• मुखपृष्ठ
  • अनहद के बारे में
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक नियम
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
अनहद कोलकाता
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
No Result
View All Result
अनहद कोलकाता
No Result
View All Result
Home लेखक

बचपन के उजले – काले पख -2

कार्तिक : प्रज्ञा गुप्ता 

by Anhadkolkata
November 23, 2026
in लेखक, संस्मरण, साहित्य
A A
0
Share on FacebookShare on TwitterShare on Telegram

उक्त स्तंभ में  हर महीने बचपन के उजले-काले पन्नों (पखों) को याद कर रही हैं युवा कवि एवं कथाकार प्रज्ञा गुप्ता। यह केवल एक लेखक का बचपन नहीं, बल्कि एक स्त्री का भी बचपन है, जो सुदूर गाँव और कस्बे की स्मृतियों से जुड़ते हुए अपने समय, समाज और परिवेश के अनेक अनकहे पक्षों को उजागर करता है। इन स्मृतियों में निजी अनुभवों की आत्मीयता है, तो ग्रामीण जीवन की विडंबनाएँ, सामाजिक संरचना की जटिलताएँ और एक स्त्री के बनने-बढ़ने की प्रक्रिया के व्यापक अर्थ भी हैं। यह अतीत की ओर लौटना भर नहीं, बल्कि स्मृतियों के बहाने अपने वर्तमान और समाज को नए सिरे से देखने-पढ़ने की एक संवेदनशील कोशिश है।

बचपन के उजले-काले पख -2

 

कार्तिक

प्रज्ञा गुप्ता 

प्रज्ञा गुप्ता

दशहरा के बाद हम बच्चों को दिवाली का इंतजार रहता। दशहरा के बाद एक-दो दिन तो बड़े उदासी और सुस्ती में बीतते। दशहरे की गहमागहमी के बाद थोड़ी सी थकान सब पर रहती लेकिन फिर सब दिवाली की तैयारी में लग जाते। हमारे स्कूल जाने के रास्ते में जो धान के खेत थे वह बदरुद्दीन मियां के थे। बीच में से किसी- किसी  खेत के धान पक जाते तो उसमें कटाई शुरू हो जाती ।खेत की आरियों में शरीफे के पेड़ थे, हमारा थोड़ा ध्यान शरीफे के तैयार फलों पर भी चला जाता था लेकिन खेत में धान काटने वाली सयानी लोगों के चलते हम चुपचाप उस रास्ते पर गुजर जातीं। 10:00 बजते ही स्कूल में प्रार्थना के लिए हम दो कतार में लग जाते।  प्रार्थना के बोल थे – “ दया कर दान भक्ति का,हमें परमात्मा देना।

 दया करना हमारी आत्मा में शुद्धता देना”

 हम मन ही मन ईश्वर से प्रार्थना करते कि जिस -जिस पेड़ में हमने शरीफा फले देखे हैं स्कूल से लौटते वक्त वह हमारी झोली में हो।

स्कूल हमारे लिए एक ऐसा खुला आकाश था, जहाँ हम सपने देखते, पंख पसारते और अपनी मंजिल की ओर निकल पड़ते। स्कूल से आधे किलोमीटर की दूरी पर ही खालीजोरा नदी थी। नदी के पार बीरगाटोली थी जहाँ हमारी सखी सुमंती रहती थी, सुमंती का वह नानी घर था। सुमंती खड़िया समुदाय से थी ,उसकी नानी मगदली आयो हमें बहुत प्यार से बैठाती, बातचीत करती, जब तक सुमंती डांभा तोड़कर लाती, हम सुमंती की नानी से बातें करते। सुमंती का नानी घर किसी महल से कम ना था। सामने एक बरामदा, उसे पार करने पर एक आँगन मिलता जिसके दोनों तरफ की कोठरी में बकरियां बंधी होती ; उसे पार करने पर एक और आँगन मिलता जिसके बगल की दोनों कोठरियों में गाय- बैल बंधे होते ; उसके बाद हम एक और बरामदा पार करतीं, जहाँ के आंगन के बाद उनका बड़ा सा घर था। बरामदे में सुमंती की नानी हमें ढेंकी से धान कूटती हुई मिलतीं हमारे पहुंचने पर वह धान कूटना छोड़ देती। मोढा और पीढ़ा देकर बैठने को कहतीं । हम मंत्रमुग्ध से बैठ जाते, जब तक सुमंती डांभा तोड़कर लाती ,हम उसकी नानी से बातें करते । डांभा लेने के बाद हम वापस स्कूल की ओर लौटते और स्कूल से पहले ही नदी के आसपास कहीं सुंदर दृश्य को देखते हुए डांभा खाते। थोड़ी देर गुच्चा खेलते फिर वापस स्कूल जाते।

