
चारुमित्रा की इन कविताओं में स्त्री-अस्मिता, मानवीय संवेदना, प्रतिरोध और जीवन के प्रति अटूट आस्था का एक आत्मीय संसार निर्मित होता है। उनकी कविता ‘पंख तलाशते शब्द’ अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर पहरे और चुप्पी को आज़ादी समझ लेने की विडंबना को उजागर करती है, तो ‘नमक का कर्ज’ स्त्री के अदृश्य श्रम, त्याग और जिम्मेदारियों के उस अंतहीन सिलसिले को सामने लाती है, जिसका प्रतिदान समाज कभी नहीं कर पाता। ‘अँधेरे के विरुद्ध’ संघर्ष और उम्मीद की लौ को अगली मशाल तक पहुँचाने का सुंदर रूपक रचती है, जबकि ‘माँ कभी नहीं मरती’ और ‘एक बेटी की माँ’ मातृत्व को भावुक स्मृति से आगे ले जाकर स्त्री के सृजन, साहस और स्वतंत्रता की आकांक्षा से जोड़ती हैं। ‘मुखौटों के नगर में’ समकालीन जीवन की आत्मीयता-विहीनता और छलपूर्ण संबंधों के बीच मनुष्यता बचाए रखने की पुकार है। वहीं ‘स्त्री : जिस पर दुनिया घूमती है’ स्त्री को सामाजिक खाँचों से मुक्त कर समूची सभ्यता के केंद्र में प्रतिष्ठित करती है। इन कविताओं की सहज, संवादधर्मी और संवेदनापूर्ण भाषा में एक ऐसी स्त्री-दृष्टि विकसित होती है, जो अपने दुखों को अभिव्यक्त करते हुए भी जीवन के प्रति विश्वास नहीं खोती और मनुष्यता के पक्ष में एक उजली, दृढ़ आवाज़ बनकर उभरती है।
पंख तलाशते शब्द
सबसे पहले
शब्दों के पंख काटे जाते हैं।
फिर कहा जाता है—
देखो,
आकाश कितना खुला है।
धीरे-धीरे
हम अपनी ही चुप्पी को
आज़ादी समझने लगते हैं।
एक दिन
कोई शब्द
फिर से पंख उगाता है—
और
पूरा आकाश
उसके साथ उड़ने लगता है।
नमक का कर्ज
नमक एक ऐसा आयन,
जो हर आंसू में घुला—
स्त्री पर नमक का क़र्ज़
परतों में दबी जिम्मेदारियां।
थाली में परोसी गई निष्ठा,
ज़ख्मों पर छिड़की चुभन…
हर रूप में वही नमक ।
वह नमक-सी ही
रोज़ ठहराई जाती है ग़लत—
कभी रंधाई में,
कभी रिश्तों की कड़ाही में।
कम पड़े तो दोष उसका,
ज़रा बढ़ जाए
तो दुत्कारी गई वही।
दबावों की सूखी धरती पर
वह नमक की खान है—
चुपचाप, परत-दर-परत
अपना सार देती हुई।
फिर भी कौन लौटाता है
नमक का क़र्ज़?
