• मुखपृष्ठ
  • अनहद के बारे में
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक नियम
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
अनहद
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
No Result
View All Result
अनहद
No Result
View All Result
Home कविता

स्वप्निल श्रीवास्तव की कविताएँ

समकालीन कविताई

by Anhadkolkata
October 11, 2026
in कविता, साहित्य
A A
0
Share on FacebookShare on TwitterShare on Telegram

स्वप्निल श्रीवास्तव

स्वप्निल श्रीवास्तव की इन कविताओं का वैशिष्ट्य उनकी सहज भाषा, अनुभवजन्य दृष्टि और जीवन के साधारण प्रसंगों में छिपे गहरे अर्थों को पहचानने की क्षमता में निहित है। वे बिना किसी बौद्धिक आडंबर के हमारे समय की विडंबनाओं, सामाजिक विषमताओं और मनुष्य के बदलते स्वभाव को रेखांकित करते हैं।

‘जो नहीं मिला’ प्रकृति के सहज उपहारों के बरक्स मनुष्य के अतृप्त लोभ पर प्रश्नचिह्न लगाती है, तो ‘कागज की नाव’ बचपन की स्मृतियों, सामूहिक संरक्षण और कल्पनाशील स्वतंत्रता का आत्मीय संसार रचती है। ‘भद्रजन’ में सभ्यता के मुखौटे और सहज मानवीय अभिव्यक्ति के बीच का अंतर उजागर होता है, जबकि ‘महान कवियों’ में कविता को दुर्बोध बनाने वाली बौद्धिकता, आयातित बिंबों और प्रदर्शनप्रियता पर तीखा व्यंग्य है। ‘अपनी तरह से लिखना’ व्यक्ति की प्रकृति और उसकी अभिव्यक्ति के संबंध को रोचक ढंग से सामने लाती है तथा ‘हाजिरजबाबी’ में पिता का चरित्र लोकबुद्धि, आत्मसम्मान और विनोदप्रियता का जीवंत उदाहरण बनकर उभरता है। ‘पक्षियों को बुलानेवाला आदमी’ में प्रकृति के साथ मनुष्य के आत्मीय संबंध के विनाश की त्रासदी है, जहाँ हिंसा की आहट पक्षियों ही नहीं, एक सहज जीवन-दृष्टि को भी विस्थापित कर देती है। ‘सुनयना मजूमदार’ में सौंदर्य, समय, उम्र और स्मृति के बीच एक जटिल भाव-संबंध बनता है, जबकि ‘यातायात’ आधुनिक विकास के साथ बढ़ती वर्गीय दूरी और मनुष्य के वस्तु तथा साधनों का गुलाम बन जाने की विडंबना को रेखांकित करती है। इन कविताओं में व्यंग्य की धार है, लेकिन उसके पीछे एक संवेदनशील मनुष्य की चिंता और आत्मीयता भी मौजूद है।

Related articles

​ऐनी कार्सन का पेरिस रिव्यु पत्रिका के लिए लिया गया साक्षात्कार

वह जो उनका अक्षय आश्रय है : शुभ चक्रबर्ती

स्वप्निल श्रीवास्तव की काव्य-दृष्टि की विशेषता यही है कि वे जीवन के मामूली दृश्यों से सामाजिक आलोचना का व्यापक परिप्रेक्ष्य निर्मित करते हैं और सहज कथन के भीतर ऐसे प्रश्न छोड़ जाते हैं, जो कविता समाप्त होने के बाद भी पाठक के भीतर बने रहते हैं।

 

जो नहीं मिला

जो नहीं मिला
उसका दुख क्या ?
जो मिला है वह
क्या कम है

हमें मिली है पृथ्वी
समूचा आकाश और
तारामंडल
हमे मुफ़्त मिली है
चाँद सूरज की रोशनी
और फेफड़ों में सांस भरने
के लिये हवा
हमें मिले हैं पर्वत
नदियां आकाश  समुंदर
और वक्त – बेवक्त की बारिशें

हरे भरे जंगल और उसमें
गीत गाते हुये परिंदे
तुम्हें और क्या चाहिए
लालचियों ?