हमारे स्कूल में गणित के मास्टर जी थे परशुराम सिंह। जैसा नाम वैसी ही गुस्से वाली प्रकृति, लेकिन थोड़ा सा अपने नाम के विरुद्ध भी चरित्र था उनका। हमारी कक्षा में कुछ लड़कियाँ उम्र में हमसे काफी बड़ी थीं, करीब 14 15 साल की । वे पीछे के बेच पर बैठतीं,  वे गणित का कक्षा कार्य नहीं बना पातीं तो परशुराम सर उन्हें पीठ पर धौल जमाते,मुक्के से मारते। पीटने से पहले वे उनकी पीठ पर हाथ फेरते थे जिसे देखकर मुझे और मेरी सहेली हेमंती और सुलेखा को बड़ा गुस्सा आता। पीछे बेंच पर बैठने वाली लड़कियाँ हमसे उम्र में बड़ी थी तो क्या? थीं तो हमारी सहेली। वे करीब 15 -20 किलोमीटर की यात्रा तय कर पढ़ने आतीं। पहाड़ की तराई में उनकी बस्ती थी तब आज की तरह हर पंचायत में मिडिल स्कूल नहीं थे ।वह पहाड़ टोली,  वन टोली ,मालसाडा टैंसेर से आतीं। उनके गाँव घर के आसपास  जंगली  आँवला के पेड़ आदि थे तो वे हमारे लिए आँवला ला देतीं, अचार बनाने के लिए। तो हमें उन लड़कियों से थोड़ा ज्यादा ही मतलब था। सहपाठी होने के नाते सहज लगाव भी था। वह हमारे लिए करमंगा (star Fruit)भी लातीं। जिसे हम नमक मिर्च लगाकर कक्षा में खातीं ।तो हमने परशुराम सिंह सर को सजा देने की सोची। हमें पता था कि अलकुशी के फर कहाँ मिलेंगे। हम  अलकुशी के फल घर में छुपा कर भी रखते थे। हमने अलकुशी ली और परशुराम सर की साइकिल की सीट पर, साइकिल में टंगी झोली पर, सर जिस वक्त कक्षा में आते, उससे पहले ही एक नया डस्टर लाकर हमने रखा जिस पर अलकुशी की फलियों को रगड़ कर हमने छोड़ दिया था। परशुराम सिंह सर ब्लैक बोर्ड पर गणित की गुत्थियाँ सुलझाते और सभी विद्यार्थियों  के उतारने से पहले खुद ही मिटा देते, हमें इस बात से भी नाराजगी थी। उस दिन ब्लैक बोर्ड पर जब उन्होंने  डस्टर चलाया, उसके बाद उनका मुंह देखने लायक था, घबराहट में उन्होंने अपना हाथ रगड़ा ,जिससे उनके हाथ में खुजली और बढ़ी। हमारी हँसी छूट गई, बस क्या था उन्होंने शक भरी निगाह से हम तीनों को देखा, बाहर जाकर पान की पीक थूक कर आए ,हमें 20 तक पहाड़ा लिखने का आदेश दिया ।15 का पहाड़ा लिखने के बाद हम अटक गए और उन्हें अपना शक काबिज़ करने का पूरा मौका मिला। उन्होंने थेथर के डंडे से हमारी धुनाई की, हम सहेलियां थेथर से भी ज्यादा थेथर थीं। दूसरे दिन हमने उनके लिए पूरा इंतजाम किया था ।कक्षा में एक कुर्सी थी जिसमें थोड़ी फांक थी ,उसे थोड़ा फलका कर रखने पर जैसे ही कोई उस पर बैठता, कुर्सी जोर से चूँटी काटती थी ।हमने उस दिन नहीं हँसने की कसम खाई थी। जैसे ही परशुराम  सर कुर्सी पर बैठे कुर्सी ने जोर से चूँटी काटी। हम जरा भी नहीं हँसीं, सर झुकाए बैठी रहीं। क्योंकि उस दिन हमने नहीं हँसने की विशुद्ध कसम खाई थी। सर कक्षा से बाहर निकल गए। स्टाफ रूम के टेबल पर वह तीन-चार पान का बीड़ा बनवा कर रखा करते ,रोज । पान के बीड़े को  खोलकर उसमें दो-तीन  कंकड़ डालकर हमने करीने से बंद कर दिया था। यह सब करने के लिए  हमें काफी मशक्कत करनी पड़ी थी, पान   चबाते ही सर को महसूस हुआ कि कुछ गड़बड़ है। दूसरे दिन कक्षा में वह मुज़रिम तलाश रहे थे ,मेरे पास आकर उन्होंने मुझे हड़काया बड़ी होशियार बनती हो –“रुको तुम्हारी शिकायत करता हूँ- तुम्हारे पिताजी से! मेरी तो सिटी-पिटी गुम। उन्होंने शिकायत भी की लेकिन हमने अपनी माता जी के पास उनके चरित्र का हाल पहले ही बयां कर दिया था तो हम घर पर सकुशल रहे।

 जब हम स्कूल से लौटते अपने ही धुन में रहते, दौड़ते हुए घर में घुसते। वे लिपाई- छबाई के दिन थे ।हमारे घर के  बाहर का बरामदा  मिट्टी का ही था,  दरअसल हमारा पूरा घर मिट्टी का था। हर कोठरी की छबाई होती थी। पहाड़ टोली से एक दो सयानी आकर रोज घर छाबने लीपने का काम करतीं, हमारे पाँव कच्ची मिट्टी में पड़ते तो पूरे पाँज की छाप पड़ जाती। बरामदे की छबाई बिगड़ जाती, तब हमें होश होता कि अरे यहाँ तो अभी चलना मना था ।अपनी हरकतों के कारण घर घुसते ही माँ की डांट -फटकार से हमारा स्वागत होता। स्कूल से लौटते 4:30 बज चुके होते और तब तक सयानी लोग जा चुकी होतीं थी, बिगड़ी हुई छबाई सुधारने के लिए माँ को मशक्कत करनी पड़ती। हमारे सामने की जमीन बदरुद्दीन मियां की थी ,जहाँ से भुत्तिहार  मिट्टी काट काट कर लाते। मिट्टी की ढ़ेरी में गोल गड्ढा बनाकर उसमें पानी डाल दिया जाता ताकि दूसरे दिन उसमें ताजा गोबर मिलाकर छाबने लायक माटी तैयार हो जाती ।मिट्टी और गोबर का मिश्रण तैयार करना भी एक कला थी; गोबर ज्यादा या कम होने पर, छबाई सूखने पर फटने लगती । माँ के पास गृहस्थी के कई हुनर थे ;घर छाबने -लीपने से  लेकर भोजन- पानी ,मिठाई -पकवान ,अतिथियों का सत्कार ,गाँव घर की बेटी बहूओं के हाल-चाल ।माँ चक्कर घिरनी सी दिनभर घूमती रहती ,कभी अपनी रसोई में, कभी पोचाडा करने वाले भुत्तिहारों को निर्देश देतीं,कभी गाय-बैलों को सानी- पानी देतीं।

