मुंबई.. बंबई.. बॉम्बे” – सपनों, संघर्षों और विमर्शों का शहर
डॉ. आशा मिश्रा ‘मुक्ता’
शहर केवल इमारतों, सड़कों, बाजारों और यातायात का नाम नहीं होता। वह अपने भीतर असंख्य मनुष्यों के जीवन, उनकी आकांक्षाओं, विवशताओं, स्मृतियों और संघर्षों को समेटे रहता है। किसी शहर को समझना दरअसल उसके चमकते दृश्यों के साथ-साथ उन अँधेरे कोनों को भी देखना है, जहाँ जीवन अपनी पूरी जटिलता के साथ उपस्थित होता है। बाला साहेब लबडे का काव्य-संग्रह ‘मुंबई.. बंबई.. बॉम्बे’ इसी दृष्टि से महत्त्वपूर्ण है। इसमें मुंबई किसी एक भौगोलिक क्षेत्र के रूप में नहीं, बल्कि एक जीवंत अनुभव और अनेक विरोधाभासों से निर्मित संसार के रूप में सामने आती है।
यहाँ जीवन का नाम स्ट्रगल है, जहाँ रातें सोती नहीं और चकाचौंध थमती नहीं। सड़क रुकती नहीं और ज़िंदगी थमती नहीं। मुंबई से परिचित कराने में बॉलीवुड का प्रमुख योगदान रहा है। फिल्मों के माध्यम से लोगों ने इस शहर को वैसा ही देखा है, जैसा उन्हें दिखाया गया है। साहित्यकारों ने इस मायानगरी के असली रूप से परिचित कराने का प्रयास किया है। उन्होंने मुंबई को स्वप्न, संघर्ष, विस्थापन, श्रम, अकेलेपन और अस्मिता के रूपक के रूप में देखा है। मुंबई में चालीस वर्ष बिताने के बाद कवि बाला साहेब लबडे ने इस शहर को गहराई से महसूस किया है। वे भूमिका में लिखते हैं, “मुंबई मेरे लिए एक शहर नहीं, बल्कि एक जीवंत अनुभव है—एक ‘महामाया’, ‘एक स्वप्न नगरी’, ‘चंदेरी नगरी’, एक ‘महामिथक’। यहाँ का हर मोड़, हर गली, हर साँस एक कविता बन सकती है। यहाँ का हर एक कोना कविता और साहित्य का विषय है। यह शहर एक मिनी इंडिया है, मिनी वर्ल्ड—जहाँ असंख्य जातियाँ, धर्म, भाषाएँ और संस्कृतियाँ मिलकर एक जीवंत कोलाज बनाती हैं। फिर भी, यह शहर कभी-कभी बिना चेहरे का शहर लगता है, क्योंकि इसके चेहरे के पीछे अनगिनत अनकहे किस्से छिपे हैं।” अतः संग्रह की कविताएँ शहर की बहुरंगी पहचान के साथ-साथ उसके भीतर छिपी असमानताओं, भूख, श्रम, स्त्री-अनुभव, सामाजिक पूर्वाग्रह और मानवीय संवेदना के क्षरण को भी दर्ज करती हैं।
शहरों को अलग नज़रिए से देखना साहित्यकारों के लिए कोई नई बात नहीं है। केदारनाथ सिंह ने आस्था और विश्वास के शहर ‘बनारस’ के लिए लिखा है—
कभी आरती के आलोक में
इसे अचानक देखो
अद्भुत है इसकी बनावट
यह आधा जल में है
आधा मंत्र में
आधा फूल में है
आधा शव में
आधा नींद में है
आधा शंख में
अगर ध्यान से देखो
तो यह आधा है
और आधा नहीं भी है।
चीज़ों को देखने का साहित्यकारों का नज़रिया आम आदमी से अलग होता है।
इस कृति का हिंदी अनुवाद भारत वेडे ने किया है। अनुवाद किसी रचना को दूसरी भाषा में प्रस्तुत करने भर का काम नहीं, बल्कि उसकी संवेदना, लय, सांस्कृतिक संदर्भ और अर्थों को नए पाठक तक पहुँचाने की कठिन प्रक्रिया है। भारत वेडे ने मराठी मूल की लोक-सुगंध और शहरी अनुभव को हिंदी में बनाए रखने का प्रयास किया है। वे स्वीकार करते हैं, “जहाँ शब्दों का अर्थ सीमित हो गया, वहाँ भाव को प्रधानता दी। कई स्थानों पर मूल