साहित्यिक चरित्रों की पुनर्खोज : प्रसिद्ध साहित्यिक चरित्रों पर आधारित कविताएँ
साहित्य के कुछ चरित्र अपनी रचना के समय और कथानक की सीमाओं को पार कर हमारे सामाजिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन जाते हैं। वे केवल किसी कहानी, उपन्यास या फिल्म के पात्र नहीं रह जाते, बल्कि अपने समय की विडंबनाओं, संघर्षों, आकांक्षाओं और अंतर्विरोधों के प्रतिनिधि बन जाते हैं। युवा कवि जय प्रकाश की ये कविताएँ ऐसे ही साहित्यिक चरित्रों की पुनर्खोज का रचनात्मक प्रयास हैं। इनमें अतीत के पात्रों को वर्तमान की आँखों से देखते हुए उनके अनुभवों के भीतर छिपे सामाजिक और मानवीय प्रश्नों को नए सिरे से समझने का प्रयास किया गया है।
इन चारों कविताओं में भारतीय साहित्य के प्रसिद्ध चरित्रों — उमराव जान, लाल पान की बेगम, सिरचन और तारापद (अतिथि) — को उनके मूल कथानक से बाहर निकालकर समकालीन सामाजिक यथार्थ से जोड़ने का प्रयास है। पहली कविता स्त्री की अस्मिता और पितृसत्ता के प्रश्न उठाती है, दूसरी ग्रामीण जीवन की स्मृतियों और दाम्पत्य के आत्मीय संसार को पुनर्जीवित करती है, तीसरी कलाकार के स्वाभिमान और कला के प्रति समाज के बदलते रवैये पर विचार करती है,जबकि चौथी स्वतंत्रता और प्रेम के द्वंद्व को सामने लाती है।इस कविता में प्रेम केवल पाने का भाव नहीं, बल्कि किसी दूसरे के जीवन में अपनी अनुपस्थिति के परिणामों को समझने की नैतिक संवेदना भी है।
वस्तुतः साहित्यिक चरित्रों की सार्थक पुनर्व्याख्या वही है, जो सुपरिचित पात्रों को नए प्रश्नों के साथ हमारे सामने उपस्थित करे। इन कविताओं का महत्व इसी कोशिश में निहित है — वे हमें याद दिलाती हैं कि साहित्य के पात्र पुस्तक के पन्नों में समाप्त नहीं हो जाते; वे हमारे समय में लौटते हैं, हमारी संवेदनाओं को परखते हैं और उस समाज का आईना बनते हैं, जिसे हम लगातार रच रहे हैं।
~ कुंदन सिंह ~
उमराव ज़ान
किसी बच्ची के गायब होने की
खबर छपती है
मैं तुम्हें बरबस सोचता हूँ उमराव
पितृसत्ता के नफरत का
पहला शिकार
कोई अमीरन ही होती है
अमीरन से
उमराव जान बनने में
तुमने कितने संत्रास को जिया होगा
कितने घावों को रूह में दफन कर
घूंघरूओ के थाप पर
थिरके होंगे तुम्हारे पैर
एक नज़्म के अलाप लेने से पहले
कितनी रूलाई घुटी होगी
तुम्हारे कंठ में
औरतों के दुख यतीम होते हैं उमराव
ये कहाँ दर्ज करा पाते हैं
अपनी उपस्थिति
महफ़िल के शोर में घिरी
तन्हा उमराव
हर रात अमीरन को
सोचते हुए सोती है
कोई लौटा सकता है
फैजाबाद वाले घर का आंगन
जहाँ एक नन्ही अमीरन
किसी गिलहरी सी फुदकती थी
अमीरन फैजाबाद में खोई थी
उमराव लखनऊ में
व्यवस्था की अंधी गलियों में
गुम हुए औरतों के मिल जाने के लिए
बहुत कम जगहें हैं उमराव!
एक दिन तुम गयी तो थी
फैजाबाद वाले घर में
वहाँ माँ से मिली, भाई से मिली
उनके नफरत से भी
बस अमीरन नहीं मिली थी
तुमने टूट कर चाहा था
नवाब खान को
वह भी इश्क करता था तुमसे
पर अपवादों से भरी दुनिया में भी
किसी उमराव के इश्क़ के परवान चढने के
एक भी उदाहरण नहीं हैं
टूटे दिल पर
कला के अलावा और कोई मरहम नहीं हो सकता
तुमने नज्म लिखना सीख लिया था
ग़जल गाने लगी थी महफिलों मे
अब करीब सौ साल से अधिक का समय
बीत चुका है
पर बहुत कुछ नहीं बदला है
पिंजरे में घायल
रक्तरंजित चिड़िया के परों की जगह
सांकलों की मजबूती
अब भी चर्चा की केन्द्र है
अब भी दिलावर, फैज, खानम,
और खान जी रहे हैं
बिना अपराध बोध के
तुम जानकर उदास हो जाओगी
उमराव!
