नरेन्द्र पुंडरीक की कविताओं में गाँव, नदी, पेड़ और पिता बार-बार लौटते हैं। भाषा सीधी और बोलचाल की है। कवि न अलंकार गढ़ता है, न बड़े शब्द, बस दृश्य सामने रख देता है और चुप हो जाता है। यही सादगी इन कविताओं की ताक़त है।
एक धारा स्मृति और घर की है। “बड़े हो कर” और “बहते हुए भीतर” में पिता के लगाए पेड़ पिता की देह और उपस्थिति बन जाते हैं। “हरा रह कर” में बिना पानी के हरा रहता गुमार पाठा बेटियों की याद है, और अंत की पंक्ति बहुत मार्मिक है, जहाँ उखड़ती दीवारों में प्रेम की लकीरें बची हैं। “मछलियों का घर” और “जहां प्रकाश था” में नदी वैसी ही बहती है, पर साथी खाक हो गए हैं और अँधेरा वहीं ठहरा है जहाँ कभी प्रकाश था। “हल्के मामा” में एक बिना डिग्री का देसी वैद्य है, जिसके बहाने कवि कहता है कि दुनिया में जो कुछ अच्छा है, ऐसे ही लोगों से है।
दूसरी धारा राजनीतिक और सामाजिक व्यंग्य की है। “राजा बदल देता है” में गरीब पुवाल ओढ़ता है और राजा हर घड़ी कोट बदलता है। “हिंदू बना रहा” की बार-बार दोहराई टेक पाखंड पर सीधा वार करती है। “मुझे दिखाई देता है” में विदेश की ओर ताकते लोगों को पास की गलवान घाटी नहीं दिखती, जबकि कवि को अपनी बीमार पत्नी और टपकती छत दिखती है। “सलीब में ईश्वर नहीं” में ईश्वर की गिरफ़्त वाले देश में आदमी सलीब पर टंगा है। यहाँ तीखापन है, पर वह नारे में नहीं बदलता, ब्योरे और विडंबना के सहारे चलता है।
ये दोनों धाराएँ एक ही जगह मिलती हैं। कवि का भरोसा आदमी, श्रम और प्रकृति पर है, और सत्ता, दिखावे और सुविधा से उसे सवाल है। फिर भी कुछ व्यंग्य-कविताएँ बहुत सीधी हो जाती हैं और उनमें वह सघनता कम है जो स्मृति वाली छोटी कविताओं में है। मेरी नज़र में कवि का सबसे अच्छा रूप वहीं दिखता है।
मछलियों का घर
मैं दुखी होता हूं
दुखी होते हैं मेरे हम उम्र
बूढ़े होने को लेकर चिंतित,
कितने जवान थे हम सब
ढलने लगा शरीर
सफेद होने लगे बाल
उखड़ने लगे दांत,
सिर उठा कर हमें
देख रहा है मेरे शहर का
टनटुनिया पहाड़
जो वैसे ही तना है
जैसे देखा था हमने
इसे पहली बार,
नदी भी वैसे ही बह रही है सदानीरा
चलती फिरती मछलियों का
चलता फिरता घर ।
हल्के मामा
हल्के जब गांव आया था तब न उसे
गांव जानता था न गांव को
जानता था वह
हालांकि गांव में एक नहीं
उसकी तीन तीन बहनें ब्याही थीं
एक ही परिवार के चाचा, ताऊ और भतीजे को समोखे थी
रूप और गुन से भरी
एक दूसरे को पीछे ढकेलती,
चाचा, ताऊ, और भतीजे जो
उम्र की चढ़ाई चढ़ चुके थे
पिता और भाई के पास
ज्यादा कुछ का जुगाड़ था नहीं
सो दिखा उसी को धर लिया
लड़कियां तो लड़कियां थीं
आंखें थीं
पर मुंह बिल्कुल नहीं बने थे कि
मुंह की आवाज को उलट कर
मुंह में ही ठूंस देतीं,
पिता के जाते जाते हल्के ने
