लोचन कोना -8
जिंदगी आज के पहले भी खस्ताहाल थी, लेकिन फर्क था। आज तो जिंदगी की खस्तहाली ने आम जिंदगी को मलबे में बदल दिया है। दुनिया अपनी जगह, पूरे देश को कचरे के ढेर में बदल दिया गया है। आत्मावलोकन के लिए सदैव तत्पर हिंदी के मुक्तिबोध का वह आत्मविश्वास कहां खो गया जो देश और दुनिया के फर्क को जानता था, देश और दुनिया को कचरे की ढेर में बदलते हुए देखकर कह सकता था —
“दुनिया न कचरे का ढेर कि जिस पर
दानों को चुगने चढ़ा हुआ कोई भी कुक्कुट
कोई भी मुरगा
यदि बांग दे उठे जोरदार
बन जाये मसीहा”
सब कुछ अंधेरे में समाता जा रहा था। मसीहा बनने की महत्वाकांक्षा से पीड़ित कोई कुक्कुट देश को कचरे का ढेर बनाकर कामयाबियों के कचरा कीर्तिमान बना रहा था, लेकिन —
“सब चुप, साहित्यिक चुप और कविजन निर्वाक
चिन्तक, शिल्पकार, नर्तक चुप हैं
उनके ख़याल से यह सब गप है
मात्र किंवदन्ती।
रक्तपायी वर्ग से नाभिनाल-बद्ध ये सब लोग
ये सभी लोग खून के प्यासे वर्ग से नाभि-बद्ध हैं
नपुंसक भोग-शिरा-जालों में उलझे।
प्रश्न की उथली-सी पहचान
राह से अनजान
वाक रुदंती।“
गजानन माधव मुक्तिबोध (13 नवंबर 1917 – 11 सितंबर 1964) हिंदी के चिंतक कवि थे — इस अर्थ में कि उन की कविताओं को समझे बिना उन के लेखों को और उन के लेखों को समझे बिना उन की कविताओं को समझना बहुत मुश्किल है। उन का चिंतक और कवि रूप एक-दूसरे से गुंथा हुआ है — कुछ इस तरह से कि चिंतक बड़ा या कवि बड़ा कहना मुश्किल। उन का एक महत्वपूर्ण आलोचनात्मक लेख है — जनता का साहित्य। जनता का साहित्य, मतलब जन ताका साहित्य अर्थात जनहित की तरफ ताक कर, देखकर लिखा-पढ़ा जानेवाला साहित्य। जनता का साहित्य और जन ताका साहित्य के फर्क को सरसरी निगाह से पढ़कर समझना बहुत नहीं भी तो, थोड़ा-सा मुश्किल जरूर होता है।
मुक्तिबोध साहित्य को सामाजिक-राजनीतिक मुक्ति और सांस्कृतिक परिष्कार का माध्यम मानते थे, साथ ही कला की जटिलता और स्वायत्तता का भी सम्मान करते थे। चिंतक कवि की एक बड़ी समस्या से यहां हमारी मुलाकात हो सकती है यदि हम सरसरी निगाह से पढ़ते हुए आगे बढ़ने और पन्ना पलटने की हड़बड़ी की गड़बड़ी से बचते हुए सवाल कर सकें कि माध्यम की स्वायत्तता क्या होती है?
साहित्य अगर माध्यम है तो स्वायत्त नहीं हो सकता है। साथ ही यह भी कि सरलता की जटिलता का मतलब क्या है? लक्ष्य साफ है — सामाजिक-राजनीतिक मुक्ति और सांस्कृतिक परिष्कार — तो फिर माध्यम की जटिलता और स्वायत्तता के सुझाव का क्या संकेत! क्या कविता या साहित्य होने के लिए उस का कला होना भी एक शर्त है! या फिर सामाजिक-राजनीतिक मुक्ति और सांस्कृतिक परिष्कार का भागीदार होना ही काफी है? कलावाद कहता है कला, कला के लिए!
फिर यहां एक नई समस्या — संसार में ऐसा क्या है जो अपने आप में अपना ही लक्ष्य हो? तो फिर यह कला कैसे? चिड़ियों के चहचहाना क्या सिर्फ चहचहाने के लिए होता है! तो फिर उस में इसलिए कोई कला तो होती नहीं है। जैविक क्रियाओं में कला? जैविक क्रियाएं कला के स्रोत या प्रेरणा तो हो सकती है, लेकिन खुद कला कैसे हो जा सकती है?
