यह फिल्म 1960 के दशक के ग्रामीण परिवेश और बिखरते हुए जमींदार परिवारों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। कहानी में बड़ी बहुरिया के बेसहारा व अभावग्रस्त जीवन और उनके मौन दुख को दिखाया गया है, जो अपने मायके संदेश भेजने के लिए गाँव के संवदिया (संदेशवाहक) हरगोबिन को बुलाती हैं। हरगोबिन सिर्फ एक डाकिया नहीं है, बल्कि वह भावनाओं और मानवीय संवेदनाओं को सहेजने वाला एक अनूठा पात्र है जो बड़ी बहुरिया के आत्मसम्मान और गाँव की प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए अंतद्वंद्व से गुजरता है। फिल्म का निर्देशन ऋतेश कुमार ने किया है। फिल्म की प्रमाणिकता बनाए रखने के लिए इसके कई दृश्यों की शूटिंग फणीश्वरनाथ रेणु के पैतृक गाँव सिमराहा (अररिया, बिहार) और उसके आसपास के आंचलिक क्षेत्रों में की गई है। मुख्य किरदारों में मृणमोई विश्वास (बड़ी बहुरिया के रूप में), दीपक ठाकुर (हरगोबिन संवदिया के रूप में), विमलेश त्रिपाठी, आशा पांडेय, पूनम सिंह और आदित्य प्रियदर्शी शामिल हैं। । इस फिल्म का प्रदर्शन रेणु जी की जन्मशती के अवसर पर (मार्च 2021 में) किया गया था। निर्देशक – ऋतेश कुमार निर्माता – नीलांबर कलाकार – मृणमोई विश्वास, दीपक कुमार, विमलेश त्रिपाठी, पूनम सिंह, आशा पांडेय, आदित्य प्रियदर्शी एवं अन्य DOP(छायांकन) – विशाल पांडेय पार्श्व स्वर – मृत्युंजय कुमार सिंह गीत – चंदन तिवारी।
अनहद कोलकाता की प्रस्तुति।
संवदिया : हुगली किनारे का हिंदी सिनेमा
– दुष्यंत
फणीश्वरनाथ रेणु जी की कहानियों को पढ़ते हुए अक्सर लगता है कि हम किसी कहानी को नहीं, बल्कि एक पूरे भूगोल, एक समय और वहाँ रहने वाले लोगों की ज़िंदगी को पढ़ रहे हैं। रेणु जी के यहाँ गाँव सिर्फ़ कहानी का लोकेल ही नहीं होता, वह ख़ुद एक किरदार की तरह मौजूद रहता है। वहाँ की बोली, खानपान, रिश्ते, इच्छाएँ, अभाव और उदासियाँ मिलकर एक ऐसी दुनिया रचते हैं जो कहानी ख़त्म होने के बाद भी पढ़ने सुनने या देखने वाले के भीतर बनी रहती है।
रेणु जी की कहानी ‘संवदिया’ पर बनी ऋतेश कुमार पांडेय की इसी नाम की शॉर्ट फिल्म हाल ही यूट्यूब पर आई है, इसे देखते हुए साहित्य से सिनेमा तक के इस सफ़र का ख़याल स्वाभाविक रूप से आता है। लगभग 38 मिनट 30 सेकंड की यह शॉर्ट फिल्म अपने छोटे-से कैनवस पर एक ऐसे समय और संसार को रच देती है, जिसकी स्मृतियाँ आज भी हमारे भीतर कहीं बची हुई हैं।
संवदिया यानी वह आदमी जो एक जगह से दूसरी जगह तक लोगों के संदेश पहुँचाता था। मोबाइल और इंटरनेट के इस दौर में यह पेशा लगभग अविश्वसनीय लग सकता है। एक समय था जब चिट्ठियाँ दूर बैठे लोगों के बीच रिश्तों का सबसे भरोसेमंद पुल हुआ करती थीं। संवदिया उन संदेशों के साथ लोगों के इंतज़ार, बेचैनी, शिकायत और प्यार भी लेकर चलता था। वह सिर्फ़ संदेशवाहक नहीं, इंसानों के बीच जज़्बाती रिश्तों का एक ज़रूरी हिस्सा था।
