• मुखपृष्ठ
  • अनहद के बारे में
  • रचनाएँ आमंत्रित हैं
  • वैधानिक नियम
  • संपर्क और सहयोग
No Result
View All Result
अनहद कोलकाता
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध
No Result
View All Result
अनहद कोलकाता
No Result
View All Result
Home कविता

कृष्ण कल्पित की कुछ नयी कविताएं

बुरे समय में कविताएं

by Anhadkolkata
November 22, 2026
in कविता, लेखक, साहित्य
A A
0
Share on FacebookShare on TwitterShare on Telegram

 

Related articles

संदीप निर्भय की कविताएँ

देवदास आचार्य की कविताएँ

कृष्ण कल्पित

कृष्ण कल्पित की ये कविताएँ समकालीन भारतीय समाज, राजनीति और लोकतांत्रिक व्यवस्था के भीतर गहराते संकटों का एक तीखा, व्यंग्यात्मक और बेचैन करने वाला आख्यान प्रस्तुत करती हैं। इन कविताओं का केंद्रीय सरोकार सत्ता की भाषा और उसके वास्तविक चरित्र के बीच मौजूद उस गहरी खाई को उजागर करना है, जिसमें हिंसा को स्वाभाविक घटना, लिंचिंग को लोकतंत्र की मजबूती, बेरोज़गारी को धार्मिक उत्सवों की ऊर्जा और बहुमत की आक्रामकता को लोकतांत्रिक मूल्य के रूप में प्रचारित किया जा रहा है। ‘सत्ताधारी दल के प्रवक्ता का बयान’ इस राजनीतिक पाखंड को व्यंग्य की ऐसी धार देता है कि सत्ता का अमानवीय चेहरा उसकी अपनी भाषा में ही बेनकाब हो जाता है। कवि यहाँ किसी घटना का केवल प्रतिवाद ही नहीं करता, बल्कि उस वैचारिक तंत्र की पड़ताल भी करता है जो अन्याय को सामान्य और प्रतिरोध को असामान्य बनाने में लगा है।

इन कविताओं की सबसे बड़ी विशेषता इनका निर्भीक राजनीतिक स्वर, बोलचाल की भाषा, व्यंग्य की तीक्ष्णता और समकालीन घटनाओं को व्यापक सामाजिक अर्थ देने की क्षमता है। कृष्ण कल्पित कविता को केवल सौंदर्यबोध या निजी भावानुभूति का क्षेत्र नहीं मानते; उनके लिए कविता अपने समय के साथ मुठभेड़ करने और प्रचलित नैतिक-राजनीतिक मान्यताओं की जाँच करने का माध्यम है। वे इतिहास, मिथक, स्मृति, लोकभाषा और समकालीन राजनीतिक शब्दावली को एक साथ बरतते हैं। हालाँकि कई कविताओं में वक्तव्य और निष्कर्ष का स्वर इतना प्रबल हो जाता है कि कविता की बहुअर्थी संवेदना कुछ हद तक सीमित होती दिखाई देती है। कहीं-कहीं व्यंग्य की तीव्रता कविता को सीधे राजनीतिक वक्तव्य के निकट भी ले जाती है। लेकिन इन कविताओं का मूल्यांकन केवल उनके काव्यात्मक शिल्प की कसौटी पर नहीं, बल्कि उस नैतिक बेचैनी के संदर्भ में भी किया जाना चाहिए जिससे वे उपजी हैं।

आज जब लोकतंत्र की भाषा में असहमति के लिए जगह लगातार संकुचित होती दिखाई दे रही है, जब विकास की चमक के पीछे विस्थापन और असमानता के प्रश्न छिपाए जा रहे हैं तथा जब साहित्य से भी सुविधाजनक चुप्पी की अपेक्षा की जा रही है, तब ये कविताएँ पाठक को अपने समय की वास्तविकताओं से आँख मिलाने के लिए विवश करती हैं। इनका मूल आग्रह यही है कि कविता सत्ता की प्रशस्ति नहीं, मनुष्य की स्वतंत्रता, गरिमा और विवेक के पक्ष में खड़ी होने वाली आवाज़ बनी रहे।

अनहद कोलकाता की प्रस्तुति।

|| सत्ताधारी दल के प्रवक्ता का बयान ||

हर घटना को सियासत के चश्मे से देखना ठीक नहीं
सत्ताधारी दल का प्रवक्ता
एक प्रेस-कांफ्रेंस में कहता है

हमारे कार्यकाल में जितने भी हत्याकाण्ड हुए
वे सब अराजनीतिक थे
बल्कि कहना चाहिए कि स्वतः-स्फूर्त थे

