• मुखपृष्ठ
  • अनहद के बारे में
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक नियम
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
अनहद कोलकाता
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
No Result
View All Result
अनहद कोलकाता
No Result
View All Result
Home कविता

सुरेन्द्र प्रजापति की कविताएँ

समकालीन कविताई

by Anhadkolkata
November 19, 2026
in कविता, लेखक
A A
0
Share on FacebookShare on TwitterShare on Telegram

सुरेन्द्र प्रजापति

सुरेन्द्र प्रजापति की कविताओं में समकालीन समाज, सत्ता, लोकतंत्र और मनुष्य की स्वतंत्रता से जुड़े प्रश्न एक गहरे राजनीतिक एवं मानवीय सरोकार के साथ उपस्थित होते हैं। उनकी कविता सत्ता के उस दोहरे चरित्र को उजागर करती है, जिसमें जनतंत्र की भाषा के भीतर दमन, हिंसा, असहमति का निषेध और नागरिक अधिकारों का संकुचन छिपा रहता है। ‘छद्म जनतंत्र का उदय’, ‘वे डरते हैं’, ‘साजिश’ और ‘वे जिंदा हैं’ जैसी कविताएँ सत्ता के दमनकारी चरित्र के बरक्स जनप्रतिरोध, क्रांतिकारी चेतना और शहादत की स्मृति को प्रतिष्ठित करती हैं। चे ग्वेरा, चंद्रशेखर, सुभाष और चारु मजुमदार जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के माध्यम से कवि संघर्ष की उस परंपरा को याद करता है, जिसे सत्ता बार-बार मिटाने की कोशिश करती है, लेकिन जो जनता की सामूहिक चेतना में जीवित रहती है। उनकी कविता का वैचारिक आधार स्पष्ट रूप से जनपक्षधर है। इसमें भूख, श्रम, शोषण, अन्याय और लोकतांत्रिक संस्थाओं के भीतर पनपते अंतर्विरोधों की पहचान करने की बेचैनी है।

विशेष रूप से ‘धूमिल को पढ़ते हुए’ कविता में कवि की रचनात्मक और वैचारिक दृष्टि का व्यापक विस्तार दिखाई देता है। यह कविता धूमिल की काव्य-परंपरा से संवाद करते हुए समकालीन भारतीय समाज, राजनीति, भाषा और नागरिक चेतना की पड़ताल करती है। यहाँ कवि केवल व्यवस्था की विसंगतियों पर सवाल नहीं उठाता, बल्कि मनुष्य के भीतर मौजूद सुविधाभोगी मानसिकता, अवसरवाद और समझौतापरस्ती को भी कठघरे में खड़ा करता है। कविता की एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि यह है कि वह प्रतिरोध को केवल राजनीतिक नारे या बाहरी संघर्ष तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उसे आत्मालोचन और नैतिक जवाबदेही से भी जोड़ती है। हालाँकि कहीं-कहीं वक्तव्यपरकता, विचारों की पुनरावृत्ति और सीधे निष्कर्ष तक पहुँचने की प्रवृत्ति कविता की संवेदनात्मक संभावनाओं को सीमित करती है, फिर भी इन कविताओं में अपने समय के प्रति सजगता, अन्याय के विरुद्ध आक्रोश और एक अधिक मानवीय समाज की आकांक्षा स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। सुरेन्द्र प्रजापति की कविता मूलतः उस पक्षधरता की कविता है, जो साहित्य को केवल सौंदर्याभिव्यक्ति नहीं, बल्कि अपने समय के प्रति जवाबदेही का माध्यम मानती है।


छद्म जनतंत्र का उदय

​राज्य के मुख्यमंत्री ने
एक दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई,
अपने काम और कुर्सी की महिमा गाई।
फिर एक साधारण प्रश्न उठाने पर
एक महिला पत्रकार की देह को खूब फेंटा,
फिर प्रांतीय जनता के नाम एक संदेश टेका—
कि अब दंगा-फसाद, हिंसा, लूट नहीं होगी,
किसी स्वाभिमानिनी का नहीं होगा मान-मर्दन!