इस किरदार के ज़रिये फिल्म हमारे आज के समय का एक दिलचस्प मेटाफर भी रचती है। तकनीक ने हमें एक-दूसरे से पहले के मुक़ाबले कहीं ज़्यादा जोड़ दिया है। हम हर पल कनेक्टेड हैं, लेकिन क्या इस ओवर-कनेक्टिविटी के बीच इंसानों के आपसी संवेदना के धागे कमज़ोर नहीं पड़ रहे? क्या संदेशों की तेज़ आवाजाही ने संवाद की आत्मीयता और इंतज़ार के सुख को पीछे छोड़ दिया है? रेणु जी की कहानी, ऋतेश के नजरिये से, अपने समय में घटते हुए भी आज के समय से यह सवाल पूछती है, और पूछकर निरुत्तर कर देती है। और यह उलटबांसी इस फिल्म की बड़ी कामयाबी है।
फिल्म के केंद्र में एक बिखरते हुए संभ्रांत परिवार की बड़ी बहुरिया है। उसके अभाव, जज़्बाती ज़रूरतें और अपने हालात से जूझने की मनःस्थिति कहानी को मार्मिक धरातल देते हैं। दूसरी तरफ़ संवदिया है, जिसका अपना पेशा भी बदलते समय के साथ अप्रासंगिक होता जा रहा है। इन दोनों के बीच का रिश्ता संदेश पहुँचाने और पाने से आगे जाकर इंसान की उन जज़्बाती ज़रूरतों को छूता है, जो किसी भी दौर में ख़त्म नहीं होतीं।
बड़ी बहुरिया के किरदार में मृणमोई बिस्वास का अभिनय फिल्म की ख़ास उपलब्धियों में है। उनके अभिनय में भावों की एक सघन सांद्रता है। चेहरे के छोटे-छोटे बदलावों, आँखों की भाषा और देहभाषा के ज़रिये वह किरदार के भीतर चल रहे द्वंद्व और पीड़ा को एक कोलाज बनाकर ज़ाहिर करती हैं। वह अपने दुख को नुमाइश में नहीं बदलतीं। कई बार उनकी चुप्पी ही सबसे मुखर हो जाती है। मुख्य भूमिका में दीपक और बड़े ठाकुर के रूप में विमलेश त्रिपाठी भी अपने किरदारों को ऐसे जीवंत बनाते हैं कि फिल्म उनके लिए बार- बार देखी जाए।
चंदन तिवारी की गायकी फिल्म के अनुभव को एक अलग आयाम देती है। लोकधुनों की अपनी एक स्मृति होती है। वे किसी भूले हुए समय, घर-आँगन और बिछड़े हुए लोगों की याद लौटा सकती हैं। उनका स्वर कहानी की संवेदना में इस तरह शामिल होता है कि फिल्म की गहराई और ऊँचाई, दोनों बढ़ जाती हैं, और यहाँ कई बार संगीत वह कह देता है जिसे किरदार कह नहीं पाते।
पीरियड फिल्म बनाना आसान नहीं होता, किसी बीते हुए समय को पर्दे पर रचने के लिए सिर्फ़ वेशभूषा, घरों और इस्तेमाल की चीज़ों को पुराने ज़माने का बना देना काफ़ी नहीं है। उस समय की जीवनशैली, बोलचाल, रिश्तों और सामाजिक व्यवहार को भी पकड़ना पड़ता है। सबसे बड़ी चुनौती उस समय की जीवन-लय हासिल करना है। ‘संवदिया’ इस दिशा में एक आत्मीय कोशिश करती है, कोशिश भर नहीं रहती, कामयाबी तक पहुँच जाती है।
संतुलित और सार्थक ठहराव, मेरी नज़र में, इस फिल्म की आत्मा है। आज के सिनेमा में जहाँ हर दृश्य को तेज़ गति, बैकग्राउंड म्यूज़िक और संवादों से भर देने का फैशन हो गया है, वहाँ ‘संवदिया’ कई जगह चुप रहने का साहस करती है। इसके बहुत-से दृश्यों में मौन बोलता है। कैमरा ठहरता है और दर्शक को भी उस ठहराव में शामिल होने का अवसर देता है। यह सुस्ती नहीं, बल्कि उस जीवन-लय का हिस्सा है जिसमें भावनाएँ हमेशा शब्दों की मोहताज नहीं होतीं।
