• मुखपृष्ठ
  • अनहद के बारे में
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक नियम
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
अनहद कोलकाता
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
No Result
View All Result
अनहद कोलकाता
No Result
View All Result
Home कथा

नन्हा खिलाड़ी : सत्यनारायण पटेल

समकालीन गल्प

by Anhadkolkata
November 24, 2026
in कथा, लेखक, साहित्य
A A
0
Share on FacebookShare on TwitterShare on Telegram
सत्यनारायण पटेल

सत्यनारायण पटेल की कहानी ‘नन्हा खिलाड़ी’ हमारे समय की राजनीतिक, सामाजिक और नैतिक विडंबनाओं को एक असाधारण प्रतीकात्मक आख्यान में रूपांतरित करती है। कहानी में ‘रात’ केवल अँधेरे का प्राकृतिक रूपक नहीं, बल्कि उस सत्ता, विचारधारा और सांप्रदायिक मानसिकता का प्रतीक है, जो मनुष्य की सहजता, स्वतंत्रता, विवेक और पारस्परिक सद्भाव को लगातार निगल रही है। इसके बरक्स नन्हा खिलाड़ी अपने चाँद-सूरज जैसे मामूली खिलौनों के साथ एक ऐसी निष्कलुष दुनिया रचता है, जिसमें जाति, धर्म, वर्ग और सत्ता के विभाजन अर्थहीन हो जाते हैं। तीन मूक वृद्धाओं का उसके साथ सहज आत्मीय व्यवहार, भूखे व्यक्ति के साथ भोजन साझा करना और अलग-अलग सामाजिक परिस्थितियों में उपस्थित लोगों की प्रतिक्रियाएँ कहानी में मनुष्यता के अनेक छोटे लेकिन अर्थवान दृश्य रचती हैं।

कथावाचक का आत्मसंघर्ष भी उल्लेखनीय है, जो व्यवस्था के प्रतिरोध और उसके सामने आत्मसमर्पण के बीच लगातार झूलता रहता है। कहानी का व्यंग्य तीखा है और इसकी भाषा में फैंटेसी, विडंबना, विद्रूप तथा राजनीतिक रूपकों का प्रभावशाली इस्तेमाल हुआ है। हालाँकि कुछ प्रसंगों में विस्तार और प्रतीकों की पुनरावृत्ति कथा की गति को धीमा करती है, फिर भी इसका केंद्रीय रूपक अपनी पूरी शक्ति के साथ उपस्थित रहता है। अंतिम दृश्य में नन्हे खिलाड़ी का दुर्घटनाग्रस्त होना और फिर भी उसके खेल की स्मृति का कथावाचक के भीतर जीवित रहना इस उम्मीद का संकेत है कि मनुष्यता की संभावनाएँ अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई हैं।

वस्तुतः यह कहानी हमारे समय के अँधेरे में बची हुई उस छोटी-सी रोशनी की कहानी है, जिसे बचाए रखना ही आज सबसे बड़ी मानवीय और राजनीतिक चुनौती है।

कहानी की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि लेखक ने राजनीतिक प्रतिरोध को किसी नारे या सीधे वक्तव्य में सीमित नहीं किया, बल्कि एक बच्चे के खेल को उसके विरुद्ध खड़ा कर दिया है। यही कहानी का सबसे सुंदर और अर्थवान रचनात्मक निर्णय है।


नन्हा खिलाड़ी

सत्यनारायण पटेल

ओह्ह! कैसी थी वह रात! और कैसा था उस रात का चेहरा! बेशर्म काली बिल्ली-सी दाँत निपोरती! जबकि पूरी रात तो थी ही नहीं! रात का टुकड़ा भर था! हाँ… अनंत रात का टुकड़ा!

Related articles

संवदिया : हुगली किनारे का हिंदी सिनेमा – दुष्यंत

बचपन के उजले – काले पख -2

अनंत रात का अमूर्त चेहरा मेरे भीतर धुकधुकी बढ़ा रहा था। लेकिन वह नन्हा खिलाड़ी जैसे रात के अस्तित्व से ही बेख़बर था, या रात के टुकड़े को मैदान समझ अपने खेल की मस्ती में मस्त था। बेफ़िक्रा था! कहीं ऐसा तो नहीं था कि उसकी बेफ़िक्री से रात भीतर ही भीतर जल-भुन रही थी। कहीं उसकी बेफ़िक्री ख़तरा तो न थी रात के लिए! या रात के लाड़ले माननीय दैत्य कुमार के लिए! न… शायद ऐसा नहीं होगा! कहाँ रात और कहाँ नन्हा खिलाड़ी! जैसे कि एक तरफ़ लँगोटी वाला गाँधी और दूसरी तरफ़ माननीय दैत्य कुमार उर्फ़ फ़कीरा।

जब मैं इंदौर से दिल्ली रवाना हुआ था, रात थी। वापसी के लिए जब मैं नई दिल्ली स्टेशन पहुँचा था, रात थी। आसमान के आँगन में एक भी तारा-सितारा न था। लगा था कि कलमुँही रात ही चट कर गई होगी— ढोकला या फाफड़ा समझ कर! रात का शौक़ व चटोरापन किसी से छिपा न था। ब्रह्माण्ड जानता था कि रात के लिए पूरी धरती जैसे इंदौर की छप्पन व सराफा वाली गली थी—चटोरी। संभव था कि रात ने तारों-सितारों को पोहे-जलेबी या फिर पानी-पूरी की तरह खा लिया हो। तारों-सितारों से भरी विशाल आसमानी परात को चाट-पोंछ कर यूँ साफ़ किया था कि जैसे जर्मन शेफ़र्ड कुतिया ने प्लेट से नॉनवेज़ साफ़ किया हो। या किसी उद्योगपति ने बैंक लोन चाट लिया हो। और फिर आसमान के आँगन में अंधेरा लीप, होंठों पर जीभ फेरती टहलने लगी थी। जैसे उसे कुछ पता ही न था। और ऐसी भोली, भली-मानुष, और सुलक्षणा बन रही थी कि जैसे अल्ला मियाँ की गाय हो।

कहीं से उसकी कुरूपता न झलके इसलिए कृत्रिम रोशनी की जगर-मगर से मेकअप किए हुए थी।

धरती के इस टुकड़े पर रात कब से थी, एकदम सही-सही बताना मुश्किल होगा। हाँ, इतना याद आ रहा था कि जब मैं जन्मा था, तब भी रात थी। दादी-नानी ने बताया था कि जब उनकी दादी-नानी जन्मी थीं, तब भी रात थी। मानो रात कोई अजर-अमर सत्ता सुंदरी थी, जिसकी उम्र तो बढ़ती थी, मगर कभी बूढ़ी नहीं होती थी।

ढिंढोरा तो यही पीटा जाता था कि लोगों द्वारा, लोगों के बीच से ही, लोगों के लिए ही माननीय दैत्य कुमार चुना जाता। हालाँकि असल में जगज़ाहिर था कि रात ही माननीय दैत्य कुमार चुनती थी। रात ही राजतिलक करती और फिर उसके ज़रिए अपनी हुकूमत चलाती। प्रोपेगेंडा यह भी रहता था कि एक बार जो माननीय दैत्य कुमार चुना जाता, फिर वह किसी दल-पार्टी, जाति-नस्ल, और धर्म-सम्प्रदाय का नहीं रह जाता। लेकिन इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ था। जो भी माननीय दैत्य कुमार चुना जाता, उसका सारा चिंतन रात के हित में होता था। उसके सारे भाषण रात के प्रशंसागीत होते थे। सीधी और सही बात यह कि माननीय दैत्य कुमार रात्रिहित साधने और रात्रिद्रोही स्वर कुचलने के लिए ही प्रतिबद्ध होता था, और था भी।

