रुचि बहुगुणा उनियाल का यह संस्मरण पहाड़ की स्त्री के श्रम, अभाव, उपेक्षा और अदम्य जीवन-जिजीविषा का अत्यंत मार्मिक दस्तावेज़ है। एक गर्भवती स्त्री का नौवें महीने में खाली पेट, सिर पर अनाज का बोझ उठाकर घट्वाड़ी जाना और भूख की असहनीय पीड़ा से बचने के लिए पिसते हुए आटे को ही खाने लगना हमारे समाज की उस क्रूर विडंबना को उजागर करता है, जिसमें स्त्री का श्रम परिवार और समाज की व्यवस्था का आधार तो है, लेकिन उसकी अपनी देह, भूख और इच्छाएँ सबसे अंत में आती हैं। इस पूरे प्रसंग में सबसे मार्मिक क्षण वह है, जब एक अनजान-सी लगने वाली दूसरी ब्वारी अपनी मैती बामणी की दुर्दशा देखकर अपनी सदरी की जेबों में भरी ‘उम्मी’ उसके हवाले कर देती है। स्त्री-संघर्ष के बीच स्त्री-सहकार और मनुष्यता का यह छोटा-सा दृश्य पूरे संस्मरण को एक गहरी मानवीय ऊष्मा प्रदान करता है। संस्मरण की विशेषता यह है कि लेखिका किसी बड़े विमर्श का बोझ डाले बिना स्थानीय जीवन, पहाड़ी शब्दावली, घरेलू संवादों और स्मृतियों के सहारे पितृसत्तात्मक व्यवस्था की निर्ममता को सामने ले आती हैं। यह केवल एक स्त्री की भूख और पीड़ा की कहानी नहीं, बल्कि उन असंख्य स्त्रियों के अनकहे इतिहास का आख्यान है, जिनकी मेहनत पर घर-परिवार टिके हैं, लेकिन जिनकी भूख और तकलीफें अक्सर इतिहास की निगाह से ओझल रह जाती हैं।
‘छुंईं की कुटयारी’ से एक अंश
रुचि बहुगुणा उनियाल
अब चौथे बच्चे (स्वयं मेरे पति नवनीत जी) के जन्म का समय नज़दीक है और पहाड़ों पर इस वक़्त धान की फ़सल की बुवाई/रोपणी, घास-लकड़ी और भी ढेरों काम-काज में बहुएँ बुरी तरह घिरी होती हैं, इतनी ज़्यादा कि हफ़्तों तक बहुएँ बाल भी नहीं बना पातीं… ठीक से बिंदी लगाना और माँग भरकर चोटी गूँथना तो दिवास्वप्न सरीखी बात होती, तो फिर ऐसे में बच्चों की सुध-बुध भी नहीं होती।
जून बीतने वाला है और जचगी का वक़्त सरकता हुआ पास चला आ रहा है, लेकिन इस काम-काज के समय किसे ध्यान है कि तीन बच्चों की इस माँ को, जिसके गर्भ में चौथी संतान है, उसे खाने-पीने को भी कोई पूछे?
माँ बताती हैं कि तेरे ससुर जी जब से गए, तब से अब तक एक रैबार भी नहीं आया उन्हें देखने की तो बड़ी दूर की बात थी। ख़र्चा-पानी आते-जाते दोस्त-पड़ोसियों के साथ भिजवा देते, लेकिन ख़ुद नहीं आए… इन चौमासी दिनों में काम की मारामारी और घर में राशन-पानी भी नहीं है। अब की बात होती तो मजाल है कि कोई गर्भवती बहू को ऐसे ही छोड़कर चला जाए? अरे, डॉक्टर के मिले बिना एक भी चीज़ न दी जाए बहू को और खाने-पीने का कैसा तो ख़याल रखा जाता है…
अरे, मेरे ही दोनों बच्चे हुए जब, कैसे तो नवनीत जी आगे-पीछे घूमते रहते थे कि कुछ खाने को मन हो तो कहो रुचा, माँ जब भी आतीं, तो मेरा जो मन होता था लेकर आतीं मेरे लिए कि ब्वारी की इच्छा है ये खाने की।
जब बिटिया होने वाली थी, तो ख़ूब चटपटा खाने की इच्छा होती थी। तब माँ मेरे लिए चाट/गोल-गप्पे और भी न जाने कितनी ही चीज़ें लेकर आती थीं… अमरूद खाने की इच्छा हुई तो माँ ने मेरे लिए “हरीं मिर्च कू पिस्यूँ लूण” बना लिया था कि रुचि को ये खाने का मन है। और जब बेटा होने वाला था, तब तो इतना मीठा खाया था मैंने कि डर भी लग रहा था कि कहीं डायबिटीज़ न हो जाए… तब भी माँ मेरे लिए रसगुल्ले/छेने की मिठाई/रसमलाई और भी न जाने क्या-क्या लेकर आती थीं।
लेकिन इस गाँव की ब्वारी को ठीक से खाने-पीने को भी नहीं मिल रहा था और ऊपर से अगर कभी ग़लती से भी कोई शिकायत करने का ख़याल भी आ जाए, तो मैके में माँ तो थी ही नहीं, बचपन में ही चल बसी थी और अब सारा ज़िम्मा भाई-भाभी के ऊपर था, जिनकी सख़्त हिदायत थी कि, “सैसर से एक भी छुंईं तेरी आई या कोई भी शिकायत पहुँची तो हम तेरे लिए नहीं और तू हमारे लिए नहीं।” ऐसे में जुलाई के बरसते दिनों में इस गर्भवती ब्वारी की खैरी कौन सुनता?