‘संवदिया’ देखते हुए हिंदी सिनेमा की एक पुरानी स्मृति भी लौटती है। रेणु जी की कहानी ‘मारे गए गुलफाम’ पर बनी बासु भट्टाचार्य की ‘तीसरी कसम’ का खयाल यहाँ अनायास ही आ जाता है। कुछ साल पहले रेणु जी की ही कहानी ‘पंचलाइट’ पर कोलकाता के फिल्मकार प्रेम प्रकाश मोदी ने 2017 में ‘पंचलैट’ बनाई थी। अब ‘संवदिया’ को देखते हुए इन फिल्मों के बीच एक रचनात्मक रिश्ता दिखाई देता है।
एक ज़माना था, जब कलकत्ता भी हिंदी सिनेमा के निर्माण का एक महत्त्वपूर्ण केंद्र हुआ करता था। साहित्य, संगीत और रंगमंच से जुड़ी समृद्ध सांस्कृतिक दुनिया ने इस शहर को एक अलग पहचान दी हुई है। रेणु जी की कहानियों पर बनी इन फिल्मों का कलकत्ता से जुड़ाव उसी विरासत की याद दिलाता है। ‘संवदिया’ समकालीन हिंदी सिनेमा में कोलकाता का एक सार्थक और सुंदर हस्तक्षेप है। यह उस पुरानी परंपरा में निरंतरता का दीया जलाए रखने की कोशिश भी है। हुगली किनारे का यह नवीनतम हिंदी सिनेमा (हुगली वेव सिनेमा कहना चाहिए) एक उज्ज्वल प्रतिपक्ष है, जिसकी अनुगूँज दूर तक होनी लाजिम है।
इस फिल्म में दूरदर्शन के ज़माने की वह मासूमियत भी लौटती है, जिसे हमने अपनी तेज़ रफ़्तार ज़िंदगी में कहीं पीछे छोड़ दिया है। वह दौर जब कहानियाँ देखने-सुनने के लिए हम बाक़ायदा ठहरते थे, सीमित संसाधनों में भी कहानी कहने का अपना आकर्षण होता था और किसी किरदार की छोटी-सी भावभंगिमा देर तक याद में ठिठकी रह जाती थी। ‘संवदिया’ उस सादे और भरोसेमंद अंदाज़ की याद दिलाती है जिसमें संवेदना तकनीकी चमक-दमक से बड़ी हुआ करती थी।
बेशक, फिल्म में कुछ जगहों पर और कसावट की गुंजाइश महसूस होती है। कुछ प्रसंगों की गति और संवादों की अदायगी पर थोड़ा और काम किया जा सकता था। लेकिन किसी फिल्म को उसकी सीमाओं के साथ-साथ उसके रचनात्मक आग्रह और हासिल के संदर्भ में भी देखना चाहिए। ख़ासकर तब, जब वह बाज़ार के स्थापित फ़ॉर्मूलों से अलग जाकर साहित्य की एक संवेदनशील कहानी को सिनेमा में बचाए रखने की कोशिश कर रही हो।
‘संवदिया’ सिर्फ़ एक ऐसे पेशे की कहानी नहीं है जो वक़्त के साथ कहीं खो गया, कहीं गुम हो गया। यह उस दौर और उन रिश्तों की स्मृति है, जिनमें संदेशों के साथ भावनाएँ भी एक जगह से दूसरी जगह तक सफ़र करती थीं। आज हमारे पास संपर्क के अनगिनत साधन हैं, लेकिन क्या हम एक-दूसरे तक पहले की तरह पहुँच भी पा रहे हैं? शायद यही सवाल और फिल्म का धीमा, आत्मीय संसार इसके ख़त्म होने के बाद भी हमारे साथ बना रहता है।

लेखक हिंदी सिनेमा से जुड़े स्क्रिप्ट राइटर- गीतकार हैं।
#फिल्म का परिचय एवं तस्वीरें यूट्यूब से साभार






