ज्योति शर्मा की इन रचनाओं में प्रकृति, स्मृति, प्रेम और स्त्री-अनुभव का एक आत्मीय संसार निर्मित होता है। उनकी कविताएँ छोटी-छोटी जीवन-स्थितियों और दृश्यों से अपना भावलोक रचती हैं। ‘बर्फ़ के फूल’ और ‘गौरैयों की छत’ में प्रकृति के प्रति गहरी संवेदनशीलता और जीवन की सहज सुंदरता का बोध है, जबकि ‘दर्पण में माँ’ प्रेम और शक्ति के संबंध को एक नए कोण से देखती है। ‘आँखें’ में स्मृति और बचपन का मार्मिक संबंध उभरता है। संग्रह की सबसे उल्लेखनीय रचना ‘गंगा घाट’ है, जहाँ कवयित्री विस्थापित और बेसहारा स्त्रियों के जीवन की विडंबना को सामाजिक यथार्थ और तीखे आत्मसंवाद के माध्यम से सामने लाती हैं। इन रचनाओं में स्त्री केवल संवेदना का विषय नहीं, बल्कि अपने अनुभवों और सवालों के साथ उपस्थित एक स्वतंत्र चेतना है। सहज भाषा, दृश्यात्मकता और भावनात्मक आत्मीयता इन कविताओं की प्रमुख विशेषताएँ हैं।
ज्योति शर्मा
बर्फ़ के फूल
सर्दियाँ अपने साथ एक उदास सुंदरता लेकर आती हैं। सुबह की देह पर धुंध का महीन आवरण, घास की नोकों पर ठहरी ओस और पेड़ों की शाखों से झरते पत्ते, जैसे प्रकृति अपने मौन में कोई पुरानी कविता लिख रही हो।
धूप इन दिनों कितनी आत्मीय लगती है। दीवारों से उतरकर आँगन में बैठती है और देर तक देह पर अपना हाथ रखे रहती है।
सड़क किनारे भुनती मूँगफलियों की गंध, चाय की भाप में घुलती शाम और अलाव के पास सिमटी हथेलियाँ—सर्दियाँ जीवन के छोटे दृश्यों को कितना आत्मीय बना देती हैं।
गंगा के जल पर उतरती धुंध किसी अनकहे विरह की तरह ठहरी है। मैं देर तक उसे देखती हूँ और सोचती हूँ, कुछ मौसम बाहर नहीं, भीतर उतरते हैं।
रात भर घास पर ठहरी ओस सुबह की रोशनी में चमकती है। लगता है, धरती ने चुपचाप बर्फ़ के फूल खिला दिए हैं।
धूप आती है और फूल मिट जाते हैं। कुछ सुंदरताएँ शायद स्मृति में बने रहने के लिए ही खिलती हैं।
गौरैयों की छत
मेरे सामने वाली छत पर कभी कपड़े नहीं सूखते, न झाड़ू लगती है, न मनुष्य के आने-जाने की आहट होती है।
वहाँ गौरैयाँ आती हैं, चोंच में तिनके दबाए अपना संसार बुनती हैं। घोंसलों में अंडे फूटते हैं, नन्हे पंखों में आकाश उगता है और एक दिन वे उड़ जाती हैं।
घोंसले खाली होते हैं, छत फिर किसी नई गौरैया की प्रतीक्षा करने लगती है।
मैं सोचती हूँ, मनुष्य ने हर खाली जगह पर अपने स्वामित्व की मुहर लगाई है, लेकिन यह छत किसी की होकर भी किसी की नहीं।
यह गौरैयों का घर है, जहाँ जीवन आता है, पलता है और बिना किसी संपत्ति का उत्तराधिकारी बने उड़ जाता है।
रात अपने सबसे गहरे नीलेपन में है। चाँद खिड़की के उस पार ठहरा हुआ है। शिव के हाथों में फूल हैं और उनके सामने बैठी शक्ति अपने ही प्रतिबिंब को देख रही हैं।
कितना विचित्र है न! जिस स्त्री के कंठ में मुण्डमाल है, जिसकी आँखों में सृष्टि के संहार का सामर्थ्य है, उसके केशों में फूल सजाते हुए शिव के हाथ कितने कोमल हो जाते हैं।
