इंतज़ार हुसैन की कहानी ‘अंतिम मनुष्य’ मनुष्य की पहचान, नैतिकता और सामूहिक जीवन से उसके संबंधों पर एक गहरी रूपकात्मक कथा है। शनिवार के दिन मछली पकड़ने की मनाही का उल्लंघन करने वाली एक बस्ती के लोग धीरे-धीरे बंदरों में बदलने लगते हैं। इस भयावह रूपांतरण के बीच अलियासफ स्वयं को मनुष्य बनाए रखने की प्रतिज्ञा करता है, लेकिन अपनी मनुष्यता बचाने की कोशिश में वह प्रेम, घृणा, क्रोध, करुणा और हँसी जैसी तमाम मानवीय संवेदनाओं से भी कटता चला जाता है। अंततः उसे एहसास होता है कि मनुष्य की पहचान केवल उसकी देह या व्यक्तिगत नैतिक श्रेष्ठता में नहीं, बल्कि दूसरे मनुष्यों के साथ उसके रिश्तों में भी निहित है। मिथकीय आख्यान और फंतासी के सहारे हुसैन यहाँ धार्मिक अवज्ञा, सामूहिक पतन, आत्ममुग्धता और अकेलेपन की त्रासदी को उद्घाटित करते हैं। कहानी का सबसे मार्मिक प्रश्न यही है कि क्या दूसरों से पूरी तरह कटकर कोई मनुष्य अपनी मनुष्यता बचा सकता है? इसका अंत इस विडंबना को तीव्र कर देता है कि मनुष्य बने रहने की जिद में अलियासफ अंततः अपनी ही मनुष्यता से दूर होता चला जाता है।
अलियासफ उस बस्ती का अंतिम मनुष्य था। उसने प्रतिज्ञा की थी कि, “ईश्वर की सौगंध, मैंने मनुष्य के रूप में जन्म लिया है और मनुष्य के रूप में ही मरूँगा।” अंतिम साँस तक उसने मनुष्य की गरिमा और उसके अस्तित्व को बनाए रखने की पूरी कोशिश की।
और इस बस्ती से तीन दिन पहले ही सारे बंदर गायब हो गए थे। लोग पहले हैरान हुए, फिर यह सोचकर खुश हुए कि—जो बंदर फसलें उजाड़ते और बाग नष्ट करते थे, वे आखिरकार खत्म हो गए, तो अच्छा ही हुआ। लेकिन जिस व्यक्ति ने उन्हें शनिवार के दिन मछली पकड़ने से मना किया था, उन्होंने कहा—”बंदर तो तुम लोगों के बीच ही हैं, लेकिन तुम उन्हें देख नहीं पा रहे हो।”
लोग उनकी बात पर गुस्सा हुए और बोले—”क्या तुम हमारे साथ मज़ाक कर रहे हैं?”
उन्होंने कहा—”दरअसल, मज़ाक तो तुम लोगों ने ही खुदा के साथ किया है; उन्होंने तुम्हें शनिवार के दिन मछली पकड़ने से मना किया था, और तुमने ठीक उसी दिन मछली पकड़ ली। याद रखो, वह तुम सबसे बड़े मज़ाकिया हैं, यानी उनका न्याय या सज़ा तुम्हारे मज़ाक से कहीं अधिक भयानक होगी।”
उसके तीन दिन बाद ऐसा हुआ कि—अलियुज़र की दासी गज़रोम जब अलियुज़र के शयनकक्ष में गई, तो वह बुरी तरह डरकर उल्टे पाँव अलियुज़र की पत्नी के पास लौट आई। इसके बाद अलियुज़र की पत्नी शयनकक्ष तक गईं और हैरान व विचलित होकर लौट आईं। फिर यह खबर चारों तरफ फैल गई। दूर-दूर से लोग अलियुज़र के घर आए और उसके शयनकक्ष तक जाकर डर के मारे ठिठक गए। क्योंकि अलियुज़र के शयनकक्ष में, अलियुज़र की जगह एक विशाल बंदर आराम कर रहा था। और यह वही अलियुज़र था जिसने पिछले शनिवार सबसे ज़्यादा मछलियाँ पकड़ी थीं।
फिर ऐसा हुआ कि एक ने दूसरे को खबर दी—”हे प्रिय मित्र, अलियुज़र तो बंदर बन गया है!” यह सुनकर दूसरा व्यक्ति ज़ोर से हँसने लगा और बोला—”तुम मेरे साथ मज़ाक कर रहे हो!” वह हँसता ही रहा, हँसते-हँसते उसका चेहरा लाल हो गया, दाँत बाहर निकल आए और उसका मुँह खिंचकर लंबा होता गया और वह भी बंदर बन गया। यह देखकर पहला व्यक्ति बहुत हैरान हुआ। उसका मुँह खुला रह गया, आँखें आश्चर्य से बड़ी होती गईं और फिर वह भी बंदर में बदल गया।