 

कागज की नांव

बारिश में हम
कागज की नांव
बन जाते थे
जहां पानी मिलता था
हम तैरने लगते थे

हमारे ऊपर कई हथेलियों
के छाते थे
जो हमें भिगोने से बचा
लेते थे

हमारी यात्रा में
छोटे छोटे बंदरगाह थे
जहां हम अपने ईंधन
भरते थे
थोड़ी देर ठहर कर आगे
बढ़ जाते थे

कागज की नावें सिर्फ
बारिशों में चलती थीं
बाकी दिन उसे सहेज कर
रखते थे
जब भी बारिश होती
कागज की नावें बेचैन
होने लगती थीं
वे कहती थीं
हमें बाहर निकालो
ये हमारे सैर के दिन हैं
उनके साथ हम भी अपने
पाल खोल लेते थे और
जल पथ की यात्रा पर
निकल जाते थे |

 

भद्रजन

भद्रजन उस तरह
नही खाँसते
जैसे गाँव का कोई आदमी
खाँसता है

भद्रजन खांसी को
कलात्मक बना देते हैं
वे इतने धीमें-से खाँसते हैं कि
पास के आदमी को पता
नहीं चलता है

गाँव का आदमी अपनी अभिव्यक्ति
को छिपा नहीं पाता और
वेग के साथ खाँसता है
लोग सुन कर डर जाते हैं

वे अपनी स्वाभाविक क्रिया
स्थगित नहीं करते

भद्रजन भले ही उनका
मजाक  उड़ायें वे उनकी
परवाह नहीं करते

गाँव का आदमी
जैसे होता है वैसा दिखता है
लेकिन भद्र आदमी को सभ्य
होने का नाटक करना
पड़ता है

 

महान कवियों

महान कवियों !
ऐसी भाषा में मत लिखो
कि जिसके लिये हमें अनुवाद की
जरूरत पड़  जाय
अपनी भाषा में विदेशी शब्द
और बिम्ब मत आयातित करो

तुम जिन लोगों के बीच रहते हो
उनकी भाषा में लिखो
उनके दुख दर्द की बातें करो
बौद्धिकता और मैनेरिज्म दिखा कर
हमे चमत्कृत मत करो

इतना जटिल लिखोगे तो हम
तुम्हें पढ़ना बंद कर देंगे

तुम्हारी कविताएं किताबों में
कैद होकर रह जाएंगी
पढ़ने के लिये कोई नहीं खोलेगा
कोई पन्ना

हमारे सामने महानता का ढोंग
मत करो
न दिखाओ देह मुद्राएं
हमने बड़े-बड़े  विदूषक देखे हैं

एक अच्छे कवि की तरह
कविता–पाठ करोगे तभी हम
तुम्हें सुनेंगे

 

अपनी तरह से लिखना

सब लोग अपनी अपनी
तरह से लिखते हैं

कुछ लोग इतने इत्मीनान के साथ
लिखते हैं कि अगर उन्हें
तीन घंटे की परीक्षा में बैठा
दिया जाय तो वे छः घंटे में
प्रश्नपत्र नहीं हल कर सकते

कुछ लोग लिखने में हड़बड़ी करते हैं
उनके बारे में पिता कहते थे कि वे
नौ माह के पहले इस दुनिया में
आ गये थे और अपना हुनर दिखाते
रहते हैं
अगर उन्हें सड़क पार करनी हो तो
दुर्घटनाओं की परवाह नहीं करते
कूद कर निकल जाते हैं

पिता की लिखावट इतनी साफ थी कि
उसे नजर का चश्मा उतार कर
पढ़ा जा सकता था
लेकिन मैं इतना नाकारा निकला कि
अपने लिखे हुये को नहीं पढ़ पाता था

मनोवैज्ञानिक बताते हैं कि
जो जिस प्रकृति का होता है
उसका प्रमाण उसके लिखे हुये में
दिखाई देता है

बड़े-बड़े अपराधियों को उनके लिखने
के आधार पर पकड़ा जा सकता है

जबसे मुझे इस तथ्य का पता लगा
मैं सावधान होकर लिखने लगा।

 