हालाँकि माननीय दैत्य कुमार स्थायी नहीं होता था। महज पाँच साल के लिए चुना जाता था। पाँच साल बाद रात को फिर से वही सब दिखावा करना पड़ता था। कभी वह माननीय दैत्य कुमार की शक्ल बदल लेती थी और कभी नाम, कभी पुरानी शक्ल का ही नवीनीकरण करवा लेती थी। लोगों को भी कुछ बदलाव महसूस हो, इसलिए कभी तिरंगे में केसरिया कुछ ज्यादा उभारा जाता था। कभी चरखे की ताड़ियों के साथ-साथ चाँद-तारे भी अदृश्य रूप से महसूस करवा दिए जाते थे। कभी लंगोटी वाले को चरखे के पास से विस्थापित कर माननीय दैत्य कुमार को बैठा दिया जाता था। कभी जगर-मगर और चकाचौंध इतनी बढ़ा दी जाती थी कि रात में दिन का भ्रम होने लगता था। कभी-कभी तो रात दिन से ज्यादा उजली नज़र आने लगती थी। हालाँकि यह सब ऊपरी तौर पर होता था। भीतरी तौर पर रात की नीति-कर्म, गुण-दोष और व्यवहार यथावत होते थे। यदि भीतर ज़रा-सा भी कुछ बदलता था, तो रात्रिहित ही सर्वोपरि होता था। इतने सोच-विचार के बाद मस्तिष्क में यह बात किसी आयत की तरह उतरी थी कि रात अनंत थी, अखण्ड थी, बलशाली थी, और उससे मुक्ति का सपना बचकानापन था, आत्महत्या की तैयारी थी और मृत्यु को पीले चावल देना था।

क्योंकि मैंने जीवन में उतना वीभत्स, उतना क्रूर व सख़्त न रात का टुकड़ा और न माननीय दैत्य कुमार देखा था, कि जो जपता तो था राम-राम ही, लेकिन उसके पेट में भरा रहता था गाय का माँस। जब नानी थी, कहती थी कि जिसके पेट में गाय का माँस भरा हो, वह कैसा ही माननीय दैत्य कुमार हो, वह चाहे जितना मितरों-मितरों या राम-राम जपे, वह न कभी मितरों का, न कभी राम का हो सकता। नानी को गुजरे बीस-बाईस बरस हो गए, लेकिन बात उस वक़्त भी सटीक थी, और तब भी लग रही थी।

स्टेशन के भीतर दाखिल होकर मैं जहाँ बैठा था, वह न फुटबॉल मैदान था, न ही वहाँ मैच हो रहा था। लेकिन फिर भी कुछ ऐसा देखा जो किसी फुटबॉल मैच में न देखा था। जैसे धड़कनें गड़बड़ा गई थीं। कलेजा मुँह को आ गया था। आँखों के सामने स्मॉग छा गई थी। कानों में माननीय दैत्य कुमार का मितरों-मितरों या फिर अट्टहास गूँज रहा था। गूँजे भी क्यों नहीं, माननीय दैत्य कुमार रात का सबसे ताक़तवर सेवक जो था। दीवार पर टंगी एलईडी स्क्रीन पर माननीय दैत्य कुमार का भाषण चल रहा था। या फिर विज्ञापन में माननीय दैत्य कुमार उँगली व आँख दिखाता नज़र आ रहा था।

मैं लोहे की एक कुर्सी पर बैठा था— लोहे की तरह ही ठंडा और खामोश, लेकिन कब तक बैठा रह सकता था उस तरह। मुझे इंदौर पहुँचना था और पहुँचाने वाली लोहे की ट्रेन सराय रोहिला से आनी थी। लेकिन ट्रेन आने में काफ़ी वक़्त था। दीवार पर टंगी घड़ी सात बजा रही थी, और ट्रेन करीब दस बजे आने वाली थी। तीन घंटे न घड़ी के काँटे गिनते हुए काट सकता था, न ही विज्ञापन या माननीय दैत्य कुमार के भाषण को झेलते हुए।

उस वक़्त कुछ सूझ नहीं रहा था कि तीन घंटों का क्या करूँ! मोबाइल में फ़िल्म देखूँ। फेसबुक, वॉट्सऐप पर खर्च करूँ। किसी वेबसाइट से कुछ पढ़ लूँ। सोचा कि कुछ भी कर लूँ! किसी न किसी तरह इंतज़ार तो करना ही होगा! मैंने अपना एंड्रॉयड फ़ोन निकाला। उसमें इंटरनेट डाटा भी था, लेकिन मोबाइल चालू करते ही देखा कि बैटरी ख़त्म हो रही। मेरे पास न पावर बैंक था, न चार्जर, जिससे बैटरी चार्ज कर लेता। भीतर ही भीतर केंचुओं की तरह कुलबुलाहट हुई— ओह्ह… कैसे कटेंगे तीन घंटे!

तभी आशा की किरण नज़र आई और जैसे वक़्त को काटने की आरी ही हाथ लग गई थी। ख़ुशी हुई थी कि विज्ञापन व माननीय दैत्य कुमार के भाषण को अनदेखा-अनसुना करके भी वक़्त काट सकूँगा। मैं जहाँ बैठा था न, वहाँ ठीक मेरे सामने वह नन्हा खिलाड़ी खेल रहा था।

दरअसल वह जगह जहाँ मैं बैठा था, प्लेटफार्म वाली जगह नहीं थी। वह एक नम्बर प्लेटफार्म और स्टेशन के तमाम ऑफ़िसों की ऊपरी मंजिल थी। जहाँ यात्री-प्रतीक्षालय था, जिसकी भीतरी व्यवस्था जो थी, सो तो थी ही, लेकिन बाहर भी डेढ़-दो सौ कुर्सियाँ लगी थीं, जिनमें से पहली लाइन की एक कुर्सी पर मैं बैठा था। मेरी दाईं ओर एक मोटा-सा आदमी और बाईं ओर छरहरी-सी एक युवती बैठी थी। दोनों मोबाइल पर व्यस्त थे।

वहीं बाईं ओर लंबी-लंबी दो-तीन कतारें लगी थीं। मुझे लगा था कि वहाँ एटीएम या डिपॉज़िट मशीन होंगी, जहाँ लोग काला धन जमा करने और सफ़ेद निकालने के लिए लाइन में लगे होंगे। उस लाइन में आम लोग तो थे ही, साथ ही मुझे कुछ कवि, क़िस्सागो, पाठक, श्रोता और एनजीओ कर्मी जैसे लोग भी नज़र आए। कुछ सम्पादक और प्रकाशक भी। लगा था कि भीतर कोई लिट फेस्ट (लिटरेचर फेस्टिवल) हो रहा होगा। जहाँ साहित्य अकादमी प्राप्त कवि चुटकुला या क़िस्सागो जाँघ से जाँघ रगड़ने का क़िस्सा सुना रहा होगा! कतार को निरंतर लंबी होते और उसमें झूमा-झटकी बढ़ते देख, मेरी उत्सुकता बेचैनी की हद पार करने लगी और मुझसे बैठा न जा रहा था। मैं उठा और अपनी कुर्सी पर चढ़कर कतार की तरफ़ देखने लगा। देखते ही बुदबुदाया था कि धत्त तेरी की, और फिर ज़ोर से हँसने लगा था। हालाँकि उसमें हँसने जैसी कोई बात थी नहीं, पर यह बात तब समझ में आई थी जब युवती एवं मोटे ने मुझे अजीब-सी नजरों से देखा था। कुछ ऐसे जैसे मैं साइको हूँ। शायद उनका यूँ देखना सही हो, क्योंकि कतार प्रसाधन-केंद्र के आगे लगी थी, और कोई अनोखी बात नहीं थी। जगजाहिर था कि रात की हुकूमत में कहीं भी कतार लगना साधारण बात थी, यह जानते-बूझते भी मैं हँसा था। लेकिन उस मोटे और युवती के पास मुझ पर हँसने का शायद वक़्त न था, वे फिर से अपने-अपने मोबाइल पर व्यस्त हो गए थे।

मैं पुनः बैठ गया था और जब बैठा तो यूँ लगा कि जैसे मैं कुर्सी पर नहीं बैठा था, बल्कि बैठा था अवचेतन के विशाल मचान पर। अकेला। चुप। आसपास रात और सिर्फ़ रात। रात की साड़ी में तारे-सितारे, चाँद-सूरज जैसे तमाम चमकीले ग्रह हीरे-मोती की तरह जड़े थे। उन ग्रहों की रोशनी में दूर-दूर तक रंग-बिरंगे फूल-फल, तितली, अनाज, पशु-पक्षी, नदी-झरने, सागर-महासागर आदि-आदि भी नज़र आ रहे थे। मैं मुग्ध था कि स्वर्ग में होने जैसा अनुभव कर रहा था। जैसे लोहे की नहीं, किसी और ही ट्रेन में सफर कर रहा था।