शब्दों को जस का तस रखा है, क्योंकि वे अपने भीतर पूरी संस्कृति की नमी लिए हुए हैं।” अनुवादक के सामने चुनौती केवल शब्दों की नहीं, बल्कि उस शहर की ध्वनि, गति, थकान और उम्मीदों को दूसरी भाषा में संप्रेषित करने की भी थी। अनुवादक कहते हैं, “मैंने इन कविताओं का अनुवाद करना शुरू किया, तो महसूस हुआ कि मैं शब्दों का नहीं, बल्कि एक जीते-जागते शहर का अनुवाद कर रहा हूँ—उसकी गंध, ध्वनि, लय, थकान और उम्मीदों का।”
मुंबई को ‘महामाया’, ‘स्वप्न नगरी’, ‘चंदेरी नगरी’ और ‘महामिथक’ कहने के पीछे उसकी बहुस्तरीय प्रकृति है। यह शहर देश के अलग-अलग हिस्सों से आए लोगों को अपने भीतर जगह देता है। यहाँ अनेक जातियाँ, धर्म, भाषाएँ और संस्कृतियाँ साथ-साथ मौजूद हैं। इस विविधता के कारण मुंबई एक छोटे भारत की तरह दिखाई देती है। यहाँ चेहरों की कमी नहीं, बल्कि इतने अधिक चेहरे और कहानियाँ हैं कि किसी एक पहचान में शहर को बाँधना संभव नहीं। परंतु भीतर झाँकने पर यह भरा-पूरा शहर कभी-कभी ‘शक्लविहीन’ भी दिखाई देता है, मानो अस्तित्वहीन हो।
गुलज़ार ने ‘आमची मुंबई’ कविता में लिखा है—
साढ़े छह दशक पहले,
ये शहर एक खुशमिजाज और घर के बड़े जैसा था,
जो हर छोटे-बड़े को अपनी गोद में संभाल लेता था।
तब सड़कों के बीच ट्रामें चलती थीं,
और हर सड़क के कोने पर ईरानियों के कैफ़े और रेस्टोरेंट हुआ करते थे।
जहाँ चाय की चुस्कियों के साथ ज़िंदगी ठहरती थी।
आज वहाँ बड़े-बड़े मॉल्स खड़े हैं,
शहर की रफ़्तार बदल चुकी है,
और आसमान के रंग भी वो नहीं रहे।
मगर इस बदलते दौर में भी,
मैं इसके फ़ुटपाथ पर लेटा हुआ हूँ,
इसीलिए मेरा नज़रिया आज भी वहीं से आता है।
कवि शहर को पर्यटक की दृष्टि से नहीं देखते। लोकल ट्रेन, मरीन लाइन, हाजी अली, सीएसटी स्टेशन, फैशन स्ट्रीट, मुंबई सेंट्रल, धारावी, शिवाजी पार्क, चोर बाज़ार, धोबी घाट और बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स जैसे परिचित स्थान उनकी कविताओं में केवल दर्शनीय स्थल नहीं रहते। वे सामाजिक जीवन के संकेतक बन जाते हैं। किसी जगह का नाम आते ही वहाँ के कामगारों, यात्रियों, छोटे दुकानदारों, स्त्रियों और हाशिये पर खड़े लोगों का संसार खुलने लगता है। इस तरह शहर का नक्शा सामाजिक अनुभवों का नक्शा बन जाता है। कवि की दृष्टि उन स्थितियों तक पहुँचती है, जिन्हें सामान्यतः देखकर भी अनदेखा कर दिया जाता है।
महानगर की व्यवस्था और विकास की अवधारणा पर भी यह संग्रह प्रश्न उठाता है। शहर को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और आधुनिक बनाने की प्रक्रिया में अक्सर उन लोगों का परिश्रम अदृश्य हो जाता है, जो सफाई, सेवा और श्रम के कामों में लगे हैं। विकास की चमक के पीछे मनुष्य की भावनाएँ और जीवन-संघर्ष दब जाते हैं। ‘लबालब पेशाब घरों की घिनौनी गृहस्थियाँ’ जैसी कविता में सार्वजनिक शौचालयों के आसपास का जीवन सामने आता है। वहाँ आने-जाने वाले लोग अपनी सुविधा और स्वच्छता की चिंता करते हैं, लेकिन उस स्थान से जुड़े श्रमिकों और उनके परिवारों की दुनिया पर कम ही ध्यान जाता है। कवि लिखते हैं—
