• मुखपृष्ठ
  • अनहद के बारे में
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक नियम
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
अनहद
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
No Result
View All Result
अनहद
No Result
View All Result
Home अनुवाद

बूढ़ा आदमी और समुद्र ( The Old Man and the Sea ) – भाग -1

मूल : अर्नेस्ट हेमिंग्वे - अनुवाद : सुशांत सुप्रिय

by Anhadkolkata
November 15, 2026
in अनुवाद, लेखक, साहित्य
A A
0
Share on FacebookShare on TwitterShare on Telegram

Related articles

अंतिम मनुष्य – इतंज़ार हुसैन

स्त्रीवादी सैद्धांतिकी : ज्ञान की प्रचलित अवधारणाओं का पुनर्परीक्षण

अमेरिकी उपन्यास-अंश का अंग्रेज़ी से हिंदी में अनुवाद

बूढ़ा आदमी और समुद्र ( The Old Man and the Sea )
— मूल : अर्नेस्ट हेमिंग्वे
— अनुवाद : सुशांत सुप्रिय


वह एक बूढ़ा आदमी था, जो अकेले ही एक नाव में खाड़ी के प्रवाह में मछलियाँ पकड़ता था। पिछले चौरासी दिनों से वह एक भी मछली नहीं पकड़ पाया था। पहले चालीस दिनों तक एक लड़का उसके साथ था। लेकिन जब बूढ़ा चालीस दिनों तक एक भी मछली नहीं पकड़ सका, तो लड़के के माता-पिता ने उसे समझाया कि बूढ़ा बेहद बदक़िस्मत था। इसलिए वह लड़का अपने माता-पिता के आदेश पर किसी दूसरे मछुआरे की नाव में चला गया, जहाँ उन्होंने पहले हफ़्ते में तीन अच्छी मछलियाँ पकड़ीं।

लड़का यह देख कर उदास हो जाता था कि बूढ़े मछुआरे की नाव हमेशा ख़ाली होती थी और वह प्रतिदिन ख़ाली हाथ लौटता था। वह रोज़ तट पर जाकर मछली पकड़ने के सारे सामान को नाव से उतारकर बूढ़े के मकान तक ले जाने में उसकी मदद करता था। वह प्रतिदिन मछली पकड़ने का काँटा, काँटेदार भाला, हारपून और मस्तूल के गिर्द लिपटी पाल को नाव से मछुआरे के मकान तक लेकर आता था। पाल में पैबंद लगे हुए थे और वह स्थायी हार के झंडे जैसा लगता था।

बूढ़ा आदमी पतला-दुबला था। उसकी गर्दन के पीछे गहरी झुर्रियाँ थीं। उसके गाल पर त्वचा के कैंसर के भूरे दाग़-धब्बे मौजूद थे, जो सूर्य की परोपकारी किरणों के उष्णकटिबंधीय समुद्र में प्रतिबिंबित होने के कारण बने थे। वे दाग़-धब्बे उसके चेहरे के बग़ल में नीचे तक जाते थे। मज़बूत डोरियों में फँसी बड़ी मछलियों को पकड़ने के लिए किए जाने वाले संघर्ष के गहरे निशान उसके हाथों में मौजूद थे। लेकिन ये सभी निशान पुराने थे। वे बिना मछलियों वाले रेगिस्तान में होने वाले कटाव जितने पुराने थे।

बूढ़े की आँखों को छोड़कर उससे संबंधित सभी चीज़ें बहुत पुरानी थीं। लेकिन उसकी आँखों का रंग समुद्र जैसा था और वे प्रसन्न और अपराजित आँखें थीं।

“सैंटियागो,” समुद्र के किनारे से नाव को ऊपर खींचते हुए लड़के ने बूढ़े से कहा, “मैं आपके साथ दोबारा जा सकता हूँ। इस बीच हमने कुछ रुपए-पैसे कमा लिए हैं।”

बूढ़े मछुआरे ने लड़के को मछलियाँ पकड़ना सिखाया था। इसलिए लड़का उसे चाहता था।

“नहीं, तुम किसी क़िस्मत वाले की नाव में हो। उन्हीं के साथ रहो।”

“पर आप यह भी तो याद कीजिए कि एक बार आपको सतासी दिनों तक कोई मछली नहीं मिली। लेकिन उसके बाद के तीन हफ़्तों में हमने हर रोज़ बड़ी-बड़ी मछलियाँ पकड़ी थीं।”

“मुझे याद है,” बूढ़े ने कहा। “मैं जानता हूँ, तुम मुझे छोड़कर नहीं गए थे क्योंकि तुम्हें मुझ पर भरोसा था।”

“पिताजी ने मुझे वापस बुला लिया। मुझे उनकी बात माननी चाहिए।”

“मैं जानता हूँ। यह एक सामान्य बात है।”

“पिताजी को आप पर ज़्यादा भरोसा नहीं।”

“नहीं,” बूढ़े ने कहा, “लेकिन हमें खुद पर भरोसा है। है कि नहीं?”