Related articles

नरेन्द्र पुंडरीक की कविताएँ

लोचन कोना -9

​नहीं होगा अब
कोई भी खून-खराबा!
एक कली जुदा होगी!
एक मस्तक शर्म से झुक जाएगा!
एक कंधा कमजोर पड़ जाएगा!
उम्मीद में तकती आँखों और शरीर को
हुक्म की जंजीर में लपेटकर
रख दिए जाएंगे सलाखों के कठोर एकांत में
या निस्तब्धता के स्याह शिविर में।

रात जज करेगी,
लोकतंत्र की धारा बोलेगी,
आदमी की प्रत्येक स्वतंत्रता को
मानचित्र से
खरोंच-खरोंच कर निकाल दिया जाएगा।

​और एक काली रात में
सभी ईमानदार तर्कों को
कब्र में दफन कर दिया जाएगा,
उम्मीद को मिटा दिया जाएगा कला की दुनिया से।
न्याय में रोटी नहीं, प्रशस्ति के नारे गूँजेंगे

 

जयघोष में कवि मुस्कुराया

​दुश्मन पहली बार तब डरा,
जब कवि ने इंकलाब लिखा

कविता की पंक्तियाँ
अमर गीत बनकर गूँजीं,
जब कविता अस्त्र बन गई

​उन्होंने हमारे प्रखर कवि को
कैद किया, यातनाएँ दीं,
राजपथ पर फाँसी पर चढ़ाया

​जनता अमर जयघोष करती है,
जयघोष में अमर कवि मुस्कुराता है।

 

वे डरते हैं

​तुम्हारी समाधि पर जाने से,
अमर बलिदान को याद करने से,
कुछ लोग डरते हैं

​डरते हैं कि तुम्हारे सपने
सर्वहारा के खून में उबाल न ला दें,
भूख और शोषण के विरुद्ध
क्रांति की हुंकार न बन जाएँ

​वे कहीं टैंकों, गोला-बारूद,
विशाल फ़ौज से
हुहुआती सभ्यता और सत्ता की मौज से
डरना छोड़ न दें,
उसके तमाम षड्यंत्रों और सख्त आदेशों को
व्यवस्था पर ही मोड़ न दें

​वे डरते हैं
कि कहीं गरीब का विद्रोही रक्त
उनके चेहरे को रंगकर
उनकी आत्मा को कायर न बना दे

​वे डरते हैं
कि कहीं मुखर होती जनता की कविता के शोर में
वे दबकर मारे न जाएँ।

 

​साजिश

​मैं शिविरों में
उन सिसकियों को भी सुनता हूँ,
जो देश के लिए साजिश रचते हुए
मारे गए

​इतिहास गवाह है—
कई-कई युद्ध
ऐसी ही वफादारियों पर हारे गए।
​

वे जिंदा हैं

​मारने के लिए
एक तमंचे से भी जान ले सकते हो,
लेकिन चे ग्वेरा और चंद्रशेखर को
कितनी बार कब्रों में सुलाया गया?

​वे जिंदा हैं आज भी,
नंगे पाँव संघर्ष करते हुए

जिंदा हैं सुभाष, चारु मजुमदार,
मुक्ति और अधिकार के लिए बढ़ते
नारों और इंकलाबों में
वे आज भी जिंदा हैं।

 

धूमिल को पढ़ते हुए

एक जनवादी कविता को पढ़ते हुए मैने जाना
कि शब्दों में रफ़्तार तब आती है
जब आदमी वस्त्रों से नहीं हवस से नंगे हो जाते है
और सुबह काम पर निकली हुई लड़की
शाम को पूर्ण औरत बनकर लौटती है

मै अपनी कविता में भूख के बाद अदालत लिखता हूँ
जहाँ कटघरे में खड़ा आदमी
अपने ही पक्ष में गवाही देने से डरता है
लज्जित दिवार की खिड़की से ताकता है
उस भाषा में मिमियाता है
जिसमें दोगलेपन की फांस लगी हुई है
उस विपति को महसूसता है और तिल तिल मरता है

एक महान लेखक की कालजयी किताब
पढ़ते हुए बंद किया तो लगा,
मेरे आसपास बहुत कुछ खुल गया है,
महज एक बिखरा हुआ अतीत
चमकते चालबाज रंगो की फिरकी में
जहाँ अनगिनत चेहरे बदबूदार अंधेरे में
सिर्फ शोर मचा रहे हैं।

श्रमिकों के हाथ से बने शिल्प देखते हुए
मेरे देश की संसद की दीवारों पर
टँगे चित्र मुझे घूरने लगे,
संविधान की जिल्द के भीतर
कुछ चीख, कुछ कराहें सुनाई देने लगीं,
और लोकतंत्र मेरे दरवाजे पर खड़ा
असहमति में पूछने लगा— भाई,
तुम्हारे हिस्से की आजादी आखिर किसके खाते में जमा है?

