आदित्य अभिनव की कहानी ‘उफान’ 1857 के विद्रोह से लेकर समकालीन भारत तक की यात्रा के माध्यम से सांप्रदायिक उन्माद, धार्मिक ध्रुवीकरण और मनुष्य की असुरक्षा का एक मार्मिक आख्यान रचती है। माजिद खान का चरित्र इस कहानी का केंद्रीय नैतिक प्रतिपक्ष है—वह अपनी साझा विरासत, पड़ोसियों से पुराने संबंधों और मानवीय विवेक के सहारे उस नफरत का सामना करता है, जो धर्म और राष्ट्र की आड़ में मनुष्यों को एक-दूसरे का शत्रु बना रही है।
कहानी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वह सांप्रदायिकता को किसी अमूर्त विचारधारा की तरह नहीं, बल्कि गाँव के सामाजिक संबंधों, जमीन के स्वार्थ, राजनीतिक अवसरवाद और भीड़ की हिंसक मानसिकता के बीच आकार लेते हुए दिखाती है। गांधी और गोडसे का स्वप्न-दृश्य कथा के वैचारिक तनाव को तीव्र करता है और अंत में भारतमाता के चरणों में माजिद का सिर रखना उसकी देशभक्ति के साथ-साथ उसकी गहरी असहायता का भी प्रतीक बन जाता है।
हालाँकि, कुछ स्थानों पर लेखक का वैचारिक पक्ष पात्रों के संवादों और घटनाओं पर इतना हावी हो जाता है कि कथा की कलात्मक स्वाभाविकता प्रभावित होती है; ऐतिहासिक और सामाजिक संदर्भों का विस्तार भी कहीं-कहीं कथा की गति को धीमा करता है। फिर भी, अपने मूल सरोकार और बेचैन कर देने वाले अंत के कारण ‘उफान’ हमारे समय के एक जरूरी प्रश्न को सामने रखती है—क्या इस देश में किसी नागरिक को अपनी ही मिट्टी पर रहने के लिए अपनी निर्दोषिता साबित करनी पड़ेगी?
उफान
आदित्य अभिनव
सन् 1857 का गदर पूरे भारत में उफान पर था। बागियों ने 12 मई 1857 को अंतिम मुगल बादशाह बहादुर शाह जफर को भारत का शाहंशाह घोषित कर दिया। 1 जुलाई से 21 सितम्बर 1857 तक दिल्ली पूरी तरह से बागी हिंदुस्तानी सिपाहियों के कब्जे में रही। 14 सितम्बर को दिल्ली पर कब्जे के लिए अंग्रेजों ने जोरदार लड़ाई शुरू की। बारूद की दम पर आखिरकार 24 सितम्बर 1857 को दिल्ली पर फिर से फिरंगियों का कब्जा हो गया।
बादशाह बहादुर शाह जफर के दरबार का मीर-मुंशी बरकतुल्ला खान जिसके अब्बा का जन्मना नाम भुवनेश्वर तिवारी था। उनकी पिछली पीढ़ी ने कुछ वर्ष पूर्व ही प्रात: सूर्य देव को जल अर्पित करना, संध्या पूजन और सुबह-शाम हनुमान चालीसा का पाठ करना छोड़ पाँचों वक्त अल्लाह के सामने घुटने टेकने और कलमा पढ़ना शुरू किया था। इस्लाम पर ईमान लाने के बाद परमेश्वर तिवारी बरकतुल्ला खान बन गए और मदरसे के रजिस्टर में उनके अब्बा का नाम रहमतुल्ला खान दर्ज हुआ।
इधर पूरे देश में उथल-पुथल मची थी, बरकतुल्ला खान अपनी नई नवेली दुल्हन रुकैया बानो के जुल्फों की गिरफ्त में मदहोश थे। होश तो उन्हें तब आया, जब बादशाह के ज्यादातर दरबारी मीर-मुंशी, कर्मचारी, अमला-फैला, नौकर-चाकर अंग्रेजों के डर से विभिन्न दिशाओं में कूच करने लगे। बरकतुल्ला खान ने भी अपना बोरिया-बिस्तर तांगे पर लादा और रातों-रात दिल्ली की सीमा पार कर पूरब की तरफ बढ़ते –बढ़ते उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में गंगा किनारे हरियाली देखकर अपना ठिकाना जमा लिया। जिस जगह पर उन्होंने अपना ठिया गाड़ा था उस गाँव का नाम था चक महावीर पुर। तो अब लगे हाथ यह भी बताता चलूँ कि मेरी कहानी का मुख्य किरदार माजिद खान इसी बरकतुल्ला खान के सातवीं पीढ़ी में पैदा हुए।
बरकतुल्ला खान का कुनबा बढ़ता गया और चक महावीर पुर का पश्चिम टोला अब मियाँ टोली कहलाता है। माजिद खान अमीन का काम करते थे। उनकी गिनती गाँव के आमिल-फ़ाज़िल लोगों में होती थी। दस गाँव चौफेरों में अकेला अमीन थे। गाँव-जवार में अच्छी-खासी प्रतिष्ठा थी। माजिद खान को पूरे जवार की जमीन-जायदाद की जानकारी थी लेकिन खुद के हिस्से की जमीन की जानकारी थी वह थी मात्र तीन बीघा। बड़ा लड़का काशिद बीस साल का हुआ तो उसे फौज में जाने का धुन सवार हो गया। देह-हाथ से टेवेलगर था ही आर्मी में चुन लिया गया। छोटा लड़का साजिद पाँच साल सऊदी में रहने के बाद पिछले साल से घर पर ही रहकर खेती-बाड़ी सम्भाल रहा था। दोनों बेटे कमा-कमा कर रुपये भेजते जाते और यहाँ माजिद खान गाँव-जवार के लोगों की जमीन खरीद-खरीद अपनी जमीन का रकबा बढ़ाते जाते।
चक महावीर पुर गाँव के ठीक बीचो-बीच अंग्रेजों के समय में गुरुकुल था। इस आदिगुरु शंकराचार्य गायत्री विद्यापीठ के संस्थापक आचार्य महामहोपाध्याय पंडित राघवेंद्र मिश्र अपने समय के संस्कृत, पाली और प्राकृत के उद्भट विद्वान थे। बड़े-बुजुर्ग आज भी कहते हैं कि मिश्र जी के दरवाजे पर टँगे तोते भी संस्कृत बोलते थे। उनके कर्मकाण्ड और ज्योतिष ज्ञान का डंका पूरे प्रांत में बजती थी। जवार में दंत कथा प्रचलित है कि एक बार किसी यजमान को उन्होंने तिथि बता दी कि आज दूज है लेकिन उस दिन दूज नहीं एकम् था। कहा हुआ मिथ्या न हो जाए इसलिए उन्होंने हँसुआ फेंक कर चाँद उगा दिया था। भारत के कोने-कोने से ब्राह्मणपुत्र पुरोहित विद्या, कर्मकाण्ड और ज्योतिष सीखने के लिए आते थे। उनके यहाँ नेपाल और श्रीलंका के भी विद्यार्थी थे। मिश्र जी दो भाई थे, छोटे का नाम था देवेंद्र मिश्र। बड़े भाई माता सरस्वती की साधना में इतना लीन हो गए थे कि उन्हें अपने लिए लक्ष्मी लाने का ध्यान ही नहीं रहा। जब गृहलक्ष्मी की तरफ ध्यान गया तब तक उम्र काफी हो गई थी। अंतत: ब्रह्मचारी बन विद्यापीठ के ब्रह्मचारियों को विद्या निष्णात बनाने ही पूर्णत: समर्पित हो गए। छोटे भाई देवेंद्र की शादी हुई जिससे दो बेटे सर्वेश्वर और परमेश्वर मिश्र और दो बेटिया सबिता और गीता हुई। आगे चलकर सर्वेश्वर मिश्र के पाँचवीं पीढ़ी में ब्रजेश्वर मिश्र हुए। ब्रजेश्वर मिश्र के दो बेटे हैं- प्रभुनाथ मिश्र और शंभुनाथ मिश्र। प्रभुनाथ मिश्र पुरोहिताई का काम संभालते हैं और शम्भुनाथ मिश्र थोड़ी बहुत खेती-बाड़ी बाकी समय गवई राजनीति में लगे रहते हैं।
