• मुखपृष्ठ
  • अनहद के बारे में
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक नियम
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
अनहद
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
No Result
View All Result
अनहद
No Result
View All Result
Home कथा

मुस्की भाई – सुमन शेखर

समकालीन गल्प

by Anhadkolkata
November 10, 2026
in कथा, लेखक, साहित्य
A A
0
Share on FacebookShare on TwitterShare on Telegram

सुमन शेखर

सुमन शेखर की कहानी ‘मुस्की भाई’ एक ऐसे व्यक्ति का मनोवैज्ञानिक आख्यान है, जो अपनी संभावनाओं, महत्वाकांक्षाओं और कल्पनाओं के संसार में इतना आश्वस्त है कि वास्तविक जीवन के संघर्ष और कर्म से लगातार बचता रहता है। कहानी का सबसे सशक्त शिल्पगत प्रयोग मुस्की के कटे हुए बाएँ हाथ का मानवीकरण है। यह हाथ दरअसल उसकी दबी हुई कर्मेच्छा, अधूरे सपनों, आत्मालोचना और उस रचनात्मक संभावना का प्रतीक है, जिसे मुस्की ने अपनी सुविधाजनक आत्ममुग्धता के चलते लगातार नकारा है। मुस्की की मुस्कान, उसकी लोकप्रियता, लोगों को प्रभावित करने की क्षमता और उसके चारों ओर निर्मित सकारात्मकता का संसार एक ऐसे खोखले व्यक्तित्व को उजागर करता है, जिसकी सामाजिक स्वीकार्यता और वास्तविक उपलब्धियों के बीच गहरी खाई है। कहानी इस विडंबना को भी बखूबी पकड़ती है कि हमारा समाज अक्सर काम करने वाले व्यक्ति से अधिक काम करने की क्षमता का प्रदर्शन करने वाले व्यक्ति से प्रभावित होता है। हालांकि, कुछ प्रसंगों में प्रतीकात्मकता और व्यंग्य की पुनरावृत्ति कथा की धार को थोड़ा कम करती है तथा मुस्की के चरित्र की जटिलता को एक निश्चित नैतिक निष्कर्ष की ओर धकेलती है। फिर भी कहानी की वास्तविक उपलब्धि यह है कि वह मुस्की को महज एक छलपूर्ण या परजीवी व्यक्ति के रूप में नहीं देखती, बल्कि उसके भीतर मौजूद भय, अकेलेपन, आत्मवंचना और अस्वीकार किए गए आत्म के द्वंद्व को भी सामने लाती है। अंततः ‘मुस्की भाई’ केवल एक व्यक्ति की कहानी नहीं रह जाती, बल्कि उस समय की रचनात्मक संस्कृति पर तीखा प्रश्न बन जाती है, जहाँ प्रतिभा का दावा, अनुभव का प्रदर्शन और लोकप्रियता अक्सर वास्तविक सृजन तथा श्रम का स्थानापन्न बन जाते हैं।

मुस्की भाई

सुमन शेखर


“उसका हाथ कट गया था, वह गलियों-गलियों भागता रहा, उसका हाथ गलियों-गलियों तक उसका पीछा करता रहा। तो बस यही है कहानी” पकौड़े की दुकान पर बैठे शिवधर ने कहा।

शिवधर उसका मकान मालिक है, साथ में मछली का छोटा सा व्यापारी भी है। छोटे कद का, गहरा सांवला रंग, घनी सफ़ेद मूँछें, बड़ी आँखें, चटकीले बाल, मोटी चर्बी। जब वो बोलता है उसकी आँखें सबसे ज़्यादा नज़र आती है, मुंह कम खुलता है, नाक और ज़्यादा खुल जाती है।

Related articles

चारुमित्रा की कविताएँ

छुंईं की कुटयारी- रुचि बहुगुणा उनियाल

“इतनी सुबह अभी वो क्या कर रहा होगा मामा!” पकौड़ी का माल बनाने वाले बुजुर्ग ने उत्सुकता से पूछा।

“अभी? अभी कितना बजा चाहता है?” शिवधर ने पकौड़ी का आखिरी टुकड़ा मुंह में भरते हुए पूछा।

“साढ़े आठ।” अभी-अभी दुकान पर खड़े हुए लड़के ने मोबाईल देखते हुए जवाब दिया। शिवधर ने उसे ऊपर से नीचे तक घूरा।

“अभी अब घर लौटने वाला होगा, दस बजते सो जाएगा, फिर शाम पाँच के करीब उठेगा और फिर वही कहानी। वह आगे-आगे, उसका हाथ पीछे-पीछे” शिवधर ने कहा।

“यहाँ एक-दो बार वो आया है। जैसे पुलिस और आर्मी की अपनी वर्दी होती है, उसकी भी वर्दी है, भीड़ में भी दिख जाता है।हाथ पर मैंने कभी ध्यान नहीं दिया…” बेसन में कांदा और मसाला गाढ़ा कर घुलाते हुए बुजुर्ग ने कहा।