गाँव में सबके यहाँ लगभग हर साल दिवाली के समय घर की पुताई होती, चूने में पीला या नीला रंग डालकर ।अब की तरह तब  पेंट का तमाशा नहीं था। क्योंकि कच्चे घर थे तो हर साल चूने से पुताई न करने पर दीमक का भी खतरा था। मिट्टी की दीवार पर लकड़ी के तख्ते से  रैक बने थे जिन पर हम अपनी किताबें रखते। घर में एक पूरी कोठरी ही थी किताबों वाली। जिसके किताब बाहर करने में एक बेला खर्च हो जाता। सरस्वती पत्रिका के पुराने अंक, धर्मयुग के अंक ,दिन मान के पुराने अंक,नंदन के अंक और हिंदी साहित्य के महत्वपूर्ण उपन्यास हमारे उस पुस्तक-भंडार  में थे। कभी-कभी मौसम बिगड़ जाता तो बाहर रखे सामान को तिरपाल से ढकना पड़ता, कोठरी की छबाई सूखने में एक-दो दिन लग जाते और चौकी बाहर रखी होती , उसमें सारे सामान रखकर उसे भी तिरपाल से ढँका जाता ।सबसे ज्यादा फिकिर खेत में पके धान को देखकर होती ।कार्तिक में होने वाली वर्षा से धान के बाली भरे पौधे खेत में सूत जाते, खलिहान में रखे हुए धान के गाँज भींजते  तो उनके अंखुआने  का डर खेतिहरों को भयभीत करता। यह ऐसा मौसम था कि घर और खेत दोनों एक साथ सँवारने पड़ते।

सबके घरों में रसुआ घर और देवता घर चूही मिट्टी से लीपे जाते। मिट्टी और लकड़ी के पाटों से पटी हुई पाटीन की जमीन और दीवार भी चूही मिट्टी से लिपी जाती।  क्योंकि कोठा घर (पाटीन) की दीवाल कम ऊंची होती तो हमें शौक से पाटीन की दीवार लीपने का काम मिलता। घर की पाटीन पर अक्सर बिल्लियों का परिवार रहता, जब हम पाटीन लीपने जातीं वहाँ का सामान एक पाट से दूसरे पाट रखतीं तब देखती वहाँ बिल्ली के चार-पांच बच्चे हैं जिन्हें हम उतार कर नीचे अपनी कोठरी में रख लेती। बिल्ली म्याऊं म्याऊं करती हमसे मनुहार करती, हम जब किसी दूसरे काम में लगी होतीं, बिल्ली अपने बच्चों को वापस पाटीन में ले जातीं। हमें पता भी ना चलता।

घर का ऐसा कोई कोना ना होता जहाँ  चूही माटी और चूने से पुताई ना होती और ऐसा कोई कपड़ा ना रहता जो धूले बगैर रह जाता। सारे बिस्तरों में बिछाने वाले लेंदरा एक -दो कर धो दिए जाते ।घर पर कुआँ था लेकिन लेंदरा धोने या ज्यादा कपड़े धोने के लिए हम नदी जाते।  जामुन की लकड़ी से बने राख को टिन में गर्म पानी डालकर डंडे से फेटा जाता है और गर्म पानी में लकड़ी के डंडे से बड़े-बड़े लेंदरा बोथ दिए जाते ,;जिन्हें गेरुआ में रखकर भुत्तिहार नदी पहुंचाते या कोई सयानी सर में ढोकर नदी चलतीं  साथ में माँ और हम बहनें भी कपड़ों की गठरी सर पर रखकर नदी की ओर। वहाँ सबसे पहले लेंदरा धोकर हथिया पत्थर पर सूखने के लिए डाल देते, सारे कपड़े धो-धो कर बालू  पर फैला देते ।नदी दो धाराओं में बहती थी, बीच में थी ढेर सारी बालूका राशि ,जहाँ गाँव की स्त्रियाँ कपड़े धो धो कर फैलातीं। उसके बाद जी भर कर हथिया पत्थर से पानी की धार में कूद-कूद कर हम बच्चे नहाते ।नदी के किनारे  मुड़मिसना माटी की खोह थी, जहाँ से मिट्टी निकाल कर हम सर पर लगतीं; हमें शैंपू या साबुन की जरूरत नहीं थी ।वह मिट्टी इतनी चिकनी और मुलायम थी कि पूरे शरीर पर रगड़ते ही लगता चंदन लगा लिया, उसमें चंदन सी खुशबू भी आती। ऐसा अक्सर होता था कि हम नाश्ता करके नदी चल देते और कपड़े धोकर सुखाकर लौटते हमें दोपहर के 3:00 बज जाते। तब नदी हमारे लिए सुकून की जगह थी, घर से उतनी दूर बाहर रहने पर भी हमारे सकुशल लौटने का पूरा भरोसा था -हमें भी, घर वालों को भी ।वे विश्वास से भरे दिन थे जहाँ दूर से देखकर ही हम लोगों को पहचान लेते थे। गाँव के सारे लोग लगभग अपने थे कोई किसी की दीदी ,चाची, भाभी  या कोई किसी का दादा, चाचा, मामा, भैया।

