• मुखपृष्ठ
  • अनहद के बारे में
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक नियम
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
अनहद
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
No Result
View All Result
अनहद
No Result
View All Result
Home अनुवाद

शक्ति चट्टोपाध्याय की कविताएँ

मूल बँगला से अनुवाद: उत्पल बैनर्जी

by Anhadkolkata
October 27, 2026
in अनुवाद, कविता, लेखक
A A
0
Share on FacebookShare on TwitterShare on Telegram

शक्ति चट्टोपाध्याय की कविताएँ

शक्ति चट्टोपाध्याय (1933–1995)

बँगला साहित्य के प्रमुख आधुनिक कवि शक्ति चट्टोपाध्याय (1933–1995) बीसवीं सदी की बँगला कविता के ऐसे विशिष्ट हस्ताक्षर हैं, जिन्होंने अपनी कविता में जीवन की उदासी, प्रेम की विफलता, प्रकृति की रहस्यमय सुंदरता, अस्तित्व की बेचैनी और मनुष्य की आंतरिक स्वतंत्रता को एक नई काव्यभाषा प्रदान की। वे साठ के दशक में बँगला कविता में उभरे उस विद्रोही साहित्यिक आंदोलन से जुड़े थे, जिसने कविता को रूढ़ सौंदर्यबोध और स्थापित नैतिक मान्यताओं से मुक्त करने की कोशिश की। उनकी कविताओं में एक ओर प्रकृति और ग्रामीण बंगाल की सहज, लगभग स्वप्निल छवियाँ हैं, तो दूसरी ओर आधुनिक मनुष्य का अकेलापन, आत्मसंघर्ष और जीवन के प्रति गहरी अनास्था भी है। शक्ति की कविता का आकर्षण उसकी सहजता में छिपी जटिलता, उसकी गीतात्मकता में अंतर्निहित उदासी और उसके बिंबों की अप्रत्याशित चमक में है। उनकी प्रसिद्ध कविता ‘अवनी, बाड़ी आछो?’ (अवनी, घर पर हो?) बँगला कविता में स्मृति, अनुपस्थिति और एकाकी चेतना का अविस्मरणीय उदाहरण है। जीवन के अनगढ़ अनुभवों, व्यक्तिगत विद्रोह और गहरी संवेदनशीलता को कविता में रूपांतरित करने वाले शक्ति चट्टोपाध्याय ने बँगला कविता को ऐसी आवाज़ दी, जिसमें मनुष्य की मुक्ति की आकांक्षा और उसकी पराजित आत्मा का दुःख एक साथ सुनाई पड़ते हैं।

क्षमा करो

टेबिल-पहाड़ के माथे पर
खिल उठा है रंग का कलश
रोज़ ही खिलता है
रोज़ होती है बारिश लगातार,
टपटप टपटप बिखर जाते हैं शब्द
शब्दों के समुद्र में,
जहाँ शब्दों से बढ़कर है रंग
रंग से बढ़कर माधुर्य
वहाँ उठ आते हैं मूल शब्द
तट की रेत पर रखते हैं सीने के दाग़
लार से भर देते हैं मुँह
कंधे पर सिर रख कहते हैं:
क्षमा करो … हम और नहीं बज सकते!

Related articles

आईना – हारुकी मुराकामी

लोचन कोना -5

00

लौटना

नदी में बहुत बड़ा हो उठा है चाँद
नदी मानो सपना है,
उसके दोनों किनारे टूटते रहते हैं
बड़ी होती है नदी
फंदे बिछाती है
इन्सान सिर्फ़ अकेला रोता रहता है।

ध्यान से देखो
पेड़ के भीतर पत्ते आकर गिरते रहते हैं अविराम …
जंगल को झाड़ती चलती है हवा
जाना …. इसी तरह चले जाना
लौटना नहीं…।

00

हूँ

अकसर लगता है
कि मैं बड़े मज़े में हूँ,
सोता हूँ बैठता हूँ
खाता हूँ खड़े रहता और दौड़ता भी हूँ,
बहुत-से लोग मेरी तरह ऐसा नहीं कर पाते।
बहुतों के यहाँ बेटियाँ नहीं होतीं
इसलिए वे पालते हैं पक्षी
गेहूँ देते हैं, धान देते हैं
कितना कुछ करते हैं
मेरे दुःख और सुख से परिपूर्ण है मेरा घर

कभी-कभी लगता है
कि मैं बड़े मज़े में हूँ।

00

अँधेरा देता है उससे भी ज़्यादा

उजाला कितना दे पाता है
जो कुछ देता है …. अँधेरा
जो कुछ देता है अँधेरा देता है
पाप, कटे हुए सिर, नरक का धुआँ
उजाला दे सकता है यह सब?
दे सकता है क्या …?

धूप बहुत कुछ देती है
अँधेरा उससे भी ज़्यादा देता है
छिन्न-विच्छिन्न माँस को रख देता है ज़मीन के भीतर
इन्सान की मज्जा झुलसती है
श्रद्धामय अँधेरे के बुखार में,
धूप बहुत देती है
अँधेरा उससे भी ज़्यादा देता है।

प्रेम थोड़ा-सा देता है
लेकिन प्रेमविहीनता देती है बहुत कुछ
विरह, अगोचर मेघ, हिंस्र-झपट्टे, जीभ और यंत्रणाएँ
अभिभूत कर देती है मज़े-मज़े में सारा दिन

धूप बहुत देती है
अँधेरा उससे भी ज़्यादा देता है!!