देखें तो ज़रा, क्या बन सकता है ये
आपकी कविता का विषय
किसी चैनल का प्राइम टाइम
आपके अख़बार की हेडलाइन
आने वाले आते रहते हैं कतार में,
जानेवाले जाते रहते हैं,
रखकर नाक पर रुमाल
वे रोते नहीं, बिलखते नहीं,
आती रहती है रोटी सेंकने की
मीठी खुशबू सीढ़ियों के नीचे से
नन्हें बच्चे खेलते रहते हैं,
उन्हें है गर्व
संस्कृति पर,
देश पर,
धर्म पर,
राजनीति पर,
उन्नति पर,
शांतिप्रिय लोगों पर,
अहिंसक इंसानों पर,
मानवता पर, दानवता पर,
सचिन के लगाए छक्के पर,
वे हो जाते हैं खुश
पीटते हैं तालियाँ,
लबालब पेशाबघरों की घिनौनी गृहस्थियाँ चलती रहती हैं,
एक-दो रुपये में पानी डालती रहती हैं।
कविता का व्यंग्य सामाजिक अंतर को उजागर करता है। कवि पाठक को उस जगह ठहरकर देखने के लिए बाध्य करते हैं, जिसे आम तौर पर लोग नाक पर रुमाल रखकर पार कर जाते हैं।
लोकल ट्रेन मुंबई के जीवन का एक केंद्रीय अनुभव है। उसमें रोज़ाना यात्रा करने वाले लोगों की भीड़ शहर की गति का प्रतीक है, लेकिन यही भीड़ मनुष्य की संवेदना की परीक्षा भी लेती है। ‘पाँव होकर लंगड़ा’ कविता में शारीरिक रूप से सक्षम और मानवीय दृष्टि से अपंग व्यक्ति के बीच का अंतर उभरता है। कवि भीड़ के बीच उस असहायता को देखते हैं, जहाँ दूसरों की पीड़ा के प्रति लोगों की संवेदना कम पड़ जाती है।
मेरे साथ डिब्बे में घुस आई
चहुँ दिशाओं से घबराई
मुझ समान ही
उसी के नेत्रों से देखती रही
मनुष्य की और कभी मुस्कुराहट मेरी ओर लोकल की भारी भीड़ में
अपंगों के डिब्बे में।
किन्नर समुदाय के प्रति समाज का व्यवहार भी संग्रह में महत्त्वपूर्ण विमर्श के रूप में उपस्थित है। लोकल ट्रेन में किन्नरों को लेकर यात्रियों की फुसफुसाहट, भय और असहजता का चित्रण बताता है कि सामाजिक स्वीकृति के दावों के बावजूद लोगों में पूर्वाग्रह भरे पड़े हैं। कविता में एक स्त्री का यह कहना कि उसे ‘नॉर्मल’ लोगों की अपेक्षा किन्नर बेहतर लगते हैं, प्रचलित मान्यताओं को उलट देता है। यह कथन सामान्य और असामान्य की सामाजिक परिभाषाओं पर प्रश्नचिह्न लगाता है।
स्त्री-अनुभव इस संग्रह का एक व्यापक पक्ष है। स्त्रियों के संदर्भ में सिमोन द बोउवार ने लिखा है कि “स्त्री पैदा नहीं होती, बल्कि उसे बना दिया जाता है।” और इस तरह बनाई गई स्त्रियाँ सदियों से अपना अस्तित्व खोजने में लगी हुई हैं। महानगर स्त्री को काम, स्वतंत्रता और आत्मनिर्णय के अवसर देता हुआ दिखाई दे सकता है, लेकिन इन अवसरों के साथ असुरक्षा, शोषण और सामाजिक दोहरेपन की स्थितियाँ भी मौजूद हैं। स्त्री को एक ओर देवी, शक्ति और पवित्रता के प्रतीक के रूप में प्रतिष्ठित किया जाता है, तो दूसरी ओर उसके शरीर, श्रम और इच्छाओं पर नियंत्रण की कोशिशें जारी रहती हैं। संग्रह की ‘फोर्ट की स्त्रियाँ’, ‘मुंबई सेंट्रल की चाँदनियाँ’ और ‘रेड सिग्नल’ जैसी कविताएँ अलग-अलग परिस्थितियों में जी रही स्त्रियों की दुनिया को सामने लाती हैं।