इधर, अलियाब ने इब्न जबलून को देखकर डरते हुए कहा—”हे जबलून के पुत्र! तेरी यह क्या हालत हुई है कि तेरा चेहरा बिगड़ रहा है?” इब्न जबलून को इस बात पर अपमान महसूस हुआ और वह गुस्से में दाँत पीसने लगा। तब अलियाब और अधिक डर गया और चिल्लाकर बोला—”अरे जबलून के बेटे! तेरी माँ तेरे शोक में छाती पीट रही है, ज़रूर तुझे कुछ न कुछ हो गया है!” इस पर इब्न जबलून का चेहरा गुस्से से लाल हो गया और वह दाँत निपोरते हुए अलियाब पर झपट पड़ा। तब डर के मारे अलियाब का शरीर काँपने लगा। गुस्से में इब्न जबलून का चेहरा और डर से अलियाब का चेहरा बदरंग होने लगा। इब्न जबलून गुस्से में सुध-बुध खो बैठा और अलियाब डर से सिमटता चला गया। एक व्यक्ति साक्षात् गुस्से की मूरत बन गया था और दूसरा डर का पिटारा—दोनों एक-दूसरे से हाथापाई करने लगे। उनके चेहरे विकृत होने लगे। फिर उनके अंग-प्रत्यंग बदल गए। इसके बाद उनकी आवाज़ बदल गई—बातें एक-दूसरे में उलझकर अस्पष्ट आवाज़ में बदल गईं। फिर वह अस्पष्ट आवाज़ जंगली चीख में बदल गई और अंत में वे दोनों ही बंदर बन गए।
अलियासफ, जो उन सबमें सबसे समझदार था और अंत तक मनुष्य के रूप में बचा हुआ था, उसने चिंता के साथ कहा—”हे साथियो! ज़रूर हमारे ऊपर कोई बड़ी विपदा आई है। चलो हम उस व्यक्ति के पास चलते हैं, जो हमें शनिवार के दिन मछली पकड़ने से मना किया करते थे।” अलियासफ कुछ लोगों को साथ लेकर उस बुज़ुर्ग के घर गया और दरवाज़ा खटखटाकर बहुत देर तक आवाज़ दी। लेकिन कोई जवाब न मिलने पर वह निराश होकर लौट आया और ऊँचे स्वर में बोला—”हे साथियो! जो व्यक्ति हमें पाप करने से मना करते थे, वे आज हमें छोड़कर चले गए हैं। ज़रा सोचो, इसका परिणाम हम सबके लिए कितना भयानक होगा।” यह सुनकर लोग भयंकर रूप से डर गए।
उस आतंक के मारे उनके चेहरे चपटे होने लगे और हाथ-पैर बदौलने लगे। अलियासफ ने चारों तरफ़ देखा, तो वहाँ बंदरों के अलावा और कोई शेष नहीं बचा था। यह जान लेना चाहिए कि वह बस्ती समुद्र के किनारे थी। ऊँची मीनारों और बड़े-बड़े मुख्य दरवाज़ों वाली इमारतों की वह बस्ती, जहाँ के बाज़ारों में पहले लोगों की भीड़ से कंधे से कंधे टकरा जाते थे। लेकिन पल भर में बाज़ार वीरान हो गए और ऊँचे बरामदे सूने पड़ गए। बड़े-बड़े महलों की छतों पर सिर्फ बंदर ही बंदर दिखाई देने लगे। अलियासफ ने चारों तरफ देखकर सोचा—”अब मैं ही इकलौता मनुष्य बचा हूँ।” यह सोचकर उसे इतना डर लगा कि उसका खून जमने को हो गया। लेकिन तभी उसे अलियाब की याद आई, जो डर की वजह से ही आखिर में बंदर बन गया था। अलियासफ ने अपने डर पर काबू पाने की कोशिश की और प्रतिज्ञा की—”ईश्वर की सौगंध, मैंने मनुष्य के रूप में जन्म लिया है और मनुष्य के रूप में ही मरूँगा।” उसने एक प्रकार के श्रेष्ठता-बोध के साथ अपने उन बिगड़े हुए स्वजनों को देखा और कहा—”मैं इनमें से कोई नहीं हूँ; ये बंदर हैं और मैं मनुष्य हूँ।” अलियासफ अपने स्वजनों से नफरत करने लगा। उसने उनके लाल-टमाटर जैसे चेहरों और बालों से ढके शरीर को देखकर घृणा से अपना मुँह बिगाड़ लिया। लेकिन अचानक उसे इब्न जबलून की याद आई, जिसका चेहरा नफरत की वजह से ही बिगड़ गया था। उसने खुद से कहा—”अलियासफ, घृणा मत करो; नफरत मनुष्य का रूप बदल देती है।” अलियासफ ने घृणा से भी खुद को दूर कर लिया।
