
दरअसल निहाल सिंह राजस्थान के एक गाँव में रहकर खेती करते हैं इसलिए इनकी कविताओं में लोकजीवन के प्रति आत्मीयता और श्रम के प्रति सम्मान है। उनकी भाषा सरल, सहज और वर्णनात्मक है, जिसमें ग्रामीण परिवेश के दृश्य और बिंब स्वाभाविक रूप से आते हैं। ‘पहाड़ी बुढ़िया’ में गीत गाकर लकड़ियों का बोझ हल्का महसूस करने वाली स्त्री का चित्र विशेष रूप से उल्लेखनीय है, क्योंकि यहाँ कवि श्रम की भौतिक कठोरता के साथ मनुष्य की आंतरिक शक्ति को भी पहचानता है। ‘किसान के बेटे’ में खेत की टूटी मेड़ बाँधने और सीमा पर देश की रक्षा करने के बीच स्थापित समानांतरता किसान परिवारों के श्रम और साहस को रेखांकित करती है।
हालाँकि कुछ कविताओं में भावों का सीधा कथन और वर्णनात्मकता काव्यात्मक सघनता को सीमित करती है तथा भाषा और शिल्प के स्तर पर अधिक कसावट की आवश्यकता महसूस होती है। फिर भी इन रचनाओं का महत्त्व उनके अनुभव-संसार की प्रामाणिकता, मानवीय संवेदना और ग्रामीण जीवन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता में निहित है।
वह टुकड़ी
किसान ने बेटे की नौकरी
के वास्ते गिरवी रख दी
खेत की टुकड़ी।
वह टुकड़ी जिसमें उगते थे
मक्के के भुट्टे,
चने के साग,
गेहूँ की बालियाँ,
सरसों के पीले-पीले फूल।
वह खेत की टुकड़ी,
जिसमें खेलते थे फूलों संग
पागल भँवरे।
दिन भर खेतों की क्यारियों में
छिपते फिरते थे
खूँखार भेड़ियों से बचते हुए
खरगोश और तीतर।
वह खेत की टुकड़ी,
जिसे देखकर हँसती थीं
किसान की आँखें और
फूल जाती थीं
उसकी दोनों बाँहें।
वह छोड़ आता था
साँझ को घर लौटते समय
अपनी थकान को,
जो रात को रखवाली करती थी
फसलों की नीलगायों से।
पुरानी खबरें
वही पुरानी खबरें छपी हैं
अखबार में।
पेट्रोल के दाम बढ़ गए,
गैस सिलेंडर महँगे हो गए,
दहेज न मिलने पर ससुराल में
बहू जला दी गई है,
विधायकों ने पार्टी बदल ली है,
सरकार गिर गई।
नया कुछ नहीं छपा है।
वह अखबार, जिसकी कीमत
एक दिन के लिए है,
दूसरे दिन उसकी कोई
कीमत नहीं रहती।
वह फेंक दिया जाता है
कूड़ेदान में।
बच्चे हवाई जहाज बनाकर
हवा में उड़ा देते हैं,
लपेट दी जाती हैं उसमें रोटियाँ,
रख दी जाती हैं उस पर सब्जियाँ,
रगड़-रगड़कर साफ करते हैं उससे
अलमारियाँ, बर्तन और जूते।
भूकंप के झटके
भूकंप के झटके से
पूरा शहर तबाह हो गया।
ऊँची हवेलियाँ टूटकर
बिखर गईं रेत के
टीले की तरह।
दुकानें दो टुकड़ों में
कट गईं, जैसे किसी ने
चला दी हो छुरी खरबूजे पर।
सब कुछ नष्ट हो गया,
कुछ भी नहीं शेष बचा।
बचा है तो बस एक
नन्हा-सा लड़का,
जो राख के ढेर पर बैठकर
बना रहा है
चंदा मामा की तस्वीर
और स्वयं ही उसे देखकर
जोरों से हँस रहा है।
बची है तो एक बुढ़िया,
जो राख के ढेर में चुन रही है
मक्के के दाने
और बाँध रही है अपनी चुनरी में
दानों को रोटियाँ सेंकने के वास्ते।
बचा है तो एक बेरोजगार युवक,
जो ढूँढ़ रहा है अपनी डिग्रियाँ,
जो जल गई हैं राख के ढेर में,
और रो रहा है
डिग्रियाँ न मिलने पर।
पहाड़ी बुढ़िया
पहाड़ी बुढ़िया चली आ रही है
कमर पर मोटा-सा लकड़ियों का गट्ठर
बाँधकर, हौले से टेढ़ी-मेढ़ी
पथरीली राह से
अपनी कुटिया की ओर।
पाँवों में टूटी हुई चप्पलें
पहने हुए,
जो बँधी हैं रस्सी की टुकड़ी से।
बोझ के मारे कमर
उसकी बीच में मुड़ गई है,
किंतु उसे इसकी परवाह नहीं।
परवाह है तो बस
उस लकड़ी के गट्ठर को
झोपड़ी तक पहुँचाना,
जिससे वह पका सके
मक्के की गोल-मटोल रोटियाँ
और तरकारी।
वह पहाड़ी गीत गुनगुनाती
हुई आगे बढ़ रही है,
जिससे कि गाने की धुन में
मगन हो जाए उसका मन
और बोझ कम लगे उसे।
यह उसका खयाल है,
बाकी लकड़ियों का गट्ठर तो
उतना का उतना ही है,
न कुछ कम हुआ है,
न ज्यादा।
किसान के बेटे
किसान के बेटे
फावड़ा उठाकर
बारिश के महीने में
निकल पड़ते हैं
खेतों की ओर,
टूटी हुई मेड़ को बाँधने के लिए।
एक चोट से ही बाँध देते हैं
वे टूटी हुई मेड़ को।
फावड़ा चलाते समय
उनके हाथ नहीं काँपते।
जब आवश्यकता पड़ती है तो
चले जाते हैं वे सरहद पर,
रखवाली करने बंदूक उठाकर।
बंदूक चलाते वक्त भी
उनकी उँगलियाँ नहीं थरथराती हैं।
कवि परिचय
नाम: निहाल सिंह
जन्मतिथि: 17 फरवरी 1977
गाँव: दुधवा
तहसील: खेतड़ी
जनपद: झुंझुनूँ
राज्य: राजस्थान
व्यवसाय: कृषि
ई-मेल: nihal6376r@gmail.com






