अभिषेक पाण्डेय की इन कविताओं में प्रेम, स्मृति, पारिवारिक संबंधों, सामाजिक विडंबनाओं और मनुष्य की भावनात्मक असुरक्षा का एक संवेदनशील संसार निर्मित होता है। उनकी कविता का आधार जीवन के छोटे-छोटे अनुभव हैं, जिनके भीतर वे व्यापक अर्थों और मानवीय प्रश्नों की तलाश करते हैं। ‘खो चुका है आकाश’ में सियासत के छल और हाशिये पर पड़े मनुष्य की विडंबना को तारों और आकाश के रूपक के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया है। यह कविता राजनीतिक व्यवस्था की आलोचना तो करती ही है, साथ ही उस व्यवस्था की भी पहचान करती है जो वास्तविक समस्याओं का समाधान करने के बजाय पीड़ितों को माइक और इंटरव्यू थमा देती है।
‘आस्तिक प्रेम’, ‘ज्योतिपुंज’, ‘लुका छिपी’ और ‘टूटे हुए चुम्बक और प्रेम’ जैसी कविताओं में प्रेम की अनुभूति सहज, आत्मीय और दार्शनिक विस्तार ग्रहण करती है। विशेष रूप से ‘टूटे हुए चुम्बक और प्रेम’ में टूटे हुए चुम्बक का रूपक प्रेम में पुनर्मिलन की असंभवता और उसकी अंतर्निहित विडंबना को बहुत कम शब्दों में प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करता है। ‘पिता पर कविता’ पारिवारिक संबंधों में मौजूद संकोच और अनकहे प्रेम की मार्मिक अभिव्यक्ति है, जबकि ‘स्पर्श’ में स्त्री के स्पर्श को पुरुष के दुर्दिन से उबरने की सांस्कृतिक और भावनात्मक शक्ति के रूप में देखा गया है। ‘तितलियों का बादल’ और ‘निस्संग नहीं होती कविता’ में कवि की दृष्टि प्रकृति, घरेलू परिवेश और साधारण वस्तुओं के भीतर छिपे सौंदर्य तथा जीवन-संघर्ष को पहचानती है। इन कविताओं की उल्लेखनीय विशेषता इनकी सहज भाषा, संक्षिप्त शिल्प और बिंबों की अर्थगर्भिता है। हालांकि कुछ कविताओं में भाव का निष्कर्ष अपेक्षाकृत जल्दी सामने आ जाता है और कहीं-कहीं रूपक अपनी संभावनाओं का पूरा विस्तार नहीं ले पाता; ‘प्रेम और आपदाएँ’ इसका एक उदाहरण है, जहाँ सुंदर कल्पना के बावजूद अंतिम निष्कर्ष कविता के अनुभव को कुछ हद तक एकरेखीय बना देता है। इसी तरह ‘स्पर्श’ में पौराणिक संदर्भों का प्रयोग अर्थ की नई परतें खोलने के बजाय कुछ स्थानों पर भाव को परिचित सांस्कृतिक विधान तक सीमित करता है।
इसके बावजूद इन कविताओं में एक ऐसी आत्मीय संवेदनशीलता है जो पाठक से सीधा संवाद करती है। अभिषेक की कविता में अभी शिल्प और वैचारिक विस्तार की कुछ संभावनाएँ शेष हैं, लेकिन उनकी रचनात्मक दृष्टि में जीवन के प्रति भरोसा, प्रेम के प्रति आस्था और साधारण मनुष्य के दुख-सुख को समझने की ईमानदार आकांक्षा मौजूद है। यही आकांक्षा उनके कवि-व्यक्तित्व की सबसे बड़ी पूँजी है।
खो चुका है आकाश
सियासत ने
कभी नहीं उठाया
गिरे हुए तारों को
न झाड़ी उनकी धूल
न थामा उन्हें हाथों में
वे बनाते रहे
चाँद और सूरज
बड़ी-बड़ी मशीनों में
हो गया ओवरलोड
चली गई रोशनी
फैल गया अँधेरा
सिसका कहीं पर
एक तारा
मिट्टी में सना हुआ
कुछ कहने को खड़ा हुआ –
चमकना है आकाश दे दो
दे दिए गये माइक
होने लगे इंटरव्यू
जमने लगी काई
फिसलने लगी जिह्वा
पर आकाश न मिला
लाखों तारे
गिरे पड़े हैं औंधे मुँह
सिसकियों को
सोख चुकी है नीरवता
बची हुई है
सुनहली मद्धिम-सी
एक चमक
जिससे
रह-रह कर आती है
टोंय-टोंय की आवाज़
जो संपर्क ढूँढ़ा करती है
घर का।
आस्तिक प्रेम
हर रोज लिखूँगा