“अच्छा है, यहाँ नहीं आता है। बचे हो। आकर बैठा तो उठेगा नहीं।” शिवधर ने अखबार के टुकड़े से मुंह पोंछते हुए कहा।

“इतना खाएगा! अरे बाप रे” दुकान पर खड़े उसी मोबाईल वाले लड़के ने हैरानी से पूछा।

“खाएगा तो कुछ नहीं, हाँ दो कप चाय पिएगा, साथ में चार दोस्त होंगे। दो कप चाय की कीमत को दो घंटे यहाँ बैठे रहकर वसूलेगा” शिवधर ने अखबार को गोल कर सड़क पर फेंक दिया। शिवधर बोलकर गुजरते हुए लोगों को हाथ उठाकर बीच-बीच में अपनी उपस्थिति भी दर्ज़ कराता जा रहा था।

थोड़ी देर बाद पिछली भीड़ हटी, नई भीड़ ने जगह बना लिया। शिवधर अब भी वहीं था। यहीं बैठे उसकी उसकी मछलियाँ लोड-अनलोड हो जाती थी। यहीं दुकान पर बैठे वह पूरे मोहल्ले की खबर रखता था। यहीं दुकान पर बैठे उसने एक रहस्य पर से पर्दा भी हटा दिया।

ज़िन्दगी ऐसी ही है। हम किसी के बारे कितना भी जान लें, कितने ही विवरण सुना दें, कुछ न कुछ हमेशा बचा रह जाएगा।कई ज़रूरी बातों को कहने पर भी कुछ बड़ा रहस्य, कुछ और ज़रूरी बातें बची रह जाएगी। यह कहना कि फलां व्यक्ति यहां पैदा हुआ और वहां गया, उसने यह किया और वह किया, उसने इस महिला से शादी की और उसके इतने बच्चे हुए, वह जीया, वह मरा, उसने ये किताबें या यह लड़ाई या वह पुल पीछे छोड़ा – इनमें से कोई भी बात हमें बहुत कुछ नहीं बताती। मैंने पढ़ा था। इसी तरह मुझे लगता है कि मुस्की के बारे में बहुत सी बातें कहने पर भी अधिकांश बच ही जाएंगी।

उसको उसके दोस्त प्यार से “मुस्की भाई” कहते हैं। उसकी तारीफ़ करो या उसपर गुस्सा, वह हमेशा मुस्कुराता ही रहता है। मुकद्दस मियां बता रहे थे कि ऐसे लोगों से हमेशा बचकर रहो जो हर जगह अच्छे ही बनते हैं और हर बात पर उनका भाव एक ही रहता हो। मुस्की भी ऐसा ही है, हालांकि मुकद्दस मियां की मुस्की से कोई जान-पहचान नहीं है, कोई बात उठी थी तो उन्होंने साधारणतया अपनी राय ज़ाहिर की थी।

मुस्की अभी नया-नया इस शहर में आया। शहर आया था तो उसके पास काँधे पर केवल एक बैग था, अभी दो महीने हुए हैं और उसके काँधे पर कई जोड़ी हाथ आ गए, मजबूत हाथ।

शिवधर भाई से इसी पकौड़ी की दुकान पर सुबह-सुबह मुस्की की भेंट हुई थी, उसे कमरे की जरूरत थी, शिवधर भाई को उसमें रहने वाले की। इस तरह दोनों की बात दुकान पर हुई और बात बन भी गई लेकिन एक शर्त पर। उन्होंने कहा- “रूम में केवल दो लोग रहेंगे, वरना पानी भी ज़्यादा खपता है और संडास भी जल्दी भर जाता है। रूम में कोई कड़की नहीं है, मस्त है। सीलन फंगस से छुट्टी, टाइम पर पैसा भरो, पैसे का कोई मगजमारी नहीं चाहिए और कोई भी शिकायत हो तो सीधा मुझसे कहने का…बराबर!”

मुस्की ने मुस्कुराते हुए कहा- “अभी तो आपका ही फ़ायदा है, मैं अकेला हूँ।“ मुस्की बोलते हुए बिना वजह भी हँसता है, शिवधर भाई अगले कुछ दिन में यह बात जानने वाले थे।

शिवधर भाई ने तुरंत जाकर कमरा दिखाया। कमरे में तीन खिड़कियां थीं, लेकिन रौशनी उस खिड़की में घुसने के पहले खुद ही अंधेरे में गुम हो जाती थी। खिड़की के तुरंत बाद सटकर ही मकान था। कमरा काफी समय से बंद पड़ा था, सीलन झड़कर गिरा हुआ था, अजीब सी बदबू से लबरेज शिवधर भाई का कमरा। तारीफ़ के बिल्कुल उलट, हालांकि मुस्की ने कोई शिकायत नहीं की, हँसते हुए रूम ले लिया, डेपोजिट, रेंट लगे हाथ दिया और शिवधर भाई के वीरान पड़े कमरे का रखवाला अब से मुस्की भाई। आपको बात दूँ कि मुस्की की शक्ल भी शिवधर से मिलती जुलती थी, उम्र की वजह से चमक, चर्बी और चाल में जितना फरक हो सकता था, था।