तभी भीतर कहीं से धरती का ख़याल रिस आया था। मेरी मुग्धता व आंतरिक ख़ुशी रेशा-रेशा बिखरने-सी लगी थी, बल्कि लहूलुहान-सी होने लगी थी, जैसे माननीय दैत्य कुमार ने सर्जिकल ब्लेड से हमला कर दिया था। मन की धरती पर करुणा से लबरेज़ भाखड़ा नांगल, सरदार सरोवर और इंदिरा सागर जैसे अनेक

बाँध फूट पड़े थे। भीतर सब कुछ डूब रहा था और मैं एकदम अकेला, असहाय व रोता हुआ किनारे पर खड़ा था, और हमला यहाँ भी रुका नहीं था बल्कि और बढ़ गया था, और बहुत तेज, एकदम नाक़ाबिले बर्दाश्त-सी गंध मेरे धीरज का दम घोटने पर उतारू थी। जबकि गंध, प्रसाधन-केंद्र की नहीं थी या फिर उस शौचालय को देखकर ही अंतस में वह ख़याल रिस उठा था कि बड़े-बड़े माननीय दैत्य कुमार सदियों से धरती पर सिर्फ़ शौच ही की राजनीति, शिक्षा-दीक्षा और फसल बोते आ रहे थे! हाँ… शौच! धर्म, जाति, नस्ल, साम्प्रदायिकता, बारूद और तोप-तमंचों की शौच। धरती पर शौच के बड़े-बड़े पर्वत खड़े हो गए। शौच के दरिया-सागर और महासागर हो गए। शौच से उठती स्मॉग धरती की ख़ुशबू को विस्थापित कर रही। शांति के कबूतर के पर कुतर रही।

रफ़्ता-रफ़्ता मेरे अवचेतन में भी अजीब-सी स्मॉग और गंध भरने लगी थी और मैं सोचने लगा था कि जीवन कैसा होगा, अगर यूँ ही बढ़ती रही स्मॉग और गंध, ग़ैरक़ानूनी होगा बग़ैर मास्क व ऑक्सीजन सिलेण्डर के घर से निकलना! निकले तो पकड़ लेगी पुलिस और आत्महत्या का मुक़दमा दर्ज करेगी! क्या-क्या होगा, पता नहीं! जैसे ज़िंदगी की ट्रेन शौच के पर्वत, दरिया-सागर के बीच से गुज़र रही थी। ख़तरे की घंटी बजाती हुई। ख़याल ने इस कदर अपनी गिरफ़्त में ले लिया था कि दम फूलने लगा था। उबर भी पाता कि नहीं अपने दम। तभी एकदम से उस नन्हे खिलाड़ी ने ध्यानाकर्षित किया था जो खेल रहा था, बेफ़िक्र। कोई बेनामी खेल।

ऋतु शरद थी, लेकिन हवा ख़ुश्क थी। न ज़रा ठंडी, न नम थी। अलबत्ता पाँच सौ-हज़ार के नोट की हत्या और ट्रम्प की जीत की ख़बरों से माहौल में गर्माहट थी। भक्तों को लग रहा था कि जैसे अमेरिका में माननीय दैत्य कुमार के सगे भाई की जीत हुई हो! गर्व व अहंकार से भक्तों की छातियाँ फूल-फूल कर फटी-सी जा रही थीं। मेरे पास गर्म जैकेट था लेकिन पहनने की जरूरत न थी, सो बैग पर यूँ ही पड़ा था। मेरे सामने फर्श पर ही बैठे थे बहुत सारे यात्री। नहीं थी ऐसी कोई बैंच या कुर्सी, जैसी मेरे पीछे थी। कुछ ने बिछायी थी दरी-चादर और कुछ उकड़ूँ ही लेटे-बैठे थे। एक न एक दिन जाना तो सभी को था एक ही जगह। मगर शौच की तीव्र गंध से सभी मतिभ्रम हो गए थे शायद। सभी को लोहे की ट्रेन का ही इंतज़ार था, जबकि वह कहीं पहुँचाती नहीं थी। यहाँ से बैठते थे, वहाँ उतार देती थी, वहाँ से बैठते थे, यहाँ उतार देती थी।

वहाँ बैठे-लेटे हुए लोगों में ऐसे भी थे कुछ कि जिन्हें शायद लोहे की ट्रेन का इंतज़ार नहीं था। न उन्हें कहीं जाना था, न किसी का इंतज़ार था। बैठे थे चूँकि वहाँ बैठने की जगह थी। सड़क किनारे बैठना-लेटना ख़तरे से ख़ाली न था। फुटपाथ पर

धुकधुकी लगी रहती थी कि कोई रौंदता न गुजर जाए! वह जगह बाहर की तुलना में सुरक्षित और साफ़-सुथरी भी थी। उनकी बेफ़िक्री ऐसी थी जैसे घर के आँगन में बैठे हों। उनकी बेफ़िक्री से मैं ईर्ष्या तो कर सकता था, लेकिन बेफ़िक्र नहीं हो सकता था। अगर हो सकता तो फिर नन्हे खिलाड़ी की तरह अपनी मस्ती में मस्त होता। लेकिन नहीं था, क्योंकि शौच भरी थी मेरे भीतर भी। नसों में जैसे बह रही थी शौच की ही नहरें! नदी-नाले। नन्हे खिलाड़ी को नहीं छुआ था शौच की गंध ने! शायद छू लेती तो फिर वह भी कहाँ बच्चा रहता, और कैसे खेल पाता, यूँ बेफ़िक्र! कभी चाँद को लुढ़काता। कभी सूरज को गुड़काता।

पता नहीं था कि नन्हा खिलाड़ी जो खेल रहा था, दरअसल उस खेल का भी कोई नाम था कि नहीं! खेल तो खेल, उन खिलौनों का भी कोई नाम था कि नहीं, जिन्हें मैं चाँद-सूरज कह रहा हूँ! जो खिलौने मुझे चाँद-सूरज नज़र आ रहे थे, वे दरअसल प्लास्टिक के गोल-गोल टुकड़े थे। कुछ ऐसे गोल कि जो न गेंद थे, न ग्लोब थे, न पहिए थे और न ही किसी मंदिर-मस्जिद के गुंबद थे! कुछ यूँ लग रहे थे कि जैसे भारत माँ के स्तन हों और जिन पर माननीय दैत्य कुमार ने दाँत गड़-गड़ कर गड्ढे ही गड्ढे कर दिए हों! गड्ढेदार थे, फिर भी उजले और गोल थे। नन्हा खिलाड़ी उनसे ऐसे गदगद भाव से खेलता कि जैसे वे न स्तन और न प्लास्टिक के टुकड़े थे, बल्कि चाँद-सूरज ही थे। और उसका खेलना कुछ यूँ था कि इधर से उधर और उधर से इधर लुढ़काना और पकड़ना, बार-बार ख़ुद ही लुढ़काना और ख़ुद ही पकड़ना था। इस खेल का भले ही कोई नाम न था लेकिन नन्हा खिलाड़ी इस खेल में इतना डूबा था कि जैसे इबादत कर रहा था। उसके पेंट की ज़िप ख़राब थी कि नहीं, नहीं मालूम, लेकिन खुली ज़रूर थी, इसलिए दौड़ते वक़्त अक्सर तिंदोरी बाहर निकल आती थी।

वह चाँद-सूरज को लुढ़काने की कोई योजना नहीं बनाता था। माननीय दैत्य कुमार की तरह अचानक ही निर्णय लेता था और जिधर मन करता उधर, कभी चाँद, तो कभी सूरज लुढ़का देता था। यह ध्यान रखे बिना कि उधर कौन लेटा-बैठा था और कौन आ-जा रहा था! कि क्या नफ़ा-नुकसान होगा! न वह यह जानता था कि वह भारत माँ के स्तन या चाँद-सूरज लुढ़का रहा था। न उसने माननीय दैत्य कुमार के बारे में कुछ सुना था, न उनकी शौच के पर्वत, दरिया-सागर के बारे में कुछ जानता था। उसे किसी तरह की गंध व स्मॉग परेशान नहीं कर रही थी, क्योंकि उसके तो जन्म से ही सब कुछ ऐसा था। न उसने साफ़ हवा के बारे में सुना था, न कभी कल्पना की थी। अगर उसके चाँद-सूरज किसी लेटे-बैठे या गुजरते यात्री से न टकराए, तब तो पूरी धरती पर लुढ़कते रहते। लेकिन वे किसी दीवार से, पिलर से, किसी के पैर से, किसी लेटे हुए व्यक्ति के सिर से या डस्टबिन से टकराकर रुक जाते थे।