हमारे आस पास की दुनिया
अब भी
किसी अमीरन के लिए
उतनी सुदंर नहीं है।
(मिर्ज़ा हादी हसन रूस्वा के उपन्यास ‘उमराव जान ‘अदा’ और मुजफ्फर अली निर्देशित व रेखा अभिनीत ‘उमराव जान फिल्म देखते-पढ़ते हुए।)
लाल पान की बेगम
अब बहुत बूढ़ी हो गई है
बिरजू की माँ
बैठी रहती है
घर के ओसारे पर
ताकती हुई
उन राहों की ओर
जिनसे होकर उनका
जमाना गुजर गया था
बिरजू अब दिल्ली कमाता है
चंपिया दूर देश ब्याही है
टीशन की छोकरिया भी
रच बस गयी हैं अपने-अपने घरों में
रह रह कर
खो जाती है गुजरे दिनों में
बिरजू की माँ
मक्खनी फुआ !
तुम होती तो देखती
तुम्हारे उम्र की हो गई है
लाल पान की बेगम
अब उसके आगे पीछे
कई नाथ और कई पगहें हैं
उन्हें बलरामपुर का
नाच दिखाने के लिए
लम्बे इंतजार के बाद
मिआंजान टोले से
गाड़ी लेकर आया था
बिरजू का बप्पा
बिरजू की माँ ने
बैलगाड़ी में बैठाया था
जंगी की पतोहू
और लरेना खबास की मेहरारू को भी
सिर्फ शिकायत ही नहीं
सहुलियत भी जीना जानती है
बिरजू की माँ
बैलगाड़ी हांक रहा था
बिरजू का बप्पा
तब बांस फूला गए थे
और धान की बालियों में
आ रही थी दुद्धी
चांदनी रात में
उसके मंगटीका पर
चांदनी बिखर गई थी
गाड़ी हांकते बिरजू का बाप
देख रहा था उसे एकटक !
कितना शरमा गयी थी वह
मीठे रोटी खाकर
सिमराहा के सरकारी कूप का
पानी पीना नहीं भूलता !
पहर भर दिन बीत गया है
अभी तक नहीं आया है
बिरजू का बप्पा
चौधरी टोले पर चिलम चढ़ रहा होगा
जरूर चिलम चल रहा होगा
बूढापे में भी अक्ल नहीं आई
बिरजू के बप्पा को
वह कूढ़ने लगती है
बिरजू की माँ की एक
आदत आज तक नहीं बदली
जब उसकी शिकायत खत्म होती है
तब वह प्रतीक्षा करने लगती है।
(रेणु की प्रसिद्ध कहानी)
सिरचन
सिरचन !
मेरे गाँव में
मंडल महतो
तुम्हारी तरह थे
हु- ब- हू, वही तेवर, वही अंदाज
बहुधा लांक्षित
यदा कदा प्रशंसित
सिरचन
जब तुम्हारी सधी उंगलियाँ
फिरती थीं मोथे पर
शीतलपाटी में एक सौन्दर्य उतर आता था
सिरचन
जब तुम डूब जाते थे अपनी कला में
तुम्हारे दांत काटते प्रतीत होते थे होंठो को
ससुराल में लडकियां
जब अगराते हुए कहती थीं
इसे सिरचन दादा ने
मेरे लिए बनाया था
तुम्हारी कला सार्थक हो जाती थी
मानू के विदाई के लिए
तुम्हें तैयार करनी थी
दो जोडी शीतलपाटी और चिक
बहुत उत्साह से तुमने
शुरू किया था काम
बात सिर्फ़ आठ रूपये की
मोहर छाप वाली धोती की नहीं थी
बात एक कलाकार के मन की थी
कलाकार के मन को सब लोग कहाँ
समझ पाते हैं सिरचन!
उस दिन बात बात में सब बिगड़ गया
तुम भी कम कहाँ थे सिरचन
भाषा से आंक देते थे
आदमी की औकात
क्या जवाब दिया था
घर की मंझली बहू को
बहुत अपमानित होकर
काम छोड़ कर चले आए थे तुम
बुलाने पर भी नहीं आए थे
और फिर
किसी हिन्दी फिल्म के
क्लाइमेक्स की तरह
दौड़े आए थे तुम
रेलवे स्टेशन पर
शीतल पाटी और चिक लिए
मानू रो रही थी
और दे रही थी तुम्हें
मोहर छाप वाली धोती की कीमत
पर लिया नहीं था तुमने
सिरचन !
तुम कलाकार तो थे ही उम्दा,
पर उस दिन तुम्हारे अंदर का व्यक्ति
कलाकार से ज्यादा बडा़ था
व्यक्ति को तो कलाकार से
बडा़ होना ही चाहिए सिरचन!
मगर समय बीत गया सिरचन
आज होते तो निराश हो जाते
उस दिन तो बस एक कलाकार के मन
को ठेस लगी थी
अब तो मानो कला और कलाकार
दोनों को ठेस लग गई है।
(रेणु की प्रसिद्ध कहानी ‘ठेस’ का मुख्य पात्र)
अतिथि
तारा पद !