हमारे गाँव में शनिवार को साप्ताहिक हाट लगता जिसमें आसपास के व्यापारी, खरीददार, खेतिहर ,बनिहार  भुत्तिहार सब खरीदारी करते ।हमारे गाँव  से आठ नौ किलोमीटर की दूरी पर बागडेगा  गाँव था जहाँ  कुम्हारों की बस्ती थी।  वह बहंगी में गगरी,  कोहिया, मिट्टी के तावे ढोकर लाते। कुम्हारिनें अपने सर पर नाचूँ में मिट्टी के दीये लेकर बेचने आतीं, हमारे दरवाजे को पार करते वक्त वे आँगन के पास कटहल पेड़ के नीचे सुस्ताते थे; कभी-कभार आवाज भी लगा देते- कहाँ बहिन  कहाँ हेकी? हेकयँ कि नई? आवाज सुनकर माँ बाहर निकलतीं। दरवाजे पर ही दीये की खरीदारी हो जाती। उस समय ₹3 सैकड़े दीये की खरीददारी होती। माँ तीन चार सैकडे दीये खरीदती, पंचमुखी दीया 50 पैसे का एक मिलता,साथ ही मिट्टी के तावे की भी खरीददारी होती ।इनका भी विशेष प्रयोजन था कार्तिक के साथ ही थोड़ी थोड़ी ठंड शुरू हो जाती तो कार्तिक में अक्सर खपड़ा रोटी बनता तावे पर; खपड़ा रोटी और दूध का स्वाद कितना अद्भुत होता था! सोनी-सोंधी खप्पड़पुआ पुआ और औंटाया हुआ दूध !क्या गजब का स्वाद था! बाद में पुरानी होने पर वही तावा बोरसी के रूप में उपयोग किया जाने लगता ।तो चार-पांच मिट्टी का तावा भी जरूर खरीदा जाता ।दिवाली के पहले सिर्फ दीये की खरीददारी नहीं होती, कुम्हार हमारे लिए छठ में उपयोग में लाये जाने वाली ढकनी, धूप दानी आदि भी दे जाते। भले खरीदारी पैसे में तय होती लेकिन सामान के बदले वे धान लेकर जाते यानी ₹3 सैकड़ा दीये लेते तो बदले में दो पैला यानि एक दो सेर धान लेते। जो कुम्हारिनें  सर पर मिट्टी के दीये या गगरी ढोकर बेचने के लिए आतीं वे बड़ी सुंदर होती ।आज तक मैंने जितनी भी कुम्हारिनें  देखी, तो वे गोरी -नारी वह बहुत सुंदर थीं। वे बहुत मेहनती थी और तीखा बोलती थीं। मुझे बड़ा अचरज होता कि वे इतनी दूर से अपने सर पर गगरियाँ रखकर कैसे चलती हैं?  सनई की डोरी से कई -एक गागर एक दूसरे से बंधे होते जिन्हें बड़े शान से वे सर पर रखकर तेज कदमों से बाजार की ओर चलतीं जातीं। मैं उन्हें मंत्रमुग्ध सी देखती। हमारे गाँव- घर इलाके की सयानी लोग एक मन बोझ तो आराम से उठाकर मीलों पैदल चलने का हुनर रखती थीं। बाजार से सौदा सुलफ करने के बाद सर पर टोकरी में या बोरी में सामान रखकर चलने की परंपरा आम थी। साइकिल रखने वाले समृद्ध कहे जाते, मोटरसाइकिल उससे थोड़ा ऊपर का गौरव देता, गाड़ी के नाम पर ट्रैक्टर रखना शान की बात थी।

 किसी के खेत दूर होते और अपने घर के पास यदि वह खलिहान बनाते तो करीब 7-8 किलोमीटर की दूरी से भी सयानी सर पर धान का गठ्ठर लेकर आतीं; पुरुष बहिंगा -भार से धान के गठ्ठर की ढुलाई करते। हमारे खेत के पास वाले टंगरा पर हमारे मंझला आबा खलिहान बना लेते तो हमारे खेत से धान के गठ्ठर दौनी के लिए घर पर लाये जाते। घर के पीछे बड़ा सा खलिहान था जिसे गोबर से लीप  कर दशहरे के आसपास ही तैयार कर लिया जाता ,कार्तिक में कुछ-कुछ खेतों के धान पक जाते धीरे-धीरे धान की ढुलाई होते रहती। दूर खेत से धान की गठ्ठर लेकर आने वाली स्त्रियाँ जब खेत की आरी पर एक साथ चलतीं तो लगता कि सुनहली नदी की धारा लहराती ,मुड़ती, लचकती ,ताल से ताल मिलाती ,नृत्य करती  अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही है। जल की  धार सी उनकी गति थी। दीवाली तक घर का खलिहान धान के गाँज से भरा होता ,इतना जितना की मन हुलसता रहता ।

