• मुखपृष्ठ
  • अनहद के बारे में
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक नियम
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
अनहद कोलकाता
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
No Result
View All Result
अनहद कोलकाता
No Result
View All Result
Home विविध

लेटर बॉक्स

एक पाठक का पत्र लेखक के नाम - ललन चतुर्वेदी

by Anhadkolkata
November 19, 2026
in विविध, साहित्य
A A
0
Share on FacebookShare on TwitterShare on Telegram

   

| लेटर बॉक्स  |

‘लेटर बॉक्स ‘अनहद कोलकाता का एक स्थायी स्तंभ है, जो पाठकों को अपने प्रिय लेखकों से संवाद करने और अपने मन की अनकही बातें उन तक पहुँचाने का एक खुला मंच प्रदान करता है। साहित्य केवल पुस्तकों के पन्नों पर दर्ज शब्दों का संसार नहीं है, वह लेखक और पाठक के बीच बनने वाला एक आत्मीय रिश्ता भी है। इसी रिश्ते को थोड़ा और जीवंत, आत्मीय और संवादधर्मी बनाने की एक कोशिश है—‘लेटर बॉक्स’।

इस स्तंभ के अंतर्गत पाठक अपने किसी प्रिय लेखक, कवि, विचारक, साहित्यकार अथवा किसी काल्पनिक लेखक के नाम खुला पत्र लिख सकते हैं। यह पत्र किसी जीवित या दिवंगत लेखक को संबोधित हो सकता है, किसी ऐसी साहित्यिक शख्सियत को भी, जिससे पाठक कभी मिल नहीं पाए, लेकिन जिसकी रचनाओं ने उनके जीवन, विचार और संवेदना को गहरे प्रभावित किया हो। इतना ही नहीं, पाठक किसी काल्पनिक लेखक, साहित्यिक पात्र अथवा अपनी कल्पना के किसी रचनाकार को भी पत्र लिख सकते हैं।

यहाँ पत्र लिखने की कोई तयशुदा विषयवस्तु या औपचारिक सीमा नहीं है। इसमें लेखक की किसी रचना पर अपनी प्रतिक्रिया हो सकती है, किसी विचार से असहमति या सहमति हो सकती है, कोई पुरानी स्मृति हो सकती है, कोई शिकायत, सवाल, जिज्ञासा, आत्मीयता या अधूरा संवाद भी हो सकता है। आप अपने प्रिय लेखक से कुछ कहना चाहते हैं, उनसे कोई सवाल पूछना चाहते हैं, किसी रचना के बहाने अपने समय और समाज पर बात करना चाहते हैं या वर्षों से मन में दबे किसी भाव को शब्द देना चाहते हैं—‘लेटर बॉक्स’ आपके लिए खुला है।

हमारा विश्वास है कि हर पाठक के भीतर अपने किसी प्रिय लेखक के नाम एक ऐसा पत्र जरूर होता है, जिसे शायद उसने कभी लिखा नहीं, लेकिन मन ही मन कई बार पढ़ा है। ‘लेटर बॉक्स’ उसी अनलिखे संवाद को लिखने, साझा करने और साहित्यिक दुनिया तक पहुँचाने की एक विनम्र पहल है।

आइए, अपने प्रिय लेखक को एक पत्र लिखें। हो सकता है, आपका पत्र किसी दूसरे पाठक के भीतर भी कोई नया संवाद शुरू कर दे।     

           आत्मकथा मत लिखिएगा

                 (एक पाठक का पत्र लेखक के नाम )

Related articles

नरेन्द्र पुंडरीक की कविताएँ

लोचन कोना -9

ललन चतुर्वेदी

मेरे प्रिय लेखक !