नन्हा खिलाड़ी हँसता, किलकता। कभी कमर से खिसकती थेगलीदार पैंट सँभालता। कभी ज़िप से बाहर निकली तिंदोरी अंदर करता, और चाँद या सूरज जो भी लुढ़काया होता, उसके पीछे-पीछे ठक-ठक दौड़ता था। एक हाथ से उठाता और दूसरे हाथ में पकड़े हुए को फिर लुढ़का देता। जिस दिशा में चाँद-सूरज लुढ़कते थे, उधर जो भी बैठे-लेटे रहते थे, उनके चेहरों पर मुस्कान का उजास फैल जाता था। जो चेहरे एंड्रॉयड मोबाइल में खोये थे, कुछ पल के लिए उनका भी ध्यान खींच लेता था। यूँ ही नन्हा खिलाड़ी खेल में मगन था।

एक बार क्या हुआ कि नन्हे खिलाड़ी ने चाँद लुढ़काया उधर, जिधर तीन औरतें बैठी थीं। नन्हा खिलाड़ी उन औरतों को जानता था, लेकिन चाँद लुढ़काने से पहले यह नहीं जानता था कि तीन औरतें उधर बैठी क्या कर रही थीं!

उन औरतों के लिए न नन्हा खिलाड़ी नया था, न उसके चाँद-सूरज लुभावने थे। उनके मुँह दूसरी-दूसरी तरफ़ थे। उनके बीच साग-भाजी की पोलीथिन रखी थी। उनके हाथ में रोटियाँ थीं। यानी कि वे खाना खा रही थीं और खुश थीं।

फिर चाँद लुढ़कते-लुढ़कते साग-भाजी पर चढ़ गया था और रुका वहाँ भी न था। केसरिया साड़ी वाली बुढ़िया के घुटने से न टकराता, तो नीचे रेल पटरी पर गिर कर ही रुकता। बुढ़िया की झुर्रियों पर दर्द की बिजली कौंध गई थी। उसने बाएँ हाथ से चाँद को उठाया, और आँखों में रोष भरकर नन्हे खिलाड़ी को देखने लगी। मुझे लगा था कि बुढ़िया चाँद सहित नन्हे खिलाड़ी को किसी मंगल ग्रह पर न फेंक दे! मंगल पर न सही, नीचे रेल पटरी पर ही फेंक दे! हरी साड़ी वाली के चेहरे पर भी कुछ अजीब से भाव थे। लेकिन भला हो सफ़ेद साड़ी वाली का। उसने केसरिया साड़ी वाली के हाथ से चाँद लिया और स्नेहिल मुस्कान के साथ नन्हे खिलाड़ी के हाथ में चाँद पकड़ाते हुए इशारे से कहा— जा उधर खेल।

उन बुढ़ियाओं के चेहरों पर सिलवटें-झुर्रियों के सघन जाल थे। फिर भी बुढ़ियाएँ बेफ़िक्र थीं। वे उम्र और समझ की उस ऊँचाई पर थीं जहाँ से जाति-धर्म, सम्प्रदाय-नस्ल के जाल और अमीर-ग़रीब के बीच की खाइयाँ गौण नज़र आ रही थीं— एकदम बेमतलब और फ़ालतू! और वे पुनः ख़ुशी-खुशी खाना खाने लगी थीं। उनकी ख़ुशी का राज था कि जैसे वे जानती थीं कि वे जब कभी, जहाँ कहीं पहुँचेंगी, लोहे की ट्रेन से नहीं पहुँचेंगी! अब तो ज़िंदगी की ट्रेन जब कभी थमेगी, तभी कहीं पहुँचेंगी। इसलिए उन्हें न किसी ट्रेन का इंतज़ार था, न माननीय दैत्य कुमार से किसी घोषणा की फ़िक्र या उम्मीद थी।

उनकी निश्चिंतता और बेफ़िक्री देखकर मैं आश्चर्य में था कि जब शौच से उठती गंध और स्मॉग के बीच साँस लेना भी मुश्किल हो रहा था, तब भी वे ख़ुश थीं। अपने पास जो कुछ था, मिल-बँट खा रही थीं। मुझे आश्चर्य के साथ-साथ ख़तरे की गंध भी महसूस हो रही थी। हाँ… ख़तरे की गंध! क्योंकि यह हरकत अनंत रात के प्रधान सेवक माननीय दैत्य कुमार की पूरी मेहनत और शौच के ख़िलाफ़ थी। मिलजुल रहना, एकजुटता प्रदर्शित करना, शांति और भाईचारे का प्रचार-प्रसार करना, हक-ईमान की बात करना, या संविधान जैसी किसी मृत किताब की बात करना, या रात को रात या फिर कलमुंही कहना, अघोषित रूप से प्रतिबंधित था। शौच के व्यापारियों की मंशा के विरुद्ध था। रात्रिद्रोह था। ख़ैर..

मैं मन ही मन ख़ुद से बतियाने लगा था कि ख़ुदा ख़ैर करे! औरतों पर किसी की नज़र न पड़े! वरना किसी अख़बार या टीवी चैनल की तरह उनके जीवन पर ग्रहण लग जाएगा।

मेरे भीतर संदेह भी साँस ले रहा था कि मैं जाने-अनजाने में कुछ ऐसा तो नहीं कर रहा हूँ, जो अनंत रात को पसंद नहीं या उसके विरुद्ध हो! मुझसे रात की अखण्डता को ख़तरा तो नहीं! मेरी लोहे-भंगार सी सोच कहीं माननीय दैत्य कुमार की सोने जैसी शौच के ख़िलाफ़ तो नहीं! कहीं मैं रात्रिद्रोही तो न मान लिया जाऊँगा! क्या करूँ! इन्सान बनूँ कि रात्रि भक्त ! माननीय दैत्य कुमार का पिछवाड़ा चाटूँ कि गाल बजाऊँ! गाल बजा नहीं सकता क्योंकि उसकी सुरक्षा में सेना-पुलिस तैनात। पिछवाड़ा चाटना भी कहाँ आसान! महाकाल की भस्मआरती में खड़े भक्तों की कतार से लंबी पिछवाड़ा चाटने वाले भक्तों की कतार। फिर न मेरी महाकाल में आस्था थी और न दैत्य कुमार में रुचि थी! मौन कुमार बने रहने में ही मुझे भलाई सूझी थी और मैं मौन कुमार बने बैठा था।

मौन कुमार बने बैठा था, फिर भी चैन कहाँ था। आँतों में गुड़गुड़ाती गैस की तरह मग़ज़ में कुछ न कुछ कुलबुला रहा था। बहुत शिद्दत से महसूस हो रहा था कि मैं इतना डरपोक, कायर या कि फद्दू जीवन में कभी नहीं रहा था। ख़ुद से घृणा का काँटा भीतर ही भीतर कहीं चुभ रहा था। भीतर अचानक से मितली का ऐसा तूफ़ान उठा था कि मैं डस्टबिन की तरफ़ भागा और ओ…ओ… कर दो-तीन उलटियाँ कीं, तब कुछ सामान्य हुआ था। ख़ुद पर व्यंग्य करते बुदबुदाया— लो इंसानियत बाहर हो गई, अब रात्रिभक्त बनना आसान होगा! माननीय दैत्य कुमार का पिछवाड़ा चाटने में शहद चाटने जैसा आनन्द मिलेगा!