ब्रजेश्वर मिश्र अपने दादा-परदादा के प्रतिष्ठा का निर्वाह करते हुए अभी भी पाठशाला चलाते हैं। गणेशचतुर्थी से पंद्रह-बीस दिन पहले से ही मिश्र जी के बच्चों की टोली पाठशाला में पढ़ने वाले हर बच्चे के घर चखुचंदा माँगने लकड़ी की छोटी-छोटे डंडियों से गाते-बजाते पहुँच जाती। बच्चे लकड़ी के बने छोटे-छोटे डण्डे आपस में टकराकर लयबद्ध हो गाते –
भादो चखुचंदनी के गणपति पुजवा से
घरे- घरे बाजले बधैया हो लाल – — – –
जिस घर जाते उस घर के लड़के का आँख बाँध दिया जाता। माँ-बाप और घर परिवार के सभी सदस्यों के सामने घुमाया जाता। बाल-गोपालों की मण्डली सम्मिलित स्वर में गाती –
झटपट पकड़ो बाँधों नयना –
बिन बाँधे कुछ दान मिले ना – – —
उस लड़के की आँख तभी खुलता जब उस घर से धोती, साड़ी, अन्न, फल और नकद न आ जाता। यही अब उनके आमदनी का स्रोत था। सरकारी स्कूलों के बढ़ने के कारण उनकी पाठशाला बंद होने के कगार पर पहुँच गई थी।
ब्रजेश्वर मिश्र ने अपनी बेटियों और भतीजियों की शादी बाप-दादा के अर्जित प्रतिष्ठा के बल पर खाते-पीते घर कर दिया लेकिन अगली पीढ़ी यानी पोतियों के विवाह के लिए बड़े पापड़ बेलने पड़ रहे थे। पोतियों ने हाईस्कूल की पढ़ाई पूरी कर कॉलेज में पढ़ रही थी। वाजिब है कि उनके लिए पढ़ा-लिखा नौकरी वाला ढूँढ़ा जाए। बड़ी पोती प्रतिभा पढ़ाई में बड़ी होशियार थी। बी. एस. सी. ( बायो ) कर रही थी। ब्रजेश्वर और प्रभुनाथ मिश्र योग्य वर ढूँढ़ने में एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे थे। बड़ी मुश्किल से एक लड़का मिला था, पुणे में एम. बी. बी. एस. की पढ़ाई कर रहा था। सबकुछ ठीक था। लग्नपत्री भी बत्तीस गुणों से बैठ रही थी लेकिन घूम-फिर कर बात दहेज पर अटक जाती थी। बड़ी मुश्किल से हाथ आया सुयोग्य वर निकल न जाये यह सोचकर ब्रजेश्वर मिश्र ने छ: लाख नकद और एक कार दहेज में स्वीकार लिया और वर को सगुण का पान-कसैली थमा दिया। अब इतने रुपये की व्यवस्था कहाँ से और कैसे होगी? इस बात की चिंता उन्हें खाये जा रही थी। हमेशा इसी उधेड़-बुन में रहते। गाँव के कीर्तनिया टनटन सिंह जिसे लोग-बाग व्यास कहा करते थे, उनसे सड़क वाले खेत पर रुपया का इंतजाम कराने की बात चलाई थी। ले दही और दे दही में बड़ा अंतर होता है। जिस जमीन का दाम किसी भी हालत में बारह-तेरह लाख रुपये बीघा से कम नहीं होना चाहिए उसी का दाम कोहिमा में छोटे भाइयों के दुकानदारी से नया –नया धनिक हुए ललई सिंह नौ लाख तो दो बेटे के माहटरी की कमाई वाले ब्रज किशोर तिवारी आठ लाख से ज्यादा नहीं लगा रहे थे। कायस्थों के पास पैसा तो था लेकिन वे अघाये खसी थे। उनको जमीन की क्या पड़ी थी वे तो जमींदार ही थे। यादवों में किसी के पास इतना पैसा था नहीं। ललई सिंह शम्भुनाथ मिश्र का लंगोटिया यार था। मन ही मन मुदित था कि पंडी जी हार-पाछ कर उसे ही जमीन देंगे। रोज सुबह-शाम पाव लागन करता लेकिन खेत के मामले में नौ के ऊपर की गिनती भूल जाता। उसे यह पूरा भरोसा था कि वह ही इस खेत को खरीदेगा क्योंकि यह खेत उसके खेत के अरिया-डरेरिया था। जैसे-जैसे शादी का दिन नजदीक आ रहा था पंडी जी की चिंता बढ़ती जा रही थी।
ब्रजेश्वर मिश्र शाम के वक्त बाजार साग-सब्जी के लिए गए थे। पालक के साग का बंडल झोला में डाल रहे थे कि किसी ने कंधे पर हाथ रखते हुए कहा “ प्रणाम- – – पंडी जी! सब खैरियत तो है? ‘’
“ सब बढ़िया – – -।‘’ पंडी जी ने सिर उठाते हुए कहा। देखा, बगल में अमीन माजिद खान मुस्कुरा रहे थे।
ब्रजेश्वर मिश्र और माजिद खान की पुरानी नजदीकी थी। गाँव- जवार में जमीन-जायदाद का कोई भी लफड़ा होता तो वे दोनों ही मिलकर फैसला देते थे। दोनों जन हाथ में झोला लटकाये घर की ओर बढ़ चले। रास्ते में घर-परिवार की बात चली। बात बढ़ते-बढ़ते शादी-विवाह- तिलक- दहेज पर आ गई।
“ क्या कहूँ माजिद भाई! पोती के शादी में दहेज सकार तो लिया है लेकिन इतने रुपये कहाँ से आएँगे — – समझ में नहीं आ रहा है।‘’ ब्रजेश्वर मिश्र के स्वर में थकान उभर आया था।
“ कोई बात नहीं – – पंडी जी — – – आप विवाह की तैयारी करे – – – रुपये का इंतजाम हो जायेगा। आप जैसे खानदानी आदमी का इज्जत को बट्टा नहीं लगेगा। जमीन –जायदाद भला कब काम आएँगे? ‘’
“करीब-करीब बारह लाख की बात है — – माजिद भाई।‘’
“ हो जायेगी व्यवस्था — – – अरे — पंडी जी आपका चेवर में सड़क किनारे जो ढाई बिघा का प्लॉट है — – एकदम नाक जमीन है। आजकल बारह-तेरह लाख रुपये बीघा का रेट चल रहा है। आप रुपया लेकर अपना शादी-विवाह का काम कीजिए बाद में उसमें से एक बीघा हमे दे दीजिएगा। हम-आप गाँव-जवार से अलग थोड़े ही हैं– – -।‘’
“ ठीक कह रहे हैं माजिद भाई –! अब यही एक रास्ता बचा है। ‘’ पंडी जी ने ठंडी आह भरी।
“ आप पर मुझे पूरा भरोसा है।‘’