‘फोर्ट की स्त्रियाँ’ में पुरानी इमारतों और उनके अँधेरों के बीच स्त्रियों की काया, मन और इच्छा का संसार उभरता है। चमकदार रूप-सज्जा के पीछे छिपी असुरक्षा कविता को अर्थ देती है। स्त्री की देह को बाज़ार की वस्तु बना देने वाली व्यवस्था के साथ-साथ उसकी मानवीय पहचान का प्रश्न भी यहाँ उपस्थित है।
‘मुंबई सेंट्रल की चाँदनियाँ’ में रात के साथ सक्रिय होने वाली स्त्रियों का जीवन चित्रित है। दिन ढलने पर उनके नाम, चेहरे और गतिविधियाँ महानगर के एक दूसरे संसार को सामने लाती हैं। कविता में उनकी बाहरी चमक और भीतर की पीड़ा के बीच तीखा विरोध दिखाई देता है। समाज जिन स्त्रियों से दूरी बनाए रखता है, उन्हीं की उपस्थिति को वह अपने सुविधाजनक जीवन के लिए अनकहे ढंग से स्वीकार भी करता है।
जैसे-जैसे ढलता है दिन,
धीमी-धीमी रोशनी में शबनम, चाँदनी, रेशमा,
दमकती हैं चाँदनी बनकर,
‘इन्हीं लोगों ने ले लीना दुपट्टा मेरा’ की धुन पर
एक ही नज़र में, घायल अदा
पान खाकर सड़क पर थूकती है पच् से
जैसे थूकती हो किस्मत पर…
‘रेड सिग्नल’ में सड़क के चौराहे पर खड़ी स्त्रियों की आजीविका का प्रसंग आता है। वे राहगीरों का ध्यान आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के हाव-भाव अपनाती हैं, जबकि सुविधासंपन्न लोग उन्हें अनदेखा कर आगे बढ़ जाते हैं। कवि इन स्त्रियों की दशा को कठोर बिंबों में व्यक्त करते हैं। स्त्री का श्रम, उसका शरीर और उसकी विवशता सार्वजनिक स्थान पर उपस्थित हैं, फिर भी समाज उसे देखने से बचता है।
मुंबई की चमक के पीछे चॉलों, झुग्गियों, फुटपाथों, मिल-मज़दूरों की बस्तियों और छोटे किराए के कमरों का संसार भी है। शहर में आने वाले अनेक लोग बड़े सपने लेकर आते हैं, पर सभी को सफलता नहीं मिलती। कुछ लोग रोज़गार की तलाश में जीवन बिताते हैं, कुछ शहर की रंगीनियों में खो जाते हैं और कुछ अपराध की दुनिया के संपर्क में आ जाते हैं। कवि स्वयं को भी उन देहाती लोगों में शामिल करते हैं, जो कमाने की उम्मीद से शहर आते हैं और धीरे-धीरे उसी का हिस्सा बन जाते हैं।
देहाती लोग आते हैं
उसमें मैं भी एक हूँ
कैमरा घूमने लगता है इधर-उधर
मैं खड़ा हूँ
वो खड़ा है
वह बताता है
मैं सुनता हूँ।
धारावी मुंबई की एक ऐसी जगह है, जिसे अक्सर गरीबी और झुग्गी-बस्ती के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। इस संग्रह में कवि इसका बार-बार ज़िक्र करते हैं। लेकिन कवि वहाँ के जीवन को एक ही छवि में सीमित नहीं करते। ‘एक सेल्फी धारावी की’ में गलियों, दुकानों, आवाज़ों, भीड़, कामकाज और रोज़मर्रा की गतिविधियों के अनेक दृश्य एक साथ आते हैं। कैमरे से तस्वीर लेने की इच्छा के साथ कवि यह प्रश्न भी उठाते हैं कि किस दुख की तस्वीर खींची जाए। किसी गरीब बस्ती की तस्वीर लेना आसान है, लेकिन क्या उस तस्वीर से वहाँ के लोगों का जीवन और उनकी पीड़ा समझी जा सकती है?
नए डिजिटल युग में
मैं अपना कैमरा लेकर
मद्रासीनियों की गली-कूचों में
मछलियों का शव विच्छेदन
जीभ चटपटाती हुई बिल्लियाँ
छूरा ठकठक करती वो
ग्राहकों को मुहावरा दिखाती किकियाती
आने-जाने वालों को बुलाती हुई
हनुमान गली में बजता रहता डी.जे.