आपको यह जानकार प्रसन्नता होनी चाहिए कि मैं आपका बहुत सम्मान करता हूँ. उससे भी अधिक आप पर विश्वास करता हूँ. आपके शब्द-दर-शब्द पर पूरा भरोसा रखता हूँ. दूध देने वाला यदि हमें विशुद्ध दूध भी दे तो मन ही मन कहता हूँ कि उसने थोड़ा सा पानी अवश्य मिलाया होगा. लेकिन आप मनगढ़ंत कहानियाँ भी लिखते हैं तो उन्हें  वास्तविक मानता हूँ. कभी-कभी तो आपको पढ़ते हुए भाव-विभोर होकर आँसू  भी बहाने लगता हूँ. मन करता है कि कभी आपसे मिलने भी आ जाऊँ. लेकिन स्वयं पर नियंत्रण कर लेता हूँ. अग्रजों ने सलाह दे रखी है कि लेखकों से नहीं मिलना चाहिए. उनका कहना सही प्रतीत होता है. नहीं मिलने की ख़ास वजह यह भी  है कि अपने प्रिय लेखक की जो छवि मैंने मन ही मन बना रखी है,वह धूमिल हो जाएगी. हो सकता है आप अपने जीवन एवं व्यवहार में बहुत अच्छे हों लेकिन मैंने आपके लिए उससे भी  उच्चतर मानदंड स्थापित कर रखा है. मैं मन में बसी अत्युच्च पावन मूर्ति को अपने ही आँखों से विखंडित होते देखना बर्दाश्त नहीं कर सकता. आपके बारे में सोचते हुए अक्सर मैं भूल जाता हूँ कि आप भी हाड़-मांस के पुतले हैं. आपकी भी ऐहिक वासनाएं हैं. सौंदर्य और प्रेम आपकी भी दिली ख्वाहिश हैं. काम,क्रोध,मद लोभ से विरक्त आप कोई संन्यासी नहीं हैं. मैं अपनी इस भूल के लिए आपको गुनाहगार नहीं ठहरा सकता.

मैं इस समय अपनी युवावस्था को याद कर रहा हूँ,जब साहित्य के विद्यार्थी निराला,दिनकर,दिवाकर, अकेला, पुष्पधन्वा  जैसे उपनाम लगाकर उनके जैसा होने के सपने देखा करते थे. आज की जैसी स्थिति नहीं थी कि नयी पीढ़ी फ़िल्मी हीरो-हीरोइनों को ही अपना आइकॉन मानती हैं. मतलब उस समय लोग कवि-लेखकों को सम्मान की दृष्टि से देखते थे. हिंदी की कक्षाओं में बैठने के लिए विज्ञान के विद्यार्थी भी लालायित रहते थे. अब तो मैथिलीशरण गुप्त जी वाली पंक्ति ही याद आ रही है-हम कौन थे ,क्या हो गए हैं और क्या होंगे अभी. परन्तु अब यह मुद्दा किसी के लिए विचारणीय नहीं रहा. न साहित्य के लिए, न सियासत के लिए.

 

प्रियवर!

मैं जानता हूँ कि मुझमें आपकी कोई दिलचस्पी नहीं होगी. इसका कारण आप तो जानते ही हैं. मैं थोड़ा सा अनुमान लगा सकता हूँ. लेकिन एक लेखक और पाठक के बीच के इस ट्रेड डील को मैं गोपनीय रखकर आगे बढ़ता हूँ. अपने बारे में सिर्फ इतना ही कहूँगा कि मैं एक साधारण पाठक हूँ और इसे अपना सौभाग्य समझिए  कि मेरे जैसे आपके हजारों पाठक हैं. व्यावसायिक भाषा में बात करूँ तो हम सब आपके कस्टमर हैं. आप उपभोक्तावादी संस्कृति का जमकर विरोध करते हैं लेकिन याद रखिए पाठक अंततः उपभोक्ता ही है. आप अपनी किताब को पाठकों के लिए उपयोगी और जरूरी बतलाते हैं और उस रिव्यू के आधार पर पाठक उसे खरीदते हैं.  इस नाते आपका भी फर्ज बनता है कि पाठकों से फीडबैक लें. पाठक कैसी चीजें पसंद करते हैं, इसका ख्याल रखते हुए यदि लेखन करेंगे तो आपका ही फायदा होगा.

महोदय !

मेरे उपर्युक्त संबोधन पर ध्यान दें ताकि आगे चलकर मैं आपको महाशय कहकर संबोधित कर सकूँ. आप लेखक हैं, इसलिए  आशा करता हूँ कि आप मेरा आशय समझ गए होंगे. एक लेखक की यात्रा महोदय से महाशय बनने तक की यात्रा है. हिंदी के अधिकांश लेखक रास्ते भूल जाते हैं. यह बात थोड़ी कड़वी है और सुपाच्य भी नहीं. आप की प्रतिरोधक क्षमता इतनी कमजोर है कि आलोचना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होती. यही कारण है कि आलोचना के सारे  औजार शस्त्रागार में पड़े-पड़े भोथरे हो चुके हैं.