मुझे ऐसा कोई धनतेरस याद नहीं जब एक पैकेट नमक और आधा दर्जन चम्मच से अलग घर-भर में कुछ सामान खरीदा गया हो ।धन तेरस के दिन माँ मुझे ₹10 देकर बगल वाले किराना दुकान में भेजती जहाँ से मैं आधा दर्जन चम्मच 7रूपये 50 पैसे में और एक टाटा नमक ₹2.25 पैसे में खरीदती। बाकी के 25 पैसे लेमनचूस के लिए थे। हमारे घर से करीब डेढ़ सौ कदम की दूरी पर नागेश्वर भैया की किराना दुकान थी जहाँ से हम किराना सामान उठाते। यह एक ऐसी दुकान थी जहाँ राशन के सामान, बर्तन ,आयुर्वेदिक दवाईयाँ ,एलोपैथी दवाईयाँ ,खाद ,बीज सब मिलता –‘आल इन वन’ दुकान ।इस दुकान में खरीददारी करने की वजह से मैं जब मैट्रिक के बाद रांची आई तो नगराटोली में हम सब रहते थे, एक किराने की दुकान में मैं शीतोप्लादि चूर्ण और  पैरासिटामोल ढूंढ रही थी ।भला हो दुकानदार साहब का जिन्होंने मुझे समझाया कि यहाँ हर चीज की अलग-अलग दुकान होती है, दवा की अलग ,किराना की अलग ।तो दिवाली के दिन बाहर से कोई मिठाई हमारे यहाँ नहीं खरीदी जाती माँ आटे की मिरजई बनातीं। थोड़ा-मोड़ा नहीं 5 -10 किलो आटे की मिरजई बनती। चीनी की चाशनी में लपेटी  हुई मिरजई  क्या स्वाद थे! मिरजई बनाने के बाद माँ  थोड़े बताशे भी बनातीं; बतासे थोड़े कम बनते।  गणेश जी- लक्ष्मी माता को मिरजई  का ही भोग चढ़ता। दिवाली की शाम में हम सब पूजा के लिए  बैठते।  वैश्य परिवार के कारण  लक्ष्मी -गणेश की मूर्ति के साथ ,दौरा नाचूँ,  तराजू बटखड़ा सब पूजा के पास रखे जाते।  पूजा के बाद हमें मिरजई खाने का बड़ा उत्साह रहता ।दिवाली में हम दीये सिर्फ घर में, घर के बाहर, चहारदीवारी के ऊपर  , गोबरगढ़ा, गोहार घर,  के पास ,कुएं पर, तुलसी चौरा में ही नहीं जलाते ;हमें अपने-अपने स्कूल में भी दीया बारने की उत्सुकता रहती। खाना खाने से पहले ही मैं और दीदी स्कूल और देवी गुडी के लिए दीया लेकर चलतीं। स्कूल में और भी सहेलियां आतीं  मैं मिडिल स्कूल में दीया बारती, दीदी हाई स्कूल में। मिडिल स्कूल का मैदान जहाँ खत्म होता कच्चा रास्ता शुरू होता, वहाँ एक बड़ा सा बरगद का पेड़ था जिसकी  जटायें इतनी  घनीं थीं कि दूर से लगता सफेद पोशाक पहने कुछ लोग खड़े हैं ।जाते वक्त हमें बिल्कुल डर नहीं लगता क्योंकि हाथ में दीया होता, सारा ध्यान दीये पर होता लेकिन लौटते वक्त हमें उस पेड़ की जटाएँ भूत सी लगतीं। कभी-कभी सचमुच में कोई सफेद वस्त्र पहन कर हमें डराने के लिए छुपा होता; एक तो अमावस की रात इस पर बियाबान  मैदान, हम दौड़ते हुए पेड़ के पास के रास्ते को पार करती गणेश जी को याद करते हुए ।गाँव में बिजली नहीं थी तो आज की तरह तब रंग-बिरंगे झालरें कहाँ से होती ,सब की चार दिवारी पर, पाटीन की खिड़की पर जलते दीये हमारे लिए रोशनी का संसार थीं। चूने से पोते हुए घर आँगन, जलते दिए की  रोशनी में दूर से बहुत सुंदर लगते ।

एक तो दीपावली में हम सब देर रात तक पटाखे चलाते और सुबह नींद आती रहती की ढप-ढप की आवाज से हमारी नींद टूट जाती ।सुबह 3:30 बजे ही माँ पूरे घर  का दरिद्र भगातीं। पूरे गांव की परंपरा थी कि सभी लोग सूप बजाकर अपने-अपने घर का दरिदर भगाते, गाँव के सीमांत पर छोड़ आते। पुराना सूप और बढ़नी दरिदर  भगाते हुए फेंक दी जाती। कभी-कभी कोई स्त्री ईर्ष्यावश किसी पड़ोसी के दुआरी पर भी अपना दरिदर छोड़ देतीं, ऐसे में खूब तमाशा होता। हालांकि दरिद्र छोड़ने वाले का कोई पता ना चलता लेकिन जिसने भी छोड़ा हो उसके नाम हजार गालियां पड़तीं- ऐसी वैसी नहीं भारी-भारी गलियां। जैसे जिसने भी फेंका हो उसके घर पुलिस वालों का ताँता लगे,  उसके घर डॉक्टरों का आना-जाना हो, उसके यहां माँड़ गिरे आदि।