शायद प्रेम का अपना एक व्याकरण होता है, जहाँ भय नहीं, अधिकार नहीं, केवल एक-दूसरे को अपने होने में स्वीकार कर लेने की जगह होती है।
माँ काली के चेहरे पर यह कैसी निश्छल शांति है! लाल फूलों, आभूषणों और रक्तवर्णी वस्त्रों के बीच उनकी आँखों में कहीं एक साधारण स्त्री भी बैठी है।
मुझे लगता है, देवत्व का सबसे सुंदर दृश्य वही है, जहाँ महादेव शक्ति की आराधना नहीं, उनका शृंगार कर रहे हैं।
और शक्ति बिना कुछ कहे दर्पण में स्वयं को देख रही हैं।
अषाढ़ के पहाड़
अषाढ़ के पहाड़ों पर
अब गर्मी का वह उन्मत्त ताप नहीं रहा।
हवा में एक ठंडी नमी
और मौसम जैसे अपनी रूह पर
बादलों की हल्की चादर ओढ़े
इतराता है।
बीस डिग्री के आसपास ठहरा तापमान
प्रेमियों के लिए जैसे कोई गुप्त निमंत्रण है।
वे दूर-दूर से चले आते हैं
एक-दूसरे के थोड़ा और पास होने के लिए।
कभी किसी अनकहे क्षण में
होंठों पर उतर आती है
एक फ्रेंच किस की गर्माहट
और तभी अचानक बरस पड़ती है बारिश,
मानो पहाड़ ने देख लिया हो
उनका छिपा हुआ प्रेम।
कहीं कोई प्रेयसी
अपने प्रेमी के आने की आहट में
पहले से ही बेकल बैठी है,
तो कहीं कोई प्रेमी
बादलों की ओट में
उसके लिए रास्ता खोज रहा है।
प्रेमियों और प्रकृति की सुंदरता में
शायद बहुत अंतर नहीं होता।
दोनों ही अपने सबसे सुंदर क्षण में
थोड़े अनियंत्रित,
थोड़े रहस्यमय
और बहुत अधिक जीवित होते हैं।
यहाँ रोमांच की कोई बड़ी जरूरत नहीं।
कोयले पर भुनते कच्चे भुट्टे के
धुएँ में मिली सुगंध,
भीगी मिट्टी की गंध,
चीड़ से उतरती हवा
और अचानक बरस जाने वाले बादल—
इतना ही काफी है।
कभी-कभी
एक-दूसरे में खोए रहना भी
अषाढ़ के पहाड़ों का सबसे सुंदर सुख है।
आँखें
हिरन की आँखों में
मेरी अम्मा की कहानी है—
एक लड़की
जो रोते-रोते पेड़ हो गई थी।
जब पत्ते गिरते,
उसकी हँसी हवा में तैरती
और अम्मा
एक-एक पत्ता उठाकर
अपनी स्मृति में रख लेती।
हिरन जब भागता है
तो जंगल नहीं भागता,
फड़फड़ाती हैं
अम्मा की बची हुई स्मृतियाँ।
हम उसे नहीं मारते,
क्योंकि उसकी आँखों में
हमारा बचपन है
और उसकी हर छलाँग में
अम्मा अब भी
हमारे भीतर दौड़ती है।
गंगा घाट
गंगा घाट पर मिल जाती हैं
कितनी ही स्त्रियाँ रोती हुई,
सोती हुई घाट पर ही एक किनारे,
ओढ़े हुए अपनी ही धोती,
गीले पेटीकोट के ऊपर।
ये औरतें कहाँ से आई हैं?
इनका घर तो होगा कहीं,
जहाँ ये लौट नहीं सकतीं।
हाँ, मगर अब भी उसे ही मानती हैं घर,
वहीं जाना चाहती हैं।
घर जैसे गंगा की गोद में बहता
दीया, पत्ते पर रखी जोत।
देखो, कितनी तेज़ बहती है,
पकड़ में नहीं आएगी, अम्मा जी।
यह बुझेगी, डूबेगी, सड़ेगी,
मगर पकड़ में नहीं आएगी।
घर जो छूटा एक बार,
चाहे कोशिश करो हज़ार,
पहुँच नहीं पाओगी।
बहुत ट्रेनें जाती हैं, बहुत-सी बसें।
सुहागिनों को ले जाते हैं उनके आदमी,
दोने में खिलाते समोसे और जलेबियाँ।
बेटे माँओं को ले जाते हैं,
पूछते हैं—माँ, पिओगी चाय? मँगाऊँ खिचड़ी?