फिर अपनी कुर्सी की तरफ़ बढ़ते हुए सोचा था कि क्यों न ऐसा करूँ कि अपने मोबाइल से नन्हे खिलाड़ी और औरतों का वीडियो बना लूँ! वीडियो माननीय दैत्य कुमार को वॉट्सऐप करूँ! माननीय दैत्य कुमार रात्रिभक्त की टोली भेज सर्जिकल स्ट्राइक करवा देंगे! रात्रिद्रोहियों का सफ़ाया हो जाएगा! मुझे पद्मश्री और पद्मभूषण की चाह नहीं। काला धन सफ़ेद करवाने की चाह नहीं। बस.. माननीय दैत्य कुमार की कृपादृष्टि हो, जीवन सफल हो जाएगा! मैंने महसूस किया था कि इतना सोचते ही मेरे भीतर अपार ऊर्जा का संचार हुआ था और मेरे दिमाग़ में तेज़ी से शौच का टीला उगता महसूस हुआ था, जिसकी परछाई आँखों में महसूस हो रही थी।

जब मैं वापस अपनी जगह बैठा था, तो मैंने क्या देखा! देखा कि बग़ल में बैठी युवती मुझे अजीब-सी नज़रों से देख रही थी और अपनी नाक को रुमाल से ढँक रही थी। सोचा कि युवती को किसकी गंध आ रही होगी! उलटी की गई इंसानियत की या मग़ज़ में उगे शौच के टीले की! फिर वह सुन्दर-सी लड़की अचानक से मुझे बहुत ख़राब लगी। इच्छा हुई थी कि उसकी टी शर्ट-जींस उतार लूँ। पटरी पर फेंक दूँ और उसे शौच से लिथड़ दूँ! मैंने महसूस किया था कि माननीय दैत्य कुमार की शौच तेज़ी से निर्भीक व दुस्साहसी बना रही थी मुझे।

मैं निश्चित ही कुछ-न-कुछ करने वाला था कि भीड़ के रेले में से आदमी जैसा दोपाया, बल्कि एक आदमी ही प्रकट हुआ। वह लगभग मेरा हमउम्र, यानी चालीस-पैंतालीस का ही न था, बल्कि हुलिया से चलता-फिरता शौच का टीला था। उसने कमर से नीचे पैंट और ऊपर केसरिया टी शर्ट पहनी थी। टी शर्ट पर स्वामी विवेकानन्द की तस्वीर छपी थी। मुझे शंका हुई थी कि कहीं ये भक्त गैंग का तो नहीं! ख़ुशी थी कि माननीय दैत्य कुमार का सूचना तंत्र कितना मजबूत था। मैं तो सोच ही रहा था कि उन्होंने भक्तों की गैंग से एक भक्त भेज दिया था। अब नन्हा खिलाड़ी और बुढ़ियाएँ कैसे बेफ़िक्र रहेंगी! अभी वह सब कुछ तहस-नहस कर देगा!

लेकिन मेरी ख़ुशी ज्यादा देर न रह सकी थी, क्योंकि उस आदमी की कलई खुल गई थी। वह भक्त नहीं, भूखा था। वह उन बूढ़ी औरतों से इशारे में खाना माँग रहा था। उसके इशारा करने के ढंग से ही समझ में आया कि वह बोल नहीं सकता था। नहीं बोल सकने वाले इशारों में बात कैसे करते हैं, मैं समझता था, क्योंकि इंदौर में मेरे घर के सामने के घर में दो बहनें रहती थीं, जो जन्म से गूँगी थीं। उन्हें बात करते देखा करता था। ताज्जुब की बात यह थी कि खाना खा रही औरतें भी गूँगी ही थीं।

मैंने सोचा था कि क्या आदमी किसी औरत का पति होगा! लेकिन लगा था कि नहीं.. शायद नहीं होगा। क्योंकि तीनों ही औरतें आदमी से बहुत बड़ी-बूढ़ी थीं। हैं… किसी का बेटा या भाई होगा! लेकिन शायद नहीं होता! अगर होता तो औरतों से खाना माँगने की बजाय, उन्हीं के साथ बैठ कर खाता! शायद भारत माता का लाल था! पता नहीं, जो भी था। बहरहाल केसरिया साड़ी वाली ने उसे रोटी थमाई, सफ़ेद साड़ी वाली ने साग-भाजी की पोलीथिन दी और हरी साड़ी वाली ने मुस्कान बिखेरी। आदमी दाईं ओर की दीवार की तरफ़ बढ़ा और पिलर व डस्टबिन के बीच बैठ खाना खाने लगा था। आदमी श्वान की-सी गति से चबर-चबर खा रहा था। टी शर्ट पर स्वामी विवेकानन्द चिंतित थे कि भारत माँ का लाल आदमी से क्या होता जा रहा! लेकिन आदमी के पेट में जैसे-जैसे रोटी जा रही थी, उसके चेहरे पर तृप्ति उभर रही थी।

मेरे सामने सैकड़ों यात्री फर्श पर बैठे थे। उनमें भी कुछ औरतें, कुछ बच्चे थे, जिन्हें कहीं नहीं जाना था। मुझसे करीब बारह-पन्द्रह फीट की दूरी पर जो औरत बैठी थी, वह नन्हे खिलाड़ी की माँ थी। वह गुलाबी रंग की सलवार-कमीज पहने हुए थी और कत्थई रंग का दुपट्टा गले में डाले हुए थी। उसकी आँखें सूखी-सूखी और त्वचा ऐसी थी कि जैसे किसी ने सारा लावण्य सोख लिया था। अट्ठाइस-तीस बरस की लग रही थी। नन्हा खिलाड़ी तो उसका बच्चा था ही, एक बच्चा और उसकी गोदी में था। गोदी वाला बच्चा कुछ ही माह का था, जो अभी बैठना नहीं सीखा था। औरत बार-बार नन्हे खिलाड़ी को अपने पास बैठने का कह रही थी, लेकिन नन्हा खिलाड़ी चाँद-सूरज से खेलने में ही मगन था।

नन्हे खिलाड़ी की चंचलता और उसका खेल मेरा ध्यान खींच रहा था। नन्हे खिलाड़ी ने जो पैंट पहनी थी, वह जींस नहीं थी। लेकिन कुछ ऐसी डिजाइन की थी कि जैसी आजकल के युवक जींस पहनते हैं। घुटने, जाँघ और जाने कहाँ-कहाँ से फटी या रफू की हुई। पैंट के ऊपर धारीदार मैली शर्ट थी, जिसकी जेब उधड़ी हुई थी। लेकिन नन्हा खिलाड़ी ख़ुश था। उन तीन औरतों, उस आदमी और अपनी माँ से भी ज़्यादा ख़ुश था। उसे खेलता देखते हुए मैं शौच की गंध और स्मॉग को भूल-सा जाता था।

फिर नन्हे खिलाड़ी ने सूरज लुढ़काया और सूरज भी चाँद की तरह उन औरतों के बीच पहुँच गया था। सूरज हरी साड़ी वाली के घुटने से टकराकर रुका। उसने सूरज को उठाया और नन्हे खिलाड़ी की माँ की तरफ़ लुढ़का दिया। फिर इशारे से कहा— जा, अपनी माँ के पास खेल!

फिर तीनों औरतें हँसने लगी थीं। उनकी हँसी कुछ अजीब-सी थी। फिस.. फिस..। उनकी हँसी से मेरे भीतर कुछ भीगने लगा था। कुछ सिहरने लगा था। पता नहीं था कि औरतें जन्मजात मूक थीं या रात की मुख़ालिफ़त का दण्ड भोग रही थीं! या फिर माननीय दैत्य कुमार ने उनकी जीभ खिंचवाकर अपने जूते का भीतरी तला बनवा लिया था! या कि अपनी जैकेट की कॉलर बनवा ली थी!

उधर सूरज दो यात्रियों के पैरों के बीच से लुढ़कते हुए एक लड़की, ‘जो कि पूनम के चाँद-सी सूरत वाली थी,’ के पैरों से टकराया था। चूँकि पूनम का चाँद तेईस-चौबीस बरस की थी, और एंड्रॉयड फ़ोन में अपने ईद के चाँद से मुखातिब थी, एकाएक पैरों से सूरज टकराया तो चौंक उठी थी— उई मम्मी!