अलियासफ ने नफरत त्याग कर कहा—”कभी तो मैं भी इन्हीं में से एक था।” उसे वे पुराने दिन याद आए जब वह उनके साथ मिलकर रहता था और उसके दिल में प्यार का ज्वार उमड़ने लगा था। उसे ‘बिंते अल-खिज़्र’ (खिज़्र की बेटी) की याद आई, जो देखने में फिरौन के रथ की दूध जैसी सफेद घोड़ी की तरह सुंदर थी। जिसके घर का दरवाज़ा देवदार की लकड़ी का था और छत की कड़ियाँ चीड़ (पाइन) की लकड़ी की थीं। इस याद के साथ ही अलियासफ को अपने वे बीते हुए दिन याद आ गए—जब वह देवदार के दरवाज़े और चीड़ की कड़ियों वाले उस घर के पिछले हिस्से से अंदर गया था। वहाँ उसने पलंग पर अपनी उस प्रेमिका को टटोला था, जिसके लिए उसका प्राण व्याकुल रहता था। उसने देखा था—रात भर जागे हुए ओस से भीगे हुए उसके वे लंबे बाल, और उसका वक्षस्थल किसी हिरन के बच्चे की तरह चंचल और स्पंदित हो रहा था। और उसका पेट गानों (अनाज) के ढेर की तरह समृद्ध व चिकना था और उसके पास ही चंदन की लकड़ी का गोल प्याला रखा हुआ था। अलियासफ ने उस ‘बिंते अल-खिज़्र’ (खिज़्र की बेटी) को याद किया और उस हिरन के बच्चे, अनाज के ढेर और चंदन के प्यालों की कल्पना में खोकर फिर से उस देवदार के दरवाज़े और चीड़ की कड़ियों वाले घर की तरफ गया। उसने उस सूनी हवेली को देखा और बिस्तर पर उसे टटोला, जिसके लिए उसका दिल बेचैन रहता था।
उसने चिल्लाकर पुकारा—’हे बिंते अल-खिज़्र! तुम कहाँ हो? हे प्रियतमा, तुम्हारे लिए मेरा मन छटपटा रहा है! देखो, जुदाई के भारी महीने बीत चुके हैं, फूलों का बाग फिर से हरा-भरा हो गया है और घुग्घू (कबूतर) पेड़ों की चोटियों पर पंख फड़फड़ा रहे हैं। तुम कहाँ हो! हे ऊँची छत के पलंग पर विश्राम करने वाली सुंदरी, तुम्हें जंगल-झाड़ियों में दौड़ती फिरती हिरनी और पहाड़ों की दरारों में छिपे कबूतरों की कसम—तुम नीचे उतर आओ! मेरे पास आओ, मेरा प्राण तुम्हारे लिए प्यासा हो रहा है।’ अलियासफ बार-बार पुकारते-पुकारते सीना फट जाने पर फफक-फफक कर रो पड़ा और बिंते अल-खिज़्र की यादों में फूट-फूटकर रोने लगा।
अलियासफ बिंते अल-खिज़्र को याद करके रो रहा था, लेकिन तभी उसे अलियुज़र की पत्नी की याद आ गई। वह भी तो अलियुज़र को बंदर बनते देखकर रोई थी, लेकिन रोते-रोते उसे हिचकी लग गई थी और आँसुओं के कारण उसका सुंदर चेहरा बिगड़ गया था। यहाँ तक कि उसके रोने की आवाज़ भी पशुओं की चीख की तरह जंगली हो गई थी और वह खुद भी पशु बन गई थी। तब अलियासफ ने सोचा—”बिंते अल-खिज़्र जिन लोगों में से एक थी, वह भी उन्हीं में घुलमिल गई थी। और यकीनन जो जिस दल का होता है, परलोक में वह उन्हीं के साथ फिर से मिलेगा।” अलियासफ ने खुद से कहा—”हे अलियासफ, इनसे प्यार मत करो, कहीं ऐसा न हो कि तुम भी इनमें से एक बन जाओ।” इसके बाद अलियासफ ने प्रेम से भी अपना नाता तोड़ लिया। उसने अपने स्वजनों को दूसरी प्रजाति का प्राणी मानकर उनसे सारे रिश्ते खत्म कर दिए। अलियासफ ने अपने मन से उस हिरन के बच्चे, अनाज के दानों और चंदन के गोल प्याले की सारी यादें हमेशा के लिए मिटा दीं।
