सैयद कशुआ 1975 में इज़राइल के क़ब्ज़े वाले फ़िलिस्तीनी क्षेत्र में जन्मे हिब्रू और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लिखने वाले कथाकार, पत्रकार और फ़िल्म लेखक हैं, जिन्होंने इज़राइल में दमन के माहौल में रहने वाले फ़िलिस्तीनियों पर चुटीले व्यंग्य के अंदाज़ में ख़ूब लिखा है। उन्होंने इजराइली टेलीविजन और फिल्मों के लिए लेखन का काम किया है. उनका मानना था कि वह इजराइलियों को उनकी भाषा में यह बताना चाहते हैं कि अरब लोग कैसे होते हैं. इसकी क़ीमत उन्हें देश छोड़ कर चुकानी पड़ी। अब वह एक अमेरिकी विश्वविद्यालय में पढ़ाते हैं। उनकी कहानियों और लेखों की कई किताबें प्रकाशित हैं।
शबात [यहूदियों का सप्ताहांत] की सुबह, खूब बढ़िया दिन निकला है। मैंने सोचा क्यों न त्योहार पर साइकिल से ख़ुशनुमा सैर की जाए जो सालों साल से मैं अलसा कर टालता आ रहा हूँ। चलो साइकिल पर चढ़कर नहीं, उसे थाम कर पैदल भी चलूँ धीरे-धीरे – बहुत तेज़ नहीं, दौड़ने की तरह नहीं – तो यह मेरे पूरे शरीर के सिस्टम को चुस्त-दुरुस्त बना देगी। मेरी साँसें ठीक तरीक़े से चलने लगेंगी, मेरी हड्डियों की भरपूर सिंचाई हो जाएगी और मेरी मांसपेशियों में नए रक्त का संचार हो जाएगा जो किसी बड़े संस्थान में जाँच होने पर बिल्कुल खरा साबित होगा।
अपने देश का समय बहुत निराश करने वाला है, लंबे समय से यह लगातार कूड़ेदान बनता जा रहा है। पिछले दो सालों से इसकी हालत ज़्यादा ख़राब होती गई है। मुझे पता नहीं कि यह मेरी उम्र के कारण हो रहा है या मुझे अपने माँ-पिता को देखने बार-बार अस्पताल जाना पड़ता है, इसकी वजह से ऐसा हो रहा है। हालाँकि मेरे पिता खिलाड़ी रहे हैं और माँ भी हफ़्ते में कई बार तैराकी के लिए स्विमिंग पूल जाती हैं। यह सब समझ कर पिछले कुछ दिनों से मैं अपनी पीठ, मांसपेशियों, फेफडे और पक्के तौर पर अपने लिवर पर ख़ास ध्यान दे रहा हूँ । लेकिन मेरे जो वर्तमान हालात हैं इसमें न तो मैं शराब छोड़ सकता हूँ, न सिगरेट; चाहता भी नहीं कि ऐसा करूँ, क्योंकि उससे मेरे मन में शर्मिंदगी का भाव आएगा। मैं अपने आप को समझाता हूँ कि खूब कड़ी मेहनत करो, खूब कष्ट उठाओ, अपने आप को यातना दो, फिर तो साल बीतते न बीतते – कोई भरोसा नहीं कि महीने भर बाद ही या हफ़्ते दो हफ्ते में – लड़ाई फिर से छिड़ जाएगी। फिर तो मुझे न कोई नींद की गोली लेने की ज़रूरत पड़ेगी, न डॉक्टर के पास जाने की। लड़ाई अपने आप मेरा ध्यान रख लेगी, मुझे ठीक कर देगी।
मैंने हाफ पैंट पहनी। आसपास देखा तो मुझे लगा कि स्पोर्ट्स शूज़ से सबसे ज़्यादा मिलते-जुलते क्रॉक्स हैं, उसे पाँव में डाला और देर तक आलमारी के सामने खड़ा रहा- सोचता रहा, साथ में सिगरेट रखूँ या न रखूँ। थोड़ी देर के बाद मैंने सिगरेट की डिब्बी उठाकर जेब में रख ली। मुझे मालूम था कि साफ़ पहाड़ी हवा थोड़ी देर में नशे जैसा असर पैदा करेगी। परिवार को इस तरह मैंने विदा कहा जैसे ऊँट पर चढ़कर रेगिस्तान में सवारी करते हुए मक्का की ज़ियारत पर जा रहा हूँ। और आख़िरकार इस तरह मैं निकल ही पड़ा।
बहुत धीरे-धीरे चल रहा था। अनमने भाव से 10 मिनट चला होऊँगा कि मुझे लगने लगा ग़लती कर दी। मेरा घर से बाहर निकलने का पूरा आइडिया ही फ़ालतू था। इसलिए नहीं कि मैं बहुत थका हुआ था। मैं थका तो बिल्कुल ही नहीं था, बस यह विचार ही मुझे बिल्कुल बेकार लगने लगा। सोचा मैं कर क्या रहा हूँ? क्या ऐसा करने से मुझे दिल का दौरा नहीं पड़ेगा ? सोचने लगा कि मैं इस त्योहारी सुबह आराम से धीरे-धीरे चलूँ?
