
संदीप निर्भय की कविताएँ लोकजीवन की स्मृतियों, प्रेम की अंतरंग अनुभूतियों और समय के साथ बदलते सामाजिक यथार्थ की कविताएँ हैं। उनके यहाँ लोक केवल अतीत की कोई रमणीय स्मृति नहीं, बल्कि एक जीवंत सांस्कृतिक संसार है, जिसके भीतर मनुष्य की आजीविका, संघर्ष, प्रेम, संगीत और सामूहिकता की अनेक छवियाँ मौजूद हैं।
‘जोगी’ में लोकपरंपरा और जीवन-संघर्ष का अद्भुत संगम है, तो ‘फ़ेहरिस्त’ में दुखों और देवताओं की बढ़ती संख्या के माध्यम से समकालीन जीवन की विडंबना पर तीखा व्यंग्य किया गया है। ‘हाथों की हरक़त’ प्रेम की एक छोटी-सी शारीरिक क्रिया को बेहद आत्मीय और कलात्मक बिंब में बदल देती है। ‘हरसिंगार’ में स्मृति, प्रेम और प्रकृति की सुगंधित उपस्थिति है। वहीं ‘गड़रिये’ में कवि ने ग्रामीण जीवन की उस संगीतपूर्ण संस्कृति के बिखराव को दर्ज किया है, जिसमें गड़रिये केवल पशुपालक नहीं, बल्कि प्रकृति की भाषा और जीवन के व्याकरण के जानकार थे। संदीप की कविताओं की विशेषता यह है कि वे साधारण जीवन-प्रसंगों से कविता के लिए असाधारण अर्थ और बिंब अर्जित करते हैं।
अनहद कोलकाता की प्रस्तुति।
जोगी
जोगी! गाँव-गाँव भटकता आ ही गया
सूरज के साथ
कविता की तरह कवि के घर।
घर की चौखट पर बैठकर
दाएँ कंधे से उतार
मछंदर की झोली
आदेश कहकर बजाने लगता है तन्मयता से बीन।
जिसकी धुन पर सिर्फ़ साँप ही नहीं थिरकता,
थिरकती है तुम्हारी भूख,
कानों के कुंडल,
नेपथ्य से झाँकती जोगन की भाषा
और गोरखनाथ की धूनी पर पौष की ठंडी सुबह।
इस रेगिस्तान पर कुछ नहीं बच रहा,
वक़्त की आँधियों के साथ
ढह रहा सब कुछ
धीरे-धीरे बेआवाज़,
जैसे ढह गई मूमल-महेंद्र की इबारत,
जैसे ढह गई पिछले चौमासे राजू चमार की आस।
मुट्ठी-भर दानों के लिए अभी तक तुमने
कैसे बचाए रखी है
बीन के कलेजे में
अपनी साँसें छोड़कर समूचे लोक को धुन में ढालने की कला?
फ़ेहरिस्त
हर बरस की तरह इस बरस भी
आए हैं बहुतेरे दुख।
इन दुखों के साथ
दौड़ते हुए
चले आए कुछ और नए देवता।
इस तरह दिन-दिन
बढ़ती ही जा रही है
दुखों और देवताओं की फ़ेहरिस्त!
हाथों की हरक़त
उस सर्द रात को गीतों और मंत्रों के साथ
मैंने थामा तेरा हाथ,
तुमने मेरा।
हमारी दोनों हथेलियों के मध्य
लाकर रख दिया
मेहंदी का
एक गोल-मटोल लोदा।
हथलेवा के बाद छोड़ दिया हाथों को
सूती-लाल कपड़ा लपेटकर
वेदी पर फेरे होने तक,
ताकि कोई देख न सके इन हाथों की हरक़त।
उस वक़्त सिर्फ़ मैंने ही नहीं दबाया
तेरा हाथ भीतर-ही-भीतर,
तुमने भी तो—
मुस्कुराते हुए
दबाया था मेरा हाथ सहेलियों के कहने पर।
धीरे-धीरे इस दबाने की क्रिया के दौरान
दो शब्दों के बीच बिंब की तरह
पिचकता रहा बेचारा
मेहंदी का वह लोदा
और चुपके से
तेरी-मेरी हथेलियों में रच-बस गया था।
हरसिंगार
नींद के पौधे पर खिलते हैं
याद के हरसिंगार।
जिनमें रात घोलती है सुगंध,
सपने भरते हैं रंग,
साँसें उड़ेलती हैं पराग।
जब गाता हुआ जीवन राग
गुज़र रहा होता हूँ,
तब मिलते हैं वे—
तेरी गली में बिछे हुए।
गड़रिये
गड़रिये जब भेड़ों को हाँकते हुए
गुज़रते थे गाँव की गलियों से,
उस वक़्त—
चौपालें बजाती थीं मृदंग,
गलियाँ मोरचंग,
भोमिया भभूत झाड़कर नाचते,
पूरा वातावरण संगीत से लबरेज़ हो जाता था।
भेड़ों के आगे-आगे चलते गधे
बीहड़-बीहड़,
थार-थार,
ढोते थे अपनी पीठ पर बोझिल दिनों के आख्यान।
गड़रियों के घुटनों तक टँगी धोती,
मटमैले कुर्तों से
झड़ती रहती
आक के सूखे पत्तों की तरह थकान।
टिटकारी पर धड़कती उनकी गृहस्थी
और सुतली से गूँथी हुई
कंधों पर टँगी बोतलों में
सुनाई देता था चौमासे का राग।
किसी दरख़्त तले बैठकर वे,
या लाठी पर ठुड्डी टिकाए,
या कोसों की दूरी नापते हुए
पढ़ते थे प्रकृति की भाषा, गढ़ते थे व्याकरण।
गाँव-गाँव,
खेत-खेत
अकाल से लड़ने के लिए उनसे दाँव-पेंच सीखते थे।
इस मनोरम दृश्य को देखे
बरस-के-बरस गुज़र गए।
सोचता हूँ कि—
ऊन की गठरी लेकर गड़रिये कहाँ चले गए?
गड़रियों के बग़ैर अब गाँव बेरोज़गार हो गया है।
संदीप निर्भय
जन्म : 01 जून 1996
पता : वैष्णव विहार, बीकानेर (राजस्थान)
सदानीरा, हिन्दवीं, कृति बहुमत, मधुमती, अनुगूँज, दोआबा, गोल चक्कर, कथेसर, अंजस, राजस्थली, जागती जोत, बीणजारो आदि पत्र-पत्रिकाओं व वेब पोर्टल्स पर हिंदी और राजस्थानी कविताएँ प्रकाशित।
2020 में कविता-संग्रह ‘धोरे पर खड़ी साँवली लड़की’ बोधि प्रकाशन, जयपुर से प्रकाशित।
ई-मेल : Sandeepnirbhy998@gmail.com
मोबाइल नंबर : 8949898120