खैर, बात हो रही थी मुस्की के हाथ की। तो कहते हैं कि मुस्की में कभी गजब का सामर्थ्य ‘था’, लेकिन एक रोज वो एक नया काम शुरू करने वाला था, उसका सारा प्लान चाय की दुकान पर ही बनता था, उस रोज भी वहीं बना। साथ में कई और भी दोस्त थे और उन्ही दोस्तों की वजह से ही प्लान बन भी पाया था। मुस्की को सालों से गुमान था कि काम उसके बाएं हाथ का है। काम शुरू करने से एन पहले उसकी हथेली टूट गई, और इस तरह मुस्की सालों से सोचते हुए काम को फिर से सोचता ही रह गया। उसकी हथेली टूटी। ज़ाहिर सी बात है कि उसे काम की आदत कभी रही नहीं। जहां-जहां मुस्की, वहाँ-वहाँ उसका हाथ।

शहर बदला तब भी हाथ ट्रेन में बैठा और मुस्की की सीट के नीचे ही पूरी रात गुजार दी, ऑटो में पीछे आकर चिपक गया और शिवधर के कमरे में खिड़की पर बाहर की तरफ लगी जाली पर चुपके से बैठ गया। मुस्की को इसका एहसास भी होता था कि हाथ ने एक मौके पर साथ छोड़ दिया, बाकी होते तो उसे मार-पीटकर फेंक देते या माफी मांगकर पास बुला लेते लेकिन मुस्की की मुस्कान ने वहाँ भी जगह बना ली और हाथ अकेला, मुस्की बिना हाथ के अकेला, अनभिज्ञ अकेला।निश्चिंत, उन्मुक्त अकेला।

मुस्की उस रोज कमरा लेते ही सुबह दस बजे सोया, शाम को पाँच बजे उसकी आँख खुली, छः बजे तक ब्रश करके नाश्ता किया, अंजान से शहर में शाम को अकेले ही बाहर निकला, शिवधर गली में ही मिल गए, उनसे मुस्कुराते हुए दो-एक बात की, और फिर चौक के नामी चाय दुकान पर अड्डा लगाया, देर होते समंदर किनारे चला गया, रात भर वहीं पड़ा रहा, सुबह होते भूख लगी तो गुरुद्वारे के पास से चाय और बिस्किट खाया, फिर थका-हारा टहलते-घूमते वापस कमरे में। तब तक आठ बज चुका था, दस बजते सोया और फिर तब से उसका वही-वही रूटीन हो गया। कितनी भी बारिश हो रही हो, समंदर नहीं छूटा, चाय की टपरी नहीं छूटी, वो तो ख़ैर छूटती भी कैसे, पहली ही शाम उसके मोबाईल में कुछ नए दोस्तों के नंबर सेव हो गए। कमरे से निकला मुस्की अब इस शहर में अकेला नहीं रह गया था.

“क्या प्लान है, करना क्या है यहाँ?” नए दोस्तों में से एक महिला दोस्त ने पूछा था।

मुस्की मुस्कुराया।

कह सकूँ तो कह दूँ! उसकी मुस्कान अच्छी ग़ज़ल सी प्यारी है, नादान है।

“तुम्हारा नाम क्या है, हमने तो पूछा ही नहीं, इतने दिन हो गए” साथी नए दोस्त ने पूछा

“जो दिल को भा जाए वही नाम हूँ मैं” बोलकर मुस्की फिर से मुस्कुराया।

“ये कौन सी बात हुई! कुछ तो नाम होगा, हममें से कोई तुम्हारा नाम नहीं जानता, सब नए दोस्त के नाम से बुलाते हैं” सांवली सी डिम्पल वाली महिला दोस्त ने शिकायती लहजे में कहा।

“नाम में क्या रखा है साहब, ये तो हमीं तय करते हैं, आँखें बंद करो, जैसा दिखूँ वही नाम रख दो” मुस्की का फिर से वही शायराना तेवर, डिम्पल वाली साथी को अपनी बाहों में भरकर केश सहलाते हुए चूमना, और डिम्पल वाली महिला दोस्त का शरमाना।

“मुस्की!” साथी दोस्तों में से एक ने चाय थमाते हुए कहा।

“हाँ ये सही है” दोस्तों में से एक सबसे शांत रहने वाले दोस्त ने कहा और सब इसपर राजी भी हुए। तब से शहर उसे “मुस्की भाई” के नाम से ही जानता है। मैं भी चूंकि उससे यही मिला हूँ तो उसके पहले का नाम नहीं जानता। जितना उसने बताया है, कहानी उतनी ही जानता हूँ और अगर थोड़ी ज़्यादा जानता हूँ तो वह मुस्की से अब थोड़ी दूर खड़े होकर देखने पर जानता हूँ। मेरी उससे कभी बनी नहीं, वही मुकद्दस मियां वाली बात, कैसे यह इंसान हर बात पर खुश रह सकता है! वो भी यायावर सा जीवन जीकर, बिना कोई काम किये इतने बड़े शहर में गुजारा कैसे कर सकता है और इसका कोई बुरा मानने वाला भी नहीं है! मतलब कोई आदमी सबकी नज़र में अच्छा कैसे रह सकता है?