पर मुझे कहीं न कहीं से शुरुआत तो करनी थी। यदि किसी हेल्थ क्लब को जॉइन करता तब तो यह सबसे बड़ी मूर्खता होती। मुझे मालूम है मैं किसी हेल्थ क्लब में कभी नहीं जाऊँगा। मेरे जितने जानने-पहचानने वाले लोग हैं, कहते हैं यदि मैंने हेल्थ क्लब जॉइन कर भी लिया होता तो महीना बीतते बिताते ज़रूर वहाँ से बाहर आ जाऊँगा। उन सब की मिली-जुली राय यह है कि देखो, यदि तुम्हें अपनी सेहत की चिंता है तो आसपास में ही टहला करो। यदि ऐसा करते रहे तो तुम्हें खुद ही समझ आ जाएगा कि तुम कितने सीरियस हो।
मैं जानता हूँ कि सीरियस तो हूँ ही नहीं, पहले भी कभी नहीं था। लेकिन मैं हार नहीं मानूँगा, कम से कम तब, जब मैं ‘आगामी हार्ट अटैक से अपने दिल की रक्षा करो’ अभियान में शरीक रहूँगा। इस समय घर पर न रहने और बाहर निकलने के लिए मेरे पास पुख़्ता वजह यह है कि मैं बच्चों के शोर-शराबे से कम से कम एक घंटा दूर चैन से बिताऊँगा। पूरा एक घंटा न भी मिले तो सुकून भरा कम से कम आधा घंटा तो मिल ही जाएगा।
आप विश्वास करें या न करें लेकिन धीरे-धीरे मुझे पैदल चलने में लुत्फ़ आना शुरू हो गया – ख़ूब मज़ा आने लगा। इतना कि मेरे ध्यान से यह उतर ही गया कि मैं किसी ख़ास मक़सद से सफ़र पर निकला हूँ। मेरे दिमाग़ में जिस-जिस तरह की अनोखी बातें आने लगी, वह पैदल चलने में फेफड़ों के अंदर प्रवेश करती साफ़ सुथरी हवा और ऑक्सीजन के कारण हो सकता है। मेरे मन में जो-जो विचार आ रहे थे, चलते हुए मेरा ध्यान लगातार इसी में लगा हुआ था कि उनको शब्दों में कैसे बाँधना है।
आमतौर पर मेरी आदत में घड़ी पहनना शामिल नहीं है, लेकिन उस दिन मैंने देखा कि मेरी कलाई पर घड़ी बँधी हुई है, और घर से निकलने के बाद एक घंटा से ज़्यादा बीत चुका है। मैंने इधर-उधर यह देखकर पहचानने की कोशिश की कि पता चले किस सड़क पर हूँ। मुझे समझ आया कि मैं बेथलहम वाले रास्ते पर चल रहा हूँ। बाका के आसपास था जिसकी दाईं तरफ़ सुंदर बने मकानों की क़तार दिखाई दे रही थी। इन मकानों का इतिहास चाहे कितना भी काला क्यों न हो, देखने में वे सुंदर थे और माहौल शांत था। आसपास लोगबाग थे, जो त्योहारी सफ़ेद कपड़ो में चलते-फिरते दिखाई दिए, कुछ माँएँ अपने नटखट बच्चों के साथ भी दिख रही थीं।