सीख लिये थे कुछ दवा दारु के गुण और
कुछ बात चीत के हुनर
चूंकि आधा मर्ज दवा से जाता है
और आधा सरकता है बातों की लन्तरानी से,
आदमी इतना ही चाहता है
बाकी के खोज बीन की
पेट की खौखियाहट के मारे इस देश में
फुरसत कहां रहती है आदमी को
उसकी तो सारी काबिलियत पेट की
लातें बचाने में ही निकल जाती है,
सो हल्के तो अपने रिश्ते का ही नहीं
हुनर से पूरे गांव का मामा था
खांसते, कराहते
हांफते, कांपते लोग
सुबह से ही हल्के को तलाशने लगते,
हल्के के पास न डिग्री थी न डिप्लोमा
कुछ हाथ का जस
कुछ दवा का गुण
खांसी बुखार क्या अच्छी खासी तिजारी को भी
छोड़ कर भागना पड़ता था,
थोड़ी मोड़ी फौजदारी की चोटें
पट्टी सट्टी बांध बूंध कर
दे कर दो चार इंजेक्शन
घर में ही चंगा कर देता था
सो धरे के धरे रह जाते थे
अस्पताल-थाना, कोर्ट और कचेहरी,
हल्के की इस तीमारदारी का
न कोई दाम बंधा था न रेट
ज्यादा तर मामा में ही निपट कर रह जाता था
सोचता हूँ इस दुनियां में
जो कुछ भी अच्छा है
ऐसे लोगों से ही अच्छा है
जिनकी शक्लें मेरे गांव के
हल्के मामा से मिलती हैं ।
जहां प्रकाश था
नदी करीब थी इतनी कि
कूदने से
हिलता था
नाव घाट का पानी,
नदी बहुत कुछ वैसी ही है
जवान जहान
पत्थर कुछ चिकने हो गए हैं
कुछ अधिक खुरदुरे,
मेरे बहुत से साथी संघाती
खाक हो गए हैं
इसी नदी के किनारे,
सूरज धंसता जा रहा है
नदी की कगारों के पीछे
अपना प्रकाश
लेता जा रहा है अपने साथ,
अंधेरा आ रहा है उतर कर
जहां प्रकाश था
वहीं ठहरा था अंधेरा ।
बड़े हो कर
पिता ने लगाए थे
कुछ नीम के पेड़
जो छतनार हो कर
ठंडी छाया के घर हो गए हैं,
पिता की तरह
लंबी मजबूत बांहें हैं उनकी
दूर से दिखाई देते हैं
पिता की तरह
उठे हुए उनके हाथ और सिर,
जरा से पौधे थे
तीन दिन के बच्चे से लुजुर लुजूर
पिता सुबह धोते हुए मुंह
देखते रहते थे इनके मुंह,
देखते ही देखते
बड़े हो कर
धरती के लिए
रोंक रहे हैं
पानी से भरे बादल ।
हिंदू बना रहा
मैंने दंगा कराया और
हिंदू बना रहा,
मैंने हत्या कराई और
हिंदू बना रहा,
मैंने झूठ बोला
झूठ पर झूठ बोला और
हिन्दू बना रहा,
मैंने बलात्कार किया और
हिंदू बना रहा,
मैंने बलात्कारियों को मालाएं पहनाई और
हिंदू बना रहा,
मैंने मंदिर गिराए और
हिन्दू बना रहा,
मैंने बीफ के कारखाने खोले और
हिंदू बना रहा,
मैंने घर गिराए, घरों में आग लगाई और
हिन्दू बना रहा,
मैंने औरतों को सड़कों में नंगा घुमाया और
हिन्दू बना रहा,
मैंने लोगों को जिंदा जलाया और
हिंदू बना रहा,
मैं राम की उंगली पकड़ कर आया
राम मंदिर में चोरी की और
हिन्दू बना रहा,
मैंने हिन्दू को लातें मारी
हिन्दू के सिर में मूता और
हिन्दू बना रहा ।
मुझे दिखाई देता है
देश में कुछ नहीं है
सब कुछ विदेश में है
जो देश से भागे हैं
वह विदेश में हैं,
देश से विदेश का गहरा रिश्ता है