दिवाली का दूसरा दिन हमारे लिए और भी ज्यादा उत्साह का था।  सुबह-सुबह ही हम गोहाल में जाकर गोबर उठा लातीं , हम घर के आँगन की लिपाई शुरू कर देतीं। आजकल रंगोली बनाने के लिए अलग-अलग तरह के रंगों का प्रयोग होने लगा है तब ना साधन थे और ना बाजार था। चावल गुडी और आटे के मिश्रण से आयपन का घोल बनाते दीदी चौक पूरतीं में उसके बीच-बीच में जहाँ-जहाँ जोड़ होता फूल से सिंदूर लगाती। आंगन से चौक गोहाल घर तक ले जातीं। आंगन में भी चौंक पूरतीं ।पशुधन से घर गाय बैल -बछरूओं से समृद्ध था हमारा घर ।छोटे बछरूओं के लिए हम गेंदे के फूल से माल गूँथती । हमारी बारी में गेंदे के खूब फूल खिले होते, हम लगभग सभी गायें और बछिया के लिए माला बनाते 10- 12 गाय बैल बछरू घर के पास के गोहाल में रहते। हमारे करीब 30- 35 गाय बैल बछरू करीलकुचा,घर से  5 किलोमीटर दूर जहाँ हमारे खेत खलिहान थे वहाँ रहते थे ।वहाँ के लिए भी हम गेंदे के फूल की माला बनाते। माला बनाकर हम निश्चित होते फिर ,गाय और बछरूओं के लिए भोजन तैयार करते ,नए चावल ,नए  उड़द और कोहड़ा एक साथ एक बड़े डेकची पर पकाते।  उस दिन गाय बैलों के लिए बने इस अनाज के भोजन को थोड़ा-थोड़ा हम भी  किसी बरतन में निकालते; बाद में उसमें थोड़ा- नमक डालकर खाया जाता।  घर के छोटे बछरू-बछिया का थोड़ा विशेष श्रृंगार करते।  उनके माथे पर रोली और सिंदूर का टीका लगाते ,फूलों की माला पहना, करंज का तेल उनके शरीर पर लगाते। गोमाता को भी सजाते ,कुछ-कुछ बैल बदमाशी करते छोटे बछरूओं की माला खा जाते। गोहाल के लिपाई -पुताई  सुबह ही कर दी गई होती। ऐसे में हर खूंटे पर फूल अच्छत- सिंदूर चढ़ा कर उसकी पूजा करते, गाय और बछरूओं को वहाँ पर लाकर बांधते और सबको एक साथ नया पका अनाज खिलाते । उसके बाद हम अपने घर से दूर जहाँ हमारे खेत थे करील कुचा, वहाँ के लिए निकलने की तैयारी करते। वहाँ रहने वाले गाय बछरूओं के लिए डालडा या सरसों तेल के पुराने खाली टिन में नया पका अनाज भरकर उसे साइकिल के पीछे कैरियर में रस्सी और टायर की मदद से बांधते, एक साइकिल भैया डोरिया कर ले चलते ;दूसरी साइकिल मैं। क्योंकि खेत तक जाने का रास्ता था लेकिन वह कच्चा था तो जगह से ऊबर खाबड़ रास्ते पर बड़ा संभाल कर डोरिया कर साइकिल ले जाना होता ।दीदी साथ चलतीं  जहाँ रास्ते में कोई गिरता था वह उसे सहारा देती। जहाँ हमारे खेत थे वहाँ एक बड़ा सा टंगरा  था, ऊंची और चौड़ी पथरीली जगह। इस टंगरा पर साइकिल चढ़ाकर हम वह नया पका अनाज करीब 30 -35 जगह थोड़ा-थोड़ा लाइन से बाँट कर रखते ।क्योंकि खिचड़ी बहुत गर्म होती थी बाँटकर फैलाना मेरा काम था। वहाँ के गोहाल में हमारा एक  धांगर रहता था जो चरवाही करता था, टंगरा से ही हम उसे आवाज देते तो वह गाय बैल के खूँटे की रस्सी खोल देता, जोरी खोल देता। भैया टंगरा से आवाज लगाते-“ जल्दी आवा खाना तैयार आहे” आज सोचती हूं तो बड़ा अचरज होता है कि सभी गाय- बैल- बछरू अपने-अपने हिस्से का खाना खाते लाइन में खड़े होकर। उसके बाद में खुद ही हमारे पास आते ,टीका लगाने में देर करने पर ढूंस कर ठेहियाते।  उन पर करंज का तेल चरवाहा पहले ही लगा चुका होता। जब तक भैया गाय बैल बछरूओं को टंगरा से जाने के लिए ना कहते वे वहीं पर खड़े रहते। बीच-बीच में उनमें आपस में ठेलम ठेली  होते रहती ।उनमें से हर एक भैया के हाथों अपना पीठ सहलवाना चाहता था, दुलार पाना चाहता। क्योंकि मेरे बड़े भैया बचपन से ही खेत खलिहान से ज्यादा जुड़े रहे, खेत  के आसपास के रह वासी और हमारे पशु -धन उनसे ज्यादा लगाव रखते। भैया को सब पहचानते । पशुधन को नया अनाज खिलाकर  हमारी सोहराय मन जाती , गोवर्धन पूजा मन जाती ।करील कुचा से लौटते वक्त हम मस्ती करते आते , रास्ते में इमली का बड़ा सा पेड़ था नीचे तक इमली की फलियों से भरा हुआ दीदी अपनी ओढनी में खूब सारी इमली तोड़कर पोटली बनाकर कमर में खोंस लेती ।रास्ते में कच्चे बेर तोड़ते -खाते खेलते कूदते शाम में घर पहुंचते।  रास्ते में गूंज की लता भी मिलती गूंज के फल तोड़ के लाते ,उसकी माला बनाते।

सोहराय के दिन तो शांति ही रहती लेकिन दूसरे दिन आसपास के टोली में धीतांग तांग ,धी-धी तांग की आवाज से मन झूमने लगता । एक तरफ छठ के गीत गाए जाते तो दूसरी टोली में धी- धी तांग, धीतांग-धीतांग। क्योंकि धन कटनी शुरू हो जाती  और आसपास के आदिवासी टोली में सोहराय  के बाद का श्रम उत्सव मनने लगता।