मैंने कहा— मेरे पास एक वोट है,
एक राशन कार्ड, कुछ अधूरे सपने
और अपने बच्चों की फीस के लिए
उधार माँगने की आदत,
मालिकों के आदेश पर जीने की लत,
और मेरे विरुद्ध रचे गए षड्यंत्रों का कसैला स्वाद

वह हँसा उस आदमजात की तरह
जो अपनी भाषा की मर्यादा में
कुछ इस तरह की डिंगे हाकता है कि
उसके सभ्रांत चेहरे पर चढ़ा
निर्लजता की बारीक झीली न उतर जाए
जिसमें एक भगाई गई लड़की को भोगने के एवज में
एक शानदार डिनर कराया था
उसकी हँसी में
किसी मंत्री या अफसर का छद्म आत्मविश्वास था
और किसी भूखे आदमी की टूटती हुई हड्डियों की आवाज।

एक जनवादी कवि की कविता पढ़ते हुए बार-बार लगा कि शब्द भी अपराधी हो सकते हैं,
अगर वे सच जानते हुए चुप रहने का फैसला करते हैं
अपराधियों की भीड़ में गूंगेपन के साथ लड़ता है
और सच का चेहरा टटोलते हुए
अपने ही मक्कार हृदय में शूल की तरह गड़ता है

और चुप्पी?
वह तो सबसे पुराना सरकारी कर्मचारी है,
हर शासन में नियुक्त,
हर अन्याय में उपस्थित,
हर प्रतिरोध के समय अचानक छुट्टी पर

मैंने सड़क पर देखा—
एक आदमी अपनी पीठ पर दिन भर की मजदूरी ढो रहा था,
दूसरा आदमी
उसी मजदूरी से अपनी तिजोरी का वजन बढ़ा रहा था
एक तीसरा आदमी भी था
जो शांति, सम्मानता और समर्पण का रेखाचित्र बना रहा था

उनके बीच एक अदृश्य संविधान था,
जिसकी धाराएँ पहले आदमी की देह पर लिखी थीं और दूसरे आदमी की सुविधा के लिए बार-बार संशोधित होती थीं
तीसरे आदमी के लिए एक निर्भीक जनादेश बनता था,

मैंने पूछा— यह कैसा इंसाफ है?
कैसा जनतंत्र?
सड़क ने कहा— तुम्हें जल्दी किस बात की है?
यहाँ फैसले आने से पहले पीढ़ियाँ बूढ़ी हो जाती हैं
एक आदमी की लाश को दस बार दफनाया जाता है।
देश के फ़टे नक्शे पर देशभक्ति का जश्न मनाया जाता है

उस कालजई कविता को पढ़ते हुए
मैंने जाना कि भूख कोई अमूर्त विचार नहीं है,
वह बच्चे की कॉपी में छूट गई फीस है,
किसान की आँख में अगली बारिश का इंतजार है,
मजदूर की हथेली पर फटती हुई एक लकीर है, और उस औरत की खामोशी है
जो चूल्हे की राख कुरेदकर बच्चों से कहती है—
आज भूख नहीं लगी है मुझे,
तुम सब खुश हो मेरा पेट भर गया

भाषणों में भूख का कोई चेहरा नहीं होता
और न चेहरे की शिनाख्त,
वहाँ केवल आँकड़े होते हैं,
और आँकड़ों को
कभी रात में रोते हुए नहीं सुना गया,
कभी नहीं देखा गया
न्याय के आगे स्वतंत्रता को खड़ा होते