घर में पिसा हुआ आटा ख़त्म हो गया है और काम है कि निपटने का नाम ही नहीं ले रहा। रात के खाने के वक़्त बहू ने सास को कहा कि,
“आटा ख़त्म हो गया है, भोळ घट्वाड़ी (घराट की चक्की में जो गेहूँ और अन्य अनाज पिसवाने ले जाए जाते थे, उन्हें घट्वाड़ी कहा जाता है) जाना पड़ेगा।”
अब घट्वाड़ी जाने का मतलब है कि पूरा दिन लगेगा, लेकिन जाना तो होगा, क्योंकि जचगी भी होने वाली है और घर में तीन छोटे बच्चों के अलावा दो बड़ी महिलाएँ भी हैं, लिहाज़ा नाज का बंदोबस्त तो करना ही होगा। सुबह तीन बजे उठने वाली बहू दिन भर काम की थकान से चूर होने के कारण आज पाँच बजे जागी, तो सास के तानों से सुबह का स्वागत हुआ…
“अगर जो ख़ुद जाना होता, तो सुबेर उठके ही कल्यौ बना लेती, पर रांडमूंड सासु के लिए क्यों उठना था?”
चाय भी नहीं बनी थी अब तक, लिहाज़ा चाय बनाने के लिए बहू चूल्हा जलाती है… चाय बनाकर सास को देती है, बच्चों को देती है।
ससुर दूसरी बेटी के पैदा होने के सदमे में चल बसे थे और ननद का ब्याह हो गया था। एक देवर छोटा, जिसे संतान की तरह पाला, वो पढ़ने के लिए बड़े भाई के पास नरेंद्र नगर आ गया।
“ए जी, जाओ न आप, मैं घर का सब काम भी करूँगी और बच्चों को भी देख लूँगी।”
पर सासु के ताने हैं कि ख़त्म होने का नाम नहीं ले रहे।
आख़िरकार बहू ने सोचा कि ज़िंदगी भर ताने सुनने से तो अच्छा है कि ख़ुद ही घट्वाड़ी चली जाऊँ… कुछ भविष्य की सोच और कुछ ग़ुस्से में बहू ने चाय भी पूरी नहीं पी, आधा प्याला चाय पीकर ही उठ गई और जो घट्वाड़ी रात तैयार करके रखा था, उसे उठाकर चल पड़ी। घर में तीन छोटे बच्चे भी हैं, लेकिन ब्वारी ने पलटकर अपने दिल के टुकड़ों की ओर तक नहीं देखा, बस चल पड़ी!
पूरे समय का गर्भ और खड़ी चढ़ाई में सिर पर इतना बोझ… जुलाई के इस महीने में बारिश होती है, लेकिन आज खरंक घाम लगा हुआ है… थकान के मारे एक क़दम भी उठा पाना एक युद्ध जीतने जैसा है और गला इस गर्मी में प्यास से आतुर हो उठा है।
बड़ी मुश्किल से घट्वाड़ी लेकर पहुँची है ब्वारी, लेकिन अब उसे पीड़ा उठ गई है और इस मर्मांतक पीड़ा से तड़पती ब्वारी ने अपना घट्वाड़ी लगाकर उसके पास ही बैठने की कोशिश की, लेकिन हालत इतनी ख़राब हो गई है कि वो बैठ भी नहीं पा रही, इसलिए घट्वाड़ी के बग़ल में ही लेट-सी गई है।
असल में ये पीड़ा जचगी की नहीं, बल्कि ख़ाली पेट की है, जो इस हालत में बड़ी तेज़ महसूस हो रही है… जो ब्वारी सिराईं के सेरों का बासमती खाकर बड़ी हुई थी, जिसने कभी भी घास के लिए जंगल नहीं देखा था और जिसके पति के पास पर्याप्त साधन थे, वो इस पहाड़ी गाँव में इस वक़्त नौ महीने की गर्भावस्था में ख़ाली पेट घट्वाड़ी आई थी, दर्द तो होना ही था…।
पीड़ा की अधिकता ने लाज को किनारे कर दिया था और वो घट्वाड़ी के बग़ल में ही लेट गई थी। जब पीड़ा असहनीय होने लगी, तो उसने सोचा कि अब मरना तो है ही, क्या करूँ? भूख भी लग रही है, इसलिए ये आटा ही खाती हूँ… ब्वारी पिसकर आते आटे को लेकर धीरे-धीरे खाने लगी!