हाजिरजबाबी

दस मील पैदल चलने के बाद
जब पिता इजलास पर पहुंचे
तो हाकिम ने फ़ाइल देखते हुए कहा
कुछ पढे लिखे हो

पिता ने जबाब दिया
पढे लिखे होते तो आपकी
कुर्सी पर न बैठे होते

पिता का जबाब सुनकर
मनहूस-सा दिखनेवाला हाकिम
ठठा कर हँस पड़ा
बोला- भले ही मैं पढ़ा लिखा हूँ
लेकिन तुम्हारी तरह हाजिरजबाब
नहीं हो सकता

अपनी हाजिरजबाबी की बदौलत पिता
मुकदमा जीत गये थे

पिता की हाजिरजबाबी जवार में
मशहूर थी
वे अपने इस हुनर से  बड़े-बड़े
मसले सुलझा देते थे

एक दिन कहने लगे कि
जब यमराज आएगा तो उसे भी
उस हाकिम की तरह लाजबाब
कर दूंगा।

 

पक्षियों को बुलानेवाला आदमी

मेरे गाँव में एक आदमी रहता था
जिसके बुलाने से पक्षी पेड़ों से
उतर आते थे
वे उसके कंधे और हथेली पर
बैठ जाते थे

वह पंख की तरह हाथ फैलाता था
पक्षी उसकी तरफ आने लगते थे
वह अपने कंठ से विभिन्न पक्षियों की
आवाज निकालता था
जैसे वह आदमी न होकर कोई
परिंदा हो

मैं उसकी तरह बनना चाहता था
लेकिन माँ कहती थी, उसके लिये तुम्हें
पक्षियों की बोली–बानी समझनी
पड़ेगी
उनकी तरह उड़ना सीखना होगा
और यह कठिन काम है

मेरी जिद्द थी कि मैं भी
पक्षियों को बस में करने का हुनर
हासिल करूंगा

मैं उससे पक्षियों को बुलाने
की कला सीखने लगा
इसी बीच बहेलिये आ गये

उनके कंधों पर तीर –धनुष नहीं
बंदूके थीं और आंखे हिंसा से
भरी हुई थीं

उन्हें देखकर पक्षी जंगल की तरफ
उड़ गये और वह आदमी भी
अचानक गुम हो गया |

 

सुनयना मजूमदार

अपने युवा दिनों में
कितनी शोख और दिलकश
दिखती थी सुनयना मजूमदार

नाभि दर्शना साड़ी पहने
जुड़े में वेणी लगाए
वह जब हौले-हौले चलती थीं
तो लोगों की साँसे रुक जाती थीं

किसी संगीत सभा में जब वह
रबीन्द्र संगीत गाती थीं तो उनके
कंठ में सरस्वती उतर आती थी
लोग हो जाते थे विस्मित

जब वह चलती थी तो देह की धारियाँ
सुडौल नितंबों के साथ लय में
हिलती थी

उम्र के साथ उनकी देह बोझिल
हो गयी है
चेहरे पर पहले जैसी रौनक
नहीं रही
अब उनका सांवला रंग भी गाढ़ा
होता जा रहा है
वह पचास की उम्र लांघ चुकी हैं
दाम्पत्य ने उनका सौन्दर्य ही नहीं
खिलंदड़पन भी छीन लिया है

किसी वक्त गौरैये की तरह फुदकती थी
सुनयना मजूमदार
अब पहले जैसी फुर्ती नहीं रही

मेरे ख्वाबों के राहगुजर पर वह
अक्सर दिखाई दे जाती हैं
मेरे हाथों में हाथ डाले, तनिक मुझे
झुका कर मेरे कानों में प्रेम का
कोई न कोई मंत्र फूँकती रहती हैं

 

यातायात

जो पैदल चलते थे
उनके पास स्कूटर हैं
स्कूटर सवार लोग तरक्की करके
कार चालक हो गये हैं

जिनके पास कार थी
उनमें से कई लोग हवाईजहाज
से उड़ने लगे हैं

यातायात के साधन बदलने से
लोग भी बदल गये हैं
जिनके पास कार है वे कार विहीन
लोगों से दूर रहते हैं