अलियासफ ने प्रेम से खुद को दूर कर लिया और अपने स्वजनों (जो अब बंदर बन चुके थे) के उन लाल-टमाटर जैसे चेहरों और खड़े मोम जैसे बालों को देखकर हँसने लगा। तभी उसे अलियुज़र की पत्नी की याद आई, जो इस बस्ती की सबसे सुंदर स्त्रियों में से एक थी। वह किसी लंबे ताड़ के पेड़ जैसी खूबसूरत थी, और उसका वक्षस्थल अंगूर के गुच्छों की तरह भरा हुआ था। अलियुज़र ने एक बार उससे कहा था—’याद रखना, मैं उस अंगूर के गुच्छे को तोड़ कर रहूँगा (यानी उसे अपना बना लूँगा)।’ और अंगूर के उस गुच्छे जैसी मोहक वह स्त्री आज दर्द से छटपटाती हुई समुद्र तट की ओर चली गई थी। अलियुज़र उसके पीछे-पीछे गया था और फल तोड़ा था यानी उसे जीत लिया था; इसके बाद उस ताड़ के पेड़ जैसी रूपवती को वह अपने घर ले आया था। मगर अब वही स्त्री एक ऊँचे मीनार पर बैठकर अलियुज़र के सिर की जूँएँ चुन-चुन कर खा रही थी। अलियुज़र पशुओं की तरह शरीर झाड़कर खड़ा हो जाता, और वह स्त्री भी अपनी पूँछ उचकाकर अपने चिपचिपे पंजों के बल उठ बैठती।
यह सब देखकर अलियासफ इतनी ज़ोर से हँसा कि उसे लगा उस हँसी की आवाज़ से पूरी बस्ती काँप उठी है। अपनी इतनी तेज़ हँसी पर वह खुद हैरान रह गया। लेकिन अचानक उसे उस व्यक्ति की याद आ गई, जो हँसते-हँसते बंदर बन गया था। तब अलियासफ ने खुद से कहा—”हे अलियासफ, इन्हें देखकर हँसो मत, कहीं ऐसा न हो कि तुम भी इस हँसी का शिकार होकर इनकी तरह बन जाओ।” इसके बाद अलियासफ ने हँसी से भी खुद को अलग कर लिया। वह प्यार और नफ़्रत, गुस्से और हमदर्दी, तथा रोने और हँसने जैसी हर मानवीय भावना से ऊपर उठ गया। उसने अपने स्वजनों को पराया कर दिया और उनसे सारे रिश्ते तोड़ लिए। उनका पेड़ों पर उछल-कूद करना, दाँत पीसकर चिल्लाना, कच्चे फलों के लिए लड़ना और एक-दूसरे को लहूलुहान कर देना—ये सारे नज़रे कभी उसे रुलाते थे, कभी हँसाते थे, तो कभी उसे गुस्सा दिला देते थे। वह भी उन पर गुस्सा होता और उन्हें तुच्छ समझता।
ऐसे ही एक समय जब उसने उन्हें आपस में लड़ते देखा तो उसे गुस्सा आ गया और उसने उन्हें बहुत ज़ोर से डाँटा। लेकिन अगले ही पल अपनी आवाज़ सुनकर वह खुद हैरान रह गया। इक्का-दुक्का बंदरों ने बेपरवाही से उसकी तरफ एक बार देखा और फिर से आपस में लड़ाई में मशगूल हो गए।
अलियासफ के लिए शब्दों का महत्व कम होने लगा था। क्योंकि शब्द या भाषा अब उसके और उसके स्वजनों के बीच संवाद का माध्यम नहीं बचे थे—और इस बात का उसे बहुत दुख हुआ। अलियासफ ने अपने स्वजनों के लिए, खुद के लिए और ‘शब्द’ या भाषा के लिए अ अ अफ़सोस जताया। उसने उनके लिए अफ़सोस किया—क्योंकि वे शब्द या बोलने की ताक़त खो चुके थे; और खुद के लिए अफ़सोस किया—क्योंकि अब शब्द उसके लिए एक खाली बर्तन की तरह अर्थहीन हो चुके थे। और ज़रा सोचिए, आज बड़ा अफ़सोस का दिन है; आज शब्दों की मौत हो चुकी है। अलियासफ ने शब्दों की इस मौत पर शोकगीत गाया और फिर हमेशा के लिए चुप हो गया। वह प्रेम और घृणा, क्रोध और सहानुभूति, तथा हँसी और रुदन से परे हो गया। अलियासफ ने अपने स्वजनों को पराया मानकर खुद को उनसे पूरी तरह अलग कर लिया और अपने ही वजूद के भीतर शरण तलाशने लगा। अलियासफ ने अपने अंदर इस तरह पनाह ली कि वह एक तन्हा द्वीप की तरह हो गया—हर चीज़ से कटा हुआ, अथाह जलराशि के बीच ज़मीन का एक छोटा सा टुकड़ा। वह द्वीप मानो यह कहना चाहता हो, “मैं इस गहरी जलराशि के बीच भी अपनी ज़मीनी हस्ती को ज़िंदा रखूँगा।”