इस सन्दर्भ में एक महत्वपूर्ण बात और. अपनी हिंदी में लेखक से मिलता-जुलता एक सुन्दर शब्द है लिपिक. आज से तीस-चालीस वर्ष पूर्व तक यह सरकारी दस्तावेजों  की नक़ल उतार कर आम जनता की माँग पर उपलब्ध कराता था. सरकारी कार्यालयों में लिपिक के निम्न और उच्च श्रेणी के पद सृजित किए  गए हैं. जमीन के दस्तावेज लिखने वाले को भी लेखक कहा जाता है. मतलब लेखक का प्रचलित अर्थ लिखने वाला है. साहित्य की दुनिया में लेखक का अर्थ संपूर्णतः भिन्न होता है. कुछ भी लिखने वाला लेखक नहीं और कुछ भी लिखित साहित्य नहीं. यहीं आकर लेखक की दूसरी यात्रा शुरू होती है- लेखक से सर्जक बनने की यात्रा. इस रूप में लेखक शब्द-शिल्पी होता है, वास्तव में शब्द साधक. यह साधना मार्ग कंटकाकीर्ण है. यहाँ वाक्य नहीं शब्द बोलता है. यहीं आकर शब्द-ब्रह्म की अनुभूति होती है. यहीं आकर लेखक इस भाव में रहते हुए भवभूति हो जाता है- एको रस एव करुण:. तब उसे महसूस होता है कि काल अखंड और निरवधि होता है. कोई आलोचक नहीं,समय किसी कृति का मूल्यांकन करता है. तब किसी सर्जक कवि को कीर्ति की परवाह नहीं होती. उसका  कीर्ति-पताका युग-युग तक फहराता रहता है.

महानुभाव,

आपसे अप्रत्यक्ष  संवाद करते हुए मुझे खुशी हो रही है. ऐसा इसलिए कि अधिकांश  लेखक दूसरे को नहीं पढ़ते हैं. बात इतनी भी होती तो पच जाती लेकिन यहाँ तो एक लेखक दूसरे को लेखक मानता ही नहीं-एकोहं द्वितीय नास्ति. कुछ लेखकों में तो विश्वामित्र-वशिष्ठ वाला विवाद जैसा माहौल आजीवन बना रहता है. चलिए, लेखक मानिए  या नहीं मानिए ,यह आपकी व्यक्तिगत रुचि और अधिकार क्षेत्र है लेकिन दूसरों की अच्छी चीजों पर आपका मौन अखरता है. स्वयं के लिए तो चौक-चौराहे तक चर्चा चाहते हैं तो दूसरों के साथ यह भेदभाव क्यों? मेरे यहाँ कहा जाता है कि तुलसी के बड़े और छोटे पत्ते में कोई भेद नहीं है. इस बात को सामान्य जन भी समझते हैं. सत्तर वर्ष की अवस्था में तुलसी दास पाठकों से कहते हैं कि जैसे बालक की तोतली बातों से माँ-पिता  प्रसन्न होते हैं ,उसी प्रकार आप मेरे रामचरितमानस से प्रसन्न हों. एक सर्जक कवि की विनम्रता तुलसी से सीखी जा सकती है. त्रिलोचन ने बहुत सोच समझ कर कहा होगा कि भाषा मैंने तुलसी दास से सीखी. निराला ने तुलसीदास प्रबंध लिखा. कुछ आधुनिक आलोचकों ने तुलसी पर नजर डाली .अब आज इस चिट्ठी में तुलसी की चर्चा शायद आपको पसंद नहीं आये. इस प्रसंग में एक बात यह भी कहना चाहूँगा. साहित्य अकादमी पुरस्कृत एक कवि से एक बार मैंने बाल-सुलभ जिज्ञासावश एक सवाल पूछ लिया- “आज की हिंदी कविता जन मानस से दूर क्यों है और मानस आज भी प्रिय ग्रन्थ क्यों है ?” वह नाराज हो गए . आवेश में बोले- “रामचरितमानस कौन पढ़ता है? इसे लोग लाल कपड़े में बाँध कर खूँटी पर रखते हैं.” मैंने चुप रहना उचित समझा.