ब्रजेश्वर मिश्र की पोती प्रतिभा का विवाह शुभ-शुभ निपट गया। तीन हप्ते बाद माजिद खान पंडी जी के दरवाजे पर दिखे। उसके अगले दिन भी माजिद खान पंडी जी के दरवाजे पर चाय पीते दिखाई दिए। ललई सिंह की खोपड़ी घूम गई। मियवाँ जरूर कुछ गुल खिलाने वाला है। वैसे तो उसे पहले ही शक हो गया था जब पंडी जी ने उनसे शादी के लिए रुपये की बात नहीं की। अब शक पूरे यकीन में बदल गया था। लेकिन वह ऐसा होने नहीं देगा। एक हिंदू का जमीन मुसलमान कैसे खरीद सकता है? वह भी उसके बगल का जमीन। वह उसी रात रामधरीछन शुक्ल और छेदीलाल यादव को साथ ले अपने लंगोटिया यार शम्भुनाथ मिश्र के पिता ब्रजेश्वर मिश्र के पावलागी के लिए पहुँच गया।
रामधरीछन शुक्ल ने खखारते हुए कहा “ ब्रजेश्वर! बचिया का विवाह तो बहुत धुमधाम से होई गवा — सब विघ्नहर्ता भगवान् गणेश की कृपा – — – लेकिन ई बात ठीक नाही बा कि तू आपन जमीन म्लेच्छ के देत बार –- – – -।‘’
“ शुक्ल काका – – – बात तो आप के ठीक बा लेकिन मौका पर इज्जत के खातिर जे ठाढ़ होई ओहिके न आपन मानल जाई – –।‘’ ब्रजेश्वर मिश्र का स्वर संयत था।
“ लेकिन – – – बाबा – -! – -हिंदू के रहते म्लेच्छ के जमीन देल – – – रउरा नियर ग्यानी –कर्मकाण्डी ब्राह्मण के शोभा नाही देत बा – – – -।‘’
“ का शोभा दी – – – आ का नाही शोभा दी – – हमका मत बताव छेदी! हम जबान देले बानी आ ऊ हमार इज्जत खातिर एके पैर पर खड़ा रहल बा – – – अब त जमीन ओही के देब – – -।‘’
प्रभुनाथ और शम्भुनाथ दोनों भाई भले ही भीतरी मन से माजिद के जमीन देने के पक्ष में नहीं थे लेकिन वे अपने पिता के सामने मुँह नहीं खोल सकते थे। ललई सिंह खिसिया कर वहाँ से पैर पटकते चल दिए।
इस घटना को दो बरस हो गए हैं। इसी बीच ब्रजेश्वर मिश्र स्वर्ग सिधार गए। प्रांत में राष्ट्रीय संस्कृति और अस्मिता पर मर मिटने वाली पार्टी काबिज हो गई है। राष्ट्रीयता के लिए समर्पित यह सरकार भारतीय समाज को को चार आधारों – गायत्री, गंगा, गीता और गौ पर टिका मानती है। हिंदुत्व को मूल मंत्र मानने वाली इस सरकार ने गौ/गौ-वंश की हत्या को कठोर दण्डनीय अपराध घोषित कर दिया है। पूरे प्रांत में नई-नई गौशालाएँ खोली गई हैं। चक महावीर पुर के बगल के गाँव अर्का महावीर पुर में भी गोशाला खुली है। गोशाला में सरकार की तरफ से गायों के लिए प्रतिदिन के हिसाब से चारा-पानी की व्यवस्था की जाती है। ज्यादातर गोशालाओं की बाउंड्री टूटी हुई है या खुली है। गायों का बाहर आना-जाना लगा ही रहता है। गायों की संख्या ज्यादा है। जितने गायें हैं, उन सबके लिए चारा-पानी की व्यवस्था हो नहीं पाती है। जो मजबूत हैं वे तो खा-पी लेती हैं लेकिन कमजोर, बूढ़ी और लाचार गायें उनके सींग की मार से भाग खड़ी होती हैं। प्रांत बड़ा है तो लाजिमी है कि प्रबंध –तंत्र भी बड़ा होगा और जाहिर तौर पर ऊपर से नीचे तक यानी मंत्री, अधिकारी, कर्मचारी से सेवक तक सबका अपना-अपना हिस्सा भी होगा।आखिर गाय हमारी माता जो ठहरी।
गोशालाओं से निकली गायें आवारा घूमती, फसलों में मुँह मारती फिरती हैं। विवश होकर किसानों ने फसल बचाने के लिए अपने खेतों में कटीले तारों के बाड़ लगा लिए हैं। माजिद ने भी अपने खेत, जो ललई सिंह के पूरब और शम्भुनाथ मिश्र के उत्तर में सड़क किनारे है के चारों तरफ कटीले तारों के बाड़ लगाये हैं।
कहते हैं कि असली छत्री बीस बरस तक खीस को अपने मन में रखता है और मौका पाकर बदला लेता है। ललई सिंह और शम्भुनाथ मिश्र में आजकल गाढ़ी छनती है। शम्भुनाथ जिला स्वयं सेवक संघ का महामंत्री और गौ रक्षा वाहिनी संस्था का उपाध्यक्ष है। ललई सिंह ने भी इन दोनों संस्थाओ की सदस्यता ले रखी है। पूरे जिले में वे प्रचार-प्रसार में जाते रहते हैं।
सुबह के आठ बजे थे। शम्भुनाथ और ललई दोनों गप करते हुए अपने खेत की तरफ जा रहे थे। खेत के नजदीक पहुँचे ही थे कि देखा कि माजिद खान अपने खेत के तार वाले बाड़ का गेट लगाकर घर जा रहा है। ललई के पूरे शरीर में आग लग गई।
“ मियंडी — — कटुआ – — साला – -हमारे सीने पर मूँग दलता है। देखना शम्भु — – – माँ भवानी की कसम इस कटुआ से ऐसा बदला लूँगा कि इसकी सात पुश्तें काँप उठेगी।।‘’
“ ठीक कहते हो ललई – – – अरे – – पिताजी को पता नहीं क्या पट्टी इस मियंडी ने पढ़ा दिया था– — नहीं तो यह खेत इस कसाई का कभी नहीं होता – – -।‘’ कहते हुए शम्भुनाथ ने चुनौटी से खैनी निकालकर मलना शुरू कर दिया। दोनों वही सड़क किनारे बैठ गए।
“ कल गौ कल्याण सभा में स्वामी महेशानंद गिरि ने क्या प्रवचन दिया। सचमुच गाय माता के प्रति हम हिंदुओं के कर्तव्य का बोध करा दिया। साथ ही साथ चेताया भी कि यदि हम नहीं चेते तो ये गोमांस भक्षक म्लेच्छ हमारी गौ माता को काट-काट कर खा जायेंगे। सरकार द्वारा उठाये गए कदमों की भूरि-भूरि प्रशंसा भी की। आखिर हो क्यों न — – एक गोभक्त संन्यासी सत्ता का सूत्रधार जो है। शम्भु भाई – – हमें तो यह समझ में नहीं आता कि जब इन कटुओं के लिए अलग देश पाकिस्तान बन ही गया तो फिर हम हिंदुओं के सीने पर बैठकर क्यों कलमा पढ़ रहे हैं। मेरा वश चले तो कल ही इन सालो को पाकिस्तान चहेट दूँ- – – -।‘’ उसने घृणा से जमीन पर थूक दिया।
ललई ने नजर पीछे घुमाया। एक बूढ़ी कपिला गाय गोशाला की तरफ से आ रही थी। वह बार-बार खेतों में लहरा रही मकई की हरी-हरी फसल की लपक कर खाना चाहती थी लेकिन तार के बाड़ के कारण पीछे हट जाती थी। ललई के चेहरे पर कुटिल मुस्कान खेल गई। वह माजिद खान की खेत की तरफ तेज कदमों से बढ़ा।