वह मुस्कुराती है—
“स्वाद बना रहे बस,
यही काफी है…”।
अँधेरे के विरुद्ध
तिल-तिल बुझते हुए भी
कुछ लोग
अपनी लौ बचाए रखते हैं।
उनके पैरों के नीचे
जब धरती खिसकती है,
वे वहीं गाड़ देते हैं
अपने विश्वास के स्तंभ।
वे जानते हैं—
अँधेरा एक दिन में नहीं बनता,
न एक चिराग से मिटता है।
फिर भी वे जलाते हैं दीये,
अपनी साँसों का स्नेह देकर,
ताकि रोशनी पहुँच सके
उन हाथों तक
जो समय के अँधेरे कोनों में
अब भी लड़ रहे हैं।
कुछ लोग हारकर भी नहीं हारते,
वे अपने हिस्से की रोशनी
अगली मशाल को सौंप देते हैं।
माँ कभी नहीं मरती
माँ के जाने के बाद
घर खाली नहीं हुआ।
एक आवाज़
बिना बोले भी
रास्ता बताती रही।
एक हाथ
बिना दिखे भी
सिर पर बना रहा।
तभी जाना—
मृत्यु देह की होती है,
माँ की नहीं।
एक बेटी की माँ
एक बेटी की माँ
संवेदना नहीं होती—
वह संवेदनाओं की
धीमी आँच पर
सारी उम्र पकती हुई
एक स्त्री होती है।
वह लोरी है,
रात की थकी देह पर
उतरता हुआ
सुकून का संगीत।
वह पूजा की थाली है—
जिसमें
भोग से अधिक
प्रार्थनाएँ सजी होती हैं;
प्रसाद से अधिक
त्याग।
वह मंदिर का जाप है—
धीमा, अविराम,
जैसे किसी दीपक का
आँधी में भी
जलते रहना।
एक बेटी की माँ
ईश्वर से कम,
समाज से अधिक प्रार्थना करती है—
कि उसकी बेटी
सिर्फ़ सुरक्षित ही नहीं,
स्वतंत्र भी रहे।
वह केवल जन्म नहीं देती,
हर दिन
थोड़ा-थोड़ा गढ़ती है
एक स्त्री—
जिसकी आँखों में
सपनों का उजाला हो
और पाँवों में
अपनी राह चुनने का साहस।
मुखौटों के नगर में
चेहरों पर मुस्कानों की
रंगीन परतें चढ़ी हुई हैं,
भीतर जाने कितनी सदियों से
खामोशियाँ पड़ी हुई हैं।
बातों के बाजार सजे हैं,
सच का सिक्का चलता नहीं,
हर आँगन में दीप जले हैं
पर कोई घर उजला नहीं।
रिश्तों की डोरी थामे-थामे
हाथ सभी थक जाते हैं,
अपनेपन की छाँव तलाशें
और धूप ही पाते हैं।
भीड़ बहुत है राहों में पर
मन का साथी दुर्लभ है,
हर परिचय के पीछे जैसे
कोई अदृश्य सा छल है।
फिर भी एक उम्मीद बची है,
टूटे स्वर में गान रहे,
पत्थर होते इस मौसम में
थोड़े से इंसान रहें।
स्त्री : जिस पर दुनिया घूमती है
खांचों में बांट दिया उन्होंने
धरती को दो हिस्सों में—
उत्तर और दक्षिण।
फिर कहा—
“यही है पूरा भूगोल।”
पर किसी पन्ने पर
उस स्त्री का नाम नहीं,
जिसके कंधों पर
यह पूरा ग्लोब टिकता है।
वह ही है ध्रुवों की रीढ़—
जिस पर सभ्यताएं संतुलन बनाती हैं,
और वही है भूमध्य रेखा—
जहां तापमान जीवन रचता है।
उसे दिशा मत कहो—
दिशाएं उसके भीतर जन्म लेती हैं।
सूरज का उदय हो या पतन—
हर यात्रा उसके रास्तों से गुज़रती है।
स्त्री…
वह भौगोलिक टर्म नहीं—
गतिमान पृथ्वी है
जिसके घूमने से दिन-रात बदलते हैं
जिसके थमने से संसार ढह जाएगा।
चारुमित्रा – स्नातकोत्तर, रांँची विश्वविद्यालय, रांची। हंस, वागर्थ,कथाक्रम,पाखी, परिकथा, साहित्य अमृत, विश्वगाथा,विभोम-स्वर, दोआबा तथा पाठ के कथा विशेषांक सहित देश की अनेक प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित। गर्भनाल पत्रिका के जुलाई 2026 के ‘अमरकांत विशेषांक ‘की अतिथि संपादक। रेडियो से कहानियों की रिकार्डिंग।वर्तमान में स्वतंत्र लेखन। निवास : राँची, झारखंड।
charu79mitra@gmail.com