अलियासफ खुद को इंसानियत का एक द्वीप समझता था। उसने चारों तरफ फैली उस भारी तबाही के ख़िलाफ़ मोर्चाबंदी कर दी। उसने अपने चारों तरफ एक मज़बूत बाँध बना लिया, ताकि प्रेम-घृणा, क्रोध-सहानुभूति या सुख-दुःख की कोई भी लहर उस पर हमला न कर सके; भावनाओं का कोई भी सैलाब उसे बहाकर न ले जा सके। अलियासफ अब अपनी ही भावनाओं से डरने लगा था। जब वह सुरक्षा कवच बनकर तैयार हुआ, तो उसे महसूस हुआ कि उसके सीने के भीतर जैसे पत्थर जम रहा है। उसने घबराकर कहा, “हे ईश्वर! मैं भीतर से बदल रहा हूँ।”
तब उसने अपने शरीर के बाहरी हिस्से की तरफ देखा और उसे शक होने लगा कि—कहीं भीतर का वह पत्थर अब बाहर तो नहीं फैल रहा है। उसके अंग सूख रहे थे, चमड़ी का रंग उड़ रहा था और उसका खून बेजान (रसहिन) हो रहा था। जब उसने खुद को और गौर से देखा तो पाया कि उसका मन हज़ारों तरह के अंधविश्वासों से भर गया है। उसे ऐसा महसूस होने लगा—मानो उसका पूरा शरीर बालों से ढकता जा रहा है, और वे बाल बदसूरत और कड़े होते जा रहे हैं। अपने शरीर की यह हालत देखकर वह खुद डर गया और उसने अपनी आँखें बंद कर लीं। डर के मारे वह अपने ही भीतर सिमटता चला गया। उसे लगा—उसके हाथ-पैर छोटे होते जा रहे हैं और सिर भी लगातार छोटा होता जा रहा है। इस बात से वह और भी ज़्यादा डर गया और उस खौफ के साए में उसके अंग और अधिक सिकुड़ने लगे। उसने सोचा—”क्या मैं सचमुच पूरी तरह से मिट जाऊँगा?”
तभी अलियासफ को अलियाब की याद आई—जो डर के मारे खुद में सिमटकर अंततः बंदर बन गया था। उसने खुद से कहा, ‘मैं अपने अंदर के इस डर को ठीक वैसे ही हराऊँगा, जैसे मैंने बाहर के डर को हराया था।’ और अलियासफ ने अपने भीतर के डर को जीत लिया।
इसके बाद उसके सिकुड़े हुए अंग फिर से फैलने और बढ़ने लगे। उसके शरीर का हर हिस्सा ढीला पड़ गया; उंगलियाँ लंबी होने लगीं और बदन के बाल बड़े होकर खड़े हो गए। उसकी हथेलियाँ और पैरों के तलवे चपटे और चिपचिपे होने लगे तथा हड्डियों के जोड़ जैसे ढीले पड़ने लगे। अलियासफ को लगा कि उसके शरीर के सारे अंग अलग होकर चारों तरफ बिखर जाएंगे। तभी उसने जोर का गोता लगाते हुए अपने दाँत भींच लिए और मुट्ठी कस ली। वह खुद को एक सूत्र में बाँधे रखने की पूरी कोशिश करने लगा।
अलियासफ अपने शरीर के इस विकृत रूप को बर्दाश्त न कर सका और उसने आँखें बंद कर लीं। और आँखें बंद करते ही उसे ऐसा लगने लगा कि उसके अंगों का आकार बदल रहा है। उसने बड़े डरते-डरते खुद से सवाल किया—’तो क्या अब मैं मैं नहीं रहा?’ इस सोच से उसका दिल सूखने लगा। उसने बेहद डरते-डरते एक आँख थोड़ी खोली और तिरछी निगाहों से अपने शरीर की तरफ देखा। उसे थोड़ी राहत मिली कि उसके हाथ-पैर तो पहले जैसे ही हैं। इस बार उसने हिम्मत करके दोनों आँखें खोल लीं और चैन की साँस लेते हुए अपने शरीर को देखकर खुद से कहा—’निःसंदेह मैं अभी भी मनुष्य के रूप में ही हूँ।’ लेकिन इसके तुरंत बाद उसके मन में फिर से एक शक पैदा हुआ—मानो उसका शरीर फिर से बिगड़ने लगा हो। इस डर से उसने दोबारा आँखें बंद कर लीं।
अलियासफ ने आँखें बंद कर लीं। आँखें बंद करते ही उसके सारे विचार उसके भीतर की ओर मुड़ गए और उसने महसूस किया कि वह किसी अंधेरे कुएँ की गहराई में डूबा जा रहा है। उस कुएँ के अथाह पानी में डूबते-डूबते उसके स्वजनों ( जिनसे वह नफरत करता था) की पुरानी यादें उसे सताने लगीं। बीते हुए दिन उसे घेरने लगे।