00

वे

थोड़े-से धान,
हमारे लिए ले आते हैं वे
फलों के बाग़, पोखर, रास्ते की छाया, हंस
हमारे लिए बारहों महीने
उनका यह कष्टबोध, सरल संपर्क, लगे रहना …

कौन हैं वे? कौन हैं वे?
पुकारते हैं इंद्रधनुष, पंछी, किंगफ़िशर …

मैं कहता हूँ
कुछ भी हो, नहीं बताऊँगा।

एक दिन थे वे
क्षुब्धमन बीवी के आसरे पर
एक दिन निर्जन बगीचे में किसने देखी थी स्वप्नों की मुक्ति
और दिन? ठीक से याद नहीं …
विदेशी पथिक ने ही शायद दिखाई थी राह!

00

मंदिर के भीतर

मंदिर के भीतर ग़लत अँधेरा था।
बाहर सँकरा रास्ता, बिखरी-बिखरी-सी घास, छाया, पेड़
लोग-बाग़, सुनाई देती है कुल्हाड़ी की आवाज़
आसपास और दूर सुनाई देती है नदी और झरने की आवाज़
पुकारता है पक्षी
लगता है इसके पहले यह पुकार नहीं सुनी थी
किसे पुकारता है?
सूखी और पीली ध्वनि में से उभरती है तसवीर
उस तसवीर में उगता है चाँद … टूटे बर्तन-जैसा
खौलते कड़ाहे-सा
जिसमें शोभा नहीं, शांति नहीं, क्रम नहीं, आँसू नहीं …

00

उत्पल बैनर्जी

मूल बँगला से अनुवाद:
उत्पल बैनर्जी
डेली कॉलेज कैंपस, इंदौर, मध्यप्रदेश, भारत।
Email : banerjeeutpal1@gmail.com

 

Tags: अनहद कोलकाता Anhad Kolkata हिन्दी बेव पत्रिका Hindi Web Magzineअनुवादउत्पल बैनर्जीबँगला कविताशक्ति चट्टोपाध्यायशक्ति चट्टोपाध्याय की कविताएँ
ShareTweetShare
Anhadkolkata

Anhadkolkata

अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें। प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।

Related Posts

आईना – हारुकी मुराकामी

आईना – हारुकी मुराकामी

by Anhadkolkata
October 25, 2026
0

हारुकी मुराकामी हारुकी मुराकामी (12 जनवरी, 1949) जापानी लेखक हैं। उनके उपन्यास, निबंध और लघु कथाएँ जापान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेस्टसेलर रही हैं, उनके काम...

लोचन कोना -5

लोचन कोना -5

by Anhadkolkata
October 21, 2026
0

लोचन कोना -5 रचना का प्रतीत्यसमुत्पाद प्रफुल्ल कोलख्यान जैसे जोति से जोति वैसे रचना से रचना यानी प्रतीत्यसमुत्पाद बात उन दिनों की है जब बूढ़े लेखकों...

बलजीत सिंह ‘बेनाम’ की दस ग़ज़लें

बलजीत सिंह ‘बेनाम’ की दस ग़ज़लें

by Anhadkolkata
October 20, 2026
1

बलजीत सिंह ‘बेनाम’ बलजीत सिंह ‘बेनाम’ हरियाणा के हाँसी (जिला हिसार) के निवासी हैं। आप हिंदी-उर्दू ग़ज़ल के सशक्त हस्ताक्षर हैं। आपकी ग़ज़लें, कविताएँ, दोहे और...

मोतीलाल दास की कविताएँ

मोतीलाल दास की कविताएँ

by Anhadkolkata
October 19, 2026
0

मोतीलाल दास मोतीलाल दास की इन कविताओं में भाषा की सहजता, शिल्प की सादगी और विचार की वैचारिक दृढ़ता मिलकर एक ऐसी काव्यभूमि का निर्माण करती...

अमिता नीरव की कहानी – लाल चाय

अमिता नीरव की कहानी – लाल चाय

by Anhadkolkata
October 18, 2026
0

अमिता नीरव अमिता नीरव की कहानी ‘लाल चाय’ अपरिचित परिवेश में स्त्री की असुरक्षा, अंतर्बोध और भय की मनोवैज्ञानिक पड़ताल करते हुए समकालीन जीवन के उस...

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अनहद कोलकाता साहित्य और कलाओं की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है। डिजिटल माध्यम में हिंदी में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ‘अनहद कोलकाता’ का प्रकाशन 2009 से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है। यह पत्रिका लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रगतिशील चेतना के प्रति प्रतिबद्ध है। यह पूर्णतः अव्यवसायिक है। इसे व्यक्तिगत संसाधनों से पिछले 12 वर्षों से लागातार प्रकाशित किया जा रहा है। अब तक इसके 500 से भी अधिक एकल अंक प्रकाशित हो चुके हैं।

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.

No Result
View All Result
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.