हे मेरे प्रिय लेखक !

मैं समझता हूँ. पत्र लेखन की परम्परा ख़त्म हो चुकी है. पहले साहित्यकारों के पत्र भी दस्तावेज होते थे. मैं जानता हूँ कि आज की व्यस्त जिन्दगी में आपको भी कहाँ फुर्सत कि किसी का नेह भरा पत्र पढ़ सकें. सो संक्षेप में ही लिखा. आदमी जिससे प्रेम करता है, शिकायतें भी उसी से करता है. मेरे पत्र में नाराज होने वाली कोई बात नहीं है. बतौर पाठक एक अनुरोध अवश्य करूँगा- “आत्मकथा मत लिखिएगा.” कारण आप समझ ही रहे होंगे. गाँव-देहात में कम पढ़े-लिखे लोग रहस्यमय बात को बाँधल बात कहते हैं. मतलब यह बात खोलने अर्थात प्रकट करने लायक नहीं है. इसे प्रकाश में नहीं लाया जाना चाहिए. मैंने  भी बाँधल बात  कही है. आप मानिए या नहीं मानिए. बिरादरी से बाहर होने के बावजूद उसी का एक हिस्सा हूँ. इत्यादि में मुझे भी गिना जाना चाहिए. खग ही खग की भाषा समझता है. मैं आप लेखक बंधुओं से गैर मुलाकाती समय में प्रेम करता हूँ. इसे भायप भक्ति समझ कर स्वीकार किया जाए. फिर कह रहा हूँ-“आत्मकथा मत लिखिएगा.” इसके कई कारण हैं. यदि जानना हो तो मेरे पत्र का जवाब दें. मैं अपने दूसरे पत्र में इसका उल्लेख करूँगा.

भूल-चूक माफी सहित ,

ललन चतुर्वेदी


द्वितीय भाग

 

हे मेरे प्रिय लेखक !

मैं जानता ही था कि मेरे पत्र का कोई जवाब नहीं आएगा. इस बीच सोनिया गाँधी जी की आत्मकथा आ गयी. लेखक बंधुओं ने  जो आत्मकथा लिखने का मंसूबा वर्षों से बाँध रखा था, वह सब धूल- धूसरित हो गया. सुना है कि उस किताब की लाखों प्रतियाँ रातों-रात बिक गयी. अख़बारों,लेखकों,टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर उसकी इतनी समीक्षाएं आयीं कि यह विश्वास पुख्ता हो गया कि इस देश के लोग घनघोर पढ़ाकू हैं. अब प्रकाशक यह नहीं कह सकेंगे कि पाठकीयता का संकट है. पाँच सौ चौवालीस पृष्ठों की किताब को लोगों ने इस तरह पढ़ लिया मानो वे स्नान करके पहले से ही पाठ करने के लिए बैठे हों. मुझे एक बात और समझ में आयी कि इस देश में संक्षेपीकरण में लोग पारंपरिक रूप से पारंगत हैं. सम्पूर्ण वाल्मीकि रामायण को लोगों ने एक श्लोक में समेट दिया . मैंने सुना है कि कुछ ऐसे भी लेखक हैं जो किताब बिना पढ़े ब्लर्ब और समीक्षाएं भी लिख देते हैं. गजब के प्रतिभावान लोग हैं! इस सम्पूर्ण प्रकरण में मेरा इतना ही कहना है कि किताब का भी भाग्य होता है. दूसरी बात यह कि रेगिस्तान में नहीं, समुद्र पर बारिश होती है. अच्छी बात है इस बहाने मुट्ठी भर लोग किताब की और लौटे हैं.