नन्हा खिलाड़ी थोड़ी दूरी पर ठिठक गया था। डर था कि पूनम का चाँद कहीं दोपहर का सूरज न बन जाए। पूनम के चाँद के आसपास तमाम तारे-सितारे और आकाशगंगाएँ भी थीं। जो पूनम के चाँद की ‘उई मम्मी’ सुन खिलखिला उठी थीं। जिन्हें देख पूनम का चाँद भी हँस रहा था। नन्हा खिलाड़ी भी हँस रहा था और खैर.. मैं तो हँस ही रहा था। लेकिन मेरी बाईं ओर बैठी युवती नहीं हँसी थी। न ही दाईं ओर बैठा मोटा आदमी हँसा था।

जब हँसने वालों की हँसी थमी, तो पूनम के चाँद ने सूरज को उठा लिया। एक पल उसे देखा और फिर नन्हे खिलाड़ी तरफ़ लुढ़का दिया। नन्हे खिलाड़ी ने एक हाथ से अपने सूरज को उठाया और दूसरे हाथ से चाँद को लुढ़का दिया था।

चाँद लुढ़कता हुआ उस आदमी की तरफ़ बढ़ा, जो खाना खा रहा था। लेकिन चाँद आदमी के पास रुका नहीं, वह डस्टबिन से जा टकराया था। डस्टबिन में भोजन कर रही मक्खियाँ डिस्टर्ब हुईं, तो उड़कर बाहर आ गई थीं और चाँद पर मंडराने लगी थीं। मानो उन्होंने चाँद को घेर लिया था, और अब कोई चाँद को उनसे छुड़ा न पायेगा। लेकिन जब मक्खियों ने देखा कि चाँद लुढ़काने वाला कोई माननीय दैत्य कुमार नहीं था, बल्कि नन्हा खिलाड़ी था, तो कुछ मक्खियाँ पुनः डस्टबिन में भोजन करने में व्यस्त हो गई थीं और कुछ डस्टबिन की बजाय उस आदमी की पॉलीथिन की साग-भाजी का स्वाद चखने लगी थीं। आदमी ने हाथ को पंखा बना मक्खियों को उड़ाते हुए इशारे से कहा— मैं खाना खा रहा हूँ, तू अपना चाँद उधर ही लुढ़का।

नन्हा खिलाड़ी कुछ नहीं बोला था, बल्कि खाना खाते उस आदमी की आँखों में देखते हुए, ज़रा-सा यूँ मुस्कराया था कि जैसे धीमे से कोई फूल खिला था। फिर उसने एक हाथ से अपना चाँद उठाया और दूसरे हाथ से सूरज को लुढ़का दिया था। सूरज नन्हे खिलाड़ी की माँ की एड़ी से टकराया। माँ छोटे बच्चे को गोद में लिए बैठी थी।

वह सूरज को उठा छोटे बच्चे को दिखा-दिखा कुछ बोलने लगी— ल.. ल.. ले.. सूरज लेगा। नन्हे खिलाड़ी की माँ उन औरतों की तरह मूक न थी। लेकिन बच्चे से लाड़ जताते हुए तुतला कर बोल रही थी। नन्हा खिलाड़ी माँ को तुतलाती देख मुस्करा रहा था। उसकी माँ का चेहरा कुछ ऐसा था कि जैसे चाँद के मुँह पर झीना दुपट्टा ढँका था। जबकि मुँह पर कुछ न ढँका था, बाल भी पीछे बंधे थे और दुपट्टा कंधे पर पड़ा था। नन्हा खिलाड़ी माँ के कुछ करीब पहुँचा। माँ से सूरज लेने को हाथ बढ़ाया, तो माँ ने उसके दूसरे हाथ से चाँद भी ले लिया था। फिर वह बारी-बारी से गोदी के बच्चे को चाँद-सूरज दिखाने लगी थी। अब नन्हा खिलाड़ी सामान्य न रह सका था। उसका चेहरा जो कि पके नारियल-सा पीला था, कुछ उदास-सा होने लगा था।

लेकिन तभी उसे एक अलग तरह की शरारत सूझी और चेहरे पर हल्की-सी मुस्कान कौंध उठी थी। हुआ यूँ था कि उन औरतों में से एक औरत की पिंडली पर उसकी निगाह टिक गई थी। औरत की पिंडली पर दो मोर गुदे थे। वह औरत पता नहीं पचास, साठ या सत्तर की थी। लेकिन उसके चेहरे की झुर्रियों और पिंडली के ढीले गोश्त से लग रहा था कि सत्तर की ही होगी।

दरअसल खाना खाने के बाद उन औरतों के बीच एक समस्या पैदा हो गई थी और वह यह कि कुछ खाना बच गया था। अब बचे हुए खाने का वे क्या करतीं! सो सोचा था कि उस आदमी को ही दे दें! लेकिन जब वह देने पहुँचीं तो आदमी ने इशारे से कहा— बस.. और ज़रूरत नहीं। स्वामी विवेकानन्द के चेहरे पर हाथ फिराते इशारा किया— पेट भर गया।

आदमी के मना करने पर औरत ने डस्टबिन की तरफ़ देखा ज़रूर था, लेकिन खाने को डस्टबिन में फेंकने की हिम्मत नहीं कर सकी थीं, बल्कि उसी आदमी को देकर लौट रही थीं।

जब वह नन्हे खिलाड़ी के सामने से गुज़र रही थीं, तभी नन्हे खिलाड़ी की आँखों में शरारत चमकी थी। वह उकड़ूँ-उकड़ूँ दबे पैर उस औरत के पैरों की तरफ़ बढ़ा और पिंडलियों पर जहाँ मोर बने थे, वहाँ हाथों से लबुरता भौंका— भौं.. भौं..!

औरत सिर्फ़ चौंकी ही नहीं थी, बल्कि बुरी तरह डर-सी गई थी। हालाँकि उसकी चीख़ उतनी ज़ोर से न निकली थी जितनी ज़ोर से वह चीख़ी थी। मानो कि मूल चीख़ जो नाभि से उठी थी, वह किसी संकरे सुराख़ में फँस गई थी, और बाहर जो कुछ आ सकी थी, वह साबुत चीख़ नहीं थी, बल्कि डर, कराह और चीख़ मिश्रित अजीब-सी आवाज़ थी।

नन्हा खिलाड़ी ताली बजा-बजा हँसने लगा था। बूढ़ी औरत गुस्सा थी। वह नन्हे खिलाड़ी को डाँट रही थी, लेकिन मुँह से शब्द या वाक्य नहीं, कर्कश आवाज़ ही निकल रही थी। वह आँखें फाड़े इशारे से नन्हे खिलाड़ी की माँ को कुछ कह रही थी। खिलाड़ी की माँ जैसे सब कुछ समझ रही थी, और उसने विनम्र भाव से कहा भी— मैं समझाती हूँ, अब ऐसा कुछ नहीं करेगा।

फिर नन्हे खिलाड़ी की माँ ने उसकी बाँह पकड़ी, अपने पास नीचे बैठाया

और पीठ पर ज़ोर-ज़ोर से धौल जमाने लगी थी। माँ धौल जमा रही थी, और नन्हा खिलाड़ी हँस रहा था। नन्हे खिलाड़ी को देख सामने बैठा पूनम का चाँद भी हँसने लगा था— हे..हे..हे।

खाना खा चुका आदमी भी हँसने लगा था— हह्ह..हह्ह..हह्ह.. और फिर बूढ़ी औरत भी हँसने लगी थी— फिस..फिसं..फिस।

लेकिन गोदी का बच्चा, जिसे माँ ने नीचे लेटा दिया था, रोने लगा था। पता नहीं कि वह नीचे लेटाने की वजह से रो रहा था, या खिलाड़ी की पिटाई देख रो रहा था। वह रोते हुए कभी बूढ़ी औरत तरफ़, तो कभी माँ तरफ़ देख रहा था। बूढ़ी औरत से नीचे लेटे बच्चे का रोना न देखा गया, उसने खिलाड़ी की माँ को रोका और जैसे इशारे से कहा— ये तो बेशरम है, इसको छोड़ और छुटके को गोदी में उठा! उसका रोना न देखा जा रहा।

माँ ने छुटके को गोदी में उठाया। उसका मुँह चूमा। पर बच्चा चुप नहीं हुआ। फिर माँ ने कुर्ती के नीचे से पीला स्तन निकाल बच्चे के मुँह में पकड़ा दिया। बच्चा उँअ-उँअ, मम्म… करता हुआ दूध पीने लगा। नन्हा खिलाड़ी फिर से यूँ खेलने लगा था जैसे कुछ हुआ ही नहीं था।