कुछ देर में वहाँ एक और ब्वारी आती है, जिसका मैत सिराईं ही है, लेकिन ये ब्वारी राजपूतों की है।
पहाड़ी औरतें साड़ी को कमर पर कसके बाँध लेती हैं और सिर पर एक कपड़ा रखती हैं, जिसे ठांटा बोला जाता है। ब्लाउज़ के ऊपर से एक जैकेट, जिसे सदरी कहा जाता है, वो पहनती हैं। उसमें छोटी-छोटी जेबें होती हैं।
इस नई घट्वारन ने अपनी मैत के बामणों की नौनी को देखा, तो उसका दिल पसीज गया….।
“कनु परलोक बिगड़ी तै सत्या चाचा कू, हे सिराईं की बेटी का ये कुहाल!”
(सत्या चाचा का परलोक कैसा बिगड़ा, सिराईं की बेटी की ऐसी दुर्दशा।)
उसके पास सदरी और चदरी में “उम्मी” रखे हैं (अधपके गेहूँ को भूनकर तैयार किया जाता है, जिसे पहाड़ी लोग बड़े चाव से खाते हैं), जो उसने निकालकर अपनी मैती बामणी को दे दी, उसकी सदरी की जेबों में भर दी! साथ ही उसने अपनी मैती का घट्वाड़ी भी बटोल के कट्टे में भर दिया। ख़ाली पेट की पीड़ा “उम्मी” और उस सूखे आटे से थम-सी गई, तो फिर ये तीन बच्चों की माँ ने हिम्मत की और उठकर पास के धारे में छमोटा लगाके जी भर पानी पी लिया।
जिस घट्वारन ने “उम्मी” दिए थे, उसी ने घट्वाड़ी उठाकर सिर पर रखवा दिया।
रास्ते में अब उतराई थी और घर में छोड़े तीनों बच्चों की मुखड़ी आँखों में तैर रही थी, तो ब्वारी सर-सर चलने लगी।
रास्ते में जहाँ भी भूख लगती, तो “उम्मी” खाती जाती, लेकिन जो स्वाद उस सूखे आटे में आया था, उसका कोई मुक़ाबला नहीं था।
रुचि बहुगुणा उनियाल
रुचि बहुगुणा उनियाल
* जन्म : 18-10-1983, देहरादून उत्तराखंड
*शिक्षा : एम. ए. अंग्रेज़ी साहित्य , समाज शास्त्र
*प्रकाशित पुस्तकें : प्रथम पुस्तक – मन को ठौर,
(बोधि प्रकाशन जयपुर से प्रकाशित)
प्रेम तुम रहना,प्रेम कविताओं का साझा संकलन
(सर्व भाषा ट्रस्ट से प्रकाशित)
वर्ष 2022 में दूसरा कविता संकलन २ १/२ आखर की बात (प्रेम कविताएँ) न्यू वर्ल्ड पब्लिकेशन नई दिल्ली से
प्रकाशित।
*प्रकाशन : प्रतिष्ठित पत्रिका पाखी, परिदे, युगवाणी, कवि कुंभ सहित सभी महत्वपूर्ण पत्र-पत्रिकाओं में
कविताएँ व आलेख प्रकाशित, पाकिस्तानी भाषा सिंधी सहित मलयालम, उड़िया, पंजाबी, बांग्ला, मराठी, संस्कृत, अंग्रेज़ी व अन्य कई भारतीय भाषाओं में कविताएँ अनूदित, भारतीय कविता कोश व प्रतिष्ठित वेब पत्रिका हिन्दवी पर रचनाएँ प्रकाशित
*सम्प्रति : स्वतंत्र लेखन
*निवास स्थान : नरेंद्र नगर, टिहरी गढ़वाल
*पत्र व्यवहार :न्यू उनियाल मेडिकल स्टोर नरेंद्र नगर, ज़िला टिहरी गढ़वाल, पिन कोड – 249175
*मोबाइल नंबर : 9557796104
*सम्पर्क सूत्र : ruchitauniyalpg@gmail.com
अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें।
प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।
नवीन रांगियाल नवीन रांगियाल की इन कविताओं में प्रेम, विरह, स्मृति, अकेलेपन और मृत्यु के अनुभवों से गुजरते हुए जीवन की उन महीन संवेदनाओं को अभिव्यक्ति...
मृत्युंजय प्रभाकर मृत्युंजय प्रभाकर की ये कविताएँ वर्तमान समाज, राजनीति और मनुष्य के अंतर्विरोधों की गहरी पड़ताल करती हैं। उनकी कविता में एक ओर कवि की...