वहाँ से आ उसने शम्भुनाथ के हाथ से खैनी लेकर अपनी हथेली पर रख जोर से ठोका और दाहिनी हथेली पर खैनी को रख बाईं हथेली को झाड़ा। खैनी मुँह में दबाते हुए शम्भु का हाथ पकड़ खेत के अंदर घुस गया।
माजिद के पड़ोसी अबुल हसन का बेटा आफताब बगल के गाँव से ट्यूशन पढ़कर साइकिल से आ रहा था। उसकी नजर माजिद के खेत में चर रही गाय पर पड़ी। उसने साइकिल की रफ्तार बढ़ा दी। माजिद खान के घर पहुँच आवाज़ लगाई
“ माजिद – दा — – – माजिद—दा — – साजिद — चा – – आपके खेत में गाय घुस गई है। सब फसल बर्बाद कर रही है। माजिद खान अभी आधा ही नाश्ता किए थे। बिना हाथ धोए ही कोने में रखी अपनी लाठी उठाई और साजिद को जल्दी आने के लिए कहकर खेत की तरफ सरपट दौड़े। साजिद भी जल्दी में बैठकखाने में रखी हुई पुरानी गुप्ती लिए दौड़ पड़ा।
खेत का गेट खुला था। गाय मस्ती में मकई की हरी-हरी पत्तियाँ चबाए जा रही थी। माजिद ने हल्ला मचाया और जोर से लाठी पटकी। पीछे से साजिद ने भी शोर मचाना शुरू कर दिया। गाय अचानक हुए हमले से घबरा गई। वह बेतहाशा भागी। उसे तार के बाड़ का ध्यान ही नहीं रहा। वह तार के बाड़ में फँस गई। उसका पेट तार के धारदार ब्लेड से फटता चला गया। खून की धार बह निकली। साजिद ने गाय को भगाने के लिए जोर से गुप्ती को जमीन पर पटका था। लकड़ी का म्यान बाहर निकल कर दूर जा पड़ा। उसके हाथ में खुली गुप्ती थी। दोनों गाय के पास आ उसे उठाकर तार के बाड़ से बाहर करने की कोशिश करने लगे। तभी शोर सुन आस-पास के लोग भी आ गए। शम्भुनाथ और ललई भी बगल की खेत से निकल आए। ललई चिल्लाने लगा “ मार — – डाला – – – रे – – मार – – डाला- – -।‘’
“ ललई भाई हमने कुछ नहीं किया है। हम तो केवल इसे भगा रहे थे- — कि यह तार के बाड़ में फँस गई।‘’ माजिद ने अपनी सफाई दी।
तब तक बीस-पच्चीस जन की भीड़ इकट्ठा हो गई। ललई सिंह का भतीजा सत्येंद्र पड़ोस के गाँव के कॉलेज बाइक से जा रहा था। बाइक रोककर भागा-भागा आया। आते ही मोबाइल से गाय के पेट से बहते खून, गरदन के पास लाठी लिए खड़े माजिद और गुप्ती हाथ में लिए पेट के पास खड़े साजिद का तीस सेकंड का वीडियो बना लिया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सरेआम गोहत्या, फेसबुक, व्हाट्स-एप, इंस्टाग्राम सब पर कमेंट आ रहे थे। कोई लिख रहा था “ गाय हमारी माता है – – – सरेआम गोहत्या की जा रही है – – हिंदुस्तान में – – – सारे हिंदुओं को चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए। ‘’
कोई लिख रहा था “ हिंदू कायर हैं तभी तो मुसलमान दिन-दहाड़े गोकशी कर रहे हैं– – – चेतो – – हिंदुओं – – – चेतो – – -।‘’
“ जिस हिंदू का खून ना खौला, खून नहीं वह पानी है।
गौ माता के काम न आए वह बेकार जवानी है।‘’
“ कटुओं को काट-काट कर गंगा में बहा दो – – ये हमारी गोमाता के हत्यारे हैं। ‘’
“ मार भगाओ — – – – —– पाकिस्तान — – – हिंदू — – हिंदी – – हिंदुस्तान।‘’
“ मार भगाओ – – – साले — – कटुओं को — – पाकिस्तान – – हिंदुस्थान हिंदुओं की धरती है — – -।‘’ आदि – – आदि – –
माजिद खान ओसारे में खटिया बिछाकर धम्म से बैठ गया। पूरी घटना उसके आँखों के सामने चलचित्र की भाँति घूमने लगी। ….. वह तो गाय को भगा रहा था अपने खेत से- – – – ओह – – – तार का नुकीला ब्लेड – – – उसके पेट में घुस गया — – – वह वहीं तड़पने लगी थी — – -। गोशाला की गाड़ी आई थी — – जल्दी-जल्दी लाद कर भागी थी – – – मवेशी डॉक्टर सदानंद गुप्ता बड़े अच्छे डॉक्टर हैं जरूर बचा लेंगे – – – लेकिन वह अब कैसे मुँह दिखायेगा – – गाँव-जवार में – -। होली में अपने हिंदू भाइयों के साथ जमकर कैसे होली खेलेगा – – – अब उन लोगों के लिए माजिद भाई की जगह माजिद खान मुसलमान हो जायेगा – -। उसने गाँव में भगवती स्थान बनाने के लिए पूरी ईंट अपने भट्ठा से दिया था बिना माँगे – – – वह – – अब कसाई माजिद हो जायेगा – –। ईद-बकरीद उसके यहाँ सेवैया खाने वालों का ताँता न टूटता था – – – वहीं माजिद खान अब गो-हत्यारा हो जायेगा – – – -। वह झटके से खटिया से उठा और सिर झुकाये आँगन में चक्कर लगाने लगा। थोड़ी देर बाद खटिया पर आकर लेट गया। उसे याद आने लगा मुहर्रम के अवसर पर बनने वाला ताजिया – – पच्चीस साल पहले की बात – – – साजिद अभी बारह साल का था। गौरा बाजार पर तीन गाँव की ताजिया आई थी। किस गाँव की ताजिया दाहिने रखी जायेगी, इसी बात पर फतेहपुर वाले से ठन गई थी। दोनों तरफ से तलवार-भाले निकल आए थे। जमकर लाठियाँ चली थी। तब गाँव के हिंदुओं ने ही मोर्चा सम्भाला था। इसी ललई सिंह के बाप नसीब सिंह और चाचा सुखारी सिंह ने अपनी तेल पिलाई लाठी चलाना शुरू किया तो फतेह पुर पठान दुम दबा कर भागे थे। शान से लहराती चक महावीर पुर ताजिया पूरे जवार में घूमी थी। . .. वह एकाएक उठकर बैठ गया और अपने माथे को पकड़ खटिया के पाटी पर पटकने लगा। उसकी पत्नी शहनाज घबरा कर दौड़ी। बड़ी मुश्किल से उसे बिछावन पर लिटाया। नवरत्न तेल उसके माथे पर धीरे-धीरे मलने लगी। थोड़ी ही देर में उसे नींद आ गई।
अगले दिन जुमा था। माजिद की हालत ऐसी नहीं थी कि वह नमाज के लिए मस्जिद आ सके। वह खटिया पर पड़ा-पड़ा बड़बड़ाता रहता “’ — – – नहीं— – नहीं – – – मैंने नहीं मारा – – – सकलदीप बाबू – -हमने तो केवल उसे खेत से भगाया था – – बस।‘’
नमाज पढ़ने के लिए साजिद मस्जिद गया। उसे सभी नमाजियों ने घेर लिया। उसने पूरी घटी हुई घटना हूबहू सुना दिया। मौलवी इकराम अली बेग ने कहा “ जब आप लोगों ने कोई गुनाह किया ही नहीं तो डर किस बात का?