तुम्हें कोई नहीं ले जाएगा ऐसे।
कब तक रहोगी ऐसे?
अब माँगने लगो भीख,
बेचने लगो मछलियों को खिलाने वाली
आटे की गोली।
आटा-चावल बँटे तो लग जाओ
भागकर लाइन में।
झूमाझटकी करो एक-दूसरे से
एक-एक, दो-दो पैसों के लिए।
बीड़ी पियो।
एक नई शुरुआत करो, अम्मा।
गंगा घाट पर ऐसा खुला-खुला जीवन भी मस्त है।
बहुत रह लीं बाप-भाई-बालम-बेटे के राज में,
अब रहो गंगा की गोद में।
अंबर है राजा यहाँ, धरती रानी।
इतना बुरा नहीं जीवन।
आलू की सब्ज़ी, कद्दू की चटनी,
खौलते तेल से निकलती पूड़ियाँ।
दस रुपये कमाओ भीख में,
खाओ बढ़िया।
और किसी का भजन न करो,
न राम का, न श्याम का।
न फ़िक्र ख़सम के खाने की,
न दुख बेटे के काम का।
बस ऊपर-ऊपर लो राम का नाम,
जैसे लेते हैं नेता,
और गंगा रेती पर बने
इस रैनबसेरे को समझो बंगला।
यहाँ आती है लहर गंगा की,
हवा नदिया की ठंडी-ठंडी।
नया जीवन जब शुरू होता है,
तब होती ही है प्रसव-पीड़ा।
अंतर बस इतना है कि वहाँ माँ को होती है,
यहाँ उसे ही झेलनी पड़ती है पीड़ा,
जिसका जन्म होता है।
योनि से इस पार बहुत अलग है ज़िंदगी।
इसे चाहे मनुष्य-योनि से पार मानो
या स्त्री की योनि से परे मानो।
ज्योति शर्मा
परिचय
ज्योति शर्मा हिंदी की कवयित्री एवं लेखिका हैं। उन्होंने हिंदी साहित्य में परास्नातक की उपाधि प्राप्त की है। उनकी रचनाओं में स्त्री-अस्मिता, निजता और जीवन के अनकहे अनुभवों की अभिव्यक्ति प्रमुखता से दिखाई देती है।
उन्हें ब्रज संस्कृति शोध संस्थान द्वारा ब्रजभाषा युवा कवि पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
उनका पहला काव्य-संग्रह ‘नेपथ्य की नायिका’ बोधि प्रकाशन से प्रकाशित हुआ। दूसरा काव्य-संग्रह ‘बहुत दिन चुप रहने के बाद’ हिंद युग्म से प्रकाशित है। इसके अतिरिक्त, उनकी कविताएँ सेतु प्रकाशन के दो साझा काव्य-संग्रहों में प्रकाशित हुई हैं। वे अनेक लेखों के लेखन और डायरी-लेखन में भी सक्रिय हैं।
ज्योति शर्मा विभिन्न साहित्यिक मंचों पर काव्य-पाठ करती रही हैं। साहित्यिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों में बनी हुई है। वर्तमान में वे अपनी रचनात्मक यात्रा को एक नए विस्तार की ओर ले जा रही हैं। उनका आगामी उपन्यास शीघ्र ही पाठकों के समक्ष आने वाला है।
अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें।
प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।
अभिषेक पाण्डेय अभिषेक पाण्डेय की इन कविताओं में प्रेम, स्मृति, पारिवारिक संबंधों, सामाजिक विडंबनाओं और मनुष्य की भावनात्मक असुरक्षा का एक संवेदनशील संसार निर्मित होता है।...
सत्यनारायण पटेल सत्यनारायण पटेल की कहानी 'नन्हा खिलाड़ी' हमारे समय की राजनीतिक, सामाजिक और नैतिक विडंबनाओं को एक असाधारण प्रतीकात्मक आख्यान में रूपांतरित करती है। कहानी...
अच्छी कविता है विशेष रूप से आँख कविता भावुक करती है