“हाँ,” लड़का बोला। “क्या मैं चबूतरे पर आपको एक बीयर दे सकता हूँ? उसके बाद हम सारा सामान लेकर घर चले जाएँगे।”

“क्यों नहीं,” बूढ़े ने कहा। “आख़िर हम दोनों मछुआरे हैं।”

वे दोनों चबूतरे पर बैठे रहे और कई अन्य मछुआरे बूढ़े का मज़ाक़ उड़ाते रहे। पर बूढ़ा नाराज़ नहीं हुआ। अन्य बूढ़े मछुआरों ने इस बूढ़े की ओर देखा और वे उदास हो गए, पर उन्होंने अपनी उदासी ज़ाहिर नहीं की। वे बड़ी शिष्टता से धारा, गहराई और अच्छे मौसम के बारे में बातें करते रहे। वे युवावस्था के अपने अनुभवों के बारे में भी बताते रहे।

उस दिन के सफल मछुआरे पहले ही वहाँ आ चुके थे। उन्होंने अपनी मार्लिन मछलियों को काट लिया था और लकड़ी के दो तख़्तों पर डालकर वे उन कटी हुई मछलियों को ले जा रहे थे। उन तख़्तों को दो लोगों ने दोनों ओर से पकड़ा हुआ था। वे खुद लड़खड़ा रहे थे। वे इन मछलियों को मछली मंडी में ले जा रहे थे। वहाँ वातानुकूलित ट्रक आता था और हवाना के बाज़ार में बेचने के लिए इन मछलियों को ले जाता था।

जिन मछुआरों ने शार्क मछलियाँ पकड़ी थीं, वे उन्हें शार्क मछलियाँ बेचने वाली दूसरी मंडी में ले जा रहे थे, जो कि खाड़ी के बग़ल में स्थित थी। वहाँ उन शार्क मछलियों को नापा-तोला जाता और उनके कलेजे निकाल लिए जाते। उनके मीनपक्ष काट दिए जाते। उनकी चमड़ी उतार ली जाती और उनके मांस को नमक लगाकर सुखाने के लिए छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लिया जाता

जब हवा पूर्व दिशा से बह रही होती, तो शार्क-फ़ैक्ट्री की तेज़ गंध बंदरगाह की ओर आती। लेकिन आज वह गंध बेहद हल्की थी क्योंकि आज हवा उत्तर दिशा की ओर मुड़ गई थी। फिर हवा चलनी लगभग बंद हो गई। वहाँ मौसम ख़ुशनुमा और धूपहला था।

“सैंटियागो,” लड़का बोला।

“हाँ,” बूढ़े ने कहा। वह बीयर का गिलास पकड़कर अपने अतीत के दिनों के बारे में सोच रहा था।

“क्या मैं जाकर आपके लिए कल के लिए सार्डाइन मछलियाँ ला सकता हूँ?”

“नहीं, तुम जाकर बेसबॉल खेलो। मैं अब भी नाव खे सकता हूँ और रोगेलो पानी में जाल डाल देगा।”

“मैं जाना चाहता हूँ। अगर मैं आपकी नाव में आपके साथ मछलियाँ पकड़ने नहीं जा सकता, तो मैं आपके किसी और काम आना चाहता हूँ।”

“तुमने मुझे पहले ही बीयर लाकर दे दी है,” बूढ़े आदमी ने कहा। “अब तुम लगभग वयस्क हो गए हो।”

“तब मैं कितने साल का था जब आप मुझे पहली बार अपनी नाव पर लेकर समुद्र में गए थे?”

“तब तुम केवल पाँच साल के थे। तुम लगभग मारे जाते जब मैंने एक बड़ी जीवित मछली को नाव पर खींच लिया था और उस मछली ने पूरी नाव को तहस-नहस कर दिया था। क्या तुम्हें वह घटना याद है?”

