पड़ा. अर्जुन प्रायश्चित के लिए निकल गए. एक बार गंगा स्नान के वक़्त नागकन्या उलूपी का दिल अर्जुन पर आ गया वह उन्हें जल के भीतर खींच कर ले गई और प्यार का प्रस्ताव दिया. इस पर अर्जुन ने 12 साल के ब्रह्मचर्य की दुहाई दी. उलूपी ने तर्क दिया कि वह नियम धरती के लिए था, नागलोक में धरती के क़ानून नहीं चलते. अर्जुन सहमत हो गया. दोनों का समागम हुआ और उसने एक इरावान नामक पुत्र को जन्म दिया. ऐसे ही अर्जुन के और भी अलग-अलग पत्नियों से पुत्र थे. उन सबकी अलग कथाएं हैं.
कहने का मतलब यह है मिथकीय कहानियां चाहे जो भी हों लेकिन पितृसत्ता ने औरतों के लिए अलग नियम बनाये थे और एकनिष्ठता वाकई केवल औरतों के लिए थी. पुरुषों के लिए एकनिष्ठता का कोई नियम न तो उस समय था न ही आज है.
जहाँ तक सवाल है द्रौपदी के पांच पतियों के प्रावधान का. दरअसल, महाभारत की मूल कथा और उपकथायें उस दौर को दिखाती हैं जब समाज खाद्य संग्राहक दौर से आगे बढ़ चुका था और स्थाई जीवन शैली अपना चुका था. यानी सभ्यता की ओर आगे बढ़ चुका था. ज़ाहिर है ये मिथकीय कहानियां किसी एक काल की देन नहीं हैं. इसमें इतिहास के एक चरण से दूसरे चरण में संक्रमण का लंबा वक्फ़ा समाहित होता है. लम्बे समय तक मौखिक शब्दों में आगे बढ़ते हुए ये कहानियां महाभारत जैसे महाआख्यान का हिस्सा बनी होंगी.
तो द्रौपदी के पांच पति भी उन कबीलों की रीतियों का द्योतक हैं, जब कुछ कबीलों में औरतें एकनिष्ठता से बंधी हुई नहीं थीं. आज भी उत्तराखंड के जौनसार बाबर इलाकों के जनजातीय समाज में इस प्रथा के अवशेष हैं. बाकी आज की तारीख में हरयाणा और राजस्थान जैसे राज्यों में वधुओं की कमी झेल रहे परिवार एक बेटे की शादी कर उसे कई बेटों द्वारा भोगे जाने के उदाहरण भी मिल जाते हैं.
इन कहानियों का विश्लेषण करें तो पायेंगे कि इन मिथकीय कहानियों का जो दौर है उसमें संक्रमण का एक ऐसा दौर भी है जिसमे औरतों की अपनी इच्छा का वर्णन भी है. खास तौर पर समागम की तीव्र इच्छा का. औरतें खुल कर इसका इजहार करती हैं लेकिन ध्यान से पढ़ें तो हम पायेंगे कि ये औरतें वे हैं जो ‘राक्षस’ कुल की हैं. जैसे रावण की माँ कैकसी सुमाली नामक राक्षस की बेटी थी. जो ऋषि विश्रवा की पत्नी बनती है और गोधूलि के वक़्त तीव्र समागम की इच्छा का इजहार करती है. उसका परिणाम था रावण का जन्म. पंडितों की चतुराई देखिये, ऋषि ने अपनी ‘कामांध’ पत्नी को कहते हैं कि वह एक पुत्र तो उनकी मर्ज़ी का दे दे. तो उन्होंने गोधुलि के आलावा समागम किया जिसका परिणाम था विभीषण जो बेहद ‘अराक्षसी’ था. रावण की बहन सूपनखा के पहले राम और फिर लक्षमण के प्रति प्रेम इजहार की कथा तो सभी लोग जानते हैं. मिथकीय कथा के अनुसार उसके भाई रावण ने पहले उसके पति का वध किया फिर उसकी यौन पिपासा की पूर्ति के लिए सूपनखा को उन्मुक्त यौनाचार की अनुमति दी थी. लक्षमण ने सूपनखा के नाक कान काट लिए. और हुआ फिर राम-रावण युद्ध.