अलियासफ को वह शनिवार याद आया, जब उसके अपने लोग मछली पकड़ने में पूरी तरह जुट गए थे। और उनके हाथों के जादू से मछलियों से भरा समुद्र खाली होने लगा था। उनका लालच लगातार बढ़ता जा रहा था और आखिरकार उन्होंने शनिवार के पवित्र दिन भी मछली पकड़ना शुरू कर दिया था। तब वह महान व्यक्ति, जो उन्हें शनिवार के दिन मछली पकड़ने से मना करते थे, उन्होंने कहा था—’उस खुदा की प्रतिज्ञा! जिसने समुद्र को अथाह जलराशि दी है और मछलियों को सुरक्षित आश्रय दिया है। यह समुद्र तुम्हारे लालच से मुक्ति चाहता है। शनिवार के दिन मछलियों पर अत्याचार करने से बचो, कहीं ऐसा न हो कि तुम खुद अपने ऊपर अत्याचार कर बैठो।’
अलियासफ ने तब कहा था—’ईश्वर की सौगंध! मैं शनिवार के दिन मछली नहीं पकड़ूँगा।’ लेकिन अलियासफ बुद्धि का धनी था। उसने समुद्र से दूर एक गड्ढा खोदा और एक नाले के ज़रिए उसे समुद्र से जोड़ दिया। शनिवार के दिन जब मछलियाँ समुद्र की ऊपरी सतह पर तैरने लगीं, तो नाले के रास्ते वे अलियासफ के गड्ढे में जाकर जमा हो गईं। और शनिवार बीतने के अगले दिन अलियासफ ने उस गड्ढे से ढेरों मछलियाँ पकड़ीं।
वह व्यक्ति, जो शनिवार के दिन मछली पकड़ने से मना करते थे, उन्होंने अलियासफ की यह चालाकी देखकर कहा था—’जो अल्लाह के साथ धोखा करता है, यक़ीनन अल्लाह भी उसके साथ चालबाजी करेंगे।’ आज इस बात को याद करके अलियासफ को पछतावा हुआ और उसके मन में आशंका हुई—क्या वह सचमुच अल्लाह की चाल में फँस चुका है? उस पल उसका पूरा वजूद ही एक ‘धोखा’ या झूठ सा लगने लगा। उसने अल्लाह की दरबार में गिड़गिड़ाते हुए कहा—’हे विधाता! तूने तो मुझे ऐसी बनावट दी है जो सृष्टि की सार्थकता है। तूने मुझे बेहतरीन सांचे में गढ़ा है और अपनी महिमा के साथ रचा है। तो क्या हे मेरे मालिक, तू अब मेरे साथ चाल चलेगा? क्या तू मुझे किसी घृणास्पद बंदर के सांचे में ढाल देगा?’
अलियासफ अपनी इस हालत पर रोने लगा। उसके अपने चारों तरफ जो भावनाओं का बाँध बनाया था, वह टूट चुका था और समुद्र का खारा पानी उसके द्वीप के भीतर घुस आ रहा था। अलियासफ अपने अंजाम के बारे में सोच-सोचकर रो रहा था। वह बंदरों से भरी उस बस्ती से मुँह मोड़कर जंगल की तरफ चल पड़ा; क्योंकि अब वह इलाका उसे जंगल से भी ज़्यादा डरावना लग रहा था। दीवारों और छतों से घिरा वह घर उसके लिए ‘शब्द’ या भाषा की तरह अर्थहीन हो चुका था। वह रात उसने पेड़ों की डालियों की ओट में छिपकर काटी। सुबह जब उसकी आँख खुली, तो उसके पूरे शरीर में तेज दर्द हो रहा था और रीढ़ की हड्डी में टीस उठ रही थी। उसने अपने बिगड़े हुए अंगों की तरफ देखा; उसे लगा कि वे पहले से और ज़्यादा बदल चुके हैं। उसने बहुत खौफ खाते हुए सोचा—’क्या मैं अभी भी वही हूँ जो था?’ उस पल उसे लगा—काश! इस बस्ती में कम-से-कम एक इंसान और होता, जो उसे देखकर यह बता सकता कि इस वक्त उसका रूप क्या है। इस ख्याल के आते ही उसने खुद से सवाल किया—’क्या इंसान बने रहने के लिए इंसानों के बीच रहना ही ज़रूरी है?’ फिर उसने खुद ही जवाब दिया—’यकीनन आदमी (इंसान) अकेला अधूरा है; इंसान इंसानों के साथ ही जुड़ा होता है। और जो जिस झुंड का होता है, कयामत के दिन वह उन्हीं के साथ उठाया जाएगा।’ जब उसने यह बात सोची, तो उसकी आत्मा गहरे ग़म से भर गई और वह चीख उठा—’हे बिंते अल-खिज़्र! तुम कहाँ हो? तुम्हारे बिना तो मैं अधूरा हूँ!’ उस पल अलियासफ को उस हिरनी, अनाज के ढेर और चंदन के प्याले की बहुत शिद्दत से याद आने लगी।