जो मारे गए उनकी मौत आ चुकी थी
इसका राजनीति से क्या लेना-देना

सभी कुछ प्राकृतिक है और ग़ैरसियासी
अहा, क़ुदरत का क्या अद्भुत नज़ारा है
सड़कों पर जो ख़ून के धब्बे दिखाई दे रहे हैं

वे हमारी प्रेम-कविताएँ हैं

जो लुटेरे
देश की सम्पदा लेकर फ़रार हो रहे हैं
ये हिरणों की उन्मुक्त-चपल-छलांगें हैं
दृश्य को मनोरम बनाती

बेरोज़गारी का राजनीतिकरण करने वाले
मूर्ख अर्थशास्त्रियों को इतना भी नहीं पता
कि बेरोज़गारों से ही देश में रौनक है
यदि बेरोज़गारी कम हो गई तो फिर
कारसेवक और कांवड़िये कहाँ से आयेंगे
और दुनिया में धर्म-ध्वजा कौन फहरायेंगे

चमन में हर फूल को अपने तरीके से मुरझाने का हक़ है
मुरझाने का भी अपना अलग सौंदर्य होता है
हर बात में सियासत अच्छी बात नहीं

और भारतीय-रास्तों पर
हर रोज़ जो पदातिक-जत्थे लिंचिंग में मशगूल हैं
दरअस्ल वे प्रजातंत्र को मज़बूत कर रहे हैं
और सड़कों पर अपना बहुमत साबित कर रहे हैं

बहुमत द्वारा अल्पमत को कुचल देना ही
लोकतंत्र की नयी परिभाषा है
और हम लोकतंत्र की रक्षा के लिये
किसी भी हद तक जाने के लिये कटिबद्ध है !

 

|| नया भारत ||

(क)
नया भारत बनाओगे
तो पुराने को कहाँ फेंक कर आओगे

तुम्हारे स्मार्ट-शहरों में कैसे रहेगा
मेरे जैसा पिछड़ा आदमी

मेरी पुरानी साइकिल का क्या होगा
जिसे मैं आज भी चलाता हूँ
कभी दूध कभी दवाई कभी सब्ज़ी लाता हूँ

पुराने डाकघर के पास जो हमारा घर था
वह किसके पास होगा भविष्य में

क्या उस खण्डहर को मटियामेट कर दिया जायेगा
जहाँ लिया था प्रथम चुम्बन का स्वाद

क्या पुराने पते पर आई सभी चिट्ठियाँ लौट जायेंगी
क्या नये भारत में सभी पुरानी स्मृतियाँ नष्ट कर दी जाएंगी

क्या तुम्हारे नये अस्पतालों में नहीं होगा
मेरी माँ के पुराने गठिया का इलाज़

मुझे नहीं चाहिये नया भारत
मैं पुराने भारत में रोता हुआ प्रसन्न हूँ

मैं अपने प्यारे और पुराने भारत में किसी कोने में पड़ी
एक गठरी की तरह रहना चाहता हूँ !

(ख)
एक प्रचंड रासलीला है
और हिंसा का तांडव

क़बीलों का देश है
जिसे तुम हिंदुस्तान कहते हो

जिस ९० प्रतिशत जनता को तुम मूर्ख समझते हो
वह तुम्हें मूर्ख समझती है

एक लहू का दरिया है लहराता हुआ
यह सपेरों की विशाल बस्ती है

जोगियों का डेरा
शिवजी की पूरी बारात

बुद्धिजीवियो
यह नक़्शा तुम्हारी समझ नहीं आ सकता
एक दिन तुम्हारी कारों के शीशे तोड़ डाले जायेंगे !

(ग)
नये भारत में
नये शराबख़ाने होंगे चमचमाते हुये

नयी होंगी साक़ीबालायें
नये होंगे कूजे
नये होंगे पियाले

नये होंगे शराबी
नये भारत में कहाँ जायेंगे पुराने शराबी

छप्पड़ के नीचे चलने वाला
रामसिंह का मदिरालय क्या उजड़ जायेगा

क्या दाल की पकौड़ियाँ बननी बन्द हो जायेंगी नये भारत में और वह धनिये की चटनी

क्या नये भारत में उजाड़ दिया जायेगा उन मालनों को
जो काली मिर्च डालकर फलों की चाट बेचतीं हैं

क्या नये भारत में सिर्फ़ मेट्रो और बुलेट-ट्रेन चलेंगी
क्या मेरी साइकिल नहीं टकरायेगी मेरी प्रेमिका की साइकिल से नये भारत में ?