मूल बात यह है कि संसार में कुछ भी ऐसा नहीं है जो अपना लक्ष्य खुद ही हो। फिर याद करूं संसार को संसार तो कहते ही इसलिए हैं कि इस में चलना-बदलना अपने आप में अनाहत और अव्याहत रूप से, तरीके से चलता रहता है!
जीवन का कोई अर्थ नहीं, जीवन का कोई लक्ष्य नहीं! नहीं-नहीं जीवन का कोई-न-कोई अर्थ तो स्थिर करना ही होगा, जीवन का कोई लक्ष्य निर्धारित करना ही होगा। जीवन तदर्थ नहीं हो सकता है। जीवन के अर्थ को स्थिर करना जीवन का लक्ष्य है। जीवन को स्थिर करने का अर्थ मौत है! यहां जीवन को स्थिर करने की बात नहीं है, जीवन के अर्थ को स्थिर करने की बात है — बरतन में पानी उबलता है, बरतन नहीं!
साहित्य का जनता के होने का अर्थ क्या है? जनता के साहित्य होने का अर्थ सिर्फ उस की लोकप्रियता से तय नहीं हो सकता है। लोकप्रियता से खरीद-बिक्री का रिश्ता होता है, क्रेता-विक्रेता के बीच का रिश्ता हो सकता है , पाठक और साहित्य के बीच का रिश्ता नहीं। उत्पादकता और उपयुक्तता के आधार पर नौकर से रिश्ते की गुणवत्ता तय हो सकती है, संतान के साथ के रिश्ते की गुणवत्ता नहीं। जीवन का दुखद प्रसंग है कि बहुत अधिक तेजी से लोकप्रियता और खरीद-बिक्री की उपयुक्तता से सब कुछ तय होने लगा है।
तो इस का सीधा-सरल मतलब यह हुआ कि जनता का साहित्य वह है जो जीवन में लोकप्रियता और खरीद-बिक्री की उपयुक्तता के खिलाफ अपने पाठक के धैर्य को अकेला न पड़ने दे! साहित्य की जनता होने के लिए पाठकों को ऐसे साहित्य को खोजने, उस के साथ होने के लिए तैयार रहना चाहिए जो लोकप्रियता और खरीद-बिक्री की फांस से बचने के लिए उस के धैर्य को केला पड़ने से बचाता हो। जनता के साहित्य और साहित्य की जनता में लोकप्रियता और खरीद-बिक्री की फांस से बचने-बचाने का समन्वय होना ही चाहिए।
ज्यां-पॉल सात्र को फिर से याद किया जाए — जरूरी है साहित्य के पाठक खुद को साहित्य की जनता के रूप में देखें। साहित्यकार और पाठक दोनों की संयुक्त सामाजिक जिम्मेदारी है। सामाजिक जिम्मेदारी, एक दूसरे को बचने-बचाने की। सिर्फ साहित्यकार का नहीं बल्कि साहित्यकार और पाठक दोनों का संयुक्त दायित्व है, समाज और साहित्य के साथ संकट में खड़े होने का। माफ करें, कुछ भी लिख देने से कोई लेखक नहीं हो जाता है। हां तो, कुछ भी पढ़ लेने से कोई पाठक नहीं हो जाता है। पाठक अपने लेखक के व्यक्तित्व को गढ़ता है — जैसे बच्चा मां को! यहां पाठक में श्रोता, दर्शक आदि वे सभी, समाहित हैं जिन्हें पहले सामाजिक कहा जाता था!
जो लोग देखते ही समझ लिये जाने को साहित्य — आशय साहित्य के सभी रूपों-स्वरूपों से है — की पहली शर्त मानते हैं वे विभोर होने और समझने के फर्क भुला देते हैं। देखते ही समझ लिये जाने की शर्त अन्यत्र कहीं लागू नहीं है, समझने का काम तो प्रयासपूर्वक ही हो सकता है, अनायास नहीं।
यानी कुल मिलाकर यह कि साहित्य और साहित्यकार की सामाजिक जिम्मेदारी से इनकार नहीं किया जा सकता है। जो कोई समाज में है उस की कोई-न-कोई सामाजिक जिम्मेदारी भी जरूर है! नहीं क्या! तो फिर साहित्य की सामाजिक जिम्मेदारी क्या है! साहित्य की सामाजिक जिम्मेदारी है अपने पाठकों को लोकप्रियता और खरीद-बिक्री की उपयुक्तता तय करने की प्रक्रियाओं में उस के अकेले किए जाने, छांट दिए जाने के खिलाफ जनता की धैर्य-शक्ति को बचाए, धैर्य-शक्ति और सांस्कृतिक साहस का भाव संचार करे।
अकेले कर दिए जाने की प्रक्रिया के खिलाफ कटार और कवच बनना साहित्य की सामाजिक जिम्मेदारी है। यह तब अधिक-से-अधिक जरूरी है जब उत्सव को आक्रमण के अवसर में बदल दिया जा रहा है, संस्कृति के नाम पर हो रहा है और संस्कृति की समझ को सिर्फ साहित्य से सीमित कर दिया गया है। ऐसे में, साहित्य की सामाजिक जिम्मेदारी का सवाल कुछ बनता है या नहीं! सहमिलानी संस्कृति के खिलाफ आक्रामक राजनीति के सामने सब कुछ समर्पित?