उसके अकेलेपन के उस द्वीप पर समुद्र का खारा पानी छलक रहा था। अलियासफ ने दर्द से चीखते हुए कहा—’हे बिंते अल-खिज़्र! हे मेरी उस प्रियतमा, जिसके लिए मेरा मन बेचैनी से तड़पता है! मैं तुम्हें ऊँची छतों के पलंगों पर, बड़े-बड़े पेड़ों की घनी डालियों में और ऊँची मीनारों पर ढूँढूँगा। तुम्हें उन तेज रफ्तार दूध जैसी सफेद घोड़ियों की कसम! उन कबूतरों की कसम जब वे आसमान में उड़ते हैं! उन भीगी हुई रातों की कसम! रात के उस अंधेरे की कसम जो जिस्म में घुल जाता है! नींद और उन पलकों की कसम जो नींद के बोझ से झुक जाती हैं! तुम मेरे पास आ जाओ, मेरा प्राण तुम्हारे लिए प्यासा है।’ जब उसने यह पुकार लगाई, तो उसके शब्द आपस में उलझ गए—मानो कोई जंजीरें आपस में गूँथ गई हों, मानो शब्द मिट रहे हों, मानो उसकी आवाज़ बदल रही हो।
अलियासफ ने अपनी बदली हुई आवाज़ पर ध्यान दिया और उसे जबलून और अलियाब की याद आ गई—कि कैसे एक वक्त पर उनकी भी आवाज़ें बिगड़ गई थीं। अपनी बदली हुई आवाज़ के बारे में सोचकर वह सहम गया और सोचने लगा—’हे ईश्वर! तो क्या मैं बदल चुका हूँ?’ उस पल उसके दिमाग में एक अजीब सा ख्याल आया—काश! कोई ऐसी चीज़ होती जिससे वह अपना चेहरा देख पाता! लेकिन यह विचार उसे बहुत असंभव लगा। उसने दर्द से टूटते हुए कहा—’हे मेरे आराध्य! मैं कैसे जानूँ कि मैं बदला नहीं हूँ?’
अलियासफ ने पहले उस बस्ती में वापस जाने के बारे में सोचा, लेकिन यह सोचते ही वह डर से काँप उठा। वीरान पड़ी उस बस्ती और ऊँची-ऊँची इमारतों के ख्याल से ही उसके मन में खौफ पैदा होने लगा; इसके बजाय जंगल के ऊँचे-ऊंचे पेड़ बार-बार उसे अपनी ओर खींच रहे थे। बस्ती में लौटने के डर को दिल में लिए अलियासफ चलते-चलते जंगल के बहुत भीतर निकल गया। बहुत दूर जाने के बाद उसे एक जलाशय दिखाई दिया, जिसका पानी एकदम स्थिर और शांत था। जलाशय के किनारे बैठकर उसने पानी पिया और उसके सीने के भीतर ठंडक की एक लहर दौड़ गई। ठीक उसी वक्त मोती जैसे साफ पानी में देखकर वह चौंक उठा—’क्या यह मैं हूँ?’ पानी के आईने में वह अपनी परछाई देख रहा था। दहशत के मारे उसके गले से एक तेज़ चीख निकल पड़ी, और उस चीख की गूँज ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। वह जान बचाने के लिए भागने लगा।
अलियासफ अपनी ही चीख के डर से दिशाहीन होकर भागा जा रहा था। वह इस तरह दौड़ रहा था मानो वह जलाशय ही, जिसने उसे सच्चाई से रूबरू कराया था, उसका पीछा कर रहा हो। दौड़ते-दौड़ते उसके पैरों के तलवे फटने लगे थे और चपटे होते जा रहे थे; उसकी कमर में तेज दर्द शुरू हो गया था। फिर भी वह दौड़ता रहा। कमर का दर्द इतना बढ़ गया कि उसे लगा—रीढ़ की हड्डी अब टूटकर चकनाचूर होना चाहती है। अचानक वह आगे की तरफ झुक गया और अनजाने में ही उसने अपने दोनों हाथ ज़मीन पर टिका दिए।
अलियासफ झुककर अपनी हथेलियाँ ज़मीन पर टिका दीं और खिज़र की बेटी के वियोग का दर्द अपने दिल में लिए चारों हाथ-पैरों के बल पर तीर की रफ्तार से आगे की तरफ भाग चला।
इंतज़ार हुसैन (1925–2016)
उर्दू के विशिष्ट कथाकार, उपन्यासकार, स्तंभकार और पत्रकार। उन्हें आधुनिक उर्दू कथा-साहित्य में अपनी अलग कथन-शैली और मिथकीय संवेदना के लिए विशेष स्थान प्राप्त है।