मान्यवर ,

उपर्युक्त बातों की चर्चा करने का कोई इरादा नहीं था लेकिन समाचार वाचक को अचानक मूल प्रसंग से हटकर ब्रेकिंग न्यूज़ देना पड़ता है. अब मुद्दे की बात करता हूँ. भावुक किस्म का आदमी हूँ. बिन माँगे सलाह दिया करता हूँ. स्वदेशी स्वभाव है. इस देश के लोग दरियादिल हैं. वे जितनी राय रखते हैं,उससे कहीं अधिक राय देते हैं. अंग्रेजों ने ऐसे ही यहाँ के लोगों को रायबहादुर की उपाधि नहीं दी होगी. हम आज भी मानते हैं कि अंग्रेज बुद्धिमान थे. मैंने आपसे निवेदन किया था कि आत्मकथा नहीं लिखें. इसका मूल कारण यह है कि मैं भी नहीं लिख रहा हूँ. जो बुद्धिमान आदमी होते हैं,वे कभी आत्मकथा नहीं लिखते. उनके बारे में लोग लिखते हैं. पत्रिकाएं उन पर विशेषांक निकालती हैं. और जो अति बुद्धिमान होते हैं,उन पर अभिनन्दन-ग्रन्थ प्रकाशित होते हैं. मामूली  आदमी में ऐसा क्या है कि वह आत्मकथा लिखे. उसकी चर्चा कौन करेगा? वह कोई फ़िल्मी स्टार तो नहीं कि उसकी छींक भी हेड लाइन बन जाती है. वह एयरपोर्ट  पर स्पॉट किया जाता है. उसका हॉट लुक छापने में अखबार कोई चूक नहीं करते. उसकी इम्पोर्टेड कार की चर्चा होती है. वह एक वाक्य बोलेगा तो लोग उसे मन्त्र की तरह याद कर लेंगे. पिछले दिन हमारे शहर की धरती एक फ़िल्मी सेलिब्रिटी  के पदार्पण से पवित्र हो गयी. लाखों की संख्या में युवक-युवतियाँ सड़क के किनारे फ्लाईंग किस दे रहे थे. अब आप ही बतलाइए– दुःख हिंदी के लेखक को नहीं होगा तो किसे होगा? जिसकी अपनी ही पत्नी लेखन के दौरान एक कप चाय देने में सुबह से दोपहर तक का समय लगा देती है. आलिंगन-चुम्बन की तो बात कोसों दूर है.  प्रेमचंद ने कहा था कि कर्ज भारतीय किसान का स्थायी मेहमान है. उनकी तरह मैं कहता हूँ कि दुःख भारतीय लेखकों के परिवार का स्थायी सदस्य है. भाग्य-संयोग से किसी लेखक को कोई पुरस्कार मिल जाता है तो अधिकांश लेखक मुँह फुलाकर बैठ जाते हैं.

ऊपर जो मैंने लिखा और अभी जो लिखने जा रहा हूँ वह कोई हँसी-मजाक नहीं है. आत्मकथा लिखने के लिए कुछ अनिवार्य अर्हताएं होती हैं. उन्हें प्राप्त करना सबके बस की बात नहीं है. कितने लोगों से प्रेम किया -जब इतना कहने का साहस नहीं है तो आप आत्मकथा लिखने का सोच भी कैसे सकते हैं? वर्षों बाद जब प्रेमिका किसी महफ़िल में मिल जाती है तो इस तरह खिसक जाते हैं जैसे शिव-धनुष को देखकर अनेक महीप भाग खड़े हुए थे. हिंदी के एक चर्चित कथाकार से किसी ने अनुरोध किया- “सर,आपको आत्मकथा लिखनी चाहिए.” वह सिहरते हुए बोले-“बच्चे क्या कहेंगे?” अरुंधति रॉय वाला साहस हिंदी में दुर्लभ है. राजेन्द्र यादव में एक खूबी यह थी कि वे लेखकों से सच उगलवा लेते थे. मैंने आत्मस्वीकृतियाँ वाला कॉलम पढ़ा है. आत्म कथा लिखने के लिए नग्न होना पड़ता है. बच्चन जी ने अपनी आत्मकथा में लिखा  है- “यदि मैं उस समुदाय से आता जो कपड़े नहीं पहनते हैं तो मैं स्वयं को उसी रूप में प्रस्तुत करता.” मैं यह कहना चाह रहा हूँ कि जो अमल-धवल हैं,वे आत्मकथा लिखें. नारी-सशक्तिकरण की बात करने वाला लेखक अपनी ही पत्नी को प्रताड़ित करते हुए पाया जाता है. इसी तरह की बात स्त्रियों पर भी लागू होती है. जब तक हम जीवन के प्रति ईमानदार नहीं हों,हमें आत्मकथा नहीं लिखनी चाहिए. मैं स्वयं गुड़ खाते हुए दूसरों को  चीनी  से दूर रहने की नसीहत नहीं दे सकता. मैं यह नहीं कहता कि हिंदी के लेखकों में ईमानदारी नहीं है. परन्तु उसे प्रकट करने के लिए साहस चाहिए. सब कोई “अन्या से अनन्या” नहीं लिख सकता. बावजूद इसके लिखने के लिए कोई मनाही नहीं हैं. मेरी चादर मैली है. मैं जनता के द्वार पर इसे ओढ़ कर उपस्थित होना नहीं चाहता. मैं यह चाहता हूँ कि सौ मन साबुन लगाकर पूरे मन-चित्त से इसे धोऊँ, भले ही इसके लिए दुबारा जन्म लेना पड़े.