“हाँ, मुझे मछली की बड़ी पूँछ की उठा-पटक और नाव के टूट जाने की घटना याद है। आपने पीट-पीटकर उस मछली को मार डाला था। मुझे उठाकर आपने नाव के अगले हिस्से में डाल दिया था, जहाँ मज़बूत डोरियाँ पड़ी हुई थीं। वह जगह गीली थी। मुझे आपका उस बड़ी मछली को लगातार पीटते रहना याद है। पूरी नाव बेतहाशा काँप रही थी। ऐसा लग रहा था जैसे किसी बड़े पेड़ को काटा जा रहा हो। फिर खून की गंध चारों ओर फैल गई थी।”

“क्या तुम्हें वाक़ई वह सब याद है या तुम सुनी-सुनाई बात बता रहे हो?”

“मुझे आपके साथ पहली बार जाने के समय की सारी बातें याद हैं।”

“यदि तुम मेरे बेटे होते, तो मैं तुम्हें लेकर जुआ खेलने जाता। लेकिन तुम्हारे माता-पिता कोई और हैं और तुम एक क़िस्मत के धनी मछुआरे की नाव में समुद्र में जाते हो।”

“क्या मैं आपके लिए सार्डाइन मछलियाँ ला सकता हूँ? मैं आपके लिए चारा लगाने के लिए कीड़े भी ला सकता हूँ।”

“अभी मेरे पास वे बचे हुए हैं। मैंने उन्हें एक बक्से में नमक डालकर रखा हुआ है।”

“मैं चारे का और सामान ले आऊँ?”

“पहले से ही काफ़ी सामान पड़ा है।” बूढ़े ने कहा। उसकी उम्मीद और उसके आत्मविश्वास ने उसका साथ कभी नहीं छोड़ा था। जैसे हवा चलनी शुरू हो जाती थी, वैसे ही बूढ़े की उम्मीद और उसका आत्मविश्वास भी तरोताज़ा हो जाते थे।

“चारे के दो छोटे डिब्बे फिर भी ले आता हूँ,” लड़के ने कहा।

“ठीक है, दो ले आओ।” बूढ़ा आदमी मान गया। “तुमने उन्हें चुराया तो नहीं?”

“मैं चुरा सकता था,” लड़के ने कहा। “लेकिन मैंने ये ख़रीदे हैं।”

“शुक्रिया,” बूढ़ा बोला। वह बहुत सीधा था और वह अपनी विनम्रता के बारे में ज़्यादा नहीं सोचता था। पर उसे पता चल जाता था कि वह कब विनम्र हो गया है। वह जानता था कि यह बात लज्जाजनक नहीं थी और यह भी कि इससे आत्मगौरव की कमी नहीं होती थी।

“इस प्रवाह की वजह से कल एक अच्छा दिन होगा,” उसने कहा।

“आप कहाँ जा रहे हैं?” लड़के ने पूछा।

“समुद्र में बहुत दूर। हवा की दिशा बदलने पर भी मैं लौट नहीं सकूँगा। कल पौ फटने से पहले मैं समुद्र में मछलियाँ पकड़ने के लिए निकल जाऊँगा।”

“मैं कोशिश करूँगा कि मैं जिस नाव पर जाता हूँ, वह मछुआरा भी आपके साथ समुद्र में दूर तक जाए,” लड़के ने कहा। “तब यदि आपने कोई बड़ी मछली पकड़ी, तो हम आपकी मदद करने के लिए आपके साथ होंगे।”

“तुम्हारी नाव का मालिक समुद्र में ज़्यादा दूर तक जाकर मछलियाँ नहीं पकड़ना चाहता है।”

“नहीं,” लड़के ने कहा। “लेकिन मैं कोई उपाय ढूँढ़ लूँगा और उसे डॉल्फ़िन के पीछे दूर समुद्र में ले जाऊँगा।”

“क्या उसे आँखों से कम दिखता है?”