“ हाँ — – आप दोनों ने तो केवल अपने खेत से भगाया था। वह तो अपने आप जाकर तार के बाड़ में फँसी थी — -।‘’ रफीक अहमद ने मौलवी साहेब के हाँ में हाँ मिलाते हुए कहा।
“ यही तो पेच है मौलवी साहेब! इसी बात को वे तूल दे रहे हैं। तिल का तार बना रहे हैं। आज सुबह थाना का दारोगा इंस्पेक्टर जलालुद्दीन हासमी साहेब आए थे। वे कह रहे थे कि ललई सिंह, शम्भुनाथ मिश्र, गौ रक्षावाहिनी के जिला अध्यक्ष महेश्वर गिरि और विश्व हिंदू परिषद् के जिला महासचिव गनपत सिंघल आए थे। आप दोनों के नाम एफ. आइ. आर. दर्ज करा गए हैं। कह रहे हैं सब कि यह सरासर गोहत्या का मामला है। ये तो खुदा का फ़ज़ल कहिए कि दारोगा अपना मुसलमान भाई है नहीं तो अब तक हम लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया होता। दारोगा जी ने उन लोगों को समझा-बुझा कर शांत किया है और कहा है कि आप सब निश्चिंत रहिए – – -मामले की पूरी ईमानदारी से तफ़तीश की जायेगी। दारोगा जी जाते वक्त बोल गए कि सम्भल कर रहिएगा। यह मामला तूल पकड़ सकता है। यदि गाय मर गई तो – – – कुछ भी घट सकता है। वैसे तो मवेशी डॉक्टर गुप्ता जी के सम्पर्क में हूँ — वे बता रहे थे कि हालत तो नाजुक है लेकिन बच जाने की पूरी उम्मीद है। वे लगातार नजर रखे हुए हैं गाय पर —- लेकिन यदि मर गई तो – – – फिर – – -।
“ मर गई तो क्या –- – -? हमारे इस्लाम में तो बड़े का मांस हलाल है। ‘’ भीड़ में से एक नौजवान बोला।
“ देखो बात – – ऐसी नहीं है, एक तो यहाँ काफिर ज़्यादा हैं और दूसरी सरकार भी तो इन्हीं लोगों की है — — इसलिए कोई-न-कोई बहाना बना कर हमें भगाना चाहते हैं- – – – लेकिन हम भी देख लेंगे – – – इन्हें – – साजिद भाई — – आप डरिए मत। ‘’ भीड़ में से दूसरा नौजवान बोला।
नमाज अदा होने के बाद मौलवी इकराम अली बेग ने बुजुर्गों को रोक लिया। उनके साथ कुछ नौजवान भी रुक गए। आधा घंटा तक गुफ़्तगू चली। अंत में निर्णय लिया गया कि हमें पूरी तैयारी रखनी चाहिए। हर घर पर ईंट-पत्थर जमा कर लिए जाए। देशी हथियार निकाल कर धार तेज कर लिये जाएँ। केरोसीन के पीपे-कनस्तर भर कर रखा जाए। बगल के मुस्लिम बहुल गाँव रसीदपुर, नागरा, मुबारकपुर और फतेहपुर के मुसलमान भाइयों से सम्पर्क बनाया जाए। असलहा के लिए देवबंद और अलीगढ़ से मौलवी साहेब खुद बात करेंगे।
पूरी घटना की खबर जंगल की आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई थी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो देखकर हिंदुओं के रक्त में उबाल आ गया था। लखनऊ, बनारस, अयोध्या, प्रयागराज और मथुरा से विश्व हिंदू परिषद्, बजरंग दल, गौ रक्षावाहिनी दल के नेता चक महावीर पुर के लिए निकल पड़े। प्रशासन पूरी स्थिति पर कड़ी निगाह रखे हुए थी। घटना के चौथे दिन चक महावीर पुर के शिव मंदिर पर गाँव-जवार के प्रतिष्ठितों एवं बाहर से आए नेताओं-स्वयंसेवकों का जमावड़ा हुआ।
गौ रक्षावाहिनी दल के जिला अध्यक्ष महेश्वर गिरि, विश्व हिंदू परिषद् के जिला महासचिव गनपत सिंघल और बजरंग दल के जिला शाखा प्रमुख रघुनंदन सिंह आसन पर बैठे हैं। उनके सामने दाहिने तरफ ललई सिंह के साथ प्रभुनाथ मिश्र और शम्भुनाथ मिश्र दोनों भाई बैठे हैं। राजपूत टोली के राम किशोर सिंह, यादव टोली के राम नगीना यादव, कुर्मी टोली के रघुवीर सिन्हा, बनियों में किराना दुकानदार सर्वेश गुप्ता, हलवाई प्रवीन अग्रवाल, चौरसिया टोला से विष्णुकांत चौरसिया, बगल के गाँव से आए बाबू सियावर सिंह, मिथलेश यादव, लक्ष्मीकांत मिश्र लगभग सौ लोग दरी पर बैठे हैं। गनपत सिंघल के सामने एक आसन पर पचहत्तर वर्ष के सकलदीप सक्सेना बैठे हैं। सकलदीप सक्सेना के दादा इस गाँव सहित सत्रह गाँवों के जमींदार थे। आज भी गाँव-जवार का कोई भी बड़ा निर्णय सक्सेना परिवार की सहमति से लिया जाता है।
गनपत सिंघल ने मंदिर के द्वार पर बैठे पुजारी राजेश दुबे को इशारे से बुलाते हुए कहा “ हाँ – -! तो दुबे जी आपने कल रात को क्या देखा? जरा जनता जनार्दन को बताइए।‘’
राजेश दुबे ने खड़ा होकर पहले हाथ जोड़े सिर झुकाकर पहले सिंघल जी, महेश्वर गिरि, रघुनंदन सिंह और सकलदीप सक्सेना को प्रणाम किया। फिर हाथ जोड़े सभा की तरफ मुँह कर खड़ा हो गए “ सबसे पहले भगवान् गणेश को सुमिरता हूँ — – फिर जनता जनार्दन के सामने अपनी बात रखता हूँ — बाबा विश्वनाथ की दुहाई – – – मैं मंदिर के सामने खटिया बिछा मच्छरदानी लगा बाहर सोया था। रात के लगभग दो बजे होंगे। पैरों की आवाज से मेरी नींद खुल गई। तीन आदमी तीन बड़े-बड़े बैग कंधे पर लादे आपस में धीरे-धीरे बातें करते हुए इधर ही आ रहे थे। वे मेरे बगल से गुजरने लगे। मैंने जान-बुझकर आँखें बंद कर ली। इनमें से एक बोला “ देखो – – कैसे टाँग चियार कर सोया है — – – ससुरा दुबइया – – – सारे फसाद का सूत्रधार है – कमीना – – मन तो करता है कि मुँह में मूत दूँ — — हरामी के — -।