पूनम के चाँद की निगाह अभी भी नन्हे खिलाड़ी पर जमी थी। उसके मोबाइल के भीतर वाले ईद के चाँद पर बदली छा गई थी। पूनम के चाँद के सामने दो औरतें बैठी थीं। अपने सिर के बालों की तरह ही वे भी उलझी और गुमसुम-सी थीं। न वे यात्री लग रही थीं, न कहीं जाने वाली लग रही थीं। जाने कब से न नहायी थीं, न कपड़े धुले-साफ़ थे। पहली ने नीचे पेटीकोट और ऊपर बुशर्ट पहनी थी, जिस पर मैल इतना था कि बुशर्ट के असल रंग का पता लगाना मुश्किल था। दूसरी ने ऊपर टी शर्ट व नीचे सलवार पहनी थी।

जब नन्हे खिलाड़ी का चाँद उनके बीच से गुज़रा, तो दोनों ने अजीब से ढंग से आँखें फैला चाँद का लुढ़कना देखा था। फिर पता नहीं, दोनों के बीच आँखों ही आँखों में क्या घटा कि दोनों आमने-सामने खड़ी हो गई थीं। दोनों की आँखें तन गईं और भौंहें चढ़ गईं। फिर पहली ने अपनी बग़ल में खुजलाते हुए कुछ बड़बड़ाया था जो दूसरी ने ही सुना था। जवाब में दूसरी ने बहुत भद्दे ढंग से अपनी जाँघ पर खुजलाते हुए कुछ कहा था जो पहली को अच्छा न लगा था। फिर तो बस.. वहाँ मौजूद सभी की निगाह उन दोनों पर टिक गई थी। और उन्होंने भी क्या-क्या नहीं किया! एक-दूसरी के बाल खींचे। धक्का-मुक्की की। माँ-बहन की। और फिर अचानक यूँ चुप हो गई थीं कि जैसे कुछ हुआ ही न था! जैसे वे झगड़ नहीं रही थीं, अभिनय कर रही थीं। दोनों अपनी-अपनी जगह बैठ अपने में गुम हो गई थीं।

मैंने उधर से नज़रें समेटी ही थीं कि मेरी बग़ल में मोटे व्यक्ति ने चौंका दिया था। वहाँ जैसे हर किसी को माननीय दैत्य कुमार की तरह चौंकाने की आदत पड़ गई थी। मोटा आदमी अच्छा-भला बैठा वॉट्सऐप पर किसी से चैट कर रहा था। बीच-बीच में खी..खी हँस भी रहा था। तभी उसका मोबाइल गुनगुनाया, तो मोटे ने कॉल रिसीव की और बस.. किसी की माँ-बहन एक करने लगा था।

दो-तीन गाली सुनने के बाद मैंने क़यास लगाया था कि दूसरी तरफ़ मोटे की पत्नी होगी, क्योंकि उतनी भद्दी-गंदी गाली पत्नी ही सह सकती थी! मैं कुछ और क़यास लगाता कि उससे पहले ही बग़ल वाली युवती सुबकने लगी थी। क्यों! किसे पता! युवती काफ़ी देर से वॉट्सऐप में व्यस्त थी, और एक-दो बार उसकी तरफ़ देखने पर सब कुछ ठीक लगा भी था। कभी मुस्कराती। कभी गुनगुनाती। फिर जाने क्या हुआ था कि युवती अचानक सुबकने लगी थी। फिर मुँह फाड़ कर रोने लगी थी। मैं थोड़ा असहज हो गया था।

कोई यह न समझे कि युवती को मैंने कुछ कह दिया हो और वह रोने लगी हो। वह मुझसे आधी से भी कम उम्र की थी, मेरे मुँह से बेटी ही निकला और पूछा— क्या हुआ बेटी!

वह नाक और आँखें पोंछने के बाद बोली— कुछ नहीं!

—फिर रो क्यों रही हो? कोई परेशानी हो तो कहो! मैंने चिंता से पूछा।

—मेरी मर्जी.. आपको मतलब! युवती ने कहा। मेरे पास चुप रहने और उसकी तरफ़ से ध्यान हटाने के सिवा कोई चारा न था।

वहाँ इतना कुछ चल रहा था, लेकिन इस सबसे नन्हे खिलाड़ी को कुछ लेना-देना न था। वह अपने चाँद-सूरज से खेलने में मगन था। मैं भी युवती या मोटे के फटे में पैर डालने की बजाय नन्हे खिलाड़ी का खेल देखने लगा था। बीच-बीच में आने-जाने वाली ट्रेन की उद्घोषणाएँ भी सुन रहा था। घड़ी के काँटों पर भी नज़र मार लेता था। रात के उस टुकड़े की नौ बजने वाली थी, और मेरी ट्रेन दस बजे आने वाली थी। इस बीच मेरी इच्छा प्रसाधन-केंद्र जाने की भी हुई थी, लेकिन प्रसाधन-केंद्र पर कतार लंबी थी, और इच्छा बहुत प्रबल न थी, सो जाना कुछ देर मुल्तवी कर दिया था।

तभी ज़ोर की एक चीख़ ने ध्यान खींचा, और मैंने उधर देखा। पहली और दूसरी फिर जाने क्यों उलझ पड़ी थीं। दूसरी ने पहली की छाती पर ज़ोर का धक्का दिया। पहली लड़खड़ाती हुई एक यात्री से जा टकरायी। यात्री के एक हाथ में सूटकेस था, और दूसरे हाथ से मोबाइल कान से लगाये था। वह वहाँ से गुज़र रहा था, लेकिन उसका चित्त कहीं और था। जब पहली उस यात्री से टकरायी तो हाथ से सूटकेस, मोबाइल तो छूटा ही, यात्री का बैलेंस भी बिगड़ा और वह अपने से आगे चल रही एक मैम से जा टकराया था।

मैम थी कि बागड़बिल्ली.. बाप रे! यात्री की शक्ल पर नज़र-वज़र कुछ न मारी, सीधा थप्पड़ ही जड़ दिया था— तड़। मैम वापस घूमी और चलने को क़दम उठाया ही था कि पैर के नीचे चाँद आ गया। फिर तो पूछो मत! मैम का बैलेंस ऐसा गड़बड़ाया कि सीधी डस्टबिन में जा घुसी थी। मैम ने डस्टबिन से मुँह बाहर निकाला तो जैसे समझ नहीं पा रही थी कि चीख़े कि रोये! मैम ने नन्हे खिलाड़ी की बाँह पकड़नी चाही थी, मगर उसने खरगोश की चंचलता से दौड़ लगा दी थी। खरगोश आगे, बिल्ली पीछे थी। हँस-हँस कर पूनम के चाँद ही नहीं, अनेक आकाशगंगाओं के पेट में भी बल पड़ रहे थे।

तभी क्या हुआ था कि चोर.. चोर.. की आवाज़ आई। मैं एलईडी तरफ़ देखने लगा था कि क्या माननीय दैत्य कुमार की पोल खुल गई। कि वह फ़कीर नहीं.. कि वह खादी नहीं पहनता.. कि उसके पेट में गाय का माँस भरा है! लेकिन नहीं.. ऐसा कुछ न हुआ था। एलईडी में रोज़ की तरह एटीएम के सामने खड़ी कतार दिखायी जा रही थी। कतार में खड़े आदमी कोरस में प्रशंसा गीत गा रहे थे।

मैं बुदबुदाया— फिर आवाज़ किधर से आई!

तभी ध्यान सीढ़ियों तरफ़ गया था और देखा कि उधर से एक के पीछे एक युवक भागता आ रहा था। आगे वाला युवक हाथ में पर्स लेकर भाग रहा था। शायद उसके पर्स में सौ-पचास के नोट थे! पीछे वाला युवक चोर-चोर चिल्लाता भाग रहा था। दोनों के पीछे एक पुलिस वाला भी भाग रहा था। शायद नन्हे खिलाड़ी ने उनका शोर न सुना और न उन्हें आते देखा था। वह खेल में मगन था।

बस यहीं.. मुझे लगा था कि खेल ख़त्म हो गया। सिर्फ़ वह खेल नहीं, जो नन्हा खिलाड़ी खेल रहा था, बल्कि नन्हा खिलाड़ी ही शायद। क्योंकि तेज गति से भागते युवक के घुटने से नन्हा खिलाड़ी इस कदर टकराया था कि क्या बताऊँ! उसका सूरज छिटक कर पूनम के चाँद जैसी सूरत वाली लड़की के पास जा गिरा था। उसका चाँद बूढ़ी औरतों के बीच जा गिरा था। और नन्हा खिलाड़ी..! ओह्ह…! जैसे विराट कोहली के बल्ले के बीचोंबीच बॉल टकरायी थी कि जैसे फुटबॉल पर भरपूर किक पड़ी थी! नन्हे खिलाड़ी की आँखें फटी की फटी रह गई थीं और पहली-दूसरी जहाँ की तहाँ खड़ी रह गई थीं। नन्हा खिलाड़ी बॉल की तरह हवा में था। उस वक्त उद्घोषिका के सिवा किसी की आवाज़ नहीं थी। कोई शोर नहीं था। मोटा व्यक्ति, जो पत्नी को डाँट रहा था— ब्लड प्रेशर की गोली क्यों न रखी! मेडिकल पर हजार-पाँच सौ के नोट नी चल रहे.. खुल्ले पैसे नी.. दवाई कैसे लूँ!