जो भागे हैं
वह विदेश में हैं,
जो विदेश में कुछ नहीं कर पाए
वह देश के इतिहास में
जोड़ घटाव करते हैं,
चश्मा तो वह बहुत नायाब पहनते हैं
पर पास का न देख कर
दूर का ही देखते रहते हैं
इज़राइल, अमेरिका, आस्ट्रेलिया करते हैं
पास की गल्वान घाटी नहीं दिखाई देती,
उनके गर्व का विषय होता है कि
हम एक अरब चालीस करोड़ हो गए हैं
दुनियां का सबसे बड़ा देश हो गए हैं,
बार बार कपड़े बदलने से
देश बड़ा नहीं होता
आदमी जरूर रंगी लाल हो जाता है,
जब मैं यह कविता लिख रहा हूं
मुझे अपनी बीमार पत्नी नहीं दिखाई देती
न दिखाई देती है घर की
टूटी टपकती छत
मुझे दिखाई देता है
हांफता मुंह से फिचकुर छोड़ता
फटा पुराना लबादा ओढ़े
अपना यह महादेश ।
राजा बदल देता है
गरीब लोग जाड़े में
ठिठुरते हुए
पुवाल को बिछाते हैं
पुवाल को ओढ़ते हैं और
उनका राजा हर घड़ी
अपना कोट बदल देता है,
जब तक एक गरीब
अपना सर
फटे चीथड़ों से ढंकता है
राजा बदल देता है
अपना साफा और
राजा के साफे का रंग
कुछ और चटख हो जाता है ।
सलीब में ईश्वर नहीं
मेरे देश में
आदमी से ज्यादा ईश्वर हैं
हर जगह
जहां आदमी रहता है,
हवा, धूप, पानी
सब उसी के भरोसे है
हवा में उसी की गंध है
पानी में उसी का स्वाद है
धूप में उसी की उष्णता है,
ईश्वर की गिरफ्त में है देश
सलीब में ईश्वर नहीं
आदमी टंगा है
देश में हर जगह
उसी का खून टपक रहा है ।
हरा रह कर
जिस घर में मैं रहता हूं
उसके आंगन में कोई पेड़ नहीं है
न कोई बेल है न लता
न कोई फूल है,
गमले में कभी बेटियों ने लगाया था
गुमार पाठा
जो अब पानी न पाने पर भी
हरा रह कर
बेटियों की याद दिलाता रहता है,
मेरी देह की
उखड़ रही दीवारों में
यह उनकी प्रेम की लकीरें हैं ।
बहते हुए भीतर
पिता ने पीपल और बरगद रोपे
रोपे आम महुआ नीम,
मैंने न नीम रोपी न पीपल
मैंने नीम और पीपल की छाया में
महसूस किया पिता को
बहते हुए भीतर ।
पानी को चुना
मेरे पुरखों ने नदी चुनी
लिहाजा यह साफ है कि
उन्होंने पानी को चुना,
पेड़ को चुना यानी
छाया को चुना और
रात आई तो
एक साथ रहते हुए
तारों को चुना
रात को ठीक से बूझने के लिए
तारों को नाम दिए,
यह सब करते हुए
इस विशाल धरती में
एक टुकड़ा चुना और
कुछ दिन बाद
नदी, पहाड़ पेड़
तारों भरी रात में
गांव को अपना देश कहा
जिसे पहन कर देही ढका
उसे अपना वेश कहा,
नदी, पेड़, पहाड़ धरती आकाश
रात और दिन के गीत गाए
बोली में नहीं भाखा में कहा ।
नरेन्द्र पुंडरीक
जन्म 06 जनवरी 1954
जन्म स्थान ग्राम कनवारा, बान्दा, उत्तरप्रदेश, भारत
कुछ प्रमुख कृतियाँ
नंगे पाँव का रास्ता (1992), सातों आकाशों की लाड़ली (2002), इन्हें देखने दो इतनी ही दुनिया (2014). इस पृथ्वी की विराटता में (2015)
’माटी’ पत्रिका के सम्पादक, केदार स्मृति शोध संस्थान के सचिव,






