बांग्ला कवि देवदास आचार्य की कविताओं की सबसे बड़ी विशेषता है लोकजीवन की गहरी संवेदना, इतिहासबोध और मनुष्य के अस्तित्व को व्यापक सामाजिक तथा ब्रह्मांडीय संदर्भों में देखने की दृष्टि। उनकी कविता में ग्रामीण बंगाल का जीवन, श्रमशील मनुष्य, अभाव, विस्थापन, स्मृति, प्रकृति और समय के बदलावों की सघन उपस्थिति दिखाई देती है। सत्तर के दशक के राजनीतिक आंदोलनों, नक्सलबाड़ी, वर्गसंघर्ष और सामाजिक अन्याय की प्रतिध्वनियाँ भी उनकी कविताओं में मिलती हैं, लेकिन वे राजनीतिक नारों के बजाय जीवन के वास्तविक अनुभवों के माध्यम से अपनी बात कहते हैं। उनकी भाषा सहज, मितव्ययी, आडंबरहीन और जनजीवन के निकट है। वे बहुत कम शब्दों में गहरी अनुभूतियों को व्यक्त करने की क्षमता रखते हैं। उनकी कविताओं में एक ओर लोकजीवन की मिट्टी की गंध और श्रम की गरिमा है, तो दूसरी ओर अकेलेपन, निर्वासन, शून्यता और मृत्युबोध की दार्शनिक गहराई। इस तरह देवदास आचार्य की कविता व्यक्तिगत अनुभव और सामूहिक इतिहास, स्थानीय जीवन और सार्वभौमिक चेतना के बीच एक विशिष्ट रचनात्मक सेतु निर्मित करती है।
रास्ते में मिली राखदानी
जीवाश्म, लेकिन इस्तेमाल करता हूं कल्पना में
लाखों साल के कई जीवाश्म, आज
यह ठोस राखदानी, — इसी तरह
कल्पना में दौड़ता हूं, छू कर आता हूं ज्वालामुखी से घिरे हुए
जिस जीवन की शुरुआत हुई थी उसका जीवाश्म जबड़ा धीरे धीरे हिलने लगता है, हालांकि भाषा
अनजान, फिर भी उसे कुछ छूट दी, सुना उसके
अनजान स्वर की ध्वनि युग युग से जागरूक…
किसने उसे सिखाया इस अंतहीन भाषा का प्रकाश
किसने उसे कहा नील धरती पर है
मर्मज्ञ श्रोता का कान, उसे
सुनाओ दुख का गीत, उसे
कहो लाखों साल की धरती की भाषा एक ही है।
आत्मशुद्धि
शुरू होता है, लेकिन अंत होने से पहले ही लगता है,
शुरुआत में ही भूल थी।
इसी तरह सिद्ध हुए सभी काम। वस्तुत:,
शुरुआत और अंत के बीच अनगिनत गलतियों को
पिरोते-पिरोते
जिस जीवन की रचना हुई है , एक दिन
लगता है, वह अनजान है। उसे छोड़ देता हूं, उससे कहता हूं , मुझे क्षमा करो।
तुम्हारा निर्माण किया अशोधित जल ने,
तुम्हारा निर्माण किया जनश्रुति ने, लोकाचार ने,
हज़ारों अनुशासन के घुन ।
आज आओ, लो,
मेरे फेफड़ों में निर्मित पीठ पर,
भोजन और पेय ग्रहण करके तृप्त हो जाओ।
गांव के आकाश में तारा
काले आकाश के तारे ही
रास्ते दिखाकर ले जाते हैं बुआओं के गांव
वैष्णवी का एकतारा बजता है, दूर रात के आकाश में
थोड़ा -सा चांद घुलमिल गया ताड़ के वन में
धीरे धीरे नींद में शांत हो जाता है गांव, सिर्फ
जलांगी नदी कलकल बहती रहती है, और
जागते रहते हैं तारे
मैं नदी के पानी में मुंह धो कर तृप्त होता हूं, फिर
तारों से कहता हूं :
उतर आओ इस गांव में, हे नक्षत्र, उतर आओ किसानीन के गर्भ में।
हमारा जीवन
शकरकंद के बेलों वाले खेत में हवा बह रही है
छोकरे सब खेत में गायें चराते हैं और गाना गाते हैं
घरवाली दांत का दर्द कम करने के लिए अमरूद के पत्ते चबा रही है
काले हांड़ी पर चुना लगा दो
लौकी के फूल खिले हैं मचान पर
गांव के बौड़ में मगरमच्छ है
मंसूर अली हमारा प्रधान
औरत मर्द मिलकर हमलोग खेती करते हैं, मेहनत करके
गुजारा करने हैं
मिट्टी हमारे दुख की बात याद रखती है
आसमान हमारे सपनों की बात याद रखता है
जलांगी नदी में हम हाथ धो लेते हैं
तरोताजा हो जाते हैं तन और मन