कान बैठने तक।
‘धारावी’ कविता में डिजिटल स्मार्ट सिटी की कल्पना और झुग्गी-बस्ती की वास्तविक स्थितियों के बीच का विरोधाभास उभरता है। एक ओर आधुनिकता और विकास के दावे हैं, दूसरी ओर गंदे पानी, संकरी बस्तियों, असुरक्षित जीवन और अभाव से जूझते मनुष्य हैं। कविता इन स्थितियों को सूचीबद्ध करते हुए एक ऐसा दृश्य बनाती है, जिसमें मनुष्य की सहनशक्ति भी मिसाल बन जाती है। धारावी को केवल समस्या मान लेने से वहाँ रहने वाले लोगों के श्रम, जीवटता और रोज़मर्रा की जटिलताओं को समझना संभव नहीं।
हम
सुजलाम
सुफलाम
आँकते हैं डिजिटल स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट
हमें
गर्व (अभिमान)
है
एशिया
खंडांतर्गत
सबसे विशाल
झोपड़पट्टी
हमारे पास
होने का
गर्व से कहिए
जहाँ लोग श्वेत नालियों के झरनों के पानी पर जीवन बिताते मनुष्य, उनकी रेज़िस्टेंस पावर स्ट्रॉन्ग है
कीड़े-मकोड़ों के समान मनुष्य जन्म लेकर बढ़ते एवं मृत नालियों में,
मूसक घुसों के सहवास में रहने का बिग बॉस शो प्रतिदिन ही
मनुष्य मनुष्य के प्राण पर उठता है जहाँ,
जीवन टपोरी होकर जहाँ कबाड़ होता सुवर्ण समान
ज़िंदगी गुज़ारने का तत्वज्ञान दिन पारियों में नष्ट होता जहाँ।
संग्रह में हिंसा, आतंक और अपराध का संसार भी सामूहिक रूप से आता है। 26/11 के हमले, अंडरवर्ल्ड और दहशत की छवियाँ शहर के उस अनुभव को सामने लाती हैं, जिसमें भय और सामान्य दिनचर्या साथ-साथ चलते हैं। कवि ध्यान दिलाते हैं कि भीषण घटनाओं के बाद शोक, विरोध और संवेदना के सार्वजनिक प्रदर्शन होते हैं, लेकिन समय बीतने के साथ लोग भूल जाते हैं और जीवन फिर अपनी पुरानी गति पकड़ लेता है। पीड़ा औपचारिक बनकर रह जाती है।
कवि धर्म और सामाजिक विभाजन को भी अनदेखा नहीं कर पाए हैं। मंदिर और मस्जिद के बीच मानवता की स्थिति, धार्मिक पहचान के नाम पर स्त्रियों के अधिकारों का हनन और सामुदायिक तनाव जैसी स्थितियाँ कवि की चिंता का हिस्सा हैं। वे धार्मिक आस्थाओं की विविधता को नकारते नहीं, बल्कि उन स्थितियों पर प्रश्न उठाते हैं, जहाँ धर्म का उपयोग नियंत्रण या विभाजन के लिए किया जाता है। मुंबई जैसे बहुधर्मी शहर में यह प्रश्न विशेष अर्थ रखता है।
दाऊद डॉन, शकील, मामा, राजन, मन्या सुर्वे, गज्या सर्व
कहानियाँ पकती रहती हैं
गलियों में राजनीति के
पट पर किसका बली
देखी हैं गोलियाँ
देखी है दहशत
झेली है गोलियाँ
दिए हैं कर
देखी है तस्करी
गुनगुनाए हैं कई भौरे
बिलबिलाए अनेकों कीड़े
कभी जातीय तो कभी धार्मिक।
कवि की भाषा इस संग्रह की एक विशिष्ट पहचान है। वे कई बार सीधे, तीखे और असुविधाजनक शब्दों का प्रयोग करते हैं। उनके बिंबों में शहर की गंध, शोर, भीड़ और गंदगी शामिल हैं। यह भाषा महानगरीय जीवन को सजाकर प्रस्तुत नहीं करती। कविताओं में कहीं व्यंग्य और कटाक्ष का स्वर है, तो कहीं करुणा, पीड़ा और आत्मालोचन दिखाई देता है। कविता का तीखापन पाठक को उससे दूर नहीं जाने देता।