‘’ चेहरा तो नहीं दिखा लेकिन आवाज से पहचान लिया साजिदवा था — – माजिद का छोटका। आगे क्या बताए बताते हुए जीभ जलती है तीनों पैंट का चेन खोल सुसुवाने लगे। काली माई की किरिया खून खौल उठता है जब वो सीन याद आता है। कहते हुए जीभ गल कर गिर रही है लेकिन जनता जनार्दन से छुपा भी तो नहीं सकता — – उनमें से एक ससुरा महावीर जी के धाजा के पास ही पैंट खोलकर शुरू हो गया।। मन तो किया कि बाबा भोलेनाथ का त्रिशूल घोप दूँ – – साले की – पिछाड़ी में — – लेकिन तीन – तीन – कट्टा – — – पिस्तौल लिए हैं – – मैं आँख बंद कर पड़ा रहा। ‘’ इसके साथ ही वे दौड़कर महावीर जी के मूर्ति के सामने दण्डवत गिर पड़े। क्षमा – – बजरंगबली – – क्षमा – – हम – – हम – – उन कसाइयों का गरदन काटकर आपको नहीं चढ़ा पाये — – क्षमा करे – -क्षमा- – -। उनके आँखों से आँसू टपकने लगा।
आँसू पोंछते हुए फिर सामने आकर बोले “ आपस में बात करते हुए तीनों मुस्लिम टोली में घुस गए। मुझे तो डर लग रहा था कि कहीं मुझे सोते में ही बैग से कट्टा निकाल खत्म न कर दे। बाकी अब बहुत हो गया — — – माँ भगवती — – दुर्गा माई की कसम अब यदि इन विधर्मी म्लेच्छों का उपाय नहीं किया गया तो – – ये हमारे घर की बहू-बेटियों को खुलेआम उठाकर रेप करेंगे। तीन दिन पहले की घटना– — सारा जिला-जवार जानता है — किस तरह माजिदवा और उसका बेटा साजिदवा खेत में गोमाता के घुसने पर गुप्ती पेट में घुसेड़ दिया था। वह तो बाबा विश्वनाथ की कृपा कहिए कि बाबू ललई सिंह और शम्भुनाथ जीजा ने देख लिया – – – और दौड़ पड़े बचाने — –। इनको देखते ही भाग चले दोनों हत्यारे – -। दुर्गा माई की कृपा कहिए कि उसी समय ललई बाबू का भतीजा सत्येंद्र ऐन मौके पर आकर वीडियो बना लिया। खून खौल उठता है जब वीडियो देखता हूँ – – – हमारी माता — -गौ माता के पेट में कसाई खंजर घुसा रहा है — – और एक लाठी से पैर दबाए हुए है — — नहीं — – नहीं – – सकलदीप बाबू — – अब बर्दाश्त नहीं करेंगे — – दुहाई दुर्गा माई—दुहाई – -।‘’ इसके साथ ही राजेश दुबे ने दौड़ कर दुर्गा माँ की मूर्ति के आगे सिर टिकाते हुए दोनों हाथों को जमीन पर जोर से पटका।
सकलदीप सक्सेना ने चारों तरफ इकट्ठी भीड़ को एक नजर देखा और गम्भीर स्वर में बोले “ माजिद ने तो मकई की फसल खा रही गाय को खेत से भगाया था। यह तो संयोग ही है कि वह तार के बाड़ में जा फँसी – – – धारदार ब्लेड उसके पेट में जा लगा — — फिर — हम कैसे माजिद को दोषी कहेंगे।‘’
“ शिव – शिव – – – चाचा — — – शिव – – – शिव – – – हमने अपनी आँखों से देखा है — – माजिद लाठी से गौ माता की गरदन दबाया था और साजिदवा गुप्ती घुसेड़ा था पेट में — – – हह- – – – हह खून की धार बह रही थी। वे दोनों तो ताक में थे कि मार के छिपा देंगे फिर रात में ले जायेंगे- – गोस्त-भात का पार्टी करेंगे टोला में। न विश्वास हो तो शम्भु से पूछ लीजिए। ये भी हमारे साथ थे। हमलोगों ने हल्ला मचाया तो धीरे से खसक लिए गो माता को तड़पता छोड़ – – – – दुहाई दुर्गा मैया की – – भोले बाबा के मंदिर में हम क्या झूठ बोलेंगे – – – चाचा – – आप इन कटुओं पर विश्वास मत कीजिए। जहाँ मौका लगा कि हमारी बहन-बेटी को उठा ले जायेंगे। आज तो केवल गौमाता को ही काट रहे हैं, कल हम लोगों को खस्सी-बकरी की तरह काटेंगे- – कसाई हैं सब – – – कसाई- – -।‘’ ललई का चेहरा क्रोध और घृणा से ताँबे के गरम लोटे के समान दहकने लगा।
गौ रक्षावाहिनी के जिला अध्यक्ष महेश्वर गिरि ने अपना दाहिना हाथ हवा में लहराते हुए बोले “ हमारे रहते हमारी गौमाता की हत्या- — हमारे जन्म लेने पर धिक्कार है। हम इसका बदला लेकर रहेंगे — – लेकर रहेंगे – — लेकर रहेंगे –। बाबू ललई सिंह जी आप देखते रहिए – – – कल मेरे गुरु 1008 परमहंस अच्युतानंद जी महाराज आ रहे हैं। घटना-स्थल पर आमरण अनशन पर बैठेंगे। आज ही फोन से मेरी बात हुई है। यदि हमारी गौमाता मर गई तो हत्यारे को हम नहीं छोड़ेंगे — – कभी नहीं छोड़ेंगे – – – कभी नहीं। प्रशासन को हत्यारे को दण्डित करना ही होगा – – नहीं तो हम देंगे उन पापियों को दण्ड – – जला देंगे पूरी बस्ती – – – कर देंगे राख — – सारा मुहल्ला – – – – जय महाकाल – – — हर – – हर –महादेव – -।‘’
जमा भीड़ से समवेत स्वर में आवाज उठी — — “हर – हर — महादेव – -। ‘’
माजिद खान बाहर ओसारे में खटिया पर आँखें बंद किए लेटा था। सिरहाने बैठा साजिद अपने-आप में डूबा हुआ था। मुहल्ले के इमरोज अली का नौ साल का बेटा इदरिश दौड़ता हुआ आया।
“ अस्सलाम अलैकुम साजिद भाई! ‘’
“ वालेकुम अस्सलाम इदरिश! ’’