मैं एक दैनिक अखबार खोलता हूँ
वहाँ विकास मुस्कुरा रहा था,
उसके पीछे एक गाँव था
जहाँ तक जाने वाली सड़क कागज पर बनी थी,
एक स्कूल था
जहाँ बच्चों से अधिक दीवारें उपस्थित थीं,
एक अस्पताल था
जहाँ दवा से पहले आदमी की जेब की तलाशी ली जा रही थी,
एक सामुदायिक भवन था
जहाँ कुछ आभागे लोग ताश की पत्तियाँ फ़ेंक रहे थे,
और एक ओर कुछ बच्चे धूल-मिट्टी में खेल रहे थे

मैंने अखबार मोड़ दिया,
लगा जैसे एक सदी बंद हो गई
शताब्दियाँ भी इसी तरह बंद होती आ रही है आजतक,
सिर्फ काल का पृष्ठ मोड़ना पड़ता है

सच झूठ की तरह और झूठ सच की तरह परखा गया
बार-बार
सच इतना सस्ता भी नहीं था
कि उसे हर सुबह रद्दी के भाव बेच दिया जाए
और झूठ इतना बेसकीमती नहीं
कि जौहरी उसका दाम लगाए

उस कविता को पढ़ते हुए
मैंने भाषा के चेहरे पर एक अजीब-सी थकान देखी,
देखा_ऐश्वर्य को कुटिलता के साथ मुस्कुराते हुए

वही भाषा
जिससे कभी आदमी ने अपने दुःख को पहचाना था,
अब उसी से उसके दुःख को योजना,
उसकी बेबसी को उसकी नियति,
उसकी भूख को समस्या और उसके गुस्से को
कानून-व्यवस्था का सबसे बड़ा संकट कहा जा रहा था

शब्द बदल गए थे,
इसलिए अन्याय अपना चेहरा बचाए हुए था

अब शोषण शोषण की तरह नहीं आता,
वह अवसर बनकर आता है
आदेश आश्वासन बन कर आता है
लूट नीति बनकर आती है
जुल्म पुरस्कार बन जाता है
डर अनुशासन कहलाता है

और आदमी से कहा जाता है— तुम स्वतंत्र हो,
बस अपनी आवाज की सीमा पहचानते रहना।
आदमी हों तो आदमी की तरह वफ़ादारी निभाते रहना,
मैं सोचता हूँ,
क्या लोकतंत्र में सिर्फ सवाल पूछना पर्याप्त है?
या असहमत होना विद्रोह?

क्या सवाल पूछने वाले आदमी को
यह भी नहीं पूछना चाहिए कि
उसके सवालों के जवाब किसकी मेज पर दम तोड़ देते हैं?

किसी दिन अगर भूख संसद तक पहुँच जाए,
अगर खेतों की दरारें राजधानी की सड़कों पर उभर आएँ,
अगर मजदूर के फटे जूते किसी बड़े समारोह के मंच पर रख दिए जाएँ,
तो क्या व्यवस्था उन्हें भी प्रतीक बनाकर
अपने भाषण में शामिल कर लेगी?

मुझे डर है— वह ऐसा कर सकती है

यह समय दुःख को भी उत्सव में बदलने की कला जानता है
सच को झूठ की तरह और झूठ को सच की तरह कहने में माहिर है

यहाँ आँसू कैमरे के सामने बहाए जाते हैं,
और रोटियाँ कैमरे के पीछे गिनी जाती हैं
सार्वजनिक मंचों पर एक मलीन बच्चे को गोद लिया जाता है
फिर अपने आवास पर लौटकर
भदी गालियाँ देते हुए
विलासिता के साबुन से
रगड़-रगड़ कर नहाया जाता है

उस महान कविता को पढ़ते हुए मैं अपने भीतर झाँकता हूँ
निर्लज्ज आँख से कुछ चलते फिरते मुर्दों को ताकता हूँ

वहाँ एक आदमी बैठा है,
जो अन्याय से नाराज तो है लेकिन
अपनी सुविधा की दीवार गिराने को तैयार नहीं

वह असहमति के खतरे को जानता है
और चुपचाप एक चापलूस नागरिक बन जाता है

वह क्रांति पर बात करता है,
मगर अपने घर में बराबरी से डरता है

वह मजदूर के पक्ष में लिखता है,
मगर अपने हिस्से की सत्ता छोड़ना नहीं चाहता

वह सच का सम्मान करता है,
बशर्ते सच उसके विरुद्ध गवाही न दे

मैं उस आदमी से पूछता हूँ— “तुम किसके पक्ष में हो?”