“वह तो लगभग अंधा है।”

“यह अजीब बात है,” बूढ़े ने कहा। “वह कभी कछुए पकड़ने नहीं गया। इससे आँखें ख़राब हो जाती हैं।”

“लेकिन आप तो मच्छरों से भरे तट पर बरसों तक कछुए पकड़ने के लिए जाते रहे। फिर भी आपकी आँखें ठीक हैं।”

“मैं एक अजीब बूढ़ा हूँ।”

“लेकिन अब आप स्वस्थ हैं और आपमें एक बहुत बड़ी मछली पकड़ने का दम मौजूद है।”

“हाँ, मुझे ऐसा लगता है। इसके अलावा मैं बहुत सारी चालें और दाँव जानता हूँ।”

“यह सारा सामान घर ले चलते हैं,” लड़का बोला। “तब मैं फेंकने वाला जाल लेकर सार्डाइन मछलियाँ पकड़ने जा सकूँगा।”

उन्होंने नाव से सारा सामान उठा लिया। बूढ़े आदमी ने मस्तूल को अपने कंधों पर रख लिया और लड़का लकड़ी की नाव खींचते हुए मज़बूत भूरी रस्सियाँ, बरछा, हारपून और डंडा लेकर चल पड़ा। चारे का डिब्बा नाव की दुम्बाल पर पड़ा था। गदा जैसी भारी लकड़ी का डंडा भी वहीं पड़ा था, जिससे नाव पर खींची गई बड़ी मछलियों को पीट-पीटकर वश में लाया जाता था।

बूढ़े को पता था कि उसकी चीज़ें कोई नहीं चुराएगा। लेकिन फिर भी भारी रस्सियों और पाल को घर ले जाना ठीक था क्योंकि वे खुले आकाश तले ओस में ख़राब हो सकती थीं। हालाँकि उसे स्थानीय मछुआरों पर पूरा भरोसा था कि वे उसका कोई सामान नहीं चुराएँगे, किंतु बूढ़े ने सोचा कि काँटेदार बरछा और हारपून नाव में ही छोड़कर किसी को चोरी करने का लालच क्यों दिया जाए।

वे दोनों सड़क पर एक साथ चलते हुए बूढ़े आदमी की झोंपड़ी तक गए। खुले दरवाज़े से वे अंदर चले गए। बूढ़े ने मस्तूल और उसके साथ लिपटी हुई पाल को दीवार के सहारे टिका दिया। लड़के ने बक्से और दूसरे सामान को उसके बग़ल में रख दिया।

मस्तूल झोंपड़ी के एक कमरे जितना लंबा था। झोंपड़ी ताड़ के पेड़ के कड़े पत्तों से बनाई गई थी, जिन्हें ‘गुआनो’ कहते थे। झोंपड़ी में एक बिस्तर, एक मेज़ और एक कुर्सी थी। मिट्टी के फ़र्श पर काठकोयले से खाना बनाने के लिए एक जगह मौजूद थी। गुआनो के चपटे, मज़बूत पत्तों से ढँकी भूरी दीवार पर ईसा मसीह और ईसाई धर्म की एक और पवित्र महिला की फ़ोटो टँगी हुई थी। ये स्मृति-चिह्न बूढ़े की पत्नी के थे। एक समय था जब दीवार पर उसकी पत्नी की रंगीन फ़ोटो भी टँगी हुई थी। लेकिन बाद में उसने वह फ़ोटो वहाँ से हटा दी क्योंकि उस फ़ोटो को देखकर बूढ़ा खुद को बेहद अकेला महसूस करता था। अब वह कोने में एक ताक पर रखी हुई थी, जिसके ऊपर दीवार पर उसकी एक साफ़-सुथरी क़मीज़ टँगी हुई थी।

“आप क्या खाना खाने वाले हैं?”

“मछली के साथ पीले चावल। क्या तुम भी यह लोगे?”

“नहीं। मैं बाद में यह बना लूँगा। या मैं ठंडे चावल खा लूँगा।”

“क्या मैं मछलियाँ पकड़ने वाला जाल ले सकता हूँ?”

“हाँ, बिल्कुल।”

वहाँ मछलियाँ पकड़ने वाला कोई अतिरिक्त जाल मौजूद नहीं था। और लड़के को याद था कि उसे बेच दिया गया था। किंतु वे दोनों प्रतिदिन उस काल्पनिक जाल के बारे में की गई बातों के खेल को दोहराते थे। दरअसल वहाँ किसी बर्तन में कोई पीले चावल भी नहीं थे। लड़का यह बात भी जानता था।

“पचासी अच्छी क़िस्मत वाली संख्या है,” बूढ़े ने कहा। “क्या तुम मुझे हज़ार पाउंड से भारी, बड़ी मछली पकड़कर लाते हुए देखना चाहोगे?”

“मैं मछलियाँ पकड़ने वाला जाल लेकर सार्डाइन मछलियाँ पकड़ने जाऊँगा। क्या आप झोंपड़ी के दरवाज़े तक आ रही धूप में बैठेंगे?”