“ भाईजान — – – अभी-अभी मंदिर पर मीटिंग हुई है। बहुत दूर-दूर से लोग आए थे। गेरुआ रंग पहने हुए कई साधु भी थे। सत्यजित, ललई सिंह का पोता कह रहा था कि यदि गाय मैया मर गई और चौबीस घंटे के अंदर माजिद-साजिद गिरफ्तार होकर जेल नहीं गए तो पूरा मुहल्ला को फूँक देंगे। जानते हो भाईजान कल एक बाबा आयेंगे — — तुम्हारे खेत में अनशन पर बैठेंगे। ‘’
“ तुम — यह सब क्या बकवास कर रहे हो — — इदरिश — – -।‘’
“ बकवास नहीं — – – भाईजान – – – सच कह रहा हूँ – – – सच – -सत्यजित मुझे बता रहा था। वह हमारा साथी है, हमलोग साथ –साथ गुल्ली-डण्डा खेलते हैं। ‘’
माजिद एकाएक उठकर बैठ गया। उसने भयभीत निगाहों से इदरिश, साजिद और पूरे घर को देखा।
“ अब्बा! आप नाहक परेशान हो रहे हैं। यह हिंदुस्तान है— – लोकतंत्र है यहाँ– – गाँधी का देश है यह – – – – भला कैसे पूरे मुहल्ले को फूँक देंगे। बड़ा आए फूँकने वाले – क्या हम लोगों ने चूड़ियाँ पहन रखी है। हमारी तरफ से भी पूरा इंतजाम है। ईंट का जवाब पत्थर से देंगे। समझ क्या रखा है? एक भी हिंदू अपने पैरों चलकर वापस नहीं जा पायेगा। कुराने-पाक की कसम– — ईट से ईट बजा देंगे — -। आप डरिए मत – — बिल्कुल मत डरिए – – -।‘’
“ मैं अपने लिए नहीं डर रहा हूँ बेटा — – – मैं तो डर रहा हूँ कि मेरी वजह से बहुत सारे बेकसूर लोग मारे जायेंगे- – -चाहे वे मुसलमान हों या हिंदू — – – आखिर हैं तो अपने ही।‘’
माजिद खान खाट से उठकर आँगन में टहलने लगे। घर का दरवाज़ा खोलकर बाहर झाँका फिर दरवाजा बंद कर दिया। फिर आँगन में चक्कर काटने लगे। आहिस्ता-आहिस्ता बढ़ते हुए फिर दरवाजे को जाकर खोला — – – बाहर झाँका – – -और धीरे से दरवाजे को बंद कर खटिया पर आकर बैठ गए। एकाएक उठे — -दरवाजे को खोला – – – और चिल्लाए – – “ वे आ गए – – – बचो- – – बचो – — भागो – –भागो — भागो – – -।‘’ वे आँगन में बेतहाशा दौड़ने लगे। पीछे मुड़कर देखते और चिल्लाते – “ वे आ गए – – – बचो- – – बचो – — भागो – –भागो — भागो – – -।‘’ दौड़ते-दौड़ते बेहोश होकर गिर पड़े। साजिद ने उन्हें गोद में उठाकर खाट पर लिटा दिया। शहनाज दौड़कर अंजुरी में नवरत्न तेल लेकर आई और माजिद के माथे पर छोप दिया। माजिद खान की पलकें बोझिल हो गई .. . . .
माजिद खान और उनका पूरा कुनबा अपना बक्सा-पेटी, माल-असबाब लिए पश्चिम की ओर बढ़ रहा है- – – पूरा काफिला बन गया है – – – सबके चेहरे पर खौफ है – — सब डरे- सहमे हैं – — उस काफिले में सबसे आगे वह खुद है – – साथ में साजिद, काशिद, शहनाज, उसकी बेटी आसमा और नरगिस का पूरा परिवार – — पूरा काफिला तेजी से भाग रहा है — – तभी सामने से एक लंबा –दुबला-पतला बूढ़ा लाठी टेकते हुए आता दिखाई देता है – – – नजदीक आने पर “अरे – -यह – तो अपने बापू हैं – – गाँधी – – – महात्मा- – ‘’
“ अरे भाई – -तुम लोगों ने हिंदुस्तान को अपना देश माना था – – – विभाजन के समय – — – फिर अपना देश – – – अपनी माटी छोड़कर कहाँ जा रहे हो – – – जाओ- – – लौटो – लौटो – अपने घर — -।‘’ बापू का मुस्कुराता चेहरा नजदीक आ गया।
“ बापू! हम शौक से नहीं मजबूर होकर जा रहे हैं। भला कौन अपनी धरती को छोड़ता है — – जीते जी। बापू! अब यहाँ की फ़िज़ा में नफरत घोल दी गई है। अब यहाँ हमारा रहना संभव नहीं है – – – – बापू! — — ‘’ उसने बापू के सामने दोनों हाथ जोड़ दिए।
“ क्या बात करते हो तुम — -यह भारत है – – -हिंदुस्तान – गंगा-जमुनी तहजीब वाला मुल्क – – यहाँ की धरती सबको शरण देती है – –किसी को भगाती नहीं है। अमन-शांति, सत्य-अहिंसा का संदेश देने वाली – – – ऋषि-मुनियों, गौतम, महावीर, नानक, कबीर, दादू, रैदास की धरती है यह – – -। तुम लोगों ने भारत को अपना देश चुना है – – – तो – -फिर – – पाकिस्तान की तरफ क्यों बढ़ रहे हो – – – पूरा काफिला है तुम्हारे साथ – – – – पूरा का पूरा काफिला — -।‘’
“ बापू! आप ठीक कह रहे हैं – – -।‘’
तभी एक व्यक्ति वहाँ प्रकट हो जाता है जिसके हाथ में रिवॉल्वर है। वह रिवॉल्वर की नाल से निकल रहे धुएँ को फूँक मारता है और ठठाकर हँसता है।
माजिद खान अचानक प्रकट हुए व्यक्ति को गौर से देखता है। – – “ अरे – – यह तो गाँधी – – – महात्मा – – अपने बापू का हत्यारा गोडसे है। ‘’
वह व्यक्ति ऊँची आवाज में कहता है “ गाँधी- -! तुम फिर आ गए। मैंने तो तुम्हें गिनकर तीन गोलियाँ मारी थी- – – तुम तो उसी समय मर गए थे – – – फिर कैसे आ गए – – यहाँ — – कैसे जिंदा हो गए? ‘’
“ गोडसे -! तुमने गाँधी के शरीर को गोली मारी थी। गाँधी का दर्शन-सिद्धांत –विचारधारा तो तब भी था — – अब भी है – – और जब तक धरती रहेगी — – – तब तक रहेगा। गोडसे! तुम भूलते हो। तुम गाँधी के शरीर को मार सकते हो गाँधी को नहीं- – – -।‘’