वैसे इसका कारण मैं जानता हूँ अभी बताकर मज़ा खराब करना सही नहीं है।

मुझे लगता है, हर बार जब वह शहर भर में टहलता है, उसे ऐसा लगता होगा जैसे वह ख़ुद को देखने वाली आँख में बदलकर ख़ुद को सड़कों की आवाजाही के हवाले करके, उन रास्तों पर खुद को पीछे छोड़ रहा है, और ख़ुद को गुजरते जाने के जोखिम से पूरी तरह बचा रहा होता है, यह तरीका उसके भीतर अथाह ‘शांति’ भरती होगी, लेकिन मैं जानता हूँ इसे अथाह ‘ख़ालीपन’ कहते हैं…बीते महीनों में लक्ष्यहीन भटकने से सभी जगहें उसके लिए एकसमान हो गईं और अब इससे कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता कि वह कहाँ है, कौन सी जगह पर क्या किया जाना चाहिए। फिर भी उसकी आँखें जाने किस चीज़ की तलाश में हैं!

पहली शाम के बाद वह हमेशा नए-नए नंबरों को अपने मोबाईल मे सेव करता रहा और उन सबको बारी-बारी और कभी एक साथ घूमने, बैठने, मिलने, बात करने को बुलाता रहा। घंटों बातें होतीं, मुस्की के पास चुंबक से लोग चिपके रहते, मुस्की घंटों ठाठ से मुस्कुराता रहता। चाय का दौर चलता रहता।

एक बार वह कहीं से घूमता हुआ आ रहा था, मोबाईल का रिचार्ज खत्म था, किसी को बिना फोन किये, अकेला समंदर किनारे जाकर बैठ गया। यह पहली बार हुआ था कि वह अकेला था। आसपास खेल रहे बच्चों के बीच चुपचाप सा बैठा मुस्की जाने कब समंदर के भीतर चला गया और जब बाहर लौटा, उसके चारों तरफ़ भीड़ खड़ी थी। वह बहुत बुरी तरह थक गया था। रेत पर बैठते ही धम्म से लेट गया। उसकी आँखें लाल हो गई। दोनों पैर दो तरफ़ फैल गए। शरीर में अजीब सी हरकत होने लगी। घंटों से मुँह में बंद शब्द उसके मुँह से बाहर निकलते को बेताब थे, शब्द बड़बड़ाहट की शक्ल में रेत पर ढेर होते जा रहे थे। किनारे खड़े लोगों में उसके वीभत्स हुलिये को देखकर हिम्मत नहीं हुई कि कुछ पूछे, और फिर सब एक एक कर चले गए, मुस्की बचा रह गया। रेत के ऊपर अकेला औंधे मुंह पड़े मुस्की के ऊपर दुख, अकेलापन, और उससे भी ज़्यादा स्वयं को स्वीकार न कर पाने का आडंबर टूट पड़ा। उस दौरान उसे महसूस हुआ कि वह कहीं नहीं है। क्या उसने ऐसा ही होना चाहा था! उसे महसूस हुआ कि आसपास कोई हो, ज़रूर हो, हमेशा हो।

और फिर उस दिन के बाद मुस्की ने ज़रा देर भी अकेले रह पाने का प्रस्ताव त्याग दिया। उसके साथ कमरे में एक नया दोस्त आ चुका था। दोस्त ने उसे बहुत समझाया – “मुस्की भाई रूटीन में बदलाव किया जाए, सुबह से शाम तक सोना, रात भर जगे रहकर घूमना सही नहीं है, नींद पूरी नहीं होती, कोई काम नहीं हो पाता, खाना-पीना भी नहीं हो पाता है, लिखना-पढ़ना नहीं हो पाता है।”

मुस्की ने कहा- “मैं काम-काजी आदमी रहा हूँ बे, इतनी लिबर्टी तो ले ही सकता हूँ।“

और फिर दोस्त ने भी लिबर्टी ले ली।

मेरे कुछ दोस्त भी मुस्की को जानने लगे थे, मेरे ही क्यों अब पूरा मोहल्ला, सड़क, दुकानदार, पक्षी, समंदर, गलियां, मकान, रेत, यहाँ तक कि गली के कुत्ते और बिल्ली भी। उसकी खबर सबको रहने लगी। हर किसी को किसी न किसी चौराहे पर, किसी न किसी गली में मुस्की दिख जाता।

मेरे एक दोस्त ने पूछा- “उसको आए हुए छह महीने भी नहीं हुए लेकिन हर कहानी में वह कहीं न कहीं फिट हो आता है, बात क्या है? अजीब सी नहीं लगती तुम्हें उसकी कहानी?