प्रेम है तुमसे
रोज ही तुमसे
करूँगा जिद
थोड़ी और
बात करने की
दौड़ पडूँगा
तुमसे मिलने
जब-तब कहीं भी
मैं आस्तिक हूँ
मैंने ईश्वर की पूजा
ऐसे ही की है।
तितलियों का बादल
उसे फूलों से प्रेम है
वह जब फूलों को देखती है
तो हँसती है
रंग-बिरंगी तितलियाँ
उसकी सहेलियाँ हैं
उनके साथ वह
रोज निकलती है
फूलों की सैर पर
मैंने भी लगाई हैं
टहनियाँ और कुछ फूल
बनाई है छोटी-सी फुलवारी
मुझे उम्मीद है एक दिन
यहाँ से होकर गुज़रेगा
तितलियों का बादल
और उभर आएँगे मिट्टी में
चिह्न हँसी के
और हँस पड़ूँगा मैं भी।
टूटे हुए चुम्बक और प्रेम
टूटे हुए चुम्बक
तीव्रता से खींचते हैं
एक दूसरे को
पर जुड़ नहीं पाते
फिर से एक सीध में
प्रेम में
पुनः की परिकल्पना
चुम्बक के टुकड़े हैं।
पिता पर कविता
उतना मुश्किल नहीं है
लिखना पिता पर
जितना उन्हें गले लगाना
मुश्किल नहीं है उतना भी
जितना जाकर यह बताना
कि प्रेम है हमें भी
पिता पर लिखी गई
तमाम कविताएँ
पढ़ी जाएँगी अंतर्मन से
पर कही न जाएँगी―कहीं।
लुका छिपी
हमारी लुका छिपी के
खेल में
किसी दिन आएगा प्रेम
दबे पाँव
और जोर से बोलेगा
धप्पा
तुम चौंकना नहीं
तैयार रहना
यात्रा के लिए
सुना है प्रेम ठहरता नहीं
यात्रा पर रहता है।
ज्योतिपुंज
कितना सहज था
तुम्हारा धीरे से आकर
मेरी आँखों को ढकना
मुझे याद है
तब उस घोर अंधकार में
तुम चमकी थी
मेरे माथे पर
किसी ज्योतिपुंज की तरह।
स्पर्श
जब कभी वक़्त
मुझे नीचे गिराये
और ज़िन्दगी भी
तरस न खाए
तब तुम्हारे कंधे पर
झुके मेरे सिर को
अपना एक स्पर्श दे देना
वैसे ही
जैसे पार्वती ने दिया था
शिव के कंठ को स्पर्श
सीता ने दिया था
राम के वनवास को स्पर्श
तुम भी छू लेना
मेरी हताशाओं को
अपने स्पर्श से
क्योंकि
स्त्रियों के स्पर्श से
ठीक होते रहे हैं
पुरुषों के दुर्दिन।
प्रेम और आपदाएँ
ऊपर उठता आकाश
किसी दिन
हो जाएगा ओझल
यही सोचकर
काँपी होगी पृथ्वी
पृथ्वी को
बंजर होता देख
मेघ ने रचा होगा
रूप बाढ़ का
नदी के मीठे जल का
खारा हो जाने का दुख
फूट पड़ा होगा
समंदर में सुनामी बनकर
दुनिया की
तमाम आपदाएँ
प्रेम में किसी को
खो देने का भय हैं।
निस्संग नहीं होती कविता
कविता
लिखते हुए
मैं कभी
अकेला नहीं होता
मेरे साथ होती है
फर्श पर बिछी हुई चटाई
जो मेरी कविता को
आधार देती है
मेरे साथ होता है
एक लोटा पानी
जिसे थोड़ी-थोड़ी देर में
पीती है मेरी कविता
मेरे साथ होती हैं
पपड़ी छोड़ती हुई दीवारें
जहाँ बिम्बित होते हैं
कई शब्द और वाक्य समूह
जो दरीचे से
आती हवाओं से मिलकर
क्रमबद्ध आ बैठते हैं
मेरी कविता में।
कवि परिचय
नाम: अभिषेक पाण्डेय शिक्षा: स्नातकोत्तर, बी.ए.ड, एम.एड स्मप्रति: अध्ययनरत पता: हावड़ा, पश्चिम बंगाल संपर्क सूत्र: 8902201232 मेल: abhishekpandeywb@gmail.com
अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें।
प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।
सत्यनारायण पटेल सत्यनारायण पटेल की कहानी 'नन्हा खिलाड़ी' हमारे समय की राजनीतिक, सामाजिक और नैतिक विडंबनाओं को एक असाधारण प्रतीकात्मक आख्यान में रूपांतरित करती है। कहानी...
नन्दलाल भारती नन्दलाल भारती की कहानी ‘बेदखलनामा’ बुजुर्ग माता-पिता के प्रति बदलते पारिवारिक व्यवहार, संतान की संवेदनहीनता और वृद्धावस्था के अकेलेपन की एक मार्मिक सामाजिक पड़ताल...