वह देर तक चुप रहता है

उसकी चुप्पी में मेरी अपनी आवाज फँसी हुई है

तब समझ में आता है
कि व्यवस्था केवल बाहर नहीं होती,
वह हमारे भीतर भी अपना छोटा-सा दफ्तर खोल लेती है
हमारे भीतर का सॉफ्टवेयर संसद से सीधा कनेक्ट होता है

वहाँ हम रोज अपने समझौतों पर हस्ताक्षर करते हैं और
आत्मसम्मान की फाइल अगली तारीख के लिए टाल देते हैं

मै धूमिल को पढ़ता हूँ,
पढ़ते हुए मैं किसी कवि की समाधि पर फूल चढ़ाने नहीं आया हूँ

मैं जानता हूँ, मरे हुए कवियों को सम्मानित करना आसान है,
उनके सवालों के सामने जिंदा खड़े रहना बड़ा कठिन

कविता को पाठ्यक्रम में रखना आसान है,
कविता को अपने आचरण में उतारना और कठिन

प्रतिरोध पर तालियाँ बजाना आसान है,
प्रतिरोध की कीमत चुकाना जीवन का बहुत बड़ा जोखिम

और सच बोलने वाले का स्मारक बनाना आसान है,
उसके सच को स्वीकार करना यानी
अपने गले में फांसी का फंदा डालना है

और इसलिए धूमिल को पढ़कर
मैं उस बेचैनी को बचाना चाहता हूँ जो
आदमी को अपने समय का गवाह बनाती है

मैं चाहता हूँ कि मेरी कविता में खेत की मिट्टी बोल सके,
मजदूर की हथेली अपना इतिहास लिख सके,
और वह स्त्री
जिसकी पीड़ा को सदियों से घर की इज्जत कहकर ढका गया,
एक दिन अपने दुःख को खुद से पहचान सके

मैं चाहता हूँ कि
कविता किसी सिंहासन के सामने सिर झुकाने के बजाय
उस जमीन को पहचाने
जिस पर खड़े होकर सिंहासन अपनी ऊँचाई का दावा करता है

क्योंकि जब आदमी की आवाज
उसकी अपनी देह से बेदखल होने लगे,
जब रोटी से बड़ा रोटी का विज्ञापन हो जाए,
जब सवाल से अधिक महत्वपूर्ण सवाल पूछने वाले का परिचय हो जाए,
तब कविता को सुंदर होने से पहले ईमानदार होना पड़ेगा

कविता लिखना सिर्फ अपने भीतर उतरना नहीं है,
अपने भीतर छिपे हुए डर, लोभ और झूठ को पहचानना भी है

और व्यवस्था से सवाल करना तभी सार्थक है
जब आदमी अपने भीतर बैठी छोटी-सी व्यवस्था से भी सवाल करने का साहस जुटाए

मैं किताब बंद करता हूँ

बाहर रात है। चहुओर घना अंधेरा पसर रहा है

एक मजदूर दिन भर की थकान लेकर घर लौट रहा है,
एक किसान आकाश में बादल खोज रहा है,
एक स्त्री आधी रोटी बच्चों में बाँट रही है,
और एक नौजवान अपनी डिग्री हाथ में लिए
अगली सुबह का रास्ता देख रहा है

इनमें से किसी ने मेरी कविता नहीं पढ़ी

लेकिन मेरी कविता को इन सबके प्रति जवाबदेह होना है।

मैं कलम उठाता हूँ

अब मेरे सामने कोई कवि नहीं, मेरा समय खड़ा है

और समय किसी प्रशंसा-पत्र की तरह दीवार पर टाँग देने की चीज नहीं है।

उसे पढ़ना पड़ता है, उससे भिड़ना पड़ता है,
और कभी-कभी उसके विरुद्ध
अपने ही नाम के नीचे हस्ताक्षर करना पड़ता है।