यौन परिवर्तन: एक पुरापृष्ठ
नारद ने कान्यकुब्ज सरोवर में स्नान किया और सुन्दर स्त्री हो गए. सारा गत जीवन भूल गए. उनके गर्भ से तालध्वज से 18 पुत्र पैदा हुए. उनके पौत्र-पौत्री हुए. बाद में पुरुष संज्ञक सरोवर में स्नान कर वह पुनः देवर्षि नारद हो गए. ऐसी ही यौन परिवर्तन की और मिथकीय कहानियां पौराणिक कथाओं में मौजूद है. अर्धनारीश्वर भी संभवतः इसी का प्रतीक है. बेशक यौन परिवर्तन की तकनीक तो उस वक्त मौजूद नहीं थी. लेकिन इस तरह के चरित्र समाज में मौजूद होंगे. कमाल की कहानियां हैं ये सारी.
इसी तरह राजा इल को शंकर जी के रमण-स्थल में गलती से प्रवेश करने के कारण स्त्री हो जाना पड़ा. बाद में परेशान इल की समस्या का परिष्कार माता पार्वती ने किया. उन्होंने कहा तुम एक महीना स्त्री और एक महीना पुरुष होगे. और उस एक माह के दौरान तुम्हें पिछली बातें याद नहीं रहेंगी. एक मास इला रहने के दौरान एक तपस्वी के प्यार में पड़ गई और उनके पुत्र हुआ पुरुरवा. बाद में इसका इश्क अप्सरा उर्वशी से हुआ. कालिदास ने इसी कथा पर प्रसिद्ध ग्रन्थ ‘विक्रमोर्वशीयम’ की रचना की. इला का प्रतिष्ठानपुर (वर्तमान झूसी, इलाहाबाद) ही इलावास है जो बाद में इलाहबाद हुआ.
इस तरह इलाहाबाद की एक मिथकीय कहानी माधवी से शुरू होकर यह किताब इलाहाबाद की कहानी पर समाप्त होती है.
बेशक ये कथाएं बेहद रससिक्त और रोचक हैं. बहुत जगह विज्ञान सम्मत भी नहीं है. लेकिन मिथकों में कल्पना की उड़ान ऋषियों को एक सौ नहीं एक हज़ार वर्ष की उम्र दे देती हैं. लेकिन जैसा कि प्रसिद्ध इतिहासकार डी डी कोशाम्बी अपनी प्रसिद्ध किताब – ‘मिथक और यथार्थ’ में यह सिद्ध करते हैं, कि हर मिथक का अपना स्वतंत्र यथार्थ होता है. न केवल किम्वदंतियों का, बल्कि आज तक चले आ रहे देवी-देवताओं के चित्रों और मूर्तियों का भी एक सामाजिक यथार्थ है. हम केवल ‘धर्म’ या आधारहीन ‘ईश्वर’ कह कर अपनी नास्तिकता उन पर थोप नहीं सकते. कोशाम्बी गहन शोध से सिद्ध करते हैं स्वयं शिव और हनुमान प्राकृतिक यथार्थ से उपजे हुए देवता हैं. हम उनके यथार्थ को नकार नहीं सकते. हम जानते हैं कि कबीलाई समाज प्रकृति पूजक था. हर कबीले का एक टोटम प्रतीक होता था जो प्रायः प्रकृति से सम्बंधित होता था. शंकर का प्रतीक उसी प्रकृति से निकला हुआ है. योनि और लिंग की पूजा समाज में पुनरुत्पादन की महत्ता को स्थापित करता है. प्रकृति के प्रतीक चिन्हों का मानवीयकरण ही आगे चल कर विभिन्न देवी-देवता बने और मूर्तिपूजा का अविर्भाव लगभग गुप्त काल में हुआ. हमारी पौराणिक कथाओं में हिमालय सती के पिता हो जाते हैं, मैना उनकी पत्नी होती हैं. गंगा माँ होती हैं. और भी बहुत कुछ इस तरह के उदाहरण हैं जिनमें प्रकृति पर मानव को आरोपित किया गया है. इस तरह ये सारे देवी-देवता प्रकृति का ही मानवीय रूप हैं. और इंसान की कल्पना का अनंत विस्तार हैं, जो महाकाव्यों में दर्ज हुईं.
सच है, हम प्रकृति को समाज से अलग नहीं कर सकते. हरेक कल्पना का अपना स्वतंत्र सामाजिक, वैज्ञानिक यथार्थ होता है. महाभारत और रामायण की मिथकीय कहनियों का भी एक यथार्थ है. लेकिन हम बात कर रहे हैं मिथकीय कहानियों में मौजूद ‘टुकड़ा-टुकड़ा औरत’ की. यह उस समय की गाथाएँ हैं जिनका अपना सामाजिक यथार्थ है. यह समाज था जब पितृसत्ता अपनी जड़ें जमा चुकी थीं. जब स्त्री की अपनी स्वतंत्र अस्मिता नहीं बची थी. वह केवल राजा-महराजा और ऋषि-महर्षि की भोग्या थी.