‘मुंबई.. बंबई.. बॉम्बे’ महानगर को केवल सफलता, मनोरंजन और आर्थिक अवसरों की कहानी के रूप में नहीं देखता। यहाँ मुंबई एक साथ आश्रय भी है और संघर्ष का स्थल भी; सफलता भी है और विफलता भी; विविधता का उत्सव भी है और असमानता का आईना भी। कवि ने चमक-दमक के पीछे की कालिख को दिखाया है, रोशनियों के माध्यम से अँधेरे में झाँका है और समृद्धि के भीतर की मुफ़लिसी को आँका है। कवि की पैनी दृष्टि लोकल ट्रेन से होकर धारावी तक, फोर्ट की स्त्रियों से फुटपाथ पर जीवन बिताने वालों तक तथा धार्मिक स्थलों से गुजरते हुए होटलों के बंद कमरों तक पहुँचकर शहर की भीतरी कड़वी सच्चाइयों को खँगालने में सफल हुई है। बाला साहेब लबडे की कविताएँ मुंबई के अनेक चेहरों को सामने लाती हैं और पाठक को उन चेहरों के पीछे छिपी कहानियों को देखने का आग्रह करती हैं। भारत वेडे का अनुवाद इस अनुभव को हिंदी पाठकों तक पहुँचाने का माध्यम बना है।
समीक्षित पुस्तक – मुंबई.. बंबई.. बॉम्बे, कवि – बाला साहेब लबडे, प्रकाशक – लिटिल बर्ड पब्लिकैशन, नई दिल्ली, प्रकाशन वर्ष २०२६ मुखपृष्ठ आवरण:राजू बाविस्कर
डॉ आशा मिश्रा
संक्षिप्त परिचय : डॉ आशा मिश्रा
बिहार के ग्राम्य अञ्चल में जन्में, और पलने-बढ़ने के पश्चात विवाहोपरांत डॉ आशा मिश्रा हैदराबाद आईं और यहाँ पर स्नातक और स्त्री विमर्श में पी एच डी की उपाधि प्राप्त कीं।
उसके बाद इन्होंने “पुष्पक साहित्यिकी” त्रैमासिक पत्रिका की एडिटर और कविता लेखन के साथ साहित्य के क्षेत्र में पदार्पण किया तथा कहानी, निबंध, समीक्षा आदि लेखन के साथ आज ये एक सशक्त लेखिका के रूप में जानी जाने लगीं हैं।
ये पिछले 6 वर्षों से प्रसिद्ध पत्रिका पुष्पक साहित्यिकी का सम्पादन का कार्य कर रही हैं।
साथ ही “वैचारिक समालोचन” समीक्षा संग्रह और “वटवृक्ष की छाँव” अभिनंदन ग्रंथ का संपादन भी किया है।
“साहित्यिक पत्रकारिता” इनकी प्रकाशित पुस्तक है जो पत्रकारिता के ऊपर केंद्रित है।
कादम्बिनी पत्रिका के साथ साथ देश के कई अन्य प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में अबतक इनकी कहानियाँ, कविताएँ, निबंध और समीक्षाएँ प्रकाशित होती रहती हैं। न
ये “साहित्य गरिमा पुरस्कार समिति हैदराबाद” जो कि महिलाओं के पुरस्कार हेतु जानी जाती है उसकी कोषाध्यक्ष, “ऑथर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया” हैदराबाद चैप्टर के संयोजक और “जी के काबरा नवजीवन स्कूल” की विद्यालय मंत्रिणी भी हैं।
सामाजिक संस्था “बिहार महिला शक्ति” की महासचिव और “ब्रह्मर्षि सेवा समाज हैदराबाद” की पूर्व महिला अध्यक्ष हैं।
कई मंचों पर विभिन्न विषयों में वक्तव्य दिया है और कविता पाठ की हैं।
दूरदर्शन हैदराबाद और ऑल इंडिया रेडियो पर भी ये वक्तव्य और परिचर्चा में भाग लेती रहती हैं।
स्कूलों में लेखन प्रतियोगिता हेतु निर्णायक की भूमिका निभाई एवं कई संस्थाओं द्वारा सम्मानित हो चुकी हैं।
अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें।
प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।
अमिता शीरीं का यह समीक्षात्मक लेख मिथकों, धार्मिक आख्यानों और उनके भीतर निर्मित सामाजिक-सांस्कृतिक चेतना की एक महत्त्वपूर्ण वैचारिक पड़ताल करता है। लेखिका मिथकों को महज...
प्रतिरोध, स्त्री-अस्मिता और सामाजिक विवेक का कविता-संसार हरे प्रकाश उपाध्याय समकालीन हिंदी कविता में स्त्री के अनुभवों, उसकी सामाजिक स्थिति और उसके आत्मसम्मान को केंद्र में...