जब बजरी पर लगते थे नाव
उतरते थे यात्रियों के जत्थे
तुम्हारे पैरों को पंख लग जाते मानो,
अनजान गाँव,गली
नगरों के आकर्षण में बंधे
तुम्हारे पैर स्वमेव बढ़ जाते थे
तुम कैसे अजनबियों में
ढूंढ लेते थे अपनापन !
अब जबकि एक घर में
रहने वाले लोग
अपरिचित -से हैं
तुम ऐसा कैसा कर पाते थे दोस्त !
ऊंचे पहाड़, झरने, बहती नदियाँ
उडते पखेरू, अनजान गाँव-नगर
आकर्षित करते थे तुम्हें
मुक्त करते थे मन को
देते थे तुम्हारे पैरों को गति ।
तुम पांचाली गाते थे
बांसुरी बजाते थे
हर कला में प्रवीण थे !
और एक दिन तुम डूब गए
चारूशशी की जादुई आंखों में
एक अबोध आकर्षण में
बंध गया था तुम्हारा कवि मन !
यह सच है कि चारूशशी
तुमसे लडती थी-झगडती थी
तुम्हें परेशान करती थी
पर तुमसे प्रेम भी करती थी!
तारा पद !
इस दुनिया में स्त्री के प्रेम से बडी़
कोई और शय नहीं है !
एक दिन अंधेरी रात
तुम चारूशशी को छोड़कर
चले गए थे
क्योंकि तुम्हें बंधनमुक्त रहना था न!
काश! प्रेम में निर्वासित किए जाने का
तुम दर्द समझ पाते तारा पद!
तुम्हें बुलाता था
पहाडों, नदियों, बादलों,
का मौन आमत्रंण !
क्या कभी चारूशशी के
टूटे दिल की पीड़ाएं नहीं पहुंची तुम तक
नहीं फूटी तुम्हारी बांसुरी की धुन में
किसी उदास गीत की लड़ी बनकर !
मति बाबू का निश्चल स्नेह,
अन्नपूर्णा-सोनामणि के हिस्से का प्रेम,
तुम किस-किसका ऋण चुका पाओगे
तारापद! तुम आजीवन ऋणी ही रहोगे!
सोचो!
जब कठवेलिया के पास के
किसी गाँव में ब्याही
उसके घर के सामने पेड़ों पर
खिलते होंगे अमलतास,
आमों पर आए होंगे मंजर,
दरवाजे पर खड़ी ‘चारुशशि’
हर आहट से सोचती होगी
ये तुम हो!
दरवाजे पर उदास खड़ी
प्रतीक्षारत एक स्त्री से
मार्मिक दृश्य और क्या हो सकता है,
तारापद!
पर तुम मर्म नहीं समझोगे,
क्योंकि तुमने प्रेम नहीं, विडंबना को जिया था।
क्या ही दिया होगा प्रेम का प्रतिदान!
तारापद! सच बतलाना,
एक दिन हूक तो उठी ही होगी,
भीतर रोए तो होगे ही!
पतझड़ के किन्हीं उदास दिनों में
स्मृतियों की आदिम गंध,
मृत्यु-काल तक कहाँ पीछा छोड़ती है,
तारापद!
समय ही नहीं बीता होगा,
तुम भी बीत गए होगे,
तारापद!
एक दिन बूढ़ी हो गई होगी
तुम्हारी ‘चारुशशि’।
अपने आँगन में बैठी तुम्हें
अब भी याद करती होगी,
जब तुम भटक रहे होगे
किसी अनजान राह पर,
अज्ञात के आकर्षण में!
ज्ञात की कीमत पर
अज्ञात के किस आकर्षण में
बंधे थे तुम, ये तुम ही जानो।
पर मेरी मानो तो
एक दिन तुम्हें लौटना चाहिए था
अपनी ‘चारुशशि’ के पास।
बूढ़ी चारुशशि की हथेलियों को
अपने हाथों में भरकर,
उसके माथे को चूमकर,
भरे गले से कहना चाहिए था तुम्हें—
“मैं तुमसे अब भी प्रेम करता हूँ,
चारुशशि!”
जय प्रकाश
शिक्षाः परास्नातक (बी एड)
संप्रतिः प्रधानाचार्य (+2 उच्च विद्यालय, कलवन, आमस, गया जी)
पहली बार, पोएम्स इंडिया, गोल चक्कर, हिन्दीस्थान, कविता घर पर कविताएँ प्रकाशित, समकालीन जवाब देही तथा पहली बार पर आलेख प्रकाशित
संपर्कः 8340618155
Jps4582@Gmail.com
अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें।
प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।
सुरेन्द्र प्रजापति सुरेन्द्र प्रजापति की कविताओं में समकालीन समाज, सत्ता, लोकतंत्र और मनुष्य की स्वतंत्रता से जुड़े प्रश्न एक गहरे राजनीतिक एवं मानवीय सरोकार के साथ...
आदित्य अभिनव की कहानी ‘उफान’ 1857 के विद्रोह से लेकर समकालीन भारत तक की यात्रा के माध्यम से सांप्रदायिक उन्माद, धार्मिक ध्रुवीकरण और मनुष्य की असुरक्षा...