दिलीप दर्श के ये पाँच पद समकालीन समाज, राजनीति, साहित्य और धर्म के अंतर्विरोधों पर तीखा और धारदार व्यंग्य हैं। बाजारवाद की गिरफ्त में साहित्य, कविता से दूर होता पाठक, आत्ममुग्ध कवि, आस्था के आवरण में पलता पाखंड, चुनावी प्रलोभनों की राजनीति और सत्ता का छद्म आध्यात्मिक चेहरा—इन सब पर कवि की दृष्टि एक साथ पड़ती है। विशेष बात यह है कि वे इन विसंगतियों को केवल दर्ज नहीं करते, बल्कि उनके भीतर छिपे स्वार्थ, अवसरवाद और दोहरे चरित्र को भी बेनकाब करते हैं।
कबीर की फक्कड़ व्यंग्य-दृष्टि, संत-काव्य की लोकधर्मी भाषा और पारंपरिक पद-शैली का सहारा लेकर दिलीप दर्श ने अपने समय की विडंबनाओं को अभिव्यक्ति दी है। ‘अवधू’ का संबोधन और ‘दूरदास’ की कवि-मुद्रा इन पदों को एक विशिष्ट काव्यात्मक पहचान देते हैं। यहाँ परंपरा केवल शिल्प का आधार नहीं, बल्कि वर्तमान को परखने का औजार भी बनती है। इन पदों की सहज लय, चुटीली भाषा और मारक कथ्य पाठक को गुदगुदाते हुए असहज सवालों तक ले जाते हैं। इनकी हँसी के भीतर समय की तल्खी, सामाजिक बेचैनी और प्रतिरोध की आवाज़ सुनाई देती है। यही इन पदों की समकालीन प्रासंगिकता और व्यंग्यात्मक शक्ति है।
अनहद कोलकाता की प्रस्तुति। समय-समय पर यहाँ हम ऐसे और पद भी पढ़ सकेंगे।
दूरदास के पद/ 1
अवधू सब शब्दक व्यापारी।
क्या कवि -लेखक क्या आलोचक सब के सब बाज़ारी।
बिक्री और खरीदी में अब बँटि रहि दुनिया सारी।
शासन भी व्यवसाय भयो है लाभ – अलाभ विचारी।
मध्यवर्ग अंगीठी भर ही सेंकै ताप, तरै।
कविता दावानल अति दाहक, नाहक कौन जरै?
सुख- सुविधा के शीतल निर्झर हर घर – द्वार झरै।
कविता कड़क दुपहरी है, पग बाहर कौन धरै ?
अपने परिजन – सहजन का दुख सज्जन खूब हरै,
कविता बहुजन का दुख भारी, इसमें कौन पड़ै ?
घर – घर कवि, परकासक दर – दर, आपस खूब लड़ै,
फिक्र एक ही, कैसे मार्किट शेयर रोज बढ़ै।
मांग न्यून अरु पूर्ति अधिक तो क्यों नहिं दाम गिरै।
बस ब्रांडिंग – विपणन के माहिर पर बाजार ढरै।
आत्ममुग्ध कवि निज कविता जब आपहि आप पढ़ै,
दूरदास क्यों नाहक औरन पर सब दोष मढ़ै ?
दूरदास के पद/ 3
अवधू, रामनगर में चोरी,
गुप चुप चोरी करिके अब सब चोर करत बरजोरी।
चोरन के मुख राम विराजै, काँख विराजै झोरी,
और आँख के सम्मुख नाचै हरदम दान – कटोरी।
ऊपर चादर राम – नाम की, भीतर भूख छिछोरी,
एहि विधि हर जुग में दसकंधर कीन्ह सियाजी चोरी।
उलटा नाम जपत रत्नाकर भक्त भयो घनघोरी,
सीधा नाम भगतगण जापै, साजै माल तिजोरी।
तरकश तीर चुरायो, धनु के काटि चुरायो डोरी।
दूरदास अब कौन करे लंका में रक्षा मोरी ।
दूरदास के पद/ 4
अवधू, अब हमहूँ चौकन्ना,
भाँति-भाँति के भेष में आवै निसि दिन नव-नव अन्ना।
हर अन्ना के हाथ विराजै, मनमोहक झुनझुन्ना,
झुन- झुन सुनिकै जागै जन – मन में बहु ख्वाब- तमन्ना।
हर अन्ना के पीछे बैसल सेठ बड़ा इक धन्ना,
धन है धन्ना सेठ कि चूसै अन्ना गुप – चुप गन्ना।
जनता पुलकित देखि चुनावी मेनू का हर पन्ना,
मगर प्लेट में आवै केवल दाल- भात अरु सन्ना।
सत्ता साजै सूट – बूट अरु जनता फटा सुथन्ना।
दूरदास दून्ने राशन पर भाषण दै चौगुन्ना। ।
दूरदास के पद / 5
अवधू, गहन गुफा धरु ध्यान।
छाँड़हु देस विदेश भ्रमण अब, बैठहु एक ठिकान ।
फेंकहु सूट- बूट अरु धारहु नव गैरिक परिधान।
डारहु गर रुद्राक्षमाल, अरु भाल त्रिपुंड निशान।
पद्मासन में बैठ रीढ अरु सीना राखहु तान।
दृष्टि टिकावहु सुन्न गगन में, अनहद पे धरु कान।
ऋद्धि- सिद्धि से छिन पल बदलहु रूप – रंग पहिचान,
शक्तिपीठ पर बैठ शक्ति की लीला करहु महान।
लेहु शरण में सकल भगत जो भीत,भ्रष्ट, हैवान,
राउर नाम जपै अरु होवै निडर, शिष्ट इंसान।
लाइट, कैमरा माया जानहु, सत है एकहि ज्ञान,
दूरदास बस चकाचौंध से होत न कोउ महान।
दिलीप दर्श एक हिंदी लेखक, कवि, ग़ज़लकार और कहानीकार हैं, जो पेशे से बैंककर्मी भी हैं। उन्होंने इतिहास में स्नातक किया है और कविता, ग़ज़ल, कहानी तथा समीक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से लेखन किया है।
प्रमुख रचनाएँ और लेखन
• कविता-संग्रह: सुनो कौशिकी, महाप्रस्थान के पीछे, अब तो दे दो मुझे अंधेरा यह। • कहानी-संग्रह: मानुस कंपनी। • अन्य विधाएँ: उनकी कविताएँ और ग़ज़लें सामाजिक द्वंद्व और समकालीन स्थितियों को केंद्र में रखती हैं। उनकी रचनाएँ वागर्थ, आजकल, पाखी, कथाबिंब, कथा क्रम और नई धारा जैसी पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं।
अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें।
प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।
अभिषेक पाण्डेय अभिषेक पाण्डेय की इन कविताओं में प्रेम, स्मृति, पारिवारिक संबंधों, सामाजिक विडंबनाओं और मनुष्य की भावनात्मक असुरक्षा का एक संवेदनशील संसार निर्मित होता है।...
सत्यनारायण पटेल सत्यनारायण पटेल की कहानी 'नन्हा खिलाड़ी' हमारे समय की राजनीतिक, सामाजिक और नैतिक विडंबनाओं को एक असाधारण प्रतीकात्मक आख्यान में रूपांतरित करती है। कहानी...