सुरेन्द्र प्रजापति
जन्म- 8 अप्रैल 1985
आवासीय पता:-
घर-असनी, पोस्ट-बलिया
थाना-गुरारू, जिला-गया, बिहार
पिन न. 824205
ईमेल-surendraprar01@gmail.com
Mob. 7061821603
9006248245
पिता-स्व०.जगदीश
माता-स्व०.मैना देवी
शिक्षा-मैट्रिक

शौक-साहित्य की पुस्तकें पढ़ना, कहानी कविताएं लिखना,
ग्रामीण चहल-पहल, धरती, प्रेरणा अंशु एवं कुछ पत्र पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित। समालोचन, पुरवाई, पहलीबार, अनहद कोलकाता, साहित्य रचना जैसे महत्वपूर्ण बेव पोर्टल पर रचनाएं प्रकाशित।

एक कविता संग्रह –उम्मीद की किरणें – न्यू वर्ल्ड पब्लिकेशन से 2026 में प्रकाशित।

Tags: अनहद कोलकाता Anhad Kolkata हिन्दी बेव पत्रिका Hindi Web Magzineसमकालीन कवितासुरेन्द्र की कविताएँ सुरेन्द्र प्रजापति हिन्दी कविता . युवा कविता Surendra Prajapati Hindi Poetry Vimlesh Tripathiसुरेन्द्र प्रजापति की कविताएँहिन्दी कविता Hindi Poetry
ShareTweetShare
Anhadkolkata

Anhadkolkata

अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें। प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।

Related Posts

नरेन्द्र पुंडरीक की कविताएँ

नरेन्द्र पुंडरीक की कविताएँ

by Anhadkolkata
November 18, 2026
0

नरेन्द्र पुंडरीक की कविताओं में गाँव, नदी, पेड़ और पिता बार-बार लौटते हैं। भाषा सीधी और बोलचाल की है। कवि न अलंकार गढ़ता है, न बड़े...

लोचन कोना -9

लोचन कोना -9

by Anhadkolkata
November 18, 2026
0

लोचन कोना -9 हिंदी साहित्य के संदर्भ से देखें तो साहित्य और समाज के गहन जुड़ाव का भक्ति काल से बड़ा दूसरा कोई उदाहरण नहीं है।...

उफान – आदित्य अभिनव

उफान – आदित्य अभिनव

by Anhadkolkata
November 17, 2026
1

आदित्य अभिनव की कहानी ‘उफान’ 1857 के विद्रोह से लेकर समकालीन भारत तक की यात्रा के माध्यम से सांप्रदायिक उन्माद, धार्मिक ध्रुवीकरण और मनुष्य की असुरक्षा...

आठ कविताएँ : राकेश रंजन

आठ कविताएँ : राकेश रंजन

by Anhadkolkata
November 16, 2026
2

राकेश रंजन राकेश रंजन की ये आठ कविताएँ हमारे समय की राजनीतिक, सामाजिक और नैतिक विद्रूपताओं के विरुद्ध प्रतिरोध की एक निर्भीक काव्यात्मक आवाज़ हैं। इनमें...

बूढ़ा आदमी और समुद्र ( The Old Man and the Sea ) – भाग -1

बूढ़ा आदमी और समुद्र ( The Old Man and the Sea ) – भाग -1

by Anhadkolkata
November 15, 2026
2

अमेरिकी उपन्यास-अंश का अंग्रेज़ी से हिंदी में अनुवाद बूढ़ा आदमी और समुद्र ( The Old Man and the Sea ) — मूल : अर्नेस्ट हेमिंग्वे —...

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अनहद कोलकाता साहित्य और कलाओं की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है। डिजिटल माध्यम में हिंदी में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ‘अनहद कोलकाता’ का प्रकाशन 2009 से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है। यह पत्रिका लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रगतिशील चेतना के प्रति प्रतिबद्ध है। यह पूर्णतः अव्यवसायिक है। इसे व्यक्तिगत संसाधनों से पिछले 12 वर्षों से लागातार प्रकाशित किया जा रहा है। अब तक इसके 500 से भी अधिक एकल अंक प्रकाशित हो चुके हैं।

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.

No Result
View All Result
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.