“वो बंदा ही मुझे अजीब लगता है।” मैंने संकोच का धुंध हटाते हुए कहा।

दोस्त ने हामी में गर्दन हिलाया, उसके बात की पुष्टि का संतोष उसके चेहरे पर दिख रहा था।

“कहानियाँ केवल उन्हीं के साथ घटती हैं जो उन्हें बताने में सक्षम होते हैं। वह बता भी लेता है और उससे ज़्यादा लोगों के मुँह से कहलवाने का हुनर भी रखता है।” मैंने कहा

“लेकिन वह करता क्या है?” मेरे दोस्त ने कौतूहलवश पूछा।

“कहानी शब्दों से नहीं संघर्ष से बनती है दोस्त। वह जिस सुबह यहाँ आया, तब से संघर्ष ही कर रहा है, केवल स्वीकार नहीं कर पाया।” मैंने कहा।

“बिना काम के खाना और कमरे का किराया कैसे करता है?” दोस्त में अभी भी उत्सुकता बची हुई थी।

“बीते दिनों में शिवधर अपनी पत्नी और बच्चे के साथ घूमने गए, व्यापार शिवधर का भाई जयद्रथ संभालता है, मुस्की की उससे भी खूब बनती है, रोज सुबह एक किलो मछली मुस्की के दरवाजे पर पहुँच जाती है, शाम उठते ही मुस्की जयद्रथ से मिलकर अपनी यात्रा शुरू करता है। किसी को प्रभावित करना मुस्की के लिए बड़ा काम नहीं है“ मैंने बताया तो दोस्त का मुंह इस बात पर खुला रहा कि जयद्रथ इतना दानी कब से!

दरअसल मुस्की काम क्या करता है, इसके बारे में लोगों में कई राय बन चुके थे। हर किसी के भीतर अलग-अलग कहानी। किसी की कभी हिम्मत नहीं हुई कि मुस्की से कुछ पूछा जाए। उसकी मुस्कान और दांतों की चमक के सामने सारे जरूरी सवाल यूं भी क्लीन बोल्ड हो जाते थे।

मुस्की किसी से कहता था या नहीं, मालूम नहीं। एक बार उसी मशहूर चाय की टपरी पर बैठा था, उसने कहा- “मैंने यहाँ आने से पहले बहुत-बहुत सारे काम किये हैं, बहुत ज़्यादा अनुभव लेकर आया हूँ, और इसलिए अभी बस शहर को समझने की कोशिश कर रहा हूँ। जब काम करना होगा कर ही लूँगा, हो जाएगा।“

साथी दोस्त उसके इस जवाब पर हतप्रभ। उन दोस्तों के अंदर अजीब सी ग्लानि उभर आई कि कितना कुछ सीखना है अभी! गजब का आत्मविश्वास है और मुस्की हमसे कितना कितना ज़्यादा आगे का बंदा है। काफी कुछ सीखा जा सकता है इससे।

उनके भाव देखते मुस्की अपने कुर्ते का कॉलर चौड़ा करता, अपने अंदाज़ में मुस्कुराता, पहले उसके दांत दिखते, फिर खिला हुआ सा चेहरा सबके लिए दिखने सा दिख जाता।

“यार मुस्की, तुम कितने पॉजिटिव हो, हमेशा मुस्कुराते रहने वाले, मैंने तुम्हें कभी परेशान भी नहीं देखा है! अनुभव का ही असर है ना?” शाम होते एक दिन फिर से वह घिरा था, आज उसमें कुछ नए दोस्त भी जुड़ गए थे। वह चारों तरफ़ से लोगों से घिरा था। मुस्की ने सुना तो गदगद हुआ।

“देखो ऐसा है कि…छोड़ो…आज नहीं कभी और मेरे दोस्त… चलो कहीं घूमने चलते हैं।“ बोलकर मुस्की उठा। उठते ही दो क़दम चलकर उसने आसपास देखा, यह उसकी आदत थी। उसके बाद दुकान से बाहर निकल आया, मुस्कुराया।

दोस्तों ने पैसे जुटाकर चाय वाले को पैसे दिए। मुस्की सबको लेकर सड़कों, गलियों से होते समंदर किनारे पहुँच गया। अब मुस्की अकेला नहीं चलता, चलता तो भीड़ उसके साथ चलती। समंदर किनारे आते ही मुस्की का चेहरा और ज़्यादा गंभीर दिखता था। पसीने से तर ‘कुर्ता’ तेज़ हवा में भी बदन से चिपके रहे या हवा के साथ हो ले की दुविधा में बना रहता। मुस्की समंदर के अंदर छाती भर पानी में जाता और ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाता। चिल्लाने में वो आवाज़ क्या लगाता, यह कोई नहीं समझ पाया। वहाँ दूर अंधेरे में उसका दायाँ हाथ हवा में लहराता, इधर बायाँ हाथ रेत के ढेर पर छुपकर छटपटाता रहता।