 

|| ग़रीबों का ग़ालिब ||

अब किस बात का डर है
जब देश में युवतियों को बलात्कार के बाद
आग में जलाया जा रहा है

किस बात का डर है
जहाँ हर रोज़
कभी धर्म कभी गाय कभी अस्मिता
और कभी आहत भावनाओं के नाम पर पदातिक सेनाएँ
निर्दोष नागरिकों की हत्या करती हैं

क्या बोलना चाहते हो
क्या बचा है बोलने के लिये

आज मैंने हरिद्वार के कुशाघाट पर
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को भीख माँगते हुए देखा

किस बात से डरे हुए हो
जबकि मिर्ज़ा ग़ालिब नहीं डरे
1857 की रक्तरंजित दिल्ली में
जब सड़कों पर क़त्ले-आम था
जब दिल्ली खाली हो गई थी
तब भी ग़ालिब दिल्ली छोड़कर नहीं गए
किराए की हवेली में बैठकर खून के आँसू रोते रहे
लेकिन दिल्ली छोड़कर नहीं गए दस्तम्बू लिखते रहे
ग़ालिब दुखी हुए लेकिन डरे नहीं

अपने ही देश से कोई कैसे डर सकता है

लेकिन 2018 में
मुंबई के पाली हिल इलाके में रहने वाला एक अभिनेता
डरता है अपने ही देश में अपने ही लोगों से

मैं अपने देश में रहते हुए दुखी हूँ
लेकिन डरा हुआ नहीं
दुःख डराता नहीं दुःख अभय करता है

रहना है तो रहो
जैसा भी है यही देश है
तुम्हारे लिये दूसरा देश कहाँ से लायें, ग़रीबों के ग़ालिब !

 

|| बुरे समय में कविता ||

कई कई दिन हो जाते हैं
महीनों गुज़र जाते हैं कविता लिखे

जब तक कोई क़त्ल न हो जाये
कोई बलात्कार न हो जाये

अन्याय, अत्याचार और दमन की इंतिहा न हो जाये
कोई अनहोनी न हो जाये

कविता लिखना कितना सरल था
एक समय ऐसा भी था

बुरे वक़्त में ही लिखी जा सकती है अच्छी कविता
यह किस जर्मन कवि ने कहा था

‘बुरे वक़्त में बुरे वक़्त के गीत गायेंगे’
तो गाओ प्यारे
किसने रोका है
बजाओ ढोल मंजीरे

इससे बुरा क्या वक़्त होगा
फिर भी नहीं गाया जा रहा कोई गीत

कवियों और कविताओं की भरमार है
फिर भी नहीं लिखी जा रही कोई कविता !

 

|| नींद में मृत्यु ||

जब मरूँ नींद में मरूँ
रात को सोऊँ और सुबह न उठूँ

अस्पताल वेंटिलेटर ऑक्सिज़न शैय्या सिफ़ारिश
किसी की ज़रूरत न हो

जो हाथ सिरहाने रखे-रखे सो गए हैं
उन्हें किसी के सामने फैलाना न पड़े
मझे किसी प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री/स्वास्थ्य मंत्री से
ज़िंदगी की भीख न माँगनी पड़े
जो ख़ुद भिखारी हैं

मुझे अपने बिस्तर से उठाकर
सीधे तिकाठी पर लिटाया जाए
और दोस्त (यदि हैं) ले जाएँ अपने कँधों पर
हँसते-खेलते घाट तक

जो मस्तक तेरे आस्ताने पर झुक चुका है
उसे किसी और के सामने झुकाना न पड़े

मृत्यु आये

लेकिन छुपकर न आये
आमने-सामने का नज़्ज़ारा कुछ और होता है

आओ मृत्यु
हम तुम्हारे पुराने प्रेमी हैं !

 

|| भारतीय जनता ||

लुटियन के बुद्धिजीवियों पर नहीं
मुझे महान भारतीय जनता पर भरोसा है

जिन्हें तुम हिकारत से देखते हो
जिन्हें तुम मूर्ख समझते हो
जिन्हें तुम जात-पांत में और हिन्दू-मुसलमान में बांटते हो
मुझे इन्हीं ग़रीब-ग़ुरबों पर भरोसा है

यही भारतीय जनता है जिसने कितनी सरकारों
और कितने प्रधानमंत्रियों को उखाड़ फेंका

यही भारतीय जनता है
जो सिंहासन पर आरूढ़ करती है

यही भारतीय जनता है
जो उठाकर फेंक देती है कूड़ेदान में

जो बहुत मज़बूत थी
जो बहुत चमकदार थी
जो ख़ुद को अपरिहार्य समझती थी
ऐसी कितनी ही सरकारों का तख़्ता पलट दिया
भारतीय जनता ने देखते-देखते