दिवाली के बाद भाई दूज की सांझ को हम गाँव -घर का एक चक्कर लगातीं। यह जानने के लिए कि किसके घर छठ हो रहा है और किसके घर नहीं हो रहा है? जिनके घर छठ होना होता उनकी दुआरी पर मिट्टी के पाँच दिये जरूर जलते। तब छठ करना आसान नहीं था, कोई किसी के घर से पीतल  की परात मांग लाता था, कोई कठौती । बहुत कम घर थे जिनके घर में सारे बर्तन होते। छठ के नाम पर लोग सहायता करने से नहीं चूकते।  बिना मांगे ही बर्तन उनके घर पहुंचा दिए जाते जिनके घर छठ होता। फिर खरना की खीर  के लिए जिसके भी खेत में नन्हियाँ(बासमती) धान पका होता धान की बाली काट लिए जाते, बिना पूछे ही ।कोई किसी के भी खेत से धान की बाली काट ले जा सकता था।

 हमारे घर के आगे का टोला मुसलमानों का था ,सांझ को जब हमारा परिवार छठ घाट के लिए निकलता सारे मुस्लिम परिवार अपने-अपने दरवाजे पर खड़े मिलते ।उन्हें भी यह देखने की उत्सुकता होती कि  घर की  बेटियां  ससुराल से आई हैं  या नहीं? माँ और दीदियाँ गीत गाते चलतीं- “काँच ही बाँस के बहंगिया,बहंगी लचकत जाय ऽऽ,बाट ही पूछे  जे बटोहिया,बहंगी केकरा के जाय ऽऽ“

अरग देकर आते वक्त  पेट्रोमेक्स का जुगाड़ एक बड़ा कठिन काम था। पूरे गाँव में पाँच या छह ही पेट्रोमेक्स थे।हमारे घर का पेट्रोमेक्स खराब रहता तो हम आजाद के यहाँ का पेट्रोमेक्स ले आते।

सुबह में जब सभी व्रती छठ घाट पहुंच जातीं और नदी में दीप -दान करतीं तो नदी की धार में सरई के दोने में बहते हुए दीये इतना सुंदर दृश्य रचते की मन प्रफुल्लित हो जाता। बिहनकी अर्घ्य देने जब हम नदी में प्रवेश करते तो पता नहीं चलता कि कितना पानी है, लगता ठेहुना भर पानी होगा और हम कमर तक पानी में डूब जाते। हमारे पड़ोसी गाँव रूसू की छठ व्रतियां और हमारे गाँव के भंडार-टोली का छठ घाट एक ही था ,बीच में थी बालूकाराशि। रूसू घाट की ओर करीब सौ से अधिक  व्रतियाँ होतीं । सूप के ऊपर जलते दिए आस्था की ऐसी लौ जगाते की बालूका राशि पार करके हम बच्चे उनकी ओर पहुंच जाते। और दूर से अपने टोले की छठव्रतियों को देखती कि किसकी साड़ी कितनी सुंदर है! अब तो रूसू और केरसई के छठ घाट का पाट भी खत्म हो गया है। बालू के उठान के कारण नदी की एक ही धार बची है, वह भी लगभग थमी हुई सी, बस थोड़ी सी धार बहती नजर आती है। तब का बचपन ऐसा था कि अपने यहाँ भी छठ होता था फिर भी आपस में इतना सद्भाव था कि अपने टोली से मांगने के बाद दूसरे गाँव की व्रतियों से भी हम प्रसाद मांग लातीं और सबके पास भर भर झोली प्रसाद हो जाता ।तब पुराने फुलपैंट की बनी हुई झोली सबके पास होती। यह गुमान किसी के पास नहीं था कि अपने घर में छठ हुआ ही है तो क्यों मांगूँ ?बल्कि व्रतियों से मांग कर प्रसाद पाना और भी श्रद्धा का विषय था। अब परिस्थितियों बदल गई हैं गाँव-टोले में संकोच घर कर गया है।

हमारी बारी में एक आँवले का पेड़ था ।नवमी के दिन हमारी सहेलियाँ मेरे घर आतीं; हम आँवले के पेड़ के नीचे खिचड़ी बनातीं, यह सब हमारे लिए  पिकनिक मनाने जैसा था।

हमारे पूरे सिमडेगा के लिए कार्तिक पूर्णिमा बड़ा ही रीझ-रंग,भक्ति एवं उत्साह का समय होता ।कार्तिक पूर्णिमा को रामरेखा धाम का मेला हमारे लिए सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र था। सिमडेगा के पाकरटांड़ गाँव के बूढ़ा पहाड़ पर रामरेखा  धाम था, जहाँ कार्तिक पूर्णिमा  एवं माघ पूर्णिमा में हमेशा मेला लगता है। कार्तिक पूर्णिमा के मेले में जाने का, माघ की अपेक्षा ज्यादा उत्साह रहता। तब उतनी सुविधा नहीं थी, लोग पूर्णिमा से एक दिन पहले ही साइकिल से मेले के लिए निकल जाते। लोक मान्यता के अनुसार बूढ़ा पहाड़ की गुफा में भगवान राम ,सीता मैया और लक्ष्मण ने कुछ समय बिताया था ।सीता जहाँ खाना बनाती थीं, वह सीता चूल्हा के नाम से प्रसिद्ध है जिसे देखने का विशेष  आकर्षण था ।लोक मान्यता है कि उस पहाड़ पर माता सीता को भोजन बनाने में दिक्कत हो रही थी तो लक्ष्मण ने पहाड़ की चट्टान पर बाण(तीर) चलाया था ,तीर लगते ही पाताल से जल की धारा फूट पड़ी थी और एक धनुष के आकार का कुंड बन गया था जिसे लक्ष्मण  कुण्ड या धनुष कुंड कहा जाता है। लोग कार्तिक पूर्णिमा में उस कुंड में स्नान करने के लिए जरूर जाते। रामरेखा मेला में दैनिक जीवन से संबंधित चीजें भी रहतीं ,लेकिन मेले में पारंपरिक वाद्य यंत्र, ढोल और नगाड़ा, मांदर, बाँस की टोकरियाँ, पैला, ओखली- समाट आदि खूब बिकते ।वहाँ से मोर पंख  खरीद कर लाना आस्था के साथ जुड़ा था। मान्यता थी कि वहाँ से लाए हुए वाद्य यंत्र या हस्तशिल्प की बस्तुएँ शुभ फलदायी होती हैं। पहाड़ की गुफा के नजदीक पारंपरिक नागपुरी गीत गाये जाते । गीतहार,  रसिक लोग भी जुटते थे। मांदर और नगाड़े की थाप पर भक्ति गीतों के साथ-साथ मरदानी झूमर और लोक नृत्य चलते रहते। गोलवारी राग पर गीत अधिक गाए जाते। मेले में उस समय कई नागपुरी कलाकार मौजूद होते, कुछ बाल कलाकार भी होते। उस समय महावीर नायक मुकुंद नायक,  मधु मंसूरी ‘हंसमुख’  आदि के गीत बहुत मशहूर थे। बाल कलाकर के तौर पर जगदीश बडाईक,फूलमनी देवी आदि के भी गीत मशहूर थे।