इन दृश्यों की सुंदरता से जैसे ही मेरा ध्यान हटा मुझे महसूस हुआ कि मैं बहुत थक गया हूँ। मेरा गला सूख रहा था और पूरा बदन पसीने से नहा चुका था हालांकि इस तरह की गर्मी पहले मैंने यरुशलम में कभी महसूस नहीं की।
मुझे लगा किसी छायेदार पेड़ के नीचे कोई बेंच मिल जाए तो वहाँ थोड़ी देर सुस्ता लूँ। मुझे लकड़ी की ऐसी बेंच दिखाई भी पड़ गई जिस पर बैठ गया। धीमे-धीमे बहती ठंडी बयार ने मेरे बदन का पसीना सुखा दिया। मैं सचमुच बहुत थक गया था। वहाँ बैठने से मुझे काफी राहत मिली।
बेंच पर बैठकर मुझे लगा कि यहाँ से आगे बढ़ने लायक मेरी हालत तभी हो पाएगी जब कम से कम एक घंटा यहाँ इत्मीनान के साथ बैठा रहूँ। वहाँ बैठा ही था कि एक लड़का अपनी चमचमाती हुई नई साइकिल लेकर पहुँच गया। मुझे लगा कि यरुशलम में साइकिल चलाना बहुत सुरक्षित नहीं है, उससे अच्छा तो पैदल ही चलना चाहिए। वह लड़का पहले तो मुझे देखकर मुस्कुराया लेकिन तभी मैंने देखा कि बिल्कुल सामने पुलिस वाला अपनी गाडी रोक कर साइकिल वाले लड़के को घूरते हुए नीचे उतर रहा है। गाड़ी से उतरकर वह लगभग भागते हुए साइकिल वाले के
पास पहुँच गया।
‘अबे, यह किसकी साइकिल लिए घूम रहा है?’ लड़के को देखकर पुलिस वाले ने कड़क आवाज में हिब्रू भाषा में पूछा।
लड़के की आँखों में पहले नई साइकिल मिलने की जो मुस्कुराहट तैर रही थी पुलिस वाले की दहाड़ सुनते ही पल भर में डर में बदल गई। उसे कुछ नहीं सूझा, क्या जवाब दे ?
‘अबे, सुनाई नहीं दे रहा है? साइकिल के बारे में पूछ रहा हूँ। किसकी है यह साइकिल ?’, पुलिस वाले ने टूटी-फूटी अरबी में साइकिल की ओर उँगली दिखाकर पूछा।
‘मेरी है… यह साइकिल किसी दूसरे की नहीं मेरी है।’, लड़के ने अरबी में जवाब दिया।
पुलिस वाले ने लड़के के हाथ से साइकिल छीन ली और धक्के मार कर उसे दूर भगा दिया। उसके बाद नीचे से ऊपर तक और आगे से पीछे तक साइकिल को हाथ में पकड़े हुए निहारा।
‘यह साइकिल तुम कहाँ से उठा कर ले आए?’
‘यह साइकिल मेरी है, कहीं से उठाकर नहीं लाया।’ लड़के ने डरते डरते जवाब दिया.