जो लोग मूर्ख शासकों के जुलूस पर
गुलाब की पंखडियाँ फेंक रहे हैं
यह भारतीय जनता नहीं भाड़े की भीड़ है
ये किराये के लोग हैं जो जयकारा लगा रहे हैं

भारतीय जनता दिखाई नहीं देती ओझल रहती है
और ख़ामोशी से खींचती रहती है
दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का रथ

‘चरमर चरमर – चूँ – चरर – मरर
जा रही चली भैंसागाड़ी’

इतिहास गवाह है

महान भारतीय जनता जिस शासक को सुला देती है
उसे फिर मृत्यु ही जगाती है !

 

|| देश के बुद्धिजीवियों की जनता से अपील ||

हमसे तो कुछ हुआ नहीं
अब जनता से ही उम्मीद है कि
वह इस ज़ालिम सरकार को हटा दे

हटा दे उस सरकार को
जो नफ़रत फ़ैलाती है
झूठ बोलती है
दंगे करवाती है

इस देश के बुद्धिजीवी अपील करते हैं ग़रीब जनता से
हटा दो इस घृणित सरकार को

नफ़ीस अंग्रेज़ी में लिखी विज्ञप्ति पर हस्ताक्षर करते हैं कवि लेखक सम्पादक अध्यापक प्रोफ़ेसर कुलपति वकील दार्शनिक अर्थशास्त्री समाजशास्त्री पत्रकार भूतपूर्व नौकरशाह

कई तो शाम को दिल्ली मैक्समूलर रोड स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में नफ़ीस स्कॉच के साथ फ्रान्सीसी मोब्लाँ क़लम से

हटा दो
इस फ़ासीवादी सरकार को

कहीं नहीं है आत्मग्लानि
कहीं नहीं है अपराध-बोध
कहीं नहीं है कनफ़ेशन
एक आँसू तक नहीं

यह भारतीय बुद्धिजीवियों की भारतीय जनता के नाम एक अपील है जो किसी आदेश की तरह लगती है

जबकि लिखा जाना चाहिये था कि हम कई तरह से पतित हैं और वज़ीफ़ाख़ोर हैं हमारी आत्मा मर चुकी है अब सिर्फ़ भारत की अभागी जनता से ही उम्मीद है

हटा दो
इतिहास की इस निकृष्टतम सरकार को हटा दो !

 

|| नई दुनिया ||

(क)
अधर्म का नाश हो गया
लेकिन कुछ अधर्मी बचे रह गये हैं

कुछ विधर्मी बचे रह गये हैं
इस धर्म-परायण देश में

पराजित कहाँ जाएँ
विजेताओं के देश में
कहाँ जाएँ जो सताये हुये हैं सदियों से

भूलना मत
जो पराजित हैं
उनके दम पर ही है तुम्हारा विजय-जुलूस

इस तुमुल-कोलाहल-कलह में
भूलना मत लाओ त्ज़े की बात :
विजय भी एक दाह-संस्कार का नाम है !

(ख)
लूट की नयी नीति-कथाएं थीं
धर्म के नये आडम्बर थे

कुछ नये श्वेतांबर थे
कुछ नये दिंगबर

पूँजी के नये पाप थे
राजनीति की नयी नीचाइयां थीं

हताशा छाई हुई थी चँहु-ओर
जिसे वे मंदी कहते थे

यह एक नयी दुनिया थी
जहाँ पर रहना अब
निरंतर कठिन होता जाता था !


कृष्ण कल्पित

कृष्ण कल्पित समकालीन हिंदी कविता के चर्चित कवि, गद्यकार और आलोचक हैं। उनका जन्म 30 अक्टूबर 1957 को राजस्थान के फतेहपुर-शेखावाटी में हुआ। उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से हिंदी साहित्य में स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की तथा भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान, पुणे से फिल्म निर्माण का अध्ययन किया। वे भारतीय प्रसारण सेवा से जुड़े रहे और दूरदर्शन के अपर महानिदेशक पद से सेवानिवृत्त हुए। कविता, गद्य और आलोचना के क्षेत्र में उनकी विशिष्ट पहचान है।