इन्तज़ार हुसैन का जन्म 21 दिसंबर 1925 को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर ज़िले के डिबाई कस्बे में हुआ था। उन्होंने मेरठ कॉलेज से उर्दू में उच्च शिक्षा प्राप्त की। 1947 में भारत-विभाजन के बाद वे पाकिस्तान चले गए और लाहौर में बस गए। वहाँ वे पत्रकारिता और साहित्यिक लेखन से जुड़े। उनका पहला कहानी-संग्रह गली कूचे 1952 में प्रकाशित हुआ।
हुसैन की कथा-दृष्टि का एक बड़ा आधार स्मृति, विस्थापन, इतिहास और मिथक है। विभाजन उनके साहित्य में केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि मनुष्य की चेतना में गहरे धँसा हुआ अनुभव है। उनके पात्र अक्सर अपने छूटे हुए घर, बीते हुए समय और खोती हुई सांस्कृतिक दुनिया की तलाश में दिखाई देते हैं। वे भारतीय उपमहाद्वीप की जातक-कथाओं, पंचतंत्र, बौद्ध आख्यानों, पुराणों और इस्लामी परंपरा के मिथकों को आधुनिक जीवन की विडंबनाओं के साथ जोड़ते हैं। इस तरह उनकी कहानियाँ यथार्थ और फंतासी, इतिहास और स्मृति, लोककथा और आधुनिक मनुष्य की बेचैनी के बीच एक विशिष्ट संसार निर्मित करती हैं।
उनकी प्रमुख रचनाओं में बस्ती, आख़िरी आदमी, शहर-ए-अफ़सोस, कछुए, ख़ाली पिंजरा, आगे समंदर है, गली कूचे और चाँद गहन उल्लेखनीय हैं। विशेष रूप से उपन्यास ‘बस्ती’ को विभाजन और उसके बाद उपमहाद्वीप की सामूहिक स्मृति को समझने वाली महत्त्वपूर्ण कृति माना जाता है।
2013 में उन्हें उनके समग्र कथा-कर्म के लिए मैन बुकर इंटरनेशनल पुरस्कार की अंतिम सूची में शामिल किया गया। वे इस सूची में पहुँचने वाले पहले उर्दू लेखक थे। उन्हें 2007 में साहित्य अकादेमी का प्रेमचंद फ़ेलोशिप और पाकिस्तान का सितारा-ए-इम्तियाज़ भी मिला। 2 फरवरी 2016 को लाहौर में उनका निधन हुआ।
इन्तज़ार हुसैन को पढ़ने का अर्थ है—विभाजन के इतिहास को केवल राजनीतिक घटनाओं के रूप में नहीं, बल्कि मनुष्य की स्मृति, स्वप्न, भय और सांस्कृतिक पहचान के भीतर घटित होते हुए देखना। उनकी कहानियाँ अतीत का शोकगीत भर नहीं हैं; वे यह भी पूछती हैं कि जब मनुष्य अपनी जड़ों और स्मृतियों से कटता है, तब उसके भीतर क्या-क्या टूटता है।
अनुवादक का परिचय
शुभ चक्रवर्तीबांग्ला भाषा के सुप्रसिद्ध कवि हैं। बांग्ला के साथ-साथ वे हिंदी और अंग्रेज़ी में भी लेखन करते हैं और विश्व साहित्य का अनुवाद करते हैं। वर्तमान में उनका साहित्यिक कार्य मुख्यतः रवीन्द्रनाथ ठाकुर और मिर्ज़ा ग़ालिब के साहित्य के अध्ययन, लेखन और अनुवाद पर केंद्रित है।
रवीन्द्रनाथ ठाकुर पर उनकी दो महत्वपूर्ण पुस्तकें हैं— ‘तुमार सृष्टिर पथे’ और ‘छंदेर बंधने मुक्ति’। इसके अतिरिक्त ग़ालिब के पत्रों, कविताओं, शायरी तथा विभिन्न साहित्यिक विषयों पर उनकी कई पुस्तकें प्रकाशित हैं। कविता, अनुवाद और भारतीय साहित्य की विविध परंपराओं पर उनका अध्ययन और लेखन निरंतर जारी है।
शुभ चक्रबर्ती
शुभ चक्रबर्ती SURI OLD DANGAL PARA BIRBHUM PIN 731101 kpcmail10@gmail.com
अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें।
प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।
स्त्री विमर्श डॉ. सुप्रिया पाठक का यह लेख स्त्रीवादी सैद्धांतिकी को स्त्रियों के अधिकारों और सामाजिक असमानताओं के पारंपरिक विमर्श से आगे ले जाकर ज्ञान की...
सुमन शेखर सुमन शेखर की कहानी ‘मुस्की भाई’ एक ऐसे व्यक्ति का मनोवैज्ञानिक आख्यान है, जो अपनी संभावनाओं, महत्वाकांक्षाओं और कल्पनाओं के संसार में इतना आश्वस्त...