“ गाँधी! यही भ्रम तुम्हारी मृत्यु का कारण था। यही ‘ राम-रहीम – – – कृष्ण – करीम ’ की बातों ने मुझे गोली चलाने के लिए मजबूर किया था। तुम मुसलमान के पिट्ठू थे – – – लेकिन अब इस महान् हिंदू राष्ट्र में तुम्हारी लिजलिजी गाँधीगिरी नहीं चलेगी –- – – – अब यह देश जाग गया है – – – – महान् राष्ट्रभक्त के नेतृत्व में विकास के पथ पर अग्रसर है यह देश – — यह तुम्हारे सपनों का भारत नहीं है गाँधी – – -नहीं है – – यह तो – – वीर – — के – – – देश के वीरों के सपनों का भारत है। हिंदी-हिंदू – – हिंदुस्तानी वाला भारत। राष्ट्रीय अस्मिता को जगाने वाला – – – हिंदुत्व का प्रबल समर्थक भारत – -। तुम हट जाओ रास्ते से – — इन्हें जाने दो – – जिन्ना के देश में – – -। भारत तो हिंदुओं का देश है – – -हिंदुस्तानियों का देश है – – – हटो – – हटो – – गाँधी — -हटो – -। वह व्यक्ति जोर से गाँधी जी को धक्का देता है। गाँधी जी गिर पड़ते हैं – – उनका चश्मा दूर छिटक कर जा पड़ता है। वे अपना चश्मा टटोलते हैं – – -तभी वह व्यक्ति गाँधी जी के चश्मे पर रख देता है – – — वह चिल्ला उठता हैं “ नहीं – – नहीं – -।‘’
वह उठकर बैठ जाता है। उसका पूरा शरीर पसीने से लथपथ हो चुका था।
रात के एक बज रहे थे। चारों तरफ सन्नाटा पसरा हुआ था। बीच-बीच में कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई देती। माजिद खान गले में तख्ती लटकाये, जिसपर लिखा था “ मैं गौ हत्यारा हूँ, मुझे सजा दो ‘’ थाना की तरफ बढ़ रहा था। मुख्य सड़क से बीस कदम की दूरी पर बने पुलिस थाना की सीढ़ियों पर बैठा सिपाही रामजी यादव ने दूर से डोलती आ रही तख्ती को आँख मिचमिचाकर देखा। अंदर से डरा हुआ रायफल कंधे से उतार तख्ती की ओर ताने हुए आगे बढ़ा। उसे लगा कोई नक्सली — – आतंकवादी — होगा। दूसरे ही क्षण उसे आवारा सांड या गाय के होने का भ्रम हुआ। धीरे-धीरे तख्ती नजदीक आ गई। माजिद ने अपने दोनों हाथ ऊपर उठाकर कहा “ सिपाही जी! मुझे अपनी कस्टडी में ले लीजिए – – मैंने गौ हत्या की है – – – मैं हत्यारा हूँ – – पापी हूँ – – -मुझे हवालात में डाल दीजिए।‘’
रामजी यादव ने अपना रायफल कंधे पर लटका लिया। वह थाने की सीढ़ियाँ चढ़ने लगा। उसके साथ-साथ माजिद भी सीढ़ियाँ चढ़कर बरामदे में आ गया।
“ सिपाही जी! दारोगा जी से कहिए कि माजिद खान वल्द ताजिद खान मुकाम चक महावीर पुर – – गौ हत्यारा – – सरेंडर करने आया है – – उसे कस्टडी में ले ले – -।‘’ वह बार-बार सड़क की तरफ सहमी निगाहों से देख रहा था।
“ ठीक है – – – ठीक है – – तुम वहाँ बैठो।‘’ रामजी यादव ने दारोगा जी को रिंग करते हुए कहा।
बरामदे के दीवार पर भारत का नक्शा बना था जिसमें कमल के फूल पर विराजमान भारत माता एक हाथ में तिरंगा लिए हुए है। उसके बगल में राष्ट्रगान लिखा हुआ था। माजिद खान दीवार से सटकर बैठ गया। उसने बल्ब की पीली रोशनी में नक्शे में बनी भारत माता को गौर से देखा और ‘ माँ ’ कहकर अपना माथा भारत माता के चरणों में टिका दिया।
आदित्य अभिनव
जन्म – 30 जून 1970
‘परिकथा’, ‘ वनमाली कथा ’, ‘पाखी’ ,‘ लमही’ ,’कथादेश ‘ , ‘गगनांचल’,‘ स्पर्श ’, ‘लहक’, ‘ विश्वगाथा ’ ,‘सुसंभाव्य ’, ‘ सेतु ’ ( पीट्सवर्ग, अमेरिका) , ‘ साहित्यसुधा ‘, ‘ अनुसंधान’ , अनुशीलन’ , ‘ विपाशा’ , ‘हस्ताक्षर’ , सहित्यकुंज’ ‘ प्राची ’ ‘ साहित्यप्रभा’ , ‘हरिगंधा ’ , ‘परिंदे’, ‘ नव किरण ’, ‘सत्राची ’ , ‘गुलमोहर’ , ‘नव निकष ’ ‘ पुरवाई ’ ( लंदन ) , ‘किस्सा’, ‘हाशिये की आवाज़’ , ‘वनप्रिया’ आदि विभिन्न राष्ट्रीय- अंतरराष्ट्रीय पत्र –पत्रिकाओं मे रचनाएँ प्रकाशित ।
काव्य संग्रह – “ सृजन के गीत ‘’ ( 2017) ,” अंकुर अनंत का ’’ (2022)
कहानी संग्रह – “ रुका न पंछी पिंजरे में ‘’ ( 2022) , “ गोधूलि ‘’ ( 2022) , ‘’ हिनुआ है …तू काफिर है ‘’ ( 2024) , “ ज़ैतून का पेड़ ” ( 2025)
सम्पादित पुस्तकें – ‘ समकालीन हिंदी की श्रेष्ठ कहानियाँ ’ ( 2022 ) , ‘विश्व कि श्रेष्ठतम कहानियाँ ’ ( 2022)
आकाशवाणी – बीकानेर , जोधपुर और गोरखपुर से कविता का प्रसारण
दूरदर्शन – मारवाड़ समाचार , जोधपुर से कविता का प्रसारण
सम्पादन सहयोग – “ मानव को शांति कहाँ ‘’ (मासिक पत्रिका) (2004- 2008 तक उप संपादक )
शोध जर्नल ‘ शोध प्रतिमा ’ सम्पादक मंडल सदस्य
सम्मान – साहित्योदय सम्मान (2020) , लक्ष्यभेद श्रम सेवी सम्मान(2020) , कन्हैया लाल स्मृति साहित्य समान ( 2023) , वनमाली कथा पुरस्कार 2024 ( सर्वोत्कृष्ट कहानी हेतु प्रथम पुरस्कार), विद्योत्तमा साहित्य शिखर सम्मान ( 2025) , हिंदी साहित्य रत्न मानद उपाधि (2026) , स्व. श्रीमती नीना माथुर सम्मान (2026)
पुरस्कृत कहानी ‘ज़ैतून के पेड़’ का मलयालम , मराठी , उर्दू आदि भाषाओं मे अनुवाद।
संपर्क – आदित्य अभिनव
उर्फ डॉ. चुम्मन प्रसाद श्रीवास्तव
सहायक आचार्य (हिंदी)
भवंस मेहता महाविद्यालय , भरवारी
कौशाम्बी (उ. प्र. ) पिन – 212201
मोबाइल 7767041429 , 7972465770
ई –मेल chummanp2@gmail.com