रास्ते में कोई मिल जाय तो
कार का रास्ता बदल देते हैं

हवा में छलांग लगानेवाले प्रभुजन
इतना ऊंचा उड़ते हैं कि उन्हें
बाकी लोग चीटियों जैसे लगते हैं

इस आधुनिक समय में आदमी
आदमी नहीं रहा                                        यातायात का गुलाम बन गया है

****

स्वप्निल श्रीवास्तव
510 – अवधपुरी कालोनी – अमानीगंज
फैजाबाद – 224001
मोबाइल 91+ 9415332326

Tags: Swapnil Shrivastavaअनहद कोलकाता Anhad Kolkata हिन्दी बेव पत्रिका Hindi Web Magzineकवितासमकालीन कवितास्वप्निल श्रीवास्तवस्वप्निल श्रीवास्तव की कविताएँ
ShareTweetShare
Anhadkolkata

Anhadkolkata

अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें। प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।

Related Posts

​ऐनी कार्सन का पेरिस रिव्यु पत्रिका के लिए लिया गया साक्षात्कार

​ऐनी कार्सन का पेरिस रिव्यु पत्रिका के लिए लिया गया साक्षात्कार

by Anhadkolkata
October 11, 2026
0

यह अनुवाद प्रतिष्ठित पत्रिका पेरिस रिव्यु से साभार लिया गया है। यह साक्षात्कार विल ऐटकिन ने साल 2002 में लिया था। अनुवाद: शुभ चक्रबर्ती   ANNE CARSAN...

वह जो उनका अक्षय आश्रय है : शुभ चक्रबर्ती

वह जो उनका अक्षय आश्रय है : शुभ चक्रबर्ती

by Anhadkolkata
October 9, 2026
0

वह जो उनका अक्षय आश्रय है शुभ चक्रबर्ती विल्फ्रेड ओवेन ​युद्ध में युवा कवि विल्फ्रेड ओवेन की असामयिक मृत्यु के बाद उनकी माँ, सुज़ैन एच. ओवेन...

लोचन कोना – तीसरी किस्त – प्रफुल्ल कोलख्यान

लोचन कोना – तीसरी किस्त – प्रफुल्ल कोलख्यान

by Anhadkolkata
October 7, 2026
0

  सब से कठिन और कंटीला सवाल ---- हिंदी का अधिकतर लेखक हिंदी का पाठक क्यों नहीं रहा! यह तो चित्रगुप्त ही जानते हैं कि पहले...

वह भागी थी

वह भागी थी

by Anhadkolkata
October 6, 2026
0

संदीप तोमर ‘वह भागी थी’ केवल किसी लड़की के घर छोड़ देने की कहानी नहीं है, बल्कि यह उस समाज की परतों को खोलने वाली कथा...

चन्दन कुमार की कविताएँ

चन्दन कुमार की कविताएँ

by Anhadkolkata
October 5, 2026
0

चन्दन कुमार चन्दन कुमार की कविताओं में समकालीन सामाजिक-राजनीतिक यथार्थ के प्रति तीखा प्रतिरोध दिखाई देता है। कवि का मूल सरोकार समानता, स्त्री-मुक्ति, जाति-विरोध, लोकतांत्रिक अधिकार...

Next Post
​ऐनी कार्सन का पेरिस रिव्यु पत्रिका के लिए लिया गया साक्षात्कार

​ऐनी कार्सन का पेरिस रिव्यु पत्रिका के लिए लिया गया साक्षात्कार

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अनहद कोलकाता साहित्य और कलाओं की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है। डिजिटल माध्यम में हिंदी में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ‘अनहद कोलकाता’ का प्रकाशन 2009 से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है। यह पत्रिका लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रगतिशील चेतना के प्रति प्रतिबद्ध है। यह पूर्णतः अव्यवसायिक है। इसे व्यक्तिगत संसाधनों से पिछले 12 वर्षों से लागातार प्रकाशित किया जा रहा है। अब तक इसके 500 से भी अधिक एकल अंक प्रकाशित हो चुके हैं।

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.

No Result
View All Result
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.