‘ अबे झूठ क्यों बोलता है?’ पुलिस वाला लड़के के जवाब से संतुष्ट नहीं था।
मेरी आँखों के सामने यह सब ‘तू तड़ाक’ हो रहा था, और मैं कुछ भी करने की स्थिति में नहीं था। मुझे लगा यहाँ से उठ जाना ही बेहतर होगा, बेंच से उठा तो महसूस हुआ मेरी धडकनें बहुत तेज़ चल रही हैं। तभी मेरे दिमाग़ में यह बात आई कि मैं बगैर किसी तैयारी के घर से बाहर निकल आया हूँ, मेरी जेब में न तो मेरी आईडी है, न ही पहचान का कोई और कागज़। मैं घर के कपडे पहने हुए ही घर से चलता हुआ इतनी दूर चला आया था। यह सब सोच कर मैं धप से दोबारा बेंच पर ही बैठ गया।
‘तुम्हारा घर कहाँ है? यहाँ क्यों आए हो ? कोई काम है यहाँ ?’, पुलिस वाले ने हिब्रू मिली अरबी में पूछा।
लड़के ने कोई जवाब नहीं दिया, चुपचाप सिर झुकाए खड़ा रहा। आसपास खेल रहे बच्चे पास आ गए थे और मूकदर्शक बने हुए सब कुछ देखते रहे … जैसे मैं बैठा-बैठा सब कुछ टुकुर-टुकुर ताक रहा था। एक लड़का आइसक्रीम खाता हुआ साइकिल के नज़दीक आकर खड़ा हो गया। पुलिसवाला देखने लगा कि साइकिल पर नंबर वाली प्लेट लगी है या नहीं।
‘नई-नई साइकिल लगती है, बता किस दुकान से ख़रीदी ?’. पुलिसवाला गरजा।
‘मेरे अब्बू मेरे लिए ख़रीद कर ले आए। यह मेरा जन्मदिन का तोहफ़ा है।’ लगभग बुदबुदाते हुए लड़के ने अरबी में जवाब दिया। इस पर पुलिस वाले ने कुछ ऐसे शब्द बोले जिसे सुनकर पास खड़े बच्चे खिलखिला उठे.
‘आपको यक़ीन न हो तो अब्बू से बात कर लो। उनका नंबर मेरे पास है।’लेकिन लडके की बात पुलिस वाले को समझ नहीं आई।
‘यहाँ कोई है जो अरबी समझता है?’, यह कहते हुए पुलिस वाले ने मेरी ओर देखा।
‘नहीं, मुझे अरबी नहीं आती है।’, यह कहते हुए मैं बेंच से उठा और सरपट
भागता हुआ अपने घर पहुँच गया, एक बार भी पीछे मुड़ कर न देखा। जिंदगी में आज तक मैं कभी इतना तेज़ नहीं दौड़ा था।
यादवेन्द्र
यादवेन्द्र
जन्म: 1957 आरा (बिहार)
भागलपुर और रुड़की में इंजीनियरिंग की पढ़ाई।
केन्द्रीय भवन अनुसंधान संस्थान, रुड़की में वैज्ञानिक से निदेशक तक की अड़तीस सालों की प्रोफेशनल यात्रा। प्राकृतिक आपदा न्यूनीकरण और सांस्कृतिक विरासत संरक्षण पर विशेष कार्य।
हिंदी की सभी महत्वपूर्ण पत्र-पत्रिकाओं में विज्ञान सहित विभिन्न सामयिक विषयों पर प्रचुर लेखन।
विश्व साहित्य के अनुवाद की 12 किताबें प्रकाशित। उपेक्षित समाजों और लोकतांत्रिक प्रतिरोध को दर्ज़ करने में विशेष रुचि।
साहित्य के अलावा पायावरी, सिनेमा और फोटोग्राफी का शौक।
पटना में निवास।
संपर्क: yapandey@gmail.com
अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें।
प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।
चारुमित्रा चारुमित्रा की इन कविताओं में स्त्री-अस्मिता, मानवीय संवेदना, प्रतिरोध और जीवन के प्रति अटूट आस्था का एक आत्मीय संसार निर्मित होता है। उनकी कविता ‘पंख...
समकालीन वैश्विक बहस में यह प्रश्न और जटिल हुआ है। यौन उत्पीड़न, नस्लवाद, स्त्री-विरोध, राजनीतिक दमन अथवा अन्य अनैतिक आचरण के आरोपों से घिरे लेखकों की...
नवीन रांगियाल नवीन रांगियाल की इन कविताओं में प्रेम, विरह, स्मृति, अकेलेपन और मृत्यु के अनुभवों से गुजरते हुए जीवन की उन महीन संवेदनाओं को अभिव्यक्ति...