*************

– ललन चतुर्वेदी


ललन चतुर्वेदी महत्त कवि, व्यंग्यकार और समीक्षक हैं।

Tags: Lalan Chaturvediअनहद कोलकाता Anhad Kolkata हिन्दी बेव पत्रिका Hindi Web Magzineललन चतुर्वेदीलेटर बॉक्सलेटर बॉक्स- एक पाठक का पत्र लेखक के नाम - ललन चतुर्वेदी
ShareTweetShare
Anhadkolkata

Anhadkolkata

अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें। प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।

Related Posts

नरेन्द्र पुंडरीक की कविताएँ

नरेन्द्र पुंडरीक की कविताएँ

by Anhadkolkata
November 18, 2026
0

नरेन्द्र पुंडरीक की कविताओं में गाँव, नदी, पेड़ और पिता बार-बार लौटते हैं। भाषा सीधी और बोलचाल की है। कवि न अलंकार गढ़ता है, न बड़े...

लोचन कोना -9

लोचन कोना -9

by Anhadkolkata
November 18, 2026
0

लोचन कोना -9 हिंदी साहित्य के संदर्भ से देखें तो साहित्य और समाज के गहन जुड़ाव का भक्ति काल से बड़ा दूसरा कोई उदाहरण नहीं है।...

उफान – आदित्य अभिनव

उफान – आदित्य अभिनव

by Anhadkolkata
November 17, 2026
1

आदित्य अभिनव की कहानी ‘उफान’ 1857 के विद्रोह से लेकर समकालीन भारत तक की यात्रा के माध्यम से सांप्रदायिक उन्माद, धार्मिक ध्रुवीकरण और मनुष्य की असुरक्षा...

आठ कविताएँ : राकेश रंजन

आठ कविताएँ : राकेश रंजन

by Anhadkolkata
November 16, 2026
2

राकेश रंजन राकेश रंजन की ये आठ कविताएँ हमारे समय की राजनीतिक, सामाजिक और नैतिक विद्रूपताओं के विरुद्ध प्रतिरोध की एक निर्भीक काव्यात्मक आवाज़ हैं। इनमें...

बूढ़ा आदमी और समुद्र ( The Old Man and the Sea ) – भाग -1

बूढ़ा आदमी और समुद्र ( The Old Man and the Sea ) – भाग -1

by Anhadkolkata
November 15, 2026
2

अमेरिकी उपन्यास-अंश का अंग्रेज़ी से हिंदी में अनुवाद बूढ़ा आदमी और समुद्र ( The Old Man and the Sea ) — मूल : अर्नेस्ट हेमिंग्वे —...

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अनहद कोलकाता साहित्य और कलाओं की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है। डिजिटल माध्यम में हिंदी में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ‘अनहद कोलकाता’ का प्रकाशन 2009 से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है। यह पत्रिका लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रगतिशील चेतना के प्रति प्रतिबद्ध है। यह पूर्णतः अव्यवसायिक है। इसे व्यक्तिगत संसाधनों से पिछले 12 वर्षों से लागातार प्रकाशित किया जा रहा है। अब तक इसके 500 से भी अधिक एकल अंक प्रकाशित हो चुके हैं।

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.

No Result
View All Result
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.