“हाँ, मेरे पास कल का अख़बार है और मैं उसमें बेसबॉल की ख़बरें पढ़ूँगा।”

लड़के को यह नहीं पता था कि क्या कल का अख़बार भी काल्पनिक था। लेकिन बूढ़ा उसे बिस्तर के नीचे से वाक़ई निकाल लाया।

“मुझे यह अख़बार पेरिको ने बोडेगा के पास दिया था,” बूढ़े ने बताया।

“मैं सार्डाइन मछलियाँ पकड़कर वापस आता हूँ। मैं आपका और अपना हिस्सा बर्फ़ में एक साथ रखूँगा। हम सुबह उन्हें बाँट सकते हैं। जब मैं लौटकर आऊँ, तब आप मुझे बेसबॉल की ख़बरों के बारे में बता सकते हैं।”

“यैंकीज़ (उत्तर-पूर्व के अमेरिकी) नहीं हार सकते।”

“लेकिन मुझे डर है कि क्लीवलैंड के रेड-इंडियन कहीं जीत न जाएँ।”

“मुझे डेट्रॉइट के ‘टाइगर्स’ और क्लीवलैंड के ‘इंडियन्स’—दोनों से डर लगता है।”

“सावधान रहो, वर्ना तुम सिनसिनैटी के ‘रेड्स’ और शिकागो के ‘व्हाइट सॉक्स’ से भी डरने लगोगे।”

“आप खेल पर ध्यान रखिए और जब मैं लौटूँ, तो आप मुझे बताइएगा।”

“क्या तुम्हें लगता है कि हमें लॉटरी के अंत वाला पचासी नंबर लेना चाहिए? कल पचासवाँ दिन है।”

“हम यह कर सकते हैं,” लड़के ने कहा। “लेकिन आपके महान् रिकॉर्ड वाले सतासी नंबर का क्या होगा?”

“ऐसा दोबारा नहीं होगा। क्या तुम्हें लगता है कि तुम लॉटरी के पचासी नंबर का टिकट ले पाओगे?”

“मैं उसे मँगवा सकता हूँ।”

“एक टिकट ले आना। वह ढाई डॉलर में मिलेगी। हम किससे पैसे उधार ले सकते हैं?”

“यह आसान है। मैं आसानी से ढाई डॉलर उधार ले सकता हूँ।”

“मुझे लगता है, मैं भी पैसे उधार ले सकता हूँ। पर मैं उधार न लेने की कोशिश करता हूँ। पहले आप उधार माँगते हैं। फिर आप भीख माँगते हैं।”

“खुद को गर्म रखिए,” लड़के ने कहा। “याद रखिए कि यह सितंबर का महीना चल रहा है।”

“यह वही महीना है जब बड़ी-बड़ी मछलियाँ पकड़ी जा सकती हैं,” बूढ़ा बोला। “मई के महीने में तो कोई भी मछुआरा बन सकता है।”

“अब मैं सार्डाइन मछलियाँ लाने के लिए जाता हूँ,” लड़के ने कहा।

जब लड़का वापस आया, तो बूढ़ा कुर्सी पर बैठे-बैठे सो रहा था। सूर्यास्त हो चुका था। लड़के ने बिस्तर पर पड़ा पुराना फ़ौजी कंबल उठाया और उसे बूढ़े के कंधों और कुर्सी पर डाल दिया। वे अजीब तरह के कंधे थे—बूढ़े होते हुए भी वे अब भी शक्तिशाली थे। बूढ़े की गर्दन भी अब तक मज़बूत थी और जब वह सोया होता और उसका सिर आगे की ओर झुका होता, तो उसकी झुर्रियाँ नज़र नहीं आती थीं।

उसकी क़मीज़ पर इतने ज़्यादा पैबंद लगे थे कि वह नाव के पाल जैसी लगती थी। धूप में रहने की वजह से अलग-अलग रंगों के ये सारे पैबंद फीके पड़ चुके थे। बूढ़े का सिर बहुत पुराना लगता था, हालाँकि आँखें बंद होने की वजह से चेहरे में जीवन का कोई चिह्न दिखाई नहीं देता था। अख़बार उसके घुटनों पर खुला पड़ा था और शाम की हवा में उसकी बाँह के भार से दबा हुआ था। उसने जूते नहीं पहने हुए थे।