मुस्की हमेशा पूरे बांह का बड़ा सा कुर्ता पहनता था और दाहिने हाथ से सारा काम करता था, उसका बायाँ हाथ किसी ने देखा नहीं था, न ही किसी की इस पर नज़र गई थी। इस शहर में केवल शिवधर जानता है, वो भी ग़लती से, जब वह किराया का पैसा लेने आया, उसने देखा कमरे का दरवाज़ा खुला रह गया, मुस्की वाश रूम में नहा रहा था, और कमरे में किसी की सिसकी सुनाई पड़ी, उसने देखा ‘हाथ’ खिड़की पर सिसक रहा था, उसके लिए जीवन की यह पहली घटना थी। वह उल्टे पाँव निकल गया। पकौड़ा खाते हुए रोज़ उसके पास नई नई बातें होती मुस्की की, उसे सुनाता रहता।

बायाँ हाथ मुस्की के पीछे-पीछे चलता है, ये बात मुस्की ने नए शहर में भी आते ही भांप लिया था, लेकिन वह उसकी परवाह के बहुत दूर था। हाथ ने उससे बहुत मिन्नत की कि उसे स्वीकार ले, अब ताकत नहीं बची है उसके पीछे पीछे दौड़ने-भागने की, वो भी सबसे छुपकर। कहाँ-कहाँ छुपे! चाय की दुकान पर रत्ती भर जगह नहीं होती, कचरे के डब्बे के कोने में जाकर छुपता है तभी कचरा उठाने वाली बुढ़िया डर का भाग जाती है, रोज-रोज के भागते-छुपते जाने में हाथ पर अब सिर्फ ज़ख्म दिखते हैं। लेकिन, मुस्की नहीं माना। उसने उसे देखकर भी हर बार अनदेखा किया। उससे बदला लिया।

अंततः हाथ ने उसे बहुत सुना दिया।

“तुम केवल सपने देखते जाने वालों में से हो” हाथ ने कहा “तुम्हारा दिमाग चाँद पर है, और आसपास की सारी चीज़ों को देखकर तुम्हें लगता है कि यह तो कहीं और नहीं जाने वाला है जैसे मैं…” मुस्की ने कोई जवाब नहीं दिया।

“तुम्हारी कोई महत्वाकांक्षा नहीं है! तुम्हें पैसे की परवाह नहीं है, और अब तुम इतने बड़े दार्शनिक बन चुके हो कि तुममें कला के प्रति ज़रा भी लगाव नहीं बचा। मैं तुम्हारे साथ क्या कर रहा हूँ? तुम नादान हो, तुम्हें किसी ऐसे व्यक्ति की ज़रूरत है जो तुम्हारी देखभाल करे, बिठाकर समझाए, यह सुनिश्चित करे कि तुम्हारे पेट में भोजन हो और तुम्हारी जेब में थोड़ा पैसा हो। एक बार जब मैं चला जाऊँगा, तो तुम वहीं वापस पहुँच जाओगे, जहाँ से तुमने शुरुआत की थी।” हाथ ने गुस्से में कहा।

मुस्की के चेहरे पर अब भी कोई सिकन नहीं थी, सिकन आती, इसके पहले उसके दोस्त उसके कमरे में गए। हाथ छुप गया।

देर शाम समंदर किनारे वह आकर खड़ा हुआ, हमेशा की तरह फिर से उसने दोस्तों को अपना अनुभव बताया। दोस्तों ने उसे अपना अनुभव बताया- “तुम्हें देखकर कितना अच्छा लगता है। हम सब तुमसे बहुत सीखते हैं।“

“मुस्की भाई, तुम्हें यहाँ काम करते लोग कैसे दिखते है? पसंद तो नहीं होंगे न ये भागते-भुगते लोग! क्योंकि तुम जैसी नज़र रखते हो, दूर-दूर तक हमें कोई नहीं दिखता। हर चीज़ के बारे में बहुत बारीक समझ है तुम्हारी।” नए दोस्त ने पूछा।

मुस्की फिर से मुस्कुराया। नए दोस्त उसके इस अंदाज़ से वाकिफ़ नहीं होते थे, होने वाले थे।