एक तरफ़ गाद भरी मिट्टी का समतल दूसरी तरफ़ रूखी ज़मीन
एक तरफ सागर और दूसरी तरफ हिमालय की चोटी
इसके बीच छोटा सा गांव और खेत हमारा
छोटे छोटे अनगिनत व्रत-कथाओं की तरह नवजीवन का संचार करते हैं।
गीत गाते हैं हमारे लांगल हल हेंगा
गीत गाते हैं हमारे खूमरी निरिनी खुरपी
फसल की जड़ों के बीच लिपटते-लिपटते घूमती रहती हैं हमारी कहानियाँ
जो रची गई हैं हमारे श्रम और सपनों में।
बस यही
एक ही जीवन
समझने से पहले ही
गुजर गया…
बस यही सोचने पर
ठिठक जाता हूं, देखा
इस संसार में अनगिनत बुलबुले उड़ रहे हैं,
हरएक एक जैसा है, फिरभी
उड़ने का तरकीब भिन्न
खेल रहे हैं सटकर, एक दूसरे से घुलमिल रहे हैं,
सहज क्षणिक आविष्कार
उनके शरीर पर इंद्रधनुषी रोशनी खिल उठी है,
क्षणभंगुर अस्तित्व की आभा,
जीवन की आहट
श्वास
शाम की रोशनी में
आश्चर्य से यह सारी उड़ानें देखता हूँ
सोचता नहीं अब विशेष कुछ और।
देवदास आचार्य(3 जुलाई 1942 – 2026) बांग्ला कविता के साठ के दशक के एक विशिष्ट कवि थे। उनकी कविताओं में श्रमजीवी और हाशिये पर रहने वाले मनुष्यों का संघर्ष, समाज, इतिहास, स्मृति और अस्मिता के विभिन्न प्रसंग उभरकर आते हैं।
उनका जन्म 3 जुलाई 1942 को बांग्लादेश के कुश्तिया ज़िले के बंडबील गाँव में हुआ था। देश-विभाजन के बाद उनका परिवार पश्चिम बंगाल आ गया। बाद में वे नदिया ज़िले के कृष्णनगर में रहने लगे।
उनके प्रमुख काव्य-संग्रहों में ‘कालक्रम और प्रतिध्वनि’, ‘मृच्छकट’, ‘मनुष्यमूर्ति’, ‘ठूँठा जगन्नाथ’, ‘तर्पण’, ‘निर्वाचित कविता’, ‘रसातल से लौटकर’, ‘तिलकमाटी’ आदि विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं।
पुरस्कारः
2003 में बीरेंद्र पुरस्कार — रसातल के लिए।
2012 में पश्चिम बंगाल बांग्ला अकादमी पुरस्कार।
2015 में रवीन्द्र स्मृति पुरस्कार — स्वर्णगरुड़चूड़ा के लिए।
अनुवादक का परिचय
शुभ चक्रवर्तीबांग्ला भाषा के सुप्रसिद्ध कवि हैं। बांग्ला के साथ-साथ वे हिंदी और अंग्रेज़ी में भी लेखन करते हैं और विश्व साहित्य का अनुवाद करते हैं। वर्तमान में उनका साहित्यिक कार्य मुख्यतः रवीन्द्रनाथ ठाकुर और मिर्ज़ा ग़ालिब के साहित्य के अध्ययन, लेखन और अनुवाद पर केंद्रित है।
रवीन्द्रनाथ ठाकुर पर उनकी दो महत्वपूर्ण पुस्तकें हैं— ‘तुमार सृष्टिर पथे’ और ‘छंदेर बंधने मुक्ति’। इसके अतिरिक्त ग़ालिब के पत्रों, कविताओं, शायरी तथा विभिन्न साहित्यिक विषयों पर उनकी कई पुस्तकें प्रकाशित हैं। कविता, अनुवाद और भारतीय साहित्य की विविध परंपराओं पर उनका अध्ययन और लेखन निरंतर जारी है।
शुभ चक्रबर्ती
शुभ चक्रबर्ती SURI OLD DANGAL PARA BIRBHUM PIN 731101 kpcmail10@gmail.com
अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें।
प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।
संदीप निर्भय संदीप निर्भय की कविताएँ लोकजीवन की स्मृतियों, प्रेम की अंतरंग अनुभूतियों और समय के साथ बदलते सामाजिक यथार्थ की कविताएँ हैं। उनके यहाँ लोक...
जय प्रकाश साहित्यिक चरित्रों की पुनर्खोज : प्रसिद्ध साहित्यिक चरित्रों पर आधारित कविताएँ साहित्य के कुछ चरित्र अपनी रचना के समय और कथानक की सीमाओं को...
सुरेन्द्र प्रजापति सुरेन्द्र प्रजापति की कविताओं में समकालीन समाज, सत्ता, लोकतंत्र और मनुष्य की स्वतंत्रता से जुड़े प्रश्न एक गहरे राजनीतिक एवं मानवीय सरोकार के साथ...