लड़का उसे छोड़कर चला गया और जब वह लौटा, तो बूढ़ा तब भी सो रहा था।

“उठिए, बाबा,” लड़के ने बूढ़े के घुटने पर हाथ रखते हुए कहा।

बूढ़े ने अपनी आँखें खोलीं और एक पल के लिए लगा जैसे वह बहुत दूर से वापस आ रहा था। फिर वह मुस्कुराया।

“तुम क्या लाए हो?” उसने पूछा।

“मैं खाना लाया हूँ,” लड़के ने कहा। “हम लोग खाना खाएँगे।”

…जारी 


सुशांत सुप्रिय हिन्दी के महत्वपूर्ण रचनाकार एवं अनुवादक हैं।

सुशांत सुप्रिय

A-5001,
गौड़ ग्रीन सिटी,
वैभव खंड,
इंदिरापुरम्,
ग़ाज़ियाबाद-201014
(उ. प्र.)

मो.: 8512070086
ई-मेल: sushant1968@gmail.com


 

 

Tags: Sushant Supriy/सुशांत सुप्रिय : अनुवादThe old man and the seaअनहद कोलकाता Anhad Kolkata हिन्दी बेव पत्रिका Hindi Web Magzineअर्नेस्ट हेमिंग्वेबूढ़ा आदमी और समुद्र ( The Old Man and the Sea ) — मूल : अर्नेस्ट हेमिंग्वे — अनुवाद : सुशांत सुप्रिय
ShareTweetShare
Anhadkolkata

Anhadkolkata

अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें। प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।

Related Posts

अंतिम मनुष्य – इतंज़ार हुसैन

अंतिम मनुष्य – इतंज़ार हुसैन

by Anhadkolkata
November 14, 2026
0

इतंज़ार हुसैन इंतज़ार हुसैन की कहानी ‘अंतिम मनुष्य’ मनुष्य की पहचान, नैतिकता और सामूहिक जीवन से उसके संबंधों पर एक गहरी रूपकात्मक कथा है। शनिवार के...

स्त्रीवादी सैद्धांतिकी : ज्ञान की प्रचलित अवधारणाओं का पुनर्परीक्षण

स्त्रीवादी सैद्धांतिकी : ज्ञान की प्रचलित अवधारणाओं का पुनर्परीक्षण

by Anhadkolkata
November 13, 2026
0

स्त्री विमर्श डॉ. सुप्रिया पाठक का यह लेख स्त्रीवादी सैद्धांतिकी को स्त्रियों के अधिकारों और सामाजिक असमानताओं के पारंपरिक विमर्श से आगे ले जाकर ज्ञान की...

यू हुआ की कहानी ‘मृत्यु आख्यान’

यू हुआ की कहानी ‘मृत्यु आख्यान’

by Anhadkolkata
November 12, 2026
2

यू हुआ चीनी कथाकार यू हुआ की कहानी ‘मृत्यु आख्यान’ मनुष्य के अपराधबोध, नियति, हिंसा और नैतिक विडंबना की एक विचलित कर देने वाली कथा है।...

लोचन कोना -8 – प्रफुल्ल कोलख्यान

लोचन कोना -8 – प्रफुल्ल कोलख्यान

by Anhadkolkata
November 11, 2026
0

लोचन कोना -8 जिंदगी आज के पहले भी खस्ताहाल थी, लेकिन फर्क था। आज तो जिंदगी की खस्तहाली ने आम जिंदगी को मलबे में बदल दिया...

मुस्की भाई – सुमन शेखर

मुस्की भाई – सुमन शेखर

by Anhadkolkata
November 10, 2026
0

सुमन शेखर सुमन शेखर की कहानी ‘मुस्की भाई’ एक ऐसे व्यक्ति का मनोवैज्ञानिक आख्यान है, जो अपनी संभावनाओं, महत्वाकांक्षाओं और कल्पनाओं के संसार में इतना आश्वस्त...

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अनहद कोलकाता साहित्य और कलाओं की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है। डिजिटल माध्यम में हिंदी में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ‘अनहद कोलकाता’ का प्रकाशन 2009 से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है। यह पत्रिका लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रगतिशील चेतना के प्रति प्रतिबद्ध है। यह पूर्णतः अव्यवसायिक है। इसे व्यक्तिगत संसाधनों से पिछले 12 वर्षों से लागातार प्रकाशित किया जा रहा है। अब तक इसके 500 से भी अधिक एकल अंक प्रकाशित हो चुके हैं।

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.

No Result
View All Result
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.