“यहाँ लोगों में काम का तरीका ही नहीं है, कोई नज़र नहीं, कोई नज़रिया नहीं, बस करते जाओ, करते जाओ। मैं इसी चीज़ को करता तो इतना सुंदर करता कि लोग दांत तले उंगली दबा लेते। अगर करना ही होता इस तरह का काम तो मैं जाने कितना काम कर बैठता, मेरे एक हाथ का काम है ये। ये दो कौड़ी के लोग जानते घंटा नहीं, न कुछ सही सा पढ़ा है, न देखा है। थ्योरी के नाम पर सब लड्डू बने बैठे हैं। मैंने जितना काम किया है और उम्दा काम कर सकता हूँ, चाहे फिल्म बनाना हो या लिखना हो या किसी से काम करवाना हो। ये लोग जानते नहीं, तुम लोग भी सीखो, समझो..डेप्थ पकड़ो…” मुस्की का स्वांतः बखान लंबा चलता। साथ के दोस्त फूले न समाते, किनारे छुपा हाथ दंग रहता कि ऐसा कब हुआ? मुझे क्यों कुछ नहीं मालूम है? इसने कुछ किया भी है? क्या इसकी डायरी में लिखी पंक्तियाँ सच है या यहाँ शहर में आकर जो रंग देख रहा हूँ वो सच है!

“जब आप शहर में रहते हैं, तो आप किसी भी चीज़ को हल्के में नहीं लेना सीखते हैं। एक पल के लिए अपनी आँखें बंद करें, पीछे मुड़कर किसी और चीज़ को देखें, और जो चीज़ आपके सामने थी, वह अचानक चली जाती है। आप देखते हैं कि कुछ भी स्थायी नहीं है, यहाँ तक कि आपके अंदर के विचार भी नहीं। और आपको उन्हें खोजने में अपना समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। एक बार जब कोई चीज़ चली जाती है, तो उसका अंत हो जाता है।” सालों पहले, शायद किसी जमाने मे लिखा नोट्स हाथ को याद आया। इधर हाथ सोचता रहा, उधर दोस्तों ने मुस्की को कंधे पर उठाकर घुमाना शुरू कर दिया।

सच क्या है!

शहर मे रहते हुए मुस्की महज़ तीन-चार महीने में सबके बीच प्रसिद्ध आलोचक, निर्देशक, लेखक, मिलनसार, हंसमुख, सकारात्मक ऊर्जा से भरा हुआ, दुख विहीन, समझदार भावुक इंसान बन गया, जो टूटे-रूठे हुए लोगों के दुख सूंघ उसे रात भर सड़कों पर घुमाता, उनके प्रति समानुभूति दिखाता, किसी ख़ास मौके पर उनके घर जाकर सरप्राइज़ भी देता..और किसी को अपना नंबर देना न भूलता और लेना तो कत्तई नहीं..

बीते दिनों में शहर में काम की तेज़ आंधी चली, हाथ परेशान रहा।

‘अभी सही समय है उसका साथ देने की, लेकिन मौका तो मिले कि उससे कुछ बात हो सके। कुछ समझा सकुं।’ हाथ विह्वल होकर कहता।

हाथ को पहले भरोसा था कि शायद कुछ बात बन जाएगी यहाँ, लेकिन अब वह इस शहर के हताश लोगों की गिनती में सबसे आगे खड़ा है।

कल रात मैंने पहली बार उसके हाथ को देखा और उसने मुझे सारी बात बताई, वो सारी बातें जो मैं नहीं जानता था और जो अभी हम जान पाए।

मैंने देखा रेत पर अजीब सी हलचल है। पास जाकर देखा, हाथ रेत में मुंह छिपाये रो रहा था, अंदर लेटे सीप ने गर्दन निकाला, हाथ को शांत किया, कारण पूछा, हाथ ने सीप से कहा- “ये जो आदमी सामने बैठा है भीड़ के बीच कुर्ते में, उसने काम किया है, वाकई किया है लेकिन सब उसके दिमाग भर में है, उसने काम करने का ख़्वाब देखा है, उन ख़्वाबों को कॉपी तक में लिख पाने की हिम्मत नहीं है, यहाँ शहर भर में इतना नाम बना बैठा है, कोई पूछ दे कि दिखाओ, बताओ ज़रा, तो क्या करेगा! यही सोचकर मैं अपराधबोध में मरता हूँ।”

“तुम क्यों अपराधबोध में हो ?” सीप ने पूछा

“वह ज़रा सा चाह लेता कुछ कर पाने की, और डर खत्म कर पाता अपने अंदर का तो मैं उसकी मदद करता, वो कुछ कर सकता था। लेकिन…वह बहुत डरपोक है, भिड़ू है, सिर्फ़ हर किसी से कहने और दूसरों के किए काम में भर-भरकर नुक्स निकालने वाला…वह ख़ुद को कवि कहता है, एक कविता नहीं लिखी उसने,पटकथा लेखक कहता है ख़ुद को, डॉक्टर के पुर्जे पर कहानी लिए घूमता है…और निर्देशन.. ” हाथ ने बिलखते हुए कहा।

“शहर भरा है ऐसे लोगों से रे, मत कर परवाह… चार दिन की आंधी है, लोगों को भूलते यहाँ समय नहीं लगता, बचता है तो केवल सच और मेहनत…जा मैं भी ज़रा देर सो लूँ.. ” सीप ने कहा और रेत में घुस गया।

और अंततः हाथ शहर छोड़कर चला गया। आसपास भीड़ कम हो गई है। चाय की दुकान पर बैठना थम गया, अकेलापन काटने को दौड़ता,लेकिन मुस्की अब भी चाँद पर ही है।

कब तक ?