उनकी प्रमुख कृतियों में भीड़ से गुजरते हुए, कोई अछूता सबद, एक शराबी की सूक्तियाँ, बाग़-ए-बेदिल, वापस जानेवाली रेलगाड़ी, हिन्दनामा : एक महादेश की गाथा और जाली किताब उल्लेखनीय हैं। उनकी रचनाओं में इतिहास, स्मृति, लोक, परंपरा, सत्ता और समकालीन समाज की विडंबनाएँ तीखे व्यंग्य और विशिष्ट भाषिक तेवर के साथ अभिव्यक्त होती हैं। वे हिंदी की स्थापित साहित्यिक मान्यताओं और संस्थागत संरचनाओं से असहमति व्यक्त करने वाले निर्भीक रचनाकारों में गिने जाते हैं। उनकी कविता में लोक और शास्त्र, परंपरा और आधुनिकता तथा वैचारिक आक्रामकता का एक विशिष्ट मेल दिखाई देता है।

संपर्क: krishnakalpit@gmail.com

Tags: krishna Deo Kalpitअनहद कोलकाता Anhad Kolkata हिन्दी बेव पत्रिका Hindi Web Magzineकृष्ण कल्पितकृष्ण कल्पित की कविताएँसमकालीन कविताईहिन्दी की समकालीन कविताएँ
ShareTweetShare
Anhadkolkata

Anhadkolkata

अनहद कोलकाता में प्रकाशित रचनाओं में प्रस्तुत विचारों से संपादक की सहमति आवश्यक नहीं है. किसी लेख या तस्वीर से आपत्ति हो तो कृपया सूचित करें। प्रूफ़ आदि में त्रुटियाँ संभव हैं। अगर आप मेल से सूचित करते हैं तो हम आपके आभारी रहेंगे।

Related Posts

संदीप निर्भय की कविताएँ

संदीप निर्भय की कविताएँ

by Anhadkolkata
November 21, 2026
0

संदीप निर्भय संदीप निर्भय की कविताएँ लोकजीवन की स्मृतियों, प्रेम की अंतरंग अनुभूतियों और समय के साथ बदलते सामाजिक यथार्थ की कविताएँ हैं। उनके यहाँ लोक...

देवदास आचार्य की कविताएँ

देवदास आचार्य की कविताएँ

by Anhadkolkata
November 21, 2026
0

देवदास आचार्य बांग्ला कवि देवदास आचार्य की कविताओं की सबसे बड़ी विशेषता है लोकजीवन की गहरी संवेदना, इतिहासबोध और मनुष्य के अस्तित्व को व्यापक सामाजिक तथा...

जय प्रकाश की कविताएँ

जय प्रकाश की कविताएँ

by Anhadkolkata
November 20, 2026
0

जय प्रकाश साहित्यिक चरित्रों की पुनर्खोज : प्रसिद्ध साहित्यिक चरित्रों पर आधारित कविताएँ साहित्य के कुछ चरित्र अपनी रचना के समय और कथानक की सीमाओं को...

लेटर बॉक्स

लेटर बॉक्स

by Anhadkolkata
November 19, 2026
0

    | लेटर बॉक्स  | 'लेटर बॉक्स 'अनहद कोलकाता का एक स्थायी स्तंभ है, जो पाठकों को अपने प्रिय लेखकों से संवाद करने और अपने...

सुरेन्द्र प्रजापति की कविताएँ

सुरेन्द्र प्रजापति की कविताएँ

by Anhadkolkata
November 19, 2026
0

सुरेन्द्र प्रजापति सुरेन्द्र प्रजापति की कविताओं में समकालीन समाज, सत्ता, लोकतंत्र और मनुष्य की स्वतंत्रता से जुड़े प्रश्न एक गहरे राजनीतिक एवं मानवीय सरोकार के साथ...

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अनहद कोलकाता साहित्य और कलाओं की प्रतिनिधि वेब पत्रिका है। डिजिटल माध्यम में हिंदी में स्तरीय, विश्वसनीय, सुरुचिपूर्ण और नवोन्मेषी साहित्यिक पत्रिका की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ‘अनहद कोलकाता’ का प्रकाशन 2009 से प्रारम्भ हुआ, तब से यह नियमित और अनवरत है। यह पत्रिका लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रगतिशील चेतना के प्रति प्रतिबद्ध है। यह पूर्णतः अव्यवसायिक है। इसे व्यक्तिगत संसाधनों से पिछले 12 वर्षों से लागातार प्रकाशित किया जा रहा है। अब तक इसके 500 से भी अधिक एकल अंक प्रकाशित हो चुके हैं।

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.

No Result
View All Result
  • साहित्य
    • कविता
    • कथा
    • अनुवाद
    • आलोचना
    • समीक्षा
    • संस्मरण
    • विविध
  • कला
    • सिनेमा
    • पेंटिंग
    • नाटक
    • नृत्य और संगीत
  • लेखक
  • गतिविधियाँ
  • विविध

सर्वाधिकार सुरक्षित © 2009-2022 अनहद कोलकाता by मेराज.