“ आगे आगे रामचंद्र ऽऽपीछू भैया लक्ष्मणऽऽ ए साजनि।

 बीच में सुंदरी सीता जाथे बनवास गोऽऽ ए साजनि।।“

Related articles

बेदखलनामा — नन्दलाल भारती

कृष्ण कल्पित की कुछ नयी कविताएं

 यह गीत तो लगभग सब के मुख पर होता, कुछ और भी  गीत गाए जाते ।एक यह गीत मशहूर था

“कार्तिक पूर्णिमा निसा, उजियारी दसो दिसा।

 करी दर्शन पुण्य पावत हजार ,

 छुई चरन राजा कौशल्या  कुमार के

श्रद्धा सहित जन निर्मल करी मन

करीं पूजन होवे भव सिंधु पारऽऽऽ

धनी रामरेखाधाम जहाँ प्रभु सीताराम”ऽऽऽऽ

आजाद अंसारी और सरिता देवी के गाये गीत भी खूब चलते -रामरेखा मेला में दिला लाइग गेलकऽऽ,उके बोईल देबा मैनाऽऽ,बताये देबा  मैनाऽऽ ,उकरे से मोर दिला लाइग गेल’ऽऽ

जारी…….


प्रज्ञा गुप्ता, विभागाध्यक्ष हिंदी,  
राँची वीमेंस कॉलेज, राँची
झारखंड पिन -834001
[ई-मेल-prajnagupta2019@gmail.com]

Tags: Hindi LiteratureSansamaran संस्मरणअनहद कोलकाता Anhad Kolkata हिन्दी बेव पत्रिका Hindi Web Magzineबचपन के उजले - काले पख -2 - प्रज्ञा गुप्ताहिन्दी साहित्य
ShareTweetShare
Anhadkolkata

Anhadkolkata

अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें। प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।

Related Posts

बेदखलनामा  — नन्दलाल भारती

बेदखलनामा — नन्दलाल भारती

by Anhadkolkata
November 22, 2026
0

नन्दलाल भारती नन्दलाल भारती की कहानी ‘बेदखलनामा’ बुजुर्ग माता-पिता के प्रति बदलते पारिवारिक व्यवहार, संतान की संवेदनहीनता और वृद्धावस्था के अकेलेपन की एक मार्मिक सामाजिक पड़ताल...

कृष्ण कल्पित की कुछ नयी कविताएं

कृष्ण कल्पित की कुछ नयी कविताएं

by Anhadkolkata
November 22, 2026
0

आज जब लोकतंत्र की भाषा में असहमति के लिए जगह लगातार संकुचित होती दिखाई दे रही है, जब विकास की चमक के पीछे विस्थापन और असमानता...

देवदास आचार्य की कविताएँ

देवदास आचार्य की कविताएँ

by Anhadkolkata
November 21, 2026
0

देवदास आचार्य बांग्ला कवि देवदास आचार्य की कविताओं की सबसे बड़ी विशेषता है लोकजीवन की गहरी संवेदना, इतिहासबोध और मनुष्य के अस्तित्व को व्यापक सामाजिक तथा...

जय प्रकाश की कविताएँ

जय प्रकाश की कविताएँ

by Anhadkolkata
November 20, 2026
0

जय प्रकाश साहित्यिक चरित्रों की पुनर्खोज : प्रसिद्ध साहित्यिक चरित्रों पर आधारित कविताएँ साहित्य के कुछ चरित्र अपनी रचना के समय और कथानक की सीमाओं को...

लेटर बॉक्स

लेटर बॉक्स

by Anhadkolkata
November 19, 2026
0

    | लेटर बॉक्स  | 'लेटर बॉक्स 'अनहद कोलकाता का एक स्थायी स्तंभ है, जो पाठकों को अपने प्रिय लेखकों से संवाद करने और अपने...

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अनहद कोलकाता साहित्य और कलाओं की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है। डिजिटल माध्यम में हिंदी में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ‘अनहद कोलकाता’ का प्रकाशन 2009 से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है। यह पत्रिका लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रगतिशील चेतना के प्रति प्रतिबद्ध है। यह पूर्णतः अव्यवसायिक है। इसे व्यक्तिगत संसाधनों से पिछले 12 वर्षों से लागातार प्रकाशित किया जा रहा है। अब तक इसके 500 से भी अधिक एकल अंक प्रकाशित हो चुके हैं।

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.

No Result
View All Result
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.