सुमन शेखर

शिक्षा- मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर।

जन्म- 13 जुलाई 1995

फ़िल्मों के लिए पटकथा लेखन, निर्देशन के साथ ही अभिनय में निरत। दशक भर से रंगमंच में सक्रिय।

प्रकाशन- आलोचना, वागर्थ, बया, कथादेश, कथाक्रम, सरस्वती पत्रिका, मधुमती, राजस्थान पत्रिका, कृति बहुमत, पाठ, उद्भावना, हिंदी चेतना, अहा ज़िन्दगी, हिंदवी, समकालीन जनमत, ह्यूमिंग बर्ड, परदे पर, इन्द्र धनुष वेब पोर्टल, गोल चक्कर, पहली बार, स्वाधीनता शारदीय विशेषांक और कौशिकी सहित कई पत्रिकाओं और वेब पत्रिकाओं में कविताएँ प्रकाशित।

“सम्मुख” के लिए इतालो काल्विनो की किताब

वर्तमान पता-अंधेरी वेस्ट, मुम्बई में ठिकाना।

स्थाई पता-माँ,कृष्णा नगर, खगड़िया-851204

मोबाइल-8877225078

नोट:- मुस्की भाई “बया” के आज की हिंदी विशेषांक जुलाई-सितम्बर 2025 में प्रकाशित हुई।

‘बया’ से साभार

Tags: Anhad Kolkata Manisha Tripathi Foundationअनहद कोलकाता Anhad Kolkata हिन्दी बेव पत्रिका Hindi Web Magzineमुस्की भाईसमकालीन कहानीसुमन शेखरसुमन शेखर की कहानी ‘मुस्की भाई’
ShareTweetShare
Anhadkolkata

Anhadkolkata

अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें। प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।

Related Posts

चारुमित्रा की कविताएँ

चारुमित्रा की कविताएँ

by Anhadkolkata
November 9, 2026
0

चारुमित्रा चारुमित्रा की इन कविताओं में स्त्री-अस्मिता, मानवीय संवेदना, प्रतिरोध और जीवन के प्रति अटूट आस्था का एक आत्मीय संसार निर्मित होता है। उनकी कविता ‘पंख...

छुंईं की कुटयारी- रुचि बहुगुणा उनियाल

छुंईं की कुटयारी- रुचि बहुगुणा उनियाल

by Anhadkolkata
November 9, 2026
0

रुचि बहुगुणा उनियाल का यह संस्मरण पहाड़ की स्त्री के श्रम, अभाव, उपेक्षा और अदम्य जीवन-जिजीविषा का अत्यंत मार्मिक दस्तावेज़ है। एक गर्भवती स्त्री का नौवें...

साइकिल – सैयद कशुआ

साइकिल – सैयद कशुआ

by Anhadkolkata
November 8, 2026
1

फ़िलिस्तीनी कहानी सैयद कशुआ सैयद कशुआ 1975 में इज़राइल के क़ब्ज़े वाले फ़िलिस्तीनी क्षेत्र में जन्मे हिब्रू और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लिखने वाले कथाकार, पत्रकार...

मज्झिम प्रतिपदा -3- भरत प्रसाद

मज्झिम प्रतिपदा -3- भरत प्रसाद

by Anhadkolkata
November 7, 2026
0

मज्झिम प्रतिपदा -3- भरत प्रसाद पिछले करीब 50 वर्षों से हिन्दी साहित्य "समकालीनता" की धारा में बहता चला जा रहा है। यह कोई आंदोलन या साहित्यिक...

 राहुल झा की कविताएँ

 राहुल झा की कविताएँ

by Anhadkolkata
November 6, 2026
1

राहुल झा राहुल झा की इन कविताओं में स्मृति, अनुपस्थिति, स्पर्श और दृश्य के भीतर छिपी मनुष्यता की एक बेहद कोमल और आत्मीय दुनिया आकार लेती...

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अनहद कोलकाता साहित्य और कलाओं की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है। डिजिटल माध्यम में हिंदी में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ‘अनहद कोलकाता’ का प्रकाशन 2009 से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है। यह पत्रिका लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रगतिशील चेतना के प्रति प्रतिबद्ध है। यह पूर्णतः अव्यवसायिक है। इसे व्यक्तिगत संसाधनों से पिछले 12 वर्षों से लागातार प्रकाशित किया जा रहा है। अब तक इसके 500 से भी अधिक एकल अंक प्रकाशित हो चुके हैं।

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.

No Result
View All Result
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.