यह सच है कि कुछ कहानियों में औरतों की यौन इच्छाओं का वर्णन भी खुल कर है. लेकिन वह दौर शुरू हो गया था जब वर्ण व्यवस्था तथाकथित उच्च वर्ण की स्त्रियों पर नकेल कस रही थी. अपनी इच्छाओं को खुल कर व्यक्त करने वाली स्त्रियाँ प्रायः राक्षस कुल की होती थी. यह वह दौर था जब राजा अपनी पत्नी की ‘अग्नि परीक्षा’ ले सकता था. गर्भवती पत्नी को राजमहल से निकाल सकता था. यानी पितृसत्ता वर्ग के साथ गलबहियां कर चुकी थी. औरतें उसी समय से टुकड़ों में टूट रही थीं.
दृश्य है कि इन कहानियों के अधिकांश ऋषि-महर्षि लम्पट थे. उनकी तपस्या अनिंद्य सुंदरियों के दर्शन मात्र से भंग हो जाती थी. देवता इंद्रा उनकी तपस्या भंग करने के लिए अप्सराओं का इस्तेमाल करते. फिर वह महर्षि उन स्त्रियों पर अपने ‘पौरुष’ का प्रदर्शन करते. दर्जनों ‘पुत्र’ पैदा करते. पुत्रियों का ज़िक्र इन कहानियों में कम हैं. हैं भी तो वह पुत्रियां अभिशप्त हैं…टुकड़े-टुकड़े में काटे जाने के लिए…इन ‘महात्माओं’ की लम्पटता आज के प्रतिक्रियावादी समय में भी नज़र आती है.
फिर, इन कथाओं की औरतें अनिन्द्य सुंदरी होती थीं. जो आर्यों के आने के बाद ब्राह्मणवादी सौन्दर्य की मानक थीं. वरना मूल वासियों की सौन्दर्यबोध कुछ और ही था. जिसे उन्होंने असुर का नाम दे दिया.
कुल मिला कर मिथक जिस सामाजिक यथार्थ को रचते हैं, वास्तव में वह समाज की चेतना में रूढ़ हो जाते हैं. धर्म का मुलम्मा उन्हें देवत्व प्रदान करता है और प्रतिक्रियावादी शक्तियां जनता के मानस में रूढ़ हो चुकी उसी अज्ञानता का फायदा उठाती है. जिस तरह से आज राम के मिथक का हथियारीकरण हो चुका है. यह इस बात का द्योतक है कि सचेत लोगों को इन मिथकों के यथार्थ को रेशा-रेशा करके निकालना होगा और जनता के दिमाग में जमी अज्ञानता की परत को खुरचना होगा…
अमिता शीरीं लेखिका, कवयित्री, अनुवादक और शिक्षिका हैं। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से इतिहास में डी.फिल. प्राप्त करने के बाद से वे साहित्य, सामाजिक इतिहास और प्रगतिशील चिंतन से गहराई से जुड़ी रही हैं। बचपन से ही साहित्य, कला और संगीत में उनकी विशेष रुचि रही है। उन्होंने कई महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय पुस्तकों का हिंदी में अनुवाद किया है और उनकी कविताएँ तथा कहानियाँ विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रही हैं। उनका लेखन मुख्यतः सामाजिक न्याय, स्त्री जीवन, मानवीय गरिमा और राजनीतिक-सामाजिक संघर्षों के प्रश्नों से जुड़ा हुआ है।
डॉ. अमिता शीरीं 25, MIG गोविंदपुर कॉलोनी, (अपट्रान चौराहा के पास) गोविंदपुर, इलाहाबाद – 211004, उत्तर प्रदेश
अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें।
प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।
ज्योति शर्मा की इन रचनाओं में प्रकृति, स्मृति, प्रेम और स्त्री-अनुभव का एक आत्मीय संसार निर्मित होता है। उनकी कविताएँ छोटी-छोटी जीवन-स्थितियों और दृश्यों से अपना...
अभिषेक पाण्डेय अभिषेक पाण्डेय की इन कविताओं में प्रेम, स्मृति, पारिवारिक संबंधों, सामाजिक विडंबनाओं और मनुष्य की भावनात्मक असुरक्षा का एक संवेदनशील संसार निर्मित होता है।...
सत्यनारायण पटेल सत्यनारायण पटेल की कहानी 'नन्हा खिलाड़ी' हमारे समय की राजनीतिक, सामाजिक और नैतिक विडंबनाओं को एक असाधारण प्रतीकात्मक आख्यान में रूपांतरित करती है। कहानी...