लेकिन डाँटते हुए उसने देखा कि नन्हा खिलाड़ी हवा में तैरता उसी की तरफ़ आ रहा, तो वह डाँटना छोड़ कुर्सी से उठने लगा था। लेकिन मोटे व्यक्ति को संभलने का, उठने का वक़्त न मिला था और नन्हा खिलाड़ी सीधा मोटे की तोंद पर आ गिरा था। मोटे का मोबाइल दूर जा छिटका और उसके ब्लड प्रेशर में सेंसेक्स सा उछाल आ गया था। नाक से एक लाल फुग्गा निकल आया था। तीनों बूढ़ी औरतें और विवेकानन्द की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहने आदमी मोटे की तरफ़ दौड़े आए थे। मुझे कुछ समझ ही नहीं आया था कि क्या करूँ!

कोई मोटे की नाक से बहता ख़ून पोंछने लगा था। कोई उसे पानी पिलाने की कोशिश कर रहा था। दोनों युवक तो भागते हुए निकल गए थे, लेकिन उनके पीछे दौड़ता पुलिस वाला वहीं रुक गया था। वह बुरी तरह हाँफ रहा था और भीड़ को अलग हटने के लिए कह रहा था। मेरी बग़ल वाली लड़की ने मोटे का मोबाइल, जो दूर छिटक गया था, उठाकर पुलिस वाले को दिया। मोबाइल पर मुस्कराती स्त्री की तस्वीर देख सोचा था कि शायद मोटे की पत्नी होगी!

मोटे की तोंद ने नन्हे खिलाड़ी के लिए गद्दे का काम किया था। उसे युवक के घुटने से उसकी पसली में ज़ोर की चोट लगी थी, लेकिन तोंद पर गिरने से खरोंच भी न आई थी।

नन्हा खिलाड़ी और उसकी माँ डरे-सहमे से खड़े थे। तीन औरतें और वह आदमी इशारे से ढाँढस बँधाया रहे थे कि कुछ न होगा! कि इसमें नन्हे की क्या ग़लती थी! उसके हिस्से के मैदान पर शौच के टीले खड़े कर दिए गए, तो वह कहाँ खेले! उसके लिए तो वही मैदान और वही घर था।

घर! हाँ, मुझे भी तो घर जाना था। मुझे ले जाने वाली ट्रेन के सात नंबर प्लेटफ़ॉर्म पर आने की उद्घोषणा हो रही थी। मैं बैग उठा कर चल पड़ा था। मेरे भीतर किसी कोने में नन्हा खिलाड़ी चाँद-सूरज लुढ़काता खेल रहा था। तिरंगी औरतें ख़ुश थीं। पूनम का चाँद और आकाशगंगाएँ किलक-चमक रही थीं। बग़ल वाली युवती अभी भी सुबक रही थी। मोटा कराह रहा था।

आसपास शौच की गंध व स्मॉग की धुंध सघन हो रही थी। ऊपर से शौच का पहाड़ दबा रहा था। नीचे शौच की दलदल पैर खींच रही थी। ओह्ह… मैं कैसे वक़्त में था! कैसे सफ़र में था! रात की हँसी और माननीय दैत्य कुमार के भाषण के शोर में कुछ सुनना-कहना कठिन होता जा रहा था। मैं ख़ुद को ढाँढस बँधा रहा था कि जब तक नन्हा खिलाड़ी खेलता रहेगा, उम्मीद ज़िन्दा रहेगी। लेकिन नहीं मालूम कि कब तक खेल सकेगा नन्हा खिलाड़ी!


सत्यनारायण पटेल
जन्म 6 फ़रवरी 1972
प्रकाशित कृतियाँ
उपन्यास -गॉंव भीतर गाँव (2015)
कहानी संग्रह –
1- भेम का भेरू माँगता कुल्हाड़ी ईमान (2008)
2- लाल छींट वाली लूगड़ी का सपना (2011)
3- काफ़िर बिजूका उर्फ़ इब्लीस (2014)
4-तीतर फाँद (2018)

संपादन-त्रैमासिक पत्रिका ‘बया’ के कुछ अंकों का संपादन
पुस्तिका -लाल सलाम – एक और दो का संपादन

ब्लॉग संपादन -बिजूका ब्लॉग

पुरस्कार -वागीश्वरी सम्मान 2008 भोपाल (म प्र ), प्रेमचन्द स्मृति कथा सम्मान 2011 (उ प्र )

पता -M-2/199अयोध्या नगरी (बाल पब्लिक स्कूल के पास) इन्दौर

संपर्क -bizooka2009@gmail.com

Tags: kahani कहानीअनहद कोलकाता Anhad Kolkata हिन्दी बेव पत्रिका Hindi Web Magzineसत्यनारायण पटेलसत्यनारायण पटेल की कहानी 'नन्हा खिलाड़ी'हिन्दी की समकालीन कहानियाँ
ShareTweetShare
Anhadkolkata

Anhadkolkata

अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें। प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।

Related Posts

संवदिया : हुगली किनारे का हिंदी सिनेमा  – दुष्यंत

संवदिया : हुगली किनारे का हिंदी सिनेमा – दुष्यंत

by Anhadkolkata
November 23, 2026
0

यह फिल्म 1960 के दशक के ग्रामीण परिवेश और बिखरते हुए जमींदार परिवारों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। कहानी में बड़ी बहुरिया के बेसहारा व अभावग्रस्त...

बचपन के उजले – काले पख -2

बचपन के उजले – काले पख -2

by Anhadkolkata
November 23, 2026
0

उक्त स्तंभ में  हर महीने बचपन के उजले-काले पन्नों (पखों) को याद कर रही हैं युवा कवि एवं कथाकार प्रज्ञा गुप्ता। यह केवल एक लेखक का...

बेदखलनामा  — नन्दलाल भारती

बेदखलनामा — नन्दलाल भारती

by Anhadkolkata
November 22, 2026
0

नन्दलाल भारती नन्दलाल भारती की कहानी ‘बेदखलनामा’ बुजुर्ग माता-पिता के प्रति बदलते पारिवारिक व्यवहार, संतान की संवेदनहीनता और वृद्धावस्था के अकेलेपन की एक मार्मिक सामाजिक पड़ताल...

कृष्ण कल्पित की कुछ नयी कविताएं

कृष्ण कल्पित की कुछ नयी कविताएं

by Anhadkolkata
November 22, 2026
0

आज जब लोकतंत्र की भाषा में असहमति के लिए जगह लगातार संकुचित होती दिखाई दे रही है, जब विकास की चमक के पीछे विस्थापन और असमानता...

देवदास आचार्य की कविताएँ

देवदास आचार्य की कविताएँ

by Anhadkolkata
November 21, 2026
0

देवदास आचार्य बांग्ला कवि देवदास आचार्य की कविताओं की सबसे बड़ी विशेषता है लोकजीवन की गहरी संवेदना, इतिहासबोध और मनुष्य के अस्तित्व को व्यापक सामाजिक तथा...

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अनहद कोलकाता साहित्य और कलाओं की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है। डिजिटल माध्यम में हिंदी में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ‘अनहद कोलकाता’ का प्रकाशन 2009 से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है। यह पत्रिका लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रगतिशील चेतना के प्रति प्रतिबद्ध है। यह पूर्णतः अव्यवसायिक है। इसे व्यक्तिगत संसाधनों से पिछले 12 वर्षों से लागातार प्रकाशित किया जा रहा है। अब तक इसके 500 से भी अधिक एकल अंक प्रकाशित हो चुके हैं।

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.

No Result
View All Result
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.