साहित्य की कोई-न-कोई सामाजिक जिम्मेदारी है न! तो उस जिम्मेदारी के प्रति लापरवाही पाठक — जिसके अपनी जनता बनने की कामना हर सचेत लेखक रखता है — से गद्दारी नहीं है तो और क्या है?
मोहन राकेश हिंदी में लिखने-लिखवानेवाले महत्वपूर्ण कथाकार हुए हैं। मुझे लगता है अपनी बात को थोड़ा-सा साफ करना चाहिए। हो सकता है बहुत सारे पाठकों के सामने इस बात का अर्थ बिल्कुल साफ होगा। लेकिन बहुत थोड़े-से पाठक के लिए ही सही लेकिन जरूरी है, इस मुद्दा पर कुछ कहना। कुछ साहित्यकार खुद लिखते हैं, वे बड़ा काम करते हैं। कुछ साहित्यकार बस लिखते हैं, लेकिन कुछ साहित्यकार इस तरह से लिखते हैं जो दूसरों के लिखने की प्रेरणा भी बन जाते हैं। दूसरी बात यह कि मोहन राकेश हिंदी में लिखते थे मगर हिंदी में लिखने के कारण उन का साहित्य हिंदी की शक्ति तो है लेकिन हिंदी तक सीमित नहीं था। मोहन राकेश की कहानी मलबे का मालिक की याद आ रही है इन दिनों। ऐसा क्यों, इस का जवाब तो पूरी कहानी है, फिलहाल यहां कुछ हिस्सा — ‘पीपल के नीचे सोये रक्खे पहलवान को जाने किसी ने जगा दिया या वह खुद ही जाग गया। यह जानकर कि पाकिस्तान से अब्दुल गनी आया है और अपने मकान के मलबे पर बैठा है, उसके गले में थोड़ा झाग उठ आया जिससे उसे खांसी आ गयी और उसने कुएं के फ़र्श पर थूक दिया। मलबे की तरफ़ देखकर उसकी छाती से धौंकनी की-सी आवाज़ निकली और उसका निचला होंठ थोड़ा बाहर को फैल आया। “गनी अपने मलबे पर बैठा है,” उसके शागिर्द ने लच्छे पहलवान के पास आकर बैठते हुए कहा।‘
गनी अपने मलबे पर बैठा है? यह गनी कौन है! अगर गनी लोकतंत्र हो और मलबा मतदाता सूची से बाहर निकाल दिए गए करोड़ों नागरिक, मतदाता हों! पता नहीं हिंदी साहित्य के सृजनात्मक संज्ञान में इस नए मलबे का नया मालिक किस रूप में प्रकट हो रहा है!
आखिर किस-किस मोर्चे पर साहित्य लड़े, साहित्यकार लड़े! अकेले! और साहित्य का अपना मोर्चा? अभिधा के महान कवि रघुवीर सहाय की बात को याद करना संतोषप्रद हो सकता है — ‘अपने काव्य-संग्रह ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ (1967) के कवि-वक्तव्य में कही थी — ‘सबसे मुश्किल और एक ही सही रास्ता है कि मैं सब सेनाओं में लड़ूँ—किसी में ढाल सहित, किसी में निष्कवच होकर—मगर अपने को अन्त में मरने सिर्फ़ अपने मोर्चे पर दूँ—अपनी भाषा के, शिल्प के और उस दोतरफा जिम्मेदारी के मोर्चे पर जिसे साहित्य कहते हैं।’ इधर हिंदी साहित्यकार का अपना मोर्चा खो गया और उधर मुल्क